कथा कच्चाथिवू की

आज भले ही श्रीलंका अपने आर्थिक संकट के कारण एक निरीह अवस्था में है, परंतु जिस गति से श्रीलंका एक समय चीन के आलिंगन में प्रवेश कर रहा था, कच्चाविथु जैसा भारतीय समुद्री सीमा के बिल्कुल अंदर एक विदेश आधिपत्य का क्षेत्र कैसी सामरिक समस्या उत्पन्न कर सकता है, सिर्फ़ तमिलनाडु नहीं भारत के लिए…

कच्चाथीवू द्वीप एक २८५ एकड़ का टापू है जो भारत और श्रीलंका के मध्य पाक जल डमरूमध्य में रामेश्वरम के निकट स्थित है। यह टापू वर्तमान में श्रीलंका के आधिपत्य में है और अक्सर इस टापू के निकट तमिल मछुआरों के विदेशी सीमा के अनाधिकृत प्रवेश के आरोपों में श्रीलंका सरकार के द्वारा पकड़े जाने की घटनाओं के लिए चर्चा में रहता है। दक्षिण भारत के राजनैतिक दल, विशेष रूप से द्रमुक आम तौर पर तमिल मछुआरों के उत्पीड़न के नाम पर इस द्वीप पर श्रीलंकाई आधिपत्य के विषय पर केंद्र सरकार पर क्षेत्रवाद के नाम पर आक्रामक होती रहती है। भाषा अतिवाद के साथ ही दक्षिणी क्षेत्रवाद की विभाजनकारी राजनीति को भारतीय राजनीति में स्वीकृत तथ्य के रूप में बिना विरोध के लिया जाता रहा है। तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के अन्नामलाई के द्वारा सूचना के अधिकार के अंतर्गत प्राप्त शासकीय दस्तावेजों से प्राप्त जानकारी से इस द्वीप के संबंध में दक्षिण के राजनैतिक दलों विशेषकर वर्तमान शासन की मुखिया द्रमुक के दोमुँहे चरित्र का पता चलता है। इन दस्तावेज़ों में निहित सत्य से समय समय पर सर्वोच्च न्यायालय में पहुँच कर इस द्वीप का आधिपत्य पुनः प्राप्त करने की माँग करने का नाटक सबके सामने आ जाता है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में और बाद में नरेंद्र मोदी सरकार में २०१५ में द्रमुक और अखिल भारतीय द्रमुक दोनों दल इस द्वीप को भारतीय आधिपत्य में लेने की माँग को ले कर सर्वोच्च न्यायालय पहुँचे। भारत सरकार ने तब सुप्रीम कोर्ट में यह पक्ष रखा था कि दो संप्रभु राष्ट्रों के मध्य एक बार दिये गये भूखंड को पुनः प्राप्त करने का प्रयास युद्ध की घोषणा ही होगा। इस पूरे प्रकरण में निर्णय तो कोई नहीं निकला परंतु उत्तर -दक्षिण क्षेत्रवाद की त्रुटि रेखाएँ ही सशक्त करने का प्रयास होता रहा। उत्तर भारत में अस्तित्व के लिए ज़िले ज़िले को तरसती कांग्रेस भी अपना सबल राष्ट्रव्यापी प्रचारतंत्र ले कर जब इस विभाजक राजनीति में प्रवेश कर गया, विशेष रूप से तब जब सत्ता के पारिवारिक उत्तराधिकारी राहुल गांधी अपने राजनैतिक पहचान को बचाने के लिए केरल के सांसद बन गये, तब यह विभाजक राजनीति भयावह होने लगी। पीछे कुछ दिन पहले ही कर्नाटक के कांग्रेस के सांसद और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश कुमार ने दक्षिण के राज्यों के विभाजन की कुत्सित माँग सार्वजनिक रूप से कर दी थी। ऐसे में कच्चाथिवु का इतिहास और सत्य महतपूर्ण हो जाता है ताकि विष्णु पुराण के समय से स्थापित भारत की सांस्कृतिक एकता सदा के लिए सुनिश्चित रहे।

