रायबरेली में राहुल गांधी

राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं हैं। यह एक तथ्य है। यह उसी प्रकार एक तथ्य है जैसे राहुल गांधी २०१४ के पूर्व कांग्रेस के प्रधानमंत्री नहीं थे। यह तथ्य है परंतु सत्य नहीं है।सत्य यह है कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री होते हुए सत्ता गांधी परिवार के हाथ में थी, सत्य यह है कि…

क्या है रायबरेली का इतिहास? क्या होगा भविष्य?

वे पैदायशी नेता थे क्योंकि उनके बाप भी नेता थे।उनके बाप का नाम वैद्यजी था।

राग दरबारी, श्रीलाल शुक्ल

राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं हैं। यह एक तथ्य है। यह उसी प्रकार एक तथ्य है जैसे राहुल गांधी २०१४ के पूर्व कांग्रेस के प्रधानमंत्री नहीं थे। यह तथ्य है परंतु सत्य नहीं है।सत्य यह है कि मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री होते हुए सत्ता गांधी परिवार के हाथ में थी, सत्य यह है कि मल्लिकार्जुन खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष होते हुए भी गांधी परिवार आज भी पार्टी से ऊपर है। यह सत्य इस तथ्य में परिलक्षित होता है कि यह तो तय था कि राहुल गांधी वायनाड के मतदाताओं को दिग्भ्रमित करने के लिए उत्तर भारत में नामांकन वायनाड में मतदान के पश्चात ही करेंगे, परंतु अमेठी से वह लड़ेंगे या नहीं, इस पर पार्टी अध्यक्ष का स्पष्ट वक्तव्य था कि राहुल जी स्वयं तय करेंगे कि वे कहाँ से लड़ेंगे। उत्तर भारत से लुप्त होने का अर्थ राष्ट्रीय राजनीति से कांग्रेस का लुप्त हो जाना था। कांग्रेस की दक्षिण के हिंदू विरोधी धारा के नेताओं के समर्थन की नीति यह स्पष्ट करती थी कि उनके लिए राहुल गांधी की केरल सीट की रक्षा पार्टी के राष्ट्रीय भविष्य से अधिक महत्वपूर्ण है। नामांकन के अंतिम दिन राहुल गांधी ने उत्तरप्रदेश से पर्चा भर दिया, परंतु जिस अमेठी सीट से वे पिछली बार पराजित हुए थे, वहाँ से नहीं, वरन् उस रायबरेली से जहाँ से पिछली बार अपने गिरते मत प्रतिशत के मद्दे नज़र उनकी माता जी सोनिया गांधी ने पलायन कर के राजस्थान से राज्य सभा की सांसदी प्राप्त की।

राजनैतिक इतिहास

रायबरेली की स्थापना १९५८ में क्रांति के बाद हुई थी।इसके तुरंत बाद रायबरेली राष्ट्रीय राजनीति में कृषक आंदोलन के साथ उभरा। इस आंदोलन का नेतृत्व बाबा राम चंद्र कर रहे थे। बाबा रामचंद्र का वास्तविक नाम श्रीधर बलवंत जोधपुरकर था जो एक मराठी ब्राह्मण परिवार से आते थे। बाबा रामचंद्र १९०४ में संविदा कृषक के रूप में फ़िजी भेजे गये। इधर भारत में १८८६ के क़ानून के अंतर्गत कृषकों का कृषिभूमि पर अधिकार सात वर्षीय लीज के अंतर्गत अस्थायी हो गया। बाबा रामचंद्र फ़िजी में भी संविदा मज़दूरों के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे और १९१७ में भारत लौटे।बाबा रामचंद्र के जुड़ने से पूर्व रायबरेली के रूरे ग्राम में झींगुरी सिंह एवं सहदेव सिंह ने किसान सभा की नींव रखी थी। बाबा रामचंद्र के नेतृत्व में किसान सभा के आठ सूत्रीय कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ। यदि आप आज भी इस कार्यक्रम के आठ सूत्रों को पढ़ें तो आपको यह बहुत ही प्रगतिशील दिखेंगे। उदाहरण के लिए इसमें क्षेत्र में वनारोपण की माँग थी, कृषि संसाधन के लिए चरागाहों की माँग थी। इस से आगे इसमें बालिकाओं के शिक्षण के लिए शिक्षकों की माँग थी और आज के वर्ग संघर्ष के वामपंथी कांग्रेस विमर्श से इतर इसमें ज़मींदार-किसान -मज़दूरों का संघ बनाने का कार्यक्रम था। मई १९२० में बाबा रामचंद्र के किसान आंदोलन का प्रारंभ हुआ।

