मैत्री का अवसर या छद्म धर्मनिरपेक्षता के सत्य का परीक्षण
क़रीब है यार रोज़ -ए -महशर छुपेगा कुश्तों का क़त्ल क्यूँकर
अमीर मीनाई के इस लोकप्रिय शेर का अर्थ यह है कि रोज़-ए-महशर अर्थात् क़यामत का दिन, वह दिन जब इस्लामी धारणाओं के अनुसार पाप और पुण्य का दैवीय न्याय होगा, तब कुश्तों अर्थात् मृतकों की हत्या को छुपाया ना जा सकेगा। यदि हत्यारे का ख़ंजर मूक भी रहेगा, उसके रक्तरंजित वस्त्रों से इस हत्या का सत्य स्वतः ही उद्घाटित हो जाएगा।
जो चुप रहेगी ज़ुबान-ए-ख़ंजर, लहू पुकारेगा आस्तीन का। – अमीर मीनाई

काशी में प्राचीनतम हिंदू तीर्थ पर विध्वंस के क्रूर चिन्हों के साथ स्थापित ज्ञानवापी ऐसे ही एक ख़ंजर की भाँति है जो हिंदू हृदय में शताब्दियों से गड़ा हुआ है। इस ख़ंजर का मौन भी उस सत्य को छुपा नहीं पा रहा है जो चीख-चीख कर एक सत्ता के मद में डूबे धर्मांध सुल्तान के अत्याचारों की कथा बता रहा है।
ज्ञानवापी के पुरातत्वीय सर्वेक्षण की रिपोर्ट सार्वजनिक हो गई है।काशी विश्व का सबसे पुरातन निरंतर जीवित नगर है। प्राचीन दस्तावेज़ों में काशी की निरंतरता के पर्याप्त साक्ष्य मिलते हैं। काशी को भगवान शिव की नगरी भी कहा जाता है। शिव पुराण जैसे प्राचीन हिंदू पुराणों से ले कर विदेशी यात्रियों के संसमरणों में काशी विश्वनाथ मंदिर के पर्याप्त प्रमाण उपलब्ध हैं। वरुणा एवं अस्सी नदी के गंगा में संगम स्थल पर स्थित होने के कारण इस वाराणसी भी कहा गया। शिव पुराण में भगवान शिव इस अविमुक्तेश्वर के नाम से पुकारते हैं। चौथी शताब्दी में लिखित हरिवंशपुराणके अनुसार दिवोदास जिनका उल्लेख महाभारत मे आता है, उनके पितामह का नाम काश था जिनके नाम पर इस नगर का नाम काशी पड़ा। अंबा, अंबिका और अम्बालिका जो महाभारत में भीष्म के द्वारा अपहृत होती हैं, काशी की राज कन्याएँ थीं। जिस काल में काशी का विध्वंस हुआ, उस काल में विदेशी आक्रांताओं के लिए हिंदू धर्मस्थानों का विध्वंस लज्जा का नहीं, उनकी क्रूर सत्ता की स्थापना का प्रमाण था। इसी कारण हिंदू सूत्रों से इतर इस्लामी दस्तावेज़ जैसे मासिर–ए–आलमगीरी में इस्लामी इतिहासकारों ने स्वयं हिंदू तीर्थ स्थानों के विध्वंस का प्रमुखता से उल्लेख किया है। वाक़ियात–ए–मुश्तक़ी बताता है किस प्रकार हिंदू मूर्तियाँ तोड़ के किस प्रकार उनके अवशेष कसाइयों में सिकन्दर लोदी द्वारा बाट के रूप में प्रयोग में लाये जाने के लिए बाँटे गए थे। यह बताता है कि इस्लामी आक्रांताओं का भारत में प्रवेश एक राजनैतिक घटना नहीं थी बल्कि एक सांस्कृतिक दमन चक्र का शताब्दियों लंबा प्रसंग था। विदेशी आक्रांताओं के लिए भारत के सांस्कृतिक एवं धार्मिक चिन्हों का अंत एक लज्जा का नहीं वरन् गौरव का विषय था। इसी कारण उन्होंने इन अत्याचारों के प्रमाण अपने ही सूत्रों में