
अब कसम दिलाने वाले नेताओं का दौर है। ये ही सबसे घाघ और निकृष्ट नेता हैं। ये काम दिखाकर वोट नहीं मांगते, ये कसम देते है, कसम खिलाते हैं, पत्नियों को पतियों को खाना न देने की बात करते हैं और कुछ नहीं मिलता तो वोटरों को कुछ नया प्रयोग कर के देखने के लिए वोट मांगते हैं।
-अजय चंदेल
मुनिवर चुनाव संध्या की तैयारी कर रहे थे। आचार संहिता का दीप जलाने से पूर्व उन्होंने पूजन सामग्री का आवलोकन किया। सभी पात्र-कुपात्र उपस्थित थे। पार्टियों के पास पर्याप्त धनराशि उपलब्ध थी। कुछ ने तो वितरण भी आरंभ कर दिया था।
संध्या बेला में मीडिया में कलरव हो रहा था। पोल आदि आयोजन विधिवत चल रहे थे। नेताओं की उछल कूद कर पाले बदलने की प्रक्रिया चरम पर थी। न्यायालय में न्याय करने की ललक जाग उठी थी। ईडी –सीबीआई अचानक तीव्र गति से कार्य करने लगी थी। भाषण कटु से कटुतम हो गए थे। जब चारों ओर दलित, पीड़ित, शोषित, मध्यमवर्ग, अंतरात्मा, देशहित, परिवार, गारंटी, धोखा, योजना, ध्रुवीकरण आदि शब्द सुनाई देने तब मुनिवर ने जाना (सो अवसर बिरंचि जब जाना) अब उन्हें आसन लगा लेना चाहिए।
अंततः जब उन्होंने देखा कि मामला अब मार पीट तक पहुंचने वाला है, तब उन्होंने चुनाव का शुभ मुहूर्त निकट जानकर आचमन आदि कर लिया।
तभी कुछ जिज्ञासु शिष्य एक दूसरे को भक्त–चमचा, मूर्ख–आपीया, अनपढ़ आदि संबोधन करते हुए उनके पास आए।
मुनीवर ने उन्हें डांटते हुए पूछा – “क्यों लड़ते हो?”
एक शिष्य ने कहा – “गुरुवर ये मुझे अपशब्द कहता है। कहता है तुम्हारा नेता पप्पू है।”
दूसरे ने उसे टोकते हुए कहा – “नहीं गुरुजी पहले इसने मुझे आपिया कहा।”
तीसरा बोला –”लेकिन दोनों का तो गठबंधन है। ये मिलकर मुझे भक्त कहते हैं।”
गुरुजी बोले – “शांत रहो मूर्खों। नेताओं के चक्कर में आपस में लड़ते हो। नेता तो नेता होते हैं। उनका समर्थन करना तो ठीक है लेकिन उनके लिए लड़ने वाले महामूर्ख होते हैं।”
एक शिष्य बोला – “लेकिन गुरुजी समर्थन करने का अर्थ उनके लिए लडना ही तो है।”
मुनि बोले – “पहले ये बताओ कौन सा नेता तुम्हारे लिए लड़ता है? ये सब तुमको लड़ाकर सत्ता प्राप्त करते हैं। तत्पश्चात सभी हारे –जीते हुए नेता एक दूसरे के साथ भोज आदि का आनंद लेते हैं। और तुम लड़ने वालों को क्या मिलता है?”
शिष्य बोला – “लेकिन विचारधारा के लिए खड़ा तो होना पड़ता है।”
मुनि बोले – “कौन सी विचारधारा वत्स? इन नेताओं का न विचार है न धारा। पचास साल तक एक दूसरे को अपशब्द कहने वाले चरण स्पर्श कर विरोधी से मिल जाते हैं। और विरोधी भी उसे “साले तेरी ही गाली खाई और तुझे ही ले रहा हूं” कहते हुए पीठ ठोककर आशीर्वाद दे देते हैं।
टिकट न मिलने पर कल तक जिसे भ्रष्ट कह रहे होते हैं, उसी को श्रेष्ठ और अपना परिवार बताने लगते हैं। जिसके कुशल नेतृत्व में दस वर्ष तक सत्ता भोगी उसी को पथभ्रष्ट बताकर उसके साथ मिल जाते हैं जो टिकट दे देता है।”
शिष्य बोला – “मुनिवर फिर कोई नेता अच्छा नहीं होता?”