ब्राह्मण नेतृत्व में प्रारम्भ किए गए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कुर्मी समाज के तथा अन्य शोषित समाज के कृषक और मज़दूर जुड़ने लगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से बाबा ने पट्टी से इलाहाबाद (अब प्रयाग) एक पदयात्रा का आयोजन किया। नेहरू ने इस किसान आंदोलन के विषय में बड़ी ही अपमानपूर्ण शैली में लिखा और बाबा के विषय में लिखा कि रामचंद्र का कोई तय कार्यक्रम है नहीं, वे किसानों को उत्तेजित कर के दूसरों पर उत्तरदायित्व डाल के किनारे हो जाने का प्रयास करते हैं। किसान आंदोलन को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ने के कृषक नेहरू और अन्य कांग्रेस अधिकारियों से अनुरोध करते रहे।मोतीलाल नेहरू ने इस कृषक असंतोष के माध्यम से कांग्रेस नेताओं के वायसराय कौंसिल में पहुँचने की संभावना देखी और जवाहरलाल को इस विषय में पत्र भी लिखा।

कृषकों और तालुकदारों के मध्य विवाद बढ़ने पर नेहरू और कांग्रेस नेता पी डी टंडन ने किसानों के अड़ियल रवैये की निंदा की। २८ अगस्त १९२० को ब्रिटिश सरकार ने इस आंदोलन के विरुद्ध प्रथम कार्यवाही का प्रारंभ किया।बाबा और उनके सहयोगी गिरफ़्तार हो गए।इस से किसानों में आक्रोश और भी बढ़ गया और १ सितंबर १९२० को हज़ारों की संख्या में समर्थक जेल के बाहर एकत्रित हो गए। दबाव में पुलिस तो उन्हें मुक्त करना पड़ा।वर्ष के अंत तक आंदोलन उग्र होता गया। अक्तूबर में विशाल किसान सभा अयोध्या में हुई। मंदिरों के द्वार प्रदर्शनकारियों के लिये खोल दिये गये। १५ जनवरी १९२१ को उँचाहार में विशाल जनसभा हुई जिस में लाख के लगभग प्रदर्शनकारी जुटे। बाबा राम चंद्र ने इस आंदोलन में विदेशी शासन से मुक्ति और स्वदेशी की माँग को भी जोड़ दिया। इस ग्रीष्म की दोपहर में दावानल की भाँति स्वत:स्फूर्त बढ़ते आंदोलन से अंग्रेजों में शंकाएँ बढ़ने लगी और भारतीय मुख्यधारा के राजनेताओं की निरपेक्षता ने उन्हें वह करने का साहस दिया जिसने इस आंदोलन की दिशा पलट दी।२ जनवरी १९२१ को आंदोलनकारी किसानों पर अंग्रेज सरकार ने गोली चलवा दी और सैकड़ों किसानों ने आत्माहुति दी।

