शरद ऋतु और रंगों से सराबोर शाक महोत्सव

शरदऋतु में शाक हाटों के रंगीन सौंदर्य को दर्शाता, पाठक के मुख पर एक मंद-स्मित की रेखा छोड़ता एक सुंदर लेख।


काशार्षुका विकचपद्मनोज्ञवक्त्रा
सोन्मादहंसरवनूपुर नादरम्या।।
आपक्वशालिरुचिरा तनुगात्रयष्टि:
प्राप्ता शरन्नववधुरिव रूपरम्या।।
(नवविवाहित वधु की भाँति रमणीय शरद का आगमन हुआ है। कास के पुष्प इसका परिधान हैं, मनमोहक कमलदल इसका मुख है, उन्मत्त हंसों का स्वर इसकी नूपुर ध्वनि है, पके हुए धान के समान इसका रंग है। )

शरद, ऋतु संहार, कालिदास

शीत और शाक का सम्बन्ध घनिष्ठ है। जाड़े से जैसा निकटस्थ जुड़ाव इन सब्ज़-रंग भाजियों का है वैसा शायद ही किसी और का हो। सर्दियों की आगत केवल और केवल एक मौसमी करवट भर नही है बल्कि ऋतुचक्र का यह घूमता पहिया अपने साथ स्वादेंद्रियों के लिए भी एक से बढ़कर एक अनुपम सौगात लेकर आता है।

आगत का उल्लास देखना ही है इन दिनों तो निकल पड़िए आसपास लगने वाली किसी भी सब्जी मंडी की ओर। थोड़ी शीघ्रता से क्योंकि अभी ही अवसर है नही तो हरे रंग की चुनर ओढ़कर बैठी ऐसी रूपसी अन्य ऋतुओं में तो देखने तक को न मिलेगी। शरद के सौंदर्य पर तो तुलसी बाबा भी लिख गये हैं –

वर्षा विगत शरद ऋतु आई, लछमन देखहु परम सुहाई।

वर्षा के विदाई के पश्चात इतने सुंदर रूप में शरद ऋतु का आगमन होता है कि समस्त प्रकृति अपने सौंदर्य के शिखर पर पहुँच जाती है।

बाजार में नज़र जिस ओर फिरेगी हरियाली ही हरियाली। कहीं बथुए का साग बैठकर बाते कर रहा है तो कही मेथी और सोया आपस में मिल रहे है। एक ओर पालक की पालकी सजी है तो वहीं दूसरी ओर सरसों का साग भी सर ऊंँचा किए अपने कद्रदानों को टेर रहा है। 

हरी मटर से हरी मिर्च और फूल गोभी से पत्ता गोभी तक बाजारों में इन दिनो पसरा रहने वाला सावन कुछ एक क्षण को ही सही किन्तु महंगाई की मार से कसमसाई इच्छाओं के लिए सुख का साधन तो अवश्य ही बन जाता है।

शाक के जो छ: प्रकार पाककला प्रवीणों ने बताए है उनमें से एक संस्वेदक शाक को छोड़ दिया जाए तो शेष पांँच – पत्रशाक, पुष्पशाक, फलशाक, नालशाक और कंदशाक – तो हाट बजार हमारी प्रतीक्षा करती दिख ही जावेंगी। स्वाद के बींधे हृदयों को ठौर इन शाक-सब्जियों के संसार ही में है। 

जम्बूद्वीप के आहार का व्यवहार ही इन साग – सब्जियों पर टिका है। भोजन से पशुता को जितना दूर करना है अपनी थाल के उतना ही निकट इन भाजियों को लाना होगा। जीवनी शक्ति का संग्रह जीवहत्या से तो कदापि नही हो सकता। यह मै ही नही कहता अपितु भारतीय मनीषियों की चेतना से प्रतिध्वनित हुए सूत्रों में भी ये वर्णित है।

भारतीय मनीषा में प्रतीकों का अपना शास्त्र एवम् व्याख्या है।वराहपुराण में जिन सप्तद्वीपों का उल्लेख है उनमें से एक है ‘शाकद्वीप’। शाक से अपने नाम का संबंध जोड़े इस द्वीप के निवासियों की विशेषता ही यह है कि वे दीर्घायु होते है और वहांँ अकाल और महामारी से किसी की मृत्यु नही होती।

जरा विचार करिए शाकद्वीप का यह आरोग्य कहीं इसलिए तो नही कि वहांँ के भोजकक्षों में जो भी पकता है वह शाकाहार के कोष्ठक को नही तोड़ता। इन प्रतीकों का अर्थ किंचित यह भी हो कि व्याधि के व्यवधानो को सुकोमल दिखने वाली इन सब्जियों से काटा जा सकता है। यह कोई कोरी गप्प नही क्योंकि वैज्ञानिकों की स्वीकारोक्ति भी इसमें शामिल है।

अच्छा चिंतन की इस दिशा को कुछ क्षणों के लिए छोड़ पुन: चित्त उस मार्ग पर लगाइए जिसपर चलकर आगें स्वाद आपसे भेंट करेगा। उस पथ पर निकलकर देखिए तो सही जिसके दोनो ओर साग – सब्जियों की सुंदरता फैली है। शाक का यह सौंदर्य केवल बाहरी ही नही अपितु निधि का कोष भीतर भी है। जैसा सुंदर रूप उससे कहीं बढ़कर स्वाद। 

इसीलिए तो पुन: कहता हूंँ कि अबकी चुके तो कहीं पछतावा ही न शेष रह जाए क्योंकि हरे रंग की चुनर ओढ़कर बैठी ऐसी रूपसी अन्य ऋतुओं में तो देखने तक को न मिलेगी। इति।

One response to “शरद ऋतु और रंगों से सराबोर शाक महोत्सव”

  1. Bahut hi uttam lekh hai.

Leave a Reply

Trending