प्रचुरता से लिखे हैं। ईरानी और तुरानी (अफ़ग़ान-तुर्क) मूल के विदेशियों से भरे मुग़ल साम्राज्य के लिये इन मूल भारतीय चिन्हों का नाश उनकी प्रभुता का प्रतीक था परंतु यह उसी समय उन हिंदू तीर्थों के ऊपर निर्मित उन नवपरिवर्तित भारतीय मुसलमानों के लिए उस दमनकारी सत्ता का संकेत था जिसके साथ जुड़ने से भले ही उनका इतिहास मिट जाता था, उनका वर्तमान सुरक्षित होता था। ऐसे ऐतिहासिक पाण्डुलिपियों, शिलालेखों और स्रोतों के माध्यम से प्रचुर प्रमाण उपलब्ध होने का बाद भी और नंगी आँखों से देखने वाले वास्तुशास्त्रीय प्रमाणों के बाद भी, और भारत के एक बड़े भाग को मुस्लिम राष्ट्र के रूप में विभाजित कर लेने के बाद भी न्यायिक कुश्ती पर अड़े रहना पिछली एक सदी में सत्ता के द्वारा धर्मनिरपेक्षता के नाम पर पोषित संकीर्णता और कट्टरता को ही सिद्ध करता है।
१०१७ ईस्वी में काशी नरेश बुनार थे जिन्होंने महमूद ग़ज़नवी के आक्रमण का दंश झेला। यह आक्रमण एक अल्पकालिक आक्रमण था और काशी इसके पश्चात गौड़ शासक महिपाल के स्वामित्व में आ गया। १०७२ में काशी कन्नौज शासन के अधीन हो गया और १०९६ तक कन्नौज के अधीन रहा। मुहम्मद गौरी के सेनापति क़ुतुबुद्दीन ऐबक के द्वारा काशी का आधुनिक इतिहास का सर्वाधिक क्रूर विध्वंस हुआ। अकबर के काल में राजपूत राजा मानसिंह के संरक्षण में नगर का पुनः विकास हुआ परंतु शीघ्र ही धर्मांध इस्लामी शासक औरंगज़ेब की सत्ता में इस शहर ने अभूतपूर्व क्रूरता देखी। ब्रिटिश इंजीनियर जेम्स प्रिंसेप अपनी पुस्तक ‘बनारस इलस्ट्रेटेड’ में लिखे हैं- ‘ हिंदुओं द्वारा मुग़ल सत्ता के विरोध का कारण बताते हुए औरंगज़ेब ने शहर के शिवालय ध्वस्त किए और उन्हीं की सामग्री से उन्हीं शिवालयों की नींवों पर हिंदू स्वाभिमान को चुनौती स्वरूप मस्जिदों का निर्माण किया।’ १७३० में बनारस के ज़मींदार मनसाराम ने अपने पुत्र बलवंत सिंह के नाम पर बनारस के सार्वभौम शासक के रूप में सनद को प्राप्त किया और ब्रिटिश आधिपत्य तक बनारस एक स्वतंत्र ज़मींदारी बना। काशी विश्वनाथ के शिवलिंग के विषय में प्रिंसेप एक मान्यता के विषय में लिखते हैं कि इस्लामी विध्वंस के समक्ष शिव लिंग स्वतः ही समीपवर्ती ज्ञानवापी (ज्ञान का कूप) में प्रवेश कर गया। एक वास्तुविद होने के नाते जेम्स प्रिंसेप ने काशी विश्वनाथ अथवा विश्वेश्वर मंदिर के तल योजना अथवा फ्लोर प्लान के विषय में विस्तार से लिखा है।

प्रधान महादेव शिवलिंग मंदिर परिसर के केंद्र में स्थित है। आठ दिशाओं में भगवान मंदिर स्थापित हैं- तारकेश्वर, दण्डपानी, मानकेश्वर, दो दिशाओं में शिव मंदिर और एक ओर गणेश और भैरो मंदिर के मध्य द्वारपाल। इसके मध्य भाग को ध्वस्त कर के औरंगज़ेब द्वारा मस्जिद बनवायी गई है। मासिर-ए-आलमगीरी जो औरंगज़ेब के शासनकाल का सूचीबद्ध रिकॉर्ड है उसमे इस का उल्लेख है। ८ अप्रैल १६६९ को औरंगज़ेब आदेश देता है थट्टा, मुलतान और विशेषरूप से बनारस में मंदिर और हिंदू गुरुकुलों को ध्वस्त करने का। २ सितंबर का शाही रिकॉर्ड कहता है – शहंशाह के आदेशों के अनुसार काशी में विश्वनाथ मंदिर ध्वस्त किया गया (पृष्ठ ५५, शहंशाह का १२वाँ वर्ष, मासिर ए आलमगीरी)।