इस रक्तरंजित घटना का सबसे हृदयविदारक और दुखद पक्ष एक और ही था। इस गोलीकांड के समय बाबा रामचंद्र कांग्रेस नेताओं के आग्रह पर ख़िलाफ़त नेता मौलाना अब्दुल बारी से मिलने लखनऊ गए थे।वहाँ अब्दुल बारी के लोगों ने बाबा रामचंद्र को बंदी बना लिया। बाबा को बंदी बनाने के बाद अब्दुल बारी ने मोहम्मद अली को पत्र लिख कर पूछा कि बाबा का क्या करना है, इस संबंध में गांधी से परामर्श किया जाये क्योंकि बाबा के रायबरेली जाने से आंदोलन के उग्र होने की संभावना थी। शौक़त अली और उसके बाद गांधी के निर्देश पाने के बाद अब्दुल बारी ने बाबा रामचंद्र को छोड़ने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया। नेतृत्वहीन किसान आंदोलन को शांत करने के पश्चात मोतीलाल नेहरू के निर्देश पर बाबा रामचंद्र को आनंद भवन में छोड़ा गया जहाँ वो पुनः नज़रबंद हो गये। बाबा रामचंद्र के इस अवैध क़ैद के दौरान ही मोतीलाल नेहरू ने एक नयी समानांतर किसान सभा बना दी और स्वयं को उसका अध्यक्ष घोषित कर दिया।इसके बाद माताबदल कोयरी, झींगुरी सिंह आदि किसान नेताओं ने स्वयं आनंद भवन जा कर बाबा राम चंद्र को मुक्त कराया।

१० फ़रवरी १९२१ को काशी विद्यापीठ के उद्घाटन के समारोह से ही लगभग अस्सी हज़ार की भीड़ के सामने बाबा रामचंद को ब्रिटिश पुलिस ने देशद्रोह के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया। बाबा को गिरफ़्तार कर के वाराणसी केंद्रीय कारागृह की उस कोठरी में डाल दिया गया जिस में पागल कुत्तों को बंद किया जाता था। गांधी ने किसानों से इस गिरफ़्तारी के विरोध में प्रदर्शन ना करने का निवेदन किया। उनका कहना था कि गिरफ़्तारी का विरोध करने से बाबा अप्रसन्न होंगे।मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू और गौरी शंकर के नाम से किसानों से आंदोलन प्रदर्शन ना करने का निवेदन करते हुए पर्चे बाँटे गए। बाबा रामचंद्र ने स्वयं लिखा कि तालुकदारों के समर्थक मोतीलाल ने ही महात्मा को किसान आंदोलन के मार्ग में अवरोध खड़े करने का सुझाव दिया होगा क्योंकि यह उनकी राजनीति के मार्ग में आ रहा था। बाबा को दो वर्ष का सश्रम कारावास दिया गया। इसके बाद भी उन्हें १९३१ और १९४१ में जेल में डाला गया। कांग्रेस के पूँजीवादी आंदोलन के प्रति कटु भाव लिए बाबा रामचंद्र की मृत्यु १९५० में जवाहरलाल नेहरू के ट्रिस्ट विद् डेस्टिनी के बाद हुई।

१९५२ में पहले चुनाव में फ़िरोज़ गांधी रायबरेली से संसद हुए। यह संसदीय क्षेत्र तब से कांग्रेस का गढ़ रहा है।१९७७ में राजनारायण यहाँ से जनता पार्टी में इंदिरा गांधी की अयोग्यता के बाद चुने गये। १९७१ चुनाव में अदालत द्वारा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप पर न्यायाधीश जगमोहन लाल सिंह के न्यायालय द्वारा अयोग्य सिद्ध होने के बाद इंदिरा ने समस्त भारत में आपातकाल लगाया।१९८० में इंदिरा गांधी ने आंध्र प्रदेश में मेडक और उत्तर प्रदेश में रायबरेली से चुना लड़ा। दोनों स्थानों से विजयी होने पर उन्होंने मेडक की सीट अपने पास रखी। ऐसे क़यास अभी भी लग रहे हैं कि वायनाड और रायबरेली से विजयी होने की परिस्थति में राहुल गांधी भी रायबरेली कर परित्याग कर दें। यदि ऐसा हुआ तो मुझे लगता है दक्षिण की हिंदू विरोधी राजनीति में राहुल गांधी की सहजता भी इसका कारण हो सकता है। इस का एक कारण यह भी हो सकता है कि एक राज्य के रूप में पहले ही से विकसित वायनाड में राहुल गांधी को अपने संसदीय क्षेत्र के लिए वह परिश्रम नहीं करना पड़ेगा जो उन्हें उत्तर प्रदेश में रायबरेली में करना पड़ेगा। एक सांसद के रूप में अपनी विफलता का परिणाम राहुल को अमेठी में स्मृति ईरानी के समक्ष हुई पराजय के रूप में देखना पड़ा था, वही कारण अगले चुनाव में राहुल गांधी की स्थिति कठिन करेंगे क्योंकि सांसद के रूप में मतदाताओं के निकट आना और क्षेत्र में परिश्रम करना राहुल गांधी की अभिजात्य आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं लगती हैं।२००४ में सोनिया गांधी यहाँ से पहली बार सांसद बनी और तब से लगातार रायबरेली की सांसद रहीं हैं। २००९ में सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने यहाँ अपना सर्वोच्च मत प्रतिशत ७२ प्रतिशत प्राप्त किया, उसके बाद से कांग्रेस के मत प्रतिशत में गिराव प्रारंभ हो गया। २०१४ में सोनिया गांधी का मत प्रतिशत तिरसठ प्रतिशत और २०१९ में ५५ प्रतिशत हो गया।१९९६ और १९९८ में यहाँ से भारतीय जनता पार्टी के अशोक सिंह सांसद रहे हैं।