“अच्छा बुरा कुछ नहीं होता। होता है लोकप्रिय और अलोकप्रिय। आज जो लोकप्रिय है कल को नहीं रहेगा। जो आज मूर्ख लगता है हो सकता है काल के प्रभाव से सत्ता प्राप्त करे तो इतिहास उसके गुणगान करने लगे। नेता नेता होते हैं!”
“फिर किसे चुने?”
“नेता को मत चुनो, यह देखो किसके राज में सुखी रहोगे। और तुम्हारे आसपास के लोग सुखी रहेंगे। जो राज शांति और समृद्धि की बात करे उसे चुनो। अब वैसे नेता नहीं रहे कि जिसकी कोई विचारधारा हो। जिनकी छवि देखकर उन्हें वोट मिलते थे।”
“ऐसे भी नेता थे?”
“पहले नेताओं को उनकी छवि के कारण ही वोट मिल जाते थे। उसके बाद वोट मांगना पड़ता था।
एक समय वोट खरीदने वाले नेताओं का आया।
फिर दौर आया उन नेताओं का जो अपने लिए वोट मांगते नहीं थे, बल्कि अपने विरोधी को वोट देने वालों को धमकाते थे।
फिर वोट वसूलने वाले वाले नेता आए।
जो अपना डर दिखाकर वोट मांगते नहीं थे, बल्कि वसूलते थे।
फिर डराने वाले नेता आए जो अपने वोटरों को अपने विरोधियों का डर दिखाकर वोट मांगते थे।
फिर सपने दिखाने वाले नेता आए और उन्होंने सपने दिखा कर राज किया।
अब कसम दिलाने वाले नेताओं का दौर है। ये ही सबसे घाघ और निकृष्ट नेता हैं। ये काम दिखाकर वोट नहीं मांगते, ये कसम देते है, कसम खिलाते हैं, पत्नियों को पतियों को खाना न देने की बात करते हैं और कुछ नहीं मिलता तो वोटरों को कुछ नया प्रयोग कर के देखने के लिए वोट मांगते हैं।लक्ष्य सबका धनार्जन है। जो भी शासन करेगा वह कुछ लोगों के आशीष और बहुत लोगों के श्राप का भागी होगा। लोकसेवा के बदले अगर उचित मूल्य न मिले तो कोई समाज के श्राप लेकर शासन करे ही क्यों? धन है तभी शासन है। पहले नेता सत्ता प्राप्त करने के लिए धन एकत्र करते हैं, फिर अपनी सत्ता बनाए रखने के लिए इसमें कुछ नया नहीं है। किंतु जो सत्ता में बना रहे वही सुपात्र है।”
“तब क्या लोकसेवा मात्र दिखावा है? कोई कुछ नहीं करता?”
“करते सब हैं कोई काम कोई अधिक। कोई केवल अपने लिए, अपनों के लिए, कोई सबके लिए। लेकिन सेवा का मूल्य होता है। प्रत्यक्ष से अधिक अप्रत्यक्ष मूल्य होता है। जिसे चुकाना जनता को ही पड़ता है।”
“फिर हमारे लिए क्या आदेश है?”
“आदेश कुछ नहीं। जिसको जो पात्र लगे। जिसके शासन में सुखी रहने का आश्वासन लगे उसे वोट दो। लेकिन वोट या सोचकर दो कि मजबूत शासन प्राप्त हो। इसलिए नहीं कि शासन व्यवस्था ध्वस्त हो। उचित शासन व्यवस्था के अभाव में अप्रत्यक्ष मूल्य अधिक चुकाना पड़ता है। चुनाव की संध्या है। आप जाइए और मुझे अपना काम करने दीजिए।”
सब शिष्य प्रणाम करके अपने अपने घर चले गए तब आचार संहिता का दीप प्रज्ज्वलित कर के सभी नेताओं को एक दूसरे से गाली गलौच करने के लिए छोड़ दिया गया।





Leave a Reply