सीखना अच्छी बात है, उसे याद रखना बहुत अच्छी बात, लेकिन याद किए हुए को सही समय पर प्रयोग करना या आचरण में लाना ही सीखे हुए को सार्थक करता है। लेकिन एक ही शब्द को सीखकर उसे हर जगह घसीटने की कला कुछ विशेष लोगों में होती है।
हमारे नेता समय–समय पर कुछ नया सीखने का प्रयास करते रहते हैं। सीखते भी हैं। देश में सीखने को कम मिलता है इसलिए विदेशों में सीखने जाते रहते हैं। विदेश में ऐसे कोचिंग सेंटर हैं जो हमारे देश को चलाने का सही तरीका सिखाते हैं। नेता सीखने को लालायित रहते हैं इसलिए अमरीका से अफ्रीका और स्विट्जरलैंड से सूडान तक चले जाते हैं।
ऐसे ही नेताजी फिर कोचिंग सेंटर से लौटे हैं। अबकी बार जो सीखकर आए हैं वह शब्द है नेटवर्क। अब हर प्रश्न का उत्तर वे नेटवर्क देते हैं। वैसे ही जैसे दस वर्ष पहले महिला सशक्तिकरण शब्द सीख लिया था। कुछ भी पूछिए उत्तर एक। पांच वर्ष पहले “मेड इन” सीख लिया था। कुछ वर्षों से अदानी का राग भी घिस गया है, इसलिए अब नया सीखकर आए हैं। नेटवर्क। कहते हैं सबकुछ नेटवर्क है और नेटवर्क को नेटवर्क से जोड़ कर बड़े नेटवर्क बना देंगे। उसी नेटवर्क से आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस अर्थात् कृत्रिम मेधा चलता है। एआई से उनका कैंपेन चलेगा। एआई से उनकी सरकार चलेगी। जब ये नेटवर्क की बातें करते हैं तो ऐसा लगता है जैसे अबकी यात्रा में कोई एमवे वालों की मीटिंग में बैठ कर आए हैं। जिसमें इन्हें केवल दो लोग जोड़ लेने से लखपति बनने का सपना दिखा दिया गया है। कई सड़कपति कैसे लखपति बन गए, उस कहानी को सुनकर ये प्रभावित हो चुके हैं। लोकसभा में आपकी बार पचास पार का स्वप्न आंखों में बसा चुके हैं।
अब अपनी पार्टी नेटवर्क मार्केटिंग से चलाने की योजना बना चुके हैं। सबसे पहले राजमाता दो सदस्य बनाएंगी, राजकुमार और राजकुमारी। फिर राजकुमार दो सदस्य बनाएंगे, पीड़ी और नूरी। दो सदस्य राजकुमारी बनाएंगी, जीजा और भांजा। ऐसे ही सब जुड़ते जायेंगे और बड़ा नेटवर्क बन जाएगा। जुड़ने वाले सारे करोड़पति, लखपति बन जाएंगे। मेंबरशिप मिनिमम रिटेल प्राइस (एमआरपी) 138 रुपए में मिलेगी। दिल्ली के मालिक ने सीधे पीड़ी के नीचे जुड़ने की मांग रख दी है। लेकिन उस स्थान के लिए ‘चीफ’ के चेले के पापा ने राम नाम सत्य है बोलकर अपना दावा ठोक दिया है। कुछ लोग तपस्या कर रहे हैं, सफलता नहीं मिल रही है। राजकुमार पहले दो सदस्य लाने की मांग कर रहे हैं लेकिन पार्टी का नाम सुनकर सदस्य नहीं मिल रहे।
नूरी ने अपने नीचे के नेटवर्क में महिला प्रवक्ताओं को जोड़ने से मना कर दिया है, कह रही है उससे ज्यादा जोर की आवाज करने वाले उसे परेशान करते हैं। राजकुमार जिसको जोड़ने के लिए लोगों से कहते तुम्हारा नेटवर्क, तुम्हारे दोस्तों का नेटवर्क, हमारा नेटवर्क सब अलग–अलग हैं हमको इस सब नेटवर्क को एक साथ जोड़ना होगा। जब ये सब नेटवर्क एक साथ जुड़ जाएंगे तो अपने आप सबको पैसे छाप कर देंगे। और तुम्हारे सारे दुख दर्द दूर हो जाएंगे।
अभी सारे नेटवर्क पर अंबानी का कब्जा है। जाति जनगणना करवा के सबको उनकी जाति के अनुसार नेटवर्क मिलेगा। हम ओबीसी का नेटवर्क बनाएंगे। दलित नेटवर्क बनाएंगे। आदिवासी नेटवर्क बनाएंगे। साउथ इंडिया का अलग नेटवर्क होगा। दूसरे नेटवर्क पर रोमिंग लगेगी। नेताजी नेटवर्क बनाने यात्रा पर निकलते और जहां से निकलते वहां का वाईफाई उड़ जाता। इनकी ही पार्टी के नेता कहते वो देखो रिहाना नाच रही है और जैसे ही नेताजी उधर देखते इनकी पार्टी के चार पांच नेता सरक कर दूसरी पार्टी में चले जाते।
नेताजी चाहते हैं जब आप अमरीका में मोबाइल चलाओ तो उसपर छपरा नेटवर्क, कांचीगुड़ा नेटवर्क, आसनसोल नेटवर्क दिखे। उनकी बातें सुनकर बिहार से चचा कहने लगे हम अब इधर उधर नहीं होंगे, और इधर से उधर सरक गए। बंगाल में दीदी ने पीड़ी के साथ रहने से मना कर दिया। कहने लगीं, ओमरा नेटोर्क तोमरा नेटोर्क नोई जोमता। अमी सीडिएमए पर चोलता है, तूमी ३जी (मम्मीजी, बेटाजी और दीदीजी) पर। अमारी टोपीलोजी सक्सेज है, तुमारी नेटोर्क टापोलॉजी के साथ नोई चोलबे। इनकी पार्टी का नेटवर्क न अपनी पार्टी के लोगों से जुड़ा, न दूसरी पार्टियों के नेटवर्क से, न वोटर के नेटवर्क से। ये बार बार 3G सिग्नल देते, लेकिन उससे इनकी पार्टी वालों का ही नेटवर्क नहीं चलता।
समस्या विकट है। नेहरू जी के जाने के बाद भारतवासियों का साइंटिफिक टेम्परमेंट ख़राब हो गया। राष्ट्र रसातल में जा रहा है, रवीश जी रैपर हो गये है, नेता जी यूट्यूबर।






Leave a Reply