इस चुनाव में राहुल गांधी के सामने भारतीय जनता पार्टी के दिनेश प्रताप सिंह हैं।दिनेश प्रताप और उनका निवास पंचवटी रायबरेली में सत्ता का केंद्र रहा है। दिनेश २०१८ में कांग्रेस छोड़ के भाजपा से जुड़े थे।२०१९ में वे सोनिया गांधी के विरुद्ध चुनाव लड़े और लगभग डेढ़ लाख वोट से पराजित हुए। दिनेश सिंह स्थानीय हैं और किसी भी रूप से हल्के नेता नहीं माने जा सकते हैं। सोनिया गांधी का ग्राफ तीन चुनावों से निरंतर नीचे जाता रहा है। पड़ोस में अमेठी में राहुल गांधी के पंद्रह वर्ष और स्मृति ईरानी का पाँच वर्ष रायबरेली के मतदाताओं को तुलनात्मक निर्णय करने में सहायक होगा यदि भाजपा अमेठी में विकास के तुलनात्मक संकेतकों का सूझबूझपूर्वक प्रचार रायबरेली में भी कर सके। भारत का मतदाता भी अब दरबारों की नृत्यांगना बन के नहीं रहना चाहता है जिसकी ओर युवराज कभी भी मोतियों की माला फेंक दें। जिस प्रकार राहुल गांधी ने रायबरेली को ना तो चुनाव पूर्व के पाँच वर्षों में परिश्रम योग्य माना ना ही अभी भी प्रचार के ही योग्य माना, रायबरेली के मतदाताओं का अपमान है। राम मंदिर पर कांग्रेस नेतृत्व का लज्जाजनक व्यवहार रायबरेली के पंचवटी के निवासी के पक्ष में चुनाव मज़बूत तो करेगा ही, यह भी स्पष्ट है। बाक़ी तो उत्तर भविष्य के गर्भ में हैं कि क्या रायबरेली बाबा रामचंद्र की स्मृति पर लौटेगा या मोतीलाल नेहरू और उनके उत्तराधिकारियों की प्रसन्नता के लिये राजसी रंगभवन की गणिका बनेगा।

4 responses to “रायबरेली में राहुल गांधी”

  1. Om Prakash Tiwari Avatar
    Om Prakash Tiwari

    बहुत ही ज्ञानवर्धक लेख है, बाबा रामचंद्र जी के बारे में पहली बार जानकारी हुई,उनके योगदान के लिए उनको विनम्र श्रद्धांजलि🙏मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू जैसे अभिजात्य नेता एक जमीनी आंदोलनकारी को अपने लिए खतरा समझते हुए वही समाप्त कर दिया।

    1. धन्यवाद ओम प्रकाश जी 🙏

  2. […] को हाशिये पर धकेलने की साज़िश पर मेरा अन्य लेख यही नवधर्मयुग पर पढ़ें )। जिस प्रकार अमेठी ने अपना स्वतंत्र […]

  3. सटीक एवं बेहतरी विश्लेषण सर। बाकी लेख में कुछ त्रुटियां है जैसे “इसके बाद भी उन्हें १०३१ और १९४१ में जेल में डाला गया”.

Leave a Reply

Trending