यह भारत का दुर्भाग्य है कि एक साझा इतिहास होने के बावजूद और विभिन्न सूत्रों से उस सत्य के स्थापित होने के बाद भी, वह सत्य जो नंगी आँखों से प्रत्येक काशीवासी को दृष्टिगोचर है, उसके बावजूद ना सिर्फ़ हिदू धर्म के इस प्रमुख तीर्थ जो ना सिर्फ़ हिंदुओं को सौंपने का कोई प्रयास किया गया, बल्कि हिंदुओं द्वारा यहाँ प्रार्थना तक किए जाने की माँग का विरोध किया गया है। गंगा -जमुनी संस्कृति के खोखले दावे के पीछे भारत के अल्पसंख्यक समाज के द्वारा बहुसंखक आस्था को पददलित करने की भावना हिंदू आस्था (और प्रिंसेप के १८वीं सदी के लेख) के अनुसार शिवलिंग के मस्तक पर वज़ू करने की ज़िद में परिलक्षित होती है। हिंदू पक्ष ने इस स्थिति में अभूतपूर्व परिपक्वता का प्रदर्शन करते हुए न्यायिक व्यवस्था का द्वार खटखटाया (सनद रहे भारतीय मुसलमानों की माँग पर विभाजन के बाद निर्मित मुस्लिम-बहुल पाकिस्तान में विभाजन के समय लगभग १२७८ हिंदू मंदिर थे, जिनमे से अब लगभग ३१ ही बचे हैं।)। २१ जुलाई २०२३ को लंबे संघर्ष के बाद वाराणसी ज़िला न्यायालय ने अंजुमन इंतज़ामिया मस्जिद बनाम सुश्री राखी सिंह एवं अन्य के मामले में भारतीय पुरातत्व विभाग को इस स्थान पर पुरातत्वीय सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया। मुस्लिम पक्ष ने तुरंत ही सर्वोच्च न्यायालय का द्वार खटखटाया जिसने इस सर्वेक्षण पर रोक लगा दी।इस रोक को ३ अगस्त २०२३ को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने ख़ारिज कर के पुनः सर्वे का आदेश दिया। ४ अगस्त से मुस्लिम पक्ष उच्च न्यायालय के आदेश के विरोध में पुनः सर्वोच्च न्यायालय गया जहाँ उच्च न्यायालय के आदेश के पक्ष में निर्णय आया और सर्वे प्रारंभ हुआ। प्रोफेसर आलोक त्रिपाठी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने यह सर्वे किए जिसमें प्रोफेसर त्रिपाठी के अलावा छह हिंदू वैज्ञानिक और दो मुस्लिम पुरातत्ववेत्ता थे।
भूखंड संख्या ९१३० जिसका सर्वे हुआ, उसमे एक पक्की मस्जिद, एक आँगन, एक पीपल, एक क़ब्रिस्तान, एक कुआँ आदि है जो मौलवी क़ुतुबुद्दीन वकील के माध्यम से मुस्लिम अधिकार में है। विवादित क्षेत्र का प्रवेश उत्तर से है। इधर चबूतरे के साथ उत्तरी तहख़ाना है। इसकी एक उत्तरी कोठरी एन २ एक इस्पात के द्वार से बंद है, एक कोठरी एन १ जो पश्चिमी दीवार से लगी है, पूर्ण रूप से बंद की गई है। जिस चबूतरे के भीतर ये कोठरियाँ हैं उसके