जनता सब देख रही है

जनता सब देख रही है, सुन रही है, समझती है, जानती है। जनता जवाब देगी, निर्णय करेगी, समर्थन देगी, सबकुछ तय करेगी। जनता ही प्रचार करेगी, चुनाव भी लड़ेगी, विपक्ष का मोए मोए करके चुनाव को जीतेगी भी। लेकिन संसद में नेताजी जाएँगे।

“लोकतंत्र में जनता की कुछ न कुछ भूमिका तो होनी ही चाहिए। यही सोचकर जनता को वह ईंट और गारा बनाया गया, जिसको इन चार स्तंभों के निर्माण में चुन दिया गया। इसलिए जनता कहीं न होकर भी है। उसका अपना कोई अस्तित्व नहीं है, लेकिन वह है। “

– अजय चंदेल

चुनाव के समय नेता सेवक होते हैं और जनता जनार्दन। कुछ नेताओं के लिए जनता राक्षस भी होती है, लेकिन अधिकतर नेता जनता को जनार्दन मानकर जी भर कर सेवा करते हैं। कोई गोबर उठाता है, कोई गटर साफ़ करता है, कोई चाय बनाता है, कोई दाढ़ी बनाता है, कोई पूड़ी-पापड़ बेलता है, कोई गली में क्रिकेट बैडमिंटन खेलता है। कोई यात्रा से लुभाने की कोशिश करता है कोई जातरा से।  सत्ता की दौड़ में दौड़ते हुए जनता के प्रतिनिधि चुने गए तो पाँच साल नेता जनता के लिए दयानिधि हो जाते हैं। ऐसे ही एक प्रतिनिधि जो चुनाव के मैदान में कूद पड़े थे, एक दूकान पर समोसे बनाते हुए सियाने को मिल गए। सियाने ने पूछा – “नेताजी कैसी चल रही है चुनाव की तैयारी?”

“तैयारी तो बस चल ही रही है। सब जनता की कृपा है।”

“लड़ने के लिए जोश कैसा है?”

“देखिये जोश तो जनता का है, मैं तो मानता हूँ लड़ भी जनता रही है। प्रचार भी जनता कर रही है। मैं तो केवल प्रतिनिधि हूँ।”

“दूसरी तरह से पूछता हूँ, इस बार माहौल किसके पक्ष में है? कौन जीतेगा?”

“माहौल का क्या है, जैसा जनता चाहेगी बन जाएगा। जिसे जनता समर्थन देगी वह जीत जाएगा।”

“लेकिन फिर भी समर्थन मांगने के लिए आप लोगों ने कुछ सोच विचार करके योजनाएँ तो बनाई होंगी। क्या-क्या करेंगे, स्थानीय समस्याएं कैसे हल करेंगे?”

“देखिए अभी तो हम चुनाव लड़ रहे हैं। समस्याओं के बारे में अभी पता तो नहीं है लेकिन एक बार चुनाव जीत जाने दीजिए फिर स्थानीय समस्याओं को भी देख समझ लेंगे।”

“लेकिन बिना क्षेत्र को, क्षेत्र की अपेक्षाओं को जाने आप जनता की सेवा कैसे करेंगे?”

“वह तो जनता तय करेगी!”

“लेकिन जनता आपकी योजना जानना चाहती है, कि आप क्या करेंगे।”

“जनता काहे जानना चाहती है? वास्तव में जानना कोई दूसरे पक्ष का नेता चाहता है, सवाल भी विरोधी पार्टी वालों का है और समझना भी विरोधी पार्टी वालों को ही है। जनता को तो जबरदस्ती घसीटा जा रहा है।”

“ऐसा नहीं है, जनता के मन में अपने प्रतिनिधि को लेकर सवाल तो आते ही हैं। वोट देने का निर्णय तभी तो कर पाएंगे।”

“देखिए जनता अपना मन बना चुकी है। निर्णय ले चुकी है कि चुनना तो हमको ही है।”

“मान लीजिए आपको नहीं चुना तो?”

“फिर हिसाब-किताब होगा।”

“आप धमकी दे रहे हैं?”

“धमकी कैसी बस अपनी बात कह रहे हैं।”

“लेकिन बात तो गलत है जी।”

“सही गलत का फैसला जनता करेगी।”

“जनता ही सब फैसला करेगी तो सरकारें क्या करेंगी?  घर-घर जाकर पूछकर आएंगी कि सरकार चलाना है या नहीं?”