कच्चाथिवु का इतिहास

कच्चाथिवु का इतिहास १४वीं सदी के इतिहास में हमें उस समय ले जाता है है अल्पकालिक इस्लामी आक्रमण के पश्चात १३६५ में यह राज्य विजयनगर के हिंदू राजाओं के आधिपत्य में आता है। पांड्या राजा कम्पन उदयार के नेतृत्व में मदुरै की नयी सत्ता विजयनगर साम्राज्य के नीचे स्थापित होती है (सेवेल, ए फॉरगॉटन एम्पायर)।शिव एवं विष्णु मंदिरों की पुनर्स्थापना होती है। यह क्षेत्र एक बार पुनः चर्चा में आता है जब त्रावणकोर शासकों के आक्रमण के उत्तर में अच्युत राजा के सेना १५३० से १५४२ के मध्य यहाँ आती है। १५५९ में यह क्षेत्र नायक्कन शासकों के अधीन आता है जिनका शासन १७३६ तक रहता है। १६५६ में संयुक्त इस्लामिक आक्रमण से प्रसिद्ध तालीकोटा युद्ध में विजयनगर साम्राज्य ध्वस्त हो जाता है।१६०२-१६०९ में नायक्कन शासन मुथु कृष्णप्पा के हाथ में आता है।यही नायक्कन राजा सेथुपति शासकों के हाथ में रामनाद की बागडोर देते हैं जिनका उत्तरदायित्व रामेश्वरम और निकटवर्ती क्षेत्रों को अपराधियों एवं लुटेरों से मुक्त कर के तीर्थयात्रियों की रक्षा तथा आम जनता के रहने योग्य बनाना था। रामसेतु की रक्षा का दायित्व स्वीकार करने के कारण ही यह राजपरिवार एवं इसके वंशज सेतुपति कहलाते हैं। यहाँ से रामनद शासन का प्रारंभ होता है। अगले लगभग सौ वर्ष तक रामनद मदुरा राजाओं के अधीन रहता है। नायक्कन सत्ता के पतन के साथ एक महत्वपूर्ण युद्ध रामनद शासकों के साथ १७०२ में होता है जिस में मदुरै सेनापति की मृत्यु हो जाती है। १७३४ में मदुरै पर कर्नाटक के नवाब चंदा साहब का मदुरै पर शासन हो जाता है। १७४० में मराठा सेना इस क्षेत्र में आती है और वर्चस्व बनाती है। १८०३ में रामनद शासक को ब्रिटिश हटा के उनके स्थान पर उनकी बहन मंगलेश्वरी नाचियार को सिंहासन पर स्थायी सनद के माध्यम से बिठाते हैं। राजा शंमूघम् सेतुपति इस वंश के शासक १९२९ से १९६९ तक रहे। कच्छतीवू द्वीप इसी भारतीय रामनद शासन के अधीन रहा था।

सीमाओं की समस्या

२४ अक्तूबर १९२१ को भारत और सीलोन के ब्रिटिश सरकारों एक बैठक करती हैं जो अनिर्णय की स्थिति में समाप्त होती है। इस में एक अव्यक्त तरल एवं साझा अधिकार इस द्वीप पर माना जाता है। १९५६ में यह मुद्दा संसद में आता है जिस में नेहरू अत्यंत अगंभीरता के साथ इस प्रश्न को दरकिनार कर देते हैं यह कह कर कि इस ‘छोटे से टापू’ को लेकर भारत और सीलोन के मध्य किसी भी संघर्ष की कोई संभावना नहीं है और यदि यह द्वीप मद्रास के रामनद शासकों के नियंत्रण में था भी तो भी इसे उन शासकों की ज़मींदारी यूँ भी समाप्त होने वाली है।१९७४ में इंदिरा गांधी की सरकार ने श्रीलंका की भण्डारनायके सरकार के साथ समझौते में इस द्वीप को सीलोन को सौंप दिया। इस निर्णय का आधार पड़ोसी देशों में भारत के प्रति सद्भावना की वृद्धि करना और इंदिरा गांधी के श्रीमावो भंडारनायके प्रति मित्रवत् भावनाओं को बताया गया। यह चमत्कार ही है कि एक संप्रभु, लोकतांत्रिक राष्ट्र में एक चुने हुए राष्ट्रनेता के द्वारा किए गए इस निर्णय पर असंतोष के स्वर कम ही उठे। संभवतः इस का कारण इस समझौते में साझा समुद्री गतिविधियों के लिए स्थान का होना था। स्थिति तब निश्चित और अपरिवर्तनीय हो गये जब आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने १९७६ में अपनी साझा सामुद्रिक गतिविधि के अधिकार को श्रीलंका को सौंप दिया।

Leave a Reply

Trending