ऊपर दो दुकानें हैं जो आधुनिक निर्माण हैं। इसके साथ एक और दुकान है जिसके अंदर कचरा भरा हुआ है। उत्तरी तीन कोठरियों में से एन ३ के द्वार खुले हैं। एन १ का मार्ग अवरुद्ध करने वाला निर्माण नया है और ईंटों द्वारा किया हुआ है। एन २ में घंटियाँ और पत्तियों के चित्र उकेरे हुए हैं। एन २ में कोयला भरा हुआ था, इसे साफ़ करने पर पत्थर के निर्माण मिलते हैं। यहाँ मराठा स्थापत्य के चिन्ह मिलते हैं। यहाँ पर कई शिलालेख प्राप्त हुए। प्राप्त शिलालेख के अनुसार मस्जिद का निर्माण औरंगज़ेब के शासनकाल के बीसवें वर्ष में (१६७६-७७) में हुआ था। मस्जिद के निर्माण का दूसरा चरण १७९२-९३ में दिखता है।

वर्तमान संरचना में १२ स्तंभ हैं। इन स्तंभों पर सर्प की भग्न आकृतियाँ अंकित हैं। चार स्तंभों पर कमल की आकृति अंकित है। पश्चिमी दीवार जिस से केंद्रीय भवन को मार्ग जाता है उस पर भी पुष्प आकृतियाँ अंकित हैं। इस पर दो हाथियों के आकृति और कुछ पक्षियों की आकृति भी बनी हुई है। दक्षिणी द्वार पर एक बैठे हुए हाथी की आकृति है। सनद रहे जीवित प्राणियों की मूर्तियों की मस्जिद में इस्लाम अनुमति नहीं देता है। इस सर्वे में कई संस्कृत और द्रविड़ शिलालेख भी प्राप्त हुए हैं। इस निर्माण के अंदर ३२ शिलालेख मिले जिनका पुरातत्वविभाग के वैज्ञानिकों ने अध्ययन किया। ये शिलालेख १२ से १७वीं सदी के मध्य के बताये जाते हैं। इसका अर्थ यह हो सकता है कि क़ुतुबुद्दीन के विध्वंस के बाद इस मंदिर का त्वरित पुनर्निर्माण हुआ, और औरंगज़ेब के काल में ही आस्था पर अंतिम आक्रमण हुआ। पुरालिपि अध्ययन के अनुसार एक शिलालेख जनवरी १, १६१३ की है, १ बारहवीं सदी से पन्द्रहवीं सदी के मध्य की और बाक़ी १७वीं सदी की है। शिलालेखों पर कुछ व्यक्तियों के नाम उकेरे हुए हैं। ये नाम सजल्ला, आर्यावती, सोनाजी, नारायण -बाटलू, नारायण रामन, रघुनाथ, कान्हा, काशी, नरसिम्हा जैसे हैं। तीन शिलालेखों (संख्या ४, ८ और २९) पर महामुक्तिमंडप अंकित है। शिलालेख ८ पर जनार्धन, १६ पर रुद्र और ३२ पर उमेश्वर अंकित है। यहाँ से एक फ़ारसी शिलालेख भी मिला है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार इसकी अंतिम दो पंक्तियाँ जान बूझ कर मिटाने का प्रयास दिखता है। यह दो पंक्तियाँ हैं – १) हज़रत आलमगीर के शासन के २०वें वर्ष (१६७६) में इस मस्जिद का निर्माण हुआ और २) इस मस्जिद के साथ ही बरामदे का भी निर्माण १७९२ में किया गया। इस शिलालेख को १९६५ के बाद बिगाड़ा गया है क्योंकि पुरातत्व सर्वेक्षण की १९६५ की रिपोर्ट में इसका पूर्ण चित्र है, जिस में मस्जिद की मरम्मत का श्रेय १७९२ में सैयद मिराथ अली मुतावली को दिया गया था (एनुअल रिपोर्ट ऑन इण्डियन एपिग्राफी, अपेंडिक्स डी, संख्या ६११)।