“पूछ भी सकते हैं।”

“आपके विरोधी आप पर इल्जाम लगा रहे हैं …”

बीच में टोकते हुए बोले –”जनता सब देख रही है। जनता ही जवाब देगी।”

“पर जवाब तो आपको देना चाहिए। इल्जाम आप पर हैं।”

” देखिए इल्जाम तो कोई भी लगा देता है। जनता सब समझती है। हम अपनी बात लेकर जनता के बीच जाएंगे। फैसला जनता करेगी।”

“जनता क्या जानती है जी? उतना ही जितना आप जानने देते हैं। ज्यादा जानने वाले तो खुद नेता हो जाते हैं।”

“ऐसा नहीं है। जनता जागरूक है। समझदार है। आप देख लेना इस बार हमारे विपक्षियों का मोए मोए कर देगी।”

“फिर भी आपकी पार्टी पर आरोप हैं।”

“इसका जवाब जनता देगी।”

“एक बात सच बताएंगे?”

“पूछिए”

“लोकतंत्र के चार स्तंभ हैं, इसमें जनता कहाँ है? कौन सा स्तंभ है?”

इतने में समोसा मुँह में दबाए खिसियाने चले आए। बोले “हम बताते हैं। लोकतंत्र के तीन मूल स्तंभ हैं, चौथा स्वघोषित स्तंभ मीडिया है। वह भी तब बना होगा जब मीडिया ने संसद में अप्रत्यक्ष रूप से अपनी पहुँच बना ली और सरकार की नीति और निर्णय में दखल देने लगी। यह अधिकार नेताओं ने ही मीडिया को दिया होगा। नेताओं को चर्चा में रहना था, और मीडिया को चर्चा करने के लिए नेता चाहिए थे। फिर दोनों एक दूसरे में ऐसे गुथे कि राजदीप और सागरिका हो गए। नेता खबरें बोने (प्लांट करने) लगे और पत्रकार खबरों का औद्योगिक स्तर पर उत्पादन करने लगे। फसल समय आने पर दोनों मिलकर काट लेते। मीडिया वह झरोखा बना जिसमें से वह दृश्य दिखते जो नेता दिखाना चाहते और कार्यपालिका उस झरोखे में लगे परदे। जब तक सोशल मीडिया का चश्मा जनता ने नहीं पहना उसे वही दिखाया जाता रहा जो नेता और मीडिया चाहती थी।

दोनों ने विकास दिखाया, प्रकाश दिखाया। पंचवर्षीय योजनाएं दिखाईं, गंगा-जमुनी संस्कृति दिखाई, गांधी को बापू, नेहरू को चाचू, इंदिरा को दुर्गा, सोनिया को बहु, राहुल को बेटा, मनमोहन को प्रधानमंत्री, राजन को अर्थशास्त्री दिखाया। देवदत्त को शास्त्री। जुम्मन को शिक्षित, अलगू चौधरी को अंगूठा छाप। पूजा पाठ को ढकोसला और नमाज़ को फर्ज़ बताया। बरखा, राणा, संघवी, राजन को बुद्धिजीवी और आशुतोष, मृणाल जैसों को भाषाविद दिखाया। बड़े बड़े दंगों को दो पक्षों की मामूली झड़प। कसाब को हिंदू आतंकवादी। पत्रकारों को पद्म। राम को छद्म दिखाया। मानव को दानव दिखाया। किसी को महात्मा, किसी को महामानव दिखाया। किसी को क्रांतिकारी, किसी को अत्याचारी दिखाया। कोई ऐसा दृश्य नहीं था जो मीडिया ने न दिखाया हो।  जब तक सोशल मीडिया नहीं था वे यही सब दिखाते रहे।

जनता पांचवा स्तंभ शुरू से बनना चाहती थी लेकिन लोकतंत्र चार पर पहले से टिक कर मजबूत हो चुका था, पाँचवे की आवश्यकता ही नहीं पड़ी।

लोकतंत्र में जनता की कुछ न कुछ भूमिका तो होनी ही चाहिए। यही सोचकर जनता को वह ईंट और गारा बनाया गया, जिसको इन चार स्तंभों के निर्माण में चुन दिया गया। इसलिए जनता कहीं न होकर भी है। उसका अपना कोई अस्तित्व नहीं है, लेकिन वह है। “

सियाने और खिसियाने एक दूसरे को देखकर मुस्कुरा रहे थे और नेताजी चुपचाप घूमकर दूसरी तरफ चले गए थे। जहाँ कुछ पत्रकार उनकी प्रतीक्षा कर रहे थे।

Leave a Reply

Trending