किसान आंदोलन -2.0 या भीड़तंत्र का नया संस्करण

उठते हुओं को सबने सहारा दिया ‘क़लीम ‘गिरते हुए गरीब सम्भाले कहाँ गए। -क़लीम अज़ीज़ परसाई जी बुद्धिजीवियों को टिटहरी कहते थे, जो आसमान की ओर पाँव उठा कर लेटते हैं और यह मान लेते हैं कि उनके पावों पर ही आकाश टिका है। दो वर्ष पूर्व किसानों की स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन के उद्देश्य…

उठते हुओं को सबने सहारा दिया ‘क़लीम ‘
गिरते हुए गरीब सम्भाले कहाँ गए।

-क़लीम अज़ीज़

परसाई जी बुद्धिजीवियों को टिटहरी कहते थे, जो आसमान की ओर पाँव उठा कर लेटते हैं और यह मान लेते हैं कि उनके पावों पर ही आकाश टिका है। दो वर्ष पूर्व किसानों की स्थिति में आमूलचूल परिवर्तन के उद्देश्य से लाये गये तीन कृषि क़ानूनों को बुद्धिजीवी गिरोह के मार्गदर्शन में काला क़ानून घोषित किया गया और जम कर दिल्ली का घेराव कर के उपद्रव किया गया। महीनों चले इस आंदोलन में वित्तीय समर्थन आदि पर प्रश्न उठे, आंदोलन में शामिल होने आयी एक महिला कार्यकर्ता के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया और दिल्ली एक सीमा पर आंदोलनकारियों ने कैमरे पर एक निरीह व्यक्ति की चमड़ी छील छील कर ऐसी हत्या की जिसकी कल्पना भी २१वीं सदी के सभ्य समाज में की नहीं जा सकती है। बुद्धिजीवी गिरोह ने अन्नदाता, निर्धन कृषक की परिकल्पना के समक्ष सरकार के सत्य को असहाय पाया। कांग्रेस सरकार में जिस गिरोह ने राष्ट्रीय सलाहकार समिति के माध्यम से उत्तरदायित्व-विहीन अधिकार की समानांतर सत्ता का स्वाद लिया था, उसे उस नरेंद्र मोदी सरकार में जिस में लोकतांत्रिक रूप से चयनित सरकार निर्णय लेती है, उस में अपने सत्ताच्युत हो जाने की जिस निराशा का भान होता था। सड़क पर होने वाले, विदेशी धन द्वारा पोषित नागरिकता संशोधन क़ानून के विरोध में इस्लामी आंदोलन और कृषकों के नाम पर खलिस्तानी नियंत्रित सिख घेराव में उस निराश गिरोह को पुनः अपने खोये पौरुष को प्राप्त करने का अनुभव भान हुआ। मध्ययुगीन युद्धों की भाँति जैसे जाट रियासतें मुग़ल काल में या सिख मुग़ल काल में राजधानियों का घेराव कर के युद्ध करते थे, उसी अन्दाज़ में अपने ही स्वतंत्र, लोकतांत्रिक राष्ट्र में एक स्थापित सत्य के अनुसार बनाये गये नियमों का उग्र और हिंसक विरोध देख कर वैश्विक महामारी के प्रकोप से बाहर निकलते देश की सत्ता में बैठी सरकार सकते में आ गई और तीनों कृषि क़ानूनों को वापस लेने के लिए बाध्य हो गई। अपने अनियंत्रित भ्रष्टाचार और कुप्रशासन के कारण सत्ता से निकाली गई कांग्रेस और उसके सत्ताच्युत होने के साथ ही निर्बल हुए ग़ैरसरकारी संगठनों के गिरोह को सरकार के इस पीछे हटने में अपनी शक्ति की पुनर्प्राप्ति की एक महीन सी आशा दिखी।