इसके आगे पुरातत्व विभाग अपने सर्वेक्षण के आधार पर न्यायालय के प्रश्नों के उत्तर देता है। पुरातत्व विभाग से पूछा गया था कि जीपीआर सर्वे, वैज्ञानिक तिथि निर्धारण के बाद यह बतायें कि क्या वर्तमान ढाँचा किसी पूर्व निर्मित-मंदिर की संरचना के ऊपर निर्मित है? इसके उत्तर में पुरातत्व विभाग कहता है – वर्तमान निर्माण के शोध, शिलालेखों आदि के अध्ययन से यह निष्कर्ष निकलता है कि यहाँ वर्तमान संरचना के निर्माण के पूर्व एक विशाल मंदिर अस्तित्व में था। इस इमारत की पश्चिमी दीवार पूर्ववर्ती मंदिर का भग्नांश है। सर्वे में पाषाण प्रतिमाएँ बड़ी संख्या में प्राप्त हुई जिनमे विष्णु, शैव द्वारपाल, शिवलिंग, कृष्ण, गणेश, हनुमान आदि देवों की आकृतियाँ मिली हैं।

यह प्रमाण केवल न्यायिक आवश्यकता है। वहाँ क्या है, किस प्रकार भूमि के भीतर भारत का हिंदू अतीत दबा है, सब को इसका ज्ञान है। ठीक उसी प्रकार जैसे अयोध्या का सत्य सभी को ज्ञात है, परंतु यह एक बहुसंख्यक समाज को अपमानित करने की ज़िद है, हठ है। इसका परिणाम न्याय के पक्ष में जो भी निकलना है निकलेगा, परंतु दुर्भाग्य यह है कि जिनके पूर्वज कठोर अत्याचार में अपने धर्म से च्युत होने को बाध्य हुए थे वह भी आ कर गंगा -जमुनी विरासत का हवाला दे कर सर्वधर्मसंभाव का गीत गायेंगे और उसके माध्यम से इस हिंदुओं के पवित्रतम तीर्थ पर अधिकार जमाएँगे, तथ्य और साक्ष्य चाहे कुछ भी हों। मूर्तिपूजा विरोधी इस्लाम में भूमि और संरचना का कोई स्थान नहीं है, भारत के किसी स्थान, और काशी का कोई सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व नहीं है। इसके बाद भी क्या सिर्फ़ धार्मिक उन्माद के नाम पर उसी प्रकार मुस्लिम समाज बहुसंख्यक हिंदुओं को अपने नैसर्गिक अधिकार से वंचित कर के रखेगा जैसे अयोध्या में ऐसे ढाँचे को उसने मुस्लिम पहचान का चिन्ह बना लिया था जिस में १९४९ के बाद से कभी नमाज़ भी नहीं हुई थी। क्या हिंदू संकोच और धैर्य का ऐसे ही दोहन होता रहेगा जब मुसलमानों ने अपनी भूमि एक रक्तरंजित विभाजन के माध्यम से प्राप्त की (उसके साथ ही सिख धर्म का उद्गम स्थल भी क़ब्ज़े में लिये और सिंधु सरस्वती सभ्यता का मूल उद्गम भी) और विश्व में जिस एकमात्र हिंदू राष्ट्र का भय दिखा कर इसे लिया गया, उसे आज भी उसी हिंदू राष्ट्र का भय दिखाया जाता है।शासन में रहते हुए मुस्लिम पक्ष यह राजनीति तो सीख ही गया कि तीन सौ वर्ष सत्ता से बाहर हो कर भी एक हिंदू बहुल देश से अपने हिस्से का एक इस्लामी देश काट गया। अयोध्या के पश्चात आज फिर उनके पास अवसर है ना सिर्फ़ भार्तृत्व का हाथ बढ़ाने का, बल्कि अपने हिंदू पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी विरासत उनके मूल उत्तराधिकारियों को सौंपने का। क्या मुस्लिम समाज यह हाथ बढ़ा सकेगा, यही भारत के लिए यक्ष प्रश्न है।






Leave a Reply