मैं सोचता हूँ,
– साकेत
तुम,
गोबर लीपे आँगन पर
उकेर दो कुछ अक्षर,
और कोई तुमसे यह ना पूछे,
कि उनका अर्थ क्या है।
सन् २००८ वह समय था जब मैं जीवन के ऐसे बिंदु पर थी जहां अवधालयया ऐसा कोई साहसिक व्यावसायिक उपक्रम अथवा उसकी कोई रूपरेखा भी मेरे मस्तिष्क में नहीं थी। परंतु जीवन जीवन है, और जीवन में अपने एक स्थान को ढूँढ पाने की जिजीविषा एक छोटे शहर के मध्यमवर्गीय लड़की में भी साहस भर देता है।
अभियांत्रिकी की पढ़ाई करते समय इच्छा यह थी कि कहीं अफसर बनूँ, अपनी कच्ची -पक्की योग्यता को वही लगाऊँ जिसके लिये चार वर्षों की पारंपरिक स्नातक शिक्षा ने मुझे तैयार किया परंतु मन कहीं और ही भटक रहा था। फॉर्म कहीं का भरती थी और प्रवास कहीं और होता था।
वैसे मुझे मेरा तकनीकी कार्य बहुत प्रिय है और मुझे संतुष्ट भी करता है पर काम करते- करते जीवन के मानकों का ज्ञान हुआ तो इच्छा उत्पन्न हुई कि अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करूँ।मैं भी कुछ अच्छा काम अच्छे ध्येय के साथ करूँ।जीवन में एक महती उद्देश्य और उसकी प्राप्ति की अभिलाषा अत्यंत आवश्यक है।
सिलाई कढ़ाई में मेरी हमेशा से रुचि थी जो मेरी पारिवारिक परिवेश में असामान्य नहीं था।जब कोई परिधान एक कलाकृति बन कर धीरे–धीरे आंखों के सामने अपनी पूर्णता की ओर अग्रसर होती है तो मन में एक बहुत ही संतुष्टि का भाव आता है और शायद शुक्र की भी कृपा होगी कि काम करने का भी जीवन में काफी प्राप्त हुआ।
२०१९ में अपने अभियांत्रिकी के काम से एक छुट्टी लेकर जब लखनऊ जाना हुआ तो उसी अवकाश में ही अवध की धरती पर अवधालय ने आकार ले लिया । अवाधालय भले ही जीवन में अकस्मात आया हो परंतु उसके आगमन की योजना में मैंने काफ़ी समय व्यतीत किया।
प्रारंभ में इंस्टाग्राम पर एक ट्रायल पेज 2018 में बनायाथा जिस पर मैं गूगल से कुछ तस्वीरें डालती रहती थी।
इसके पीछे मेरा मंतव्य लोगों की रुचि और अपेक्षाएँ समझना था साथ ही अपनी उन पसंद की पोशाकों के लिए मूल्य देने के लिए उनकी सम्मति को समझना था। तात्पर्य यह है कि यह मेरे लिए एक प्रकार से बाज़ार को रामझने का अभ्यास था। एक व्यापारिक दृष्टिकोण ही आपके व्यसन को व्यवसाय से भिन्न बनाता है।
प्रायोगिकता के धरातल पर इस उद्यम ने मेरी प्रथम समर्थक और सहयोगी -संरक्षक मेरी लखनऊ निवासी मौसी रहीं। उनके साथ मिल कर इस व्यवसाय में हमने पहला निवेश बीस हज़ार रुपये के परिधानों के क्रय के साथ किया और अपने स्वप्न की ओर पहला कदम रखा। प्रारंभिक पूँजी छोटी थी और आरंभिक स्टॉक छोटा, परंतु सर्वोत्तम उत्तम का शत्रु होता है, सो कम स्टॉक का विशेष अंतर नहीं पड़ा क्योंकि जब आपको असल में कुछ करना है तो मनन करने पर मार्ग निकल जाते हैं। थोड़ा समय लगता है पर यह आगे चलकर काफी मार्ग भी खोलता है।
वैसे तो बाजार में अच्छे उत्पादों का काफी स्कोप है तो संख्या मेरे लिए समस्या नहीं थी असली समस्या प्रचार और लॉजिस्टिक थी।चित्र वेंडर अब दे भी देते हैं पर क्योंकि ब्रांड बनाने के लिए शुरुआत में अपनी तस्वीर चाहिए होती है तो मेरे अकेले होने के कारण बड़ी समस्या थी।आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उसका समाधान मिल जाता है किंतु लॉजिस्टिक का इतिहास क्या बताया जाए!! वस्त्र परिधान जैसे कलात्मक व्यवसाय के पीछे भी संभार तंत्र जैसे रूखे विषयों की व्यवसाय की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
यदि किसी सोशल मीडिया पटल पर किसी भी डिलीवरी कंपनी का अकाउंट खोल दिया जाए और उसके नीचे के कमेंट पढ़े जायें तो स्वतः स्पष्ट हो जाता है कि लॉजिस्टिक्स किसी व्यवसाय में कितनी अहम भूमिका लेता है क्योकि एक ग्राहक के लिए किसी उत्पाद से अधिक क्रय का अनुभव बहुत महत्वपूर्ण होता है और इसमें आपका संभार तंत्र काम में आता है। एक छोटे व्यवसायी को यह छोटा सा पक्ष कितनी कठिन चुनौती देता है, समझाना सरल नहीं है।
अब थर्ड-पार्टी स्थानीय एजेंसी से इस विषय में भी थोड़ा सा आराम मिलने की संभावना उत्पन्न हो रही है मेरे सह -व्यवसायी ने कहीं इस सरदर्द को संभाल लिया है।
मेरे इस छोटे से सपने का नाम अवाधालय है जिसका अर्थ है ‘ऐसा घर जिसमें द्वंद ना हो’ तो आशा है कि मेरा व्यवसाय भी द्वन्दमुक्त होकर ईश्वर कृपा से स्वतः ही अपना मार्ग प्रशस्त करेगा।भविष्य की कल्पना में एक धुंधला सा स्वप्न है ट्रेनिंग सेंटर खोलने का जहाँ सिलाई-कढ़ाई और कपड़े की बुनाई की परंपरागत कला नई पीढ़ी तक पहुंचे।
इस स्वप्न के सच होने में योगदान प्रधानमंत्री मोदी का भी है क्योंकि ऑनलाइन वेबसाइट, सोशल मीडिया मार्केटिंग आदि उस काल में संभव ही नहीं था जब इंटरनेट की उपलब्धता सर्वसामान्य तक न पहुँची हो ।सुशासन संसाधन देता है जिस पर औद्योगिकअट्टालिका हमारी स्वयं की आत्मशक्ति बना ही लेती है।
और भी कई लोक हैं जीतने के लिए परंतु मैं इतनी महत्वाकांक्षी नहीं हूँ।
कुछ महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक बनाने की इच्छा है जिसके लिए हर क्षण सीखना पड़ता है और जीवन के अन्य प्रयोजन के उपरांत भी मैं इसके लिए तत्पर होने का पूरा प्रयास करती हूँ ।कई मित्र सोशल मीडिया से मिले जिन्होंने मुझे अपने समर्थन से चकित कर दिया इस लेख के माध्यम से मैं उन सबको भी आभार प्रकट करना चाहती हूँ।
महादेव सेआकांक्षा रहती है मुझे योग्यता और सामर्थ्य से भरे ताकि मैं सभी के विश्वास को और बड़े स्तर पर
ले जाऊँ।
हर हर महादेव!






Leave a Reply