इसी सब को देखते हुए कृषक आंदोलन के द्वितीय संस्करण का आयोजन संसद के चुनाव के लगभग दो महीने पूर्व किया गया। सब कुछ पूर्ववत् ही था, धनाढ्य पंजाब के कृषक या सही कहें तो कृषि व्यापारी और उद्योगपति ट्रैक्टरों और महँगी मर्सिडीज़ में दिल्ली की ओर कूच करते दिखे। अरविंद केजरीवाल की जिस आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले वर्षों में पंजाब के भीतर किसानों के हर छुटपुट आंदोलन क्रूरतापूर्वक दमन किया है, उसी सरकार ने इन नेताओं और उनके धनी अनुयायियों को राजनैतिक लाभ के लोभ में राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ाया। (संलग्न: पंजाब पुलिस के साथ संघर्ष में एक किसान की मृत्यु, इण्डियन एक्सप्रेस, अगस्त, २०२३/ प्रधानमंत्री भगवंत मान के निवास के निकट प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठीचार्ज, दक्कन हेराल्ड, दिसंबर २०२२)।

इण्डियन एक्सप्रेस : २२ अगस्त २०२३
सौजन्य: दक्कन हेराल्ड, दिसंबर, २०२२

कृषि क़ानून २.० में और पहले आंदोलन में एक अंतर आया है जो अब दिख रहा है। पिछले आंदोलन में आंदोलनकारियों ने मुख्यधारा के संचार माध्यमों से इतर सोशल मीडिया का विदेशी सूत्रों के सहयोग से प्रचुर लाभ लिया था। विदेशी सितारों, यहाँ तक कि भूतपूर्व टेनिस सितारों और वयस्क सिने सितारों के माध्यम से आंदोलन को अंतरराष्ट्रीय बना दिया गया। इस बार सरकार भी अधिक जागरूक हो गई है और जनता के मन में भी जो किसान आंदोलन के नेताओं के बारे में अज्ञान था वह घुलता जा रहा है। राकेश टिकैत जैसे कथित अराजनैतिक नेता जब खुल के बंगाल चुनाव के मैदान में ममता बनर्जी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते दिखे और जब योगेन्द्र यादव विपक्षी दल कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के साथ दिख गए तो उनके ग़ैर राजनैतिक किसान नेता होने के छद्म का आवरण उघड़ गया।

ऐसा नहीं है कि राकेश टिकैत जी असफल राजनैतिक अभिलाषाओं का प्रकटीकरण २००७ में हुआ और उसके बाद वे पूर्णकालिक अराजनैतिक किसान अधिकार के कार्यकर्ता हो गये। २०१४ में जब गुजरात के दो दशक के मुख्यमंत्री और पर्यावरण लॉबी से लड़ के नर्मदा के माध्यम से निर्जल गुजरात के किसानों को संपन्नता दे कर नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री हुए, राकेश टिकैत राष्ट्रीय लोक दल के टिकट से अमरोहा से चुनाव लड़े और दो हज़ार वोट पा कर चौथे स्थान पर रहे। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कँवर सिंह तंवर एक लाख अठारह हज़ार वोट पा कर ५३% वोट से विजित हुए थे। निर्धन किसानों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे टिकैत पेशेवर रूप से कृषक कम और व्यवसायी अधिक हैं जिनकी संपत्ति १७ करोड़ के आस पास बतायी जाती है और जिनकी संपत्ति में पेट्रोल पम्प, दुकानें आदि बतायी जाती हैं। इस आंदोलन के दूसरे बड़े नेता योगेन्द्र यादव भी कृषक नहीं हैं। राजनीति शास्त्र के प्राध्यापक से पत्रकार और चुनाव विश्लेषक बने योगेन्द्र यादव की राजनीति का प्रारंभ सोनिया गांधी द्वारा मनमोहन सिंह के माध्यम से समानांतर सत्ता चलाने के लिए बनी नेशनल एडवाइजरी कौंसिल के रूप में हुई थी। कांग्रेस के भ्रष्टाचार के प्रति जनता के विक्षोभ को भाँप कर योगेन्द्र अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से जुड़े और २०१४ में गुरुग्राम से उन्होंने पहला चुनाव लड़ा। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के राव इंद्रजीत सिंह को ६ लाख चौवालीस हज़ार वोट ३५% वोट मिले थे, और योगेन्द्र यादव ने ४ प्रतिशत वोट पा कर चौथा स्थान प्राप्त किया। संभवतः लोकतांत्रिक पराजय के कारण उत्पन्न हताशा ही राकेश टिकैत के मन में लोकतात्रिक व्यवस्था से चुनी हुई संसद और उसके अधिकारों के प्रति चिढ़ भर्ती है और उन्हें अलोकतांत्रिक सड़कों के भीड़तंत्र की ओर आकर्षित करती है। व्यवस्था बनाये रखने के लिए समस्त समाज का समर्थन लगता है और व्यवस्था भंग करने के लिए मुट्ठी भर लोगों का। शांति एक अत्यंत ही सुकुमार संकल्पना है और सभी अराजक तत्व इस सत्य को समझते हैं। हिंसा फैलाने में सफलता इनकी अराजक राजनीति की स्वीकार्यता का सूचक नहीं है।

किसानों की माँग स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट के अनुसार उत्पादन मूल्य -जमा- पचास प्रतिशत है। स्वर्गीय श्री स्वामीनाथन कृषि वैज्ञानिक थे और इस वर्ष नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया है। इस संबंध में बहुत दुष्प्रचार किया जा रहा है कि कृषक कुछ और नहीं मूलतः स्वामीनाथन कमिटी के सुझावों का क्रियान्वयन भर तो माँग रहा है। आज सत्ता के लोभ में विक्षिप्त से हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी भले ही सरकार में आते ही स्वामीनाथन कमेटी के अनुसार C२ (खर्च अथवा निवेश) प्लस ५०% के अनुसार समर्थन मूल्य लागू करने की बात कर रहे हों, स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट मोदी सरकार में नहीं आयी है। राष्ट्रीय कृषक आयोग के नाम से गठित इस कमेटी में दिसंबर २००४ से अक्टूबर २००६ के मध्य पाँच रिपोर्ट अपने अध्ययन के बाद प्रस्तुत की थीं। इस रिपोर्ट का हवाला दे कर c२ प्लस ५०% पर एमएसपी की क़ानूनी वैधता स्थापित करने की माँग हो रही है। प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री अशोक गुलाटी स्पष्टतः कहते हैं कि यदि एमएसपी से नीचे ख़रीद अवैध हो जाएगी तो निजी व्यापारी उस फसल को ख़रीदने से ही बचेंगे जिसका मूल्य बाज़ार इस न्यूनतम मूल्य से नीच स्थापित करता है। कुछ स्वयंभू कृषि अर्थशास्त्री भी आ गये हैं जो अर्थशास्त्र के सिद्धांतों को ऐसा गड्डमड़ कर रहे हैं ताकि किसानों को मतिभ्रष्ट किया जा सके। एक प्रतिष्ठित व्यापार पत्रिका ‘लाइवमिंट’ के वरिष्ठ संपादक अधिकतम विक्रय मूल्य (एमआरपी) और न्यूनतम क्रय मूल्य (एमएसपी) को एक बता रहे हैं, और कह रहे हैं जब कुछ उत्पादों पर एमआरपी हो सकता है तो कृषि उत्पादों पर एमएसपी क्यों नहीं। उन्हें या तो यह समझ नहीं आ रहा है कि विक्रय मूल्य उपभोक्ताओं के संरक्षण का नियम है जिस में कृषक भी आते हैं या वो किसानों को बताना नहीं चाहते हैं।

कुछ और भी स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट में महत्वपूर्ण है। भारत की कृषि योग्य भूमि का २६ प्रतिशत लगभग ३% परिवारों के हाथ में हैं। न्यूनतम मूल्य की माँग करने वाले अधिकांश किसान पंजाब के इसी संपन्न वर्ग से आते हैं। आंदोलन में विध्वंसक यंत्रों की उपलब्धता इन्हें पास धन की बहुलता की ओर इंगित करती है। एक मूर्खतापूर्ण तर्क यह है कि यदि किसान संपन्न है तो क्या उसे शासकीय समर्थन नहीं मिलना चाहिए। वह स्वतः ही अपने किसान की दुर्दशा के तर्क को काटते हैं। स्वामीनाथन कमिटी की रिपोर्ट में ना तो धनी किसान नेताओं के प्रचार के अनुसार कोई फार्मूला था ना ही उसके विधिक बंधन के नियम बनाने की कोई अनुशंसा। कमिटी की पहली रिपोर्ट में कृषि विद्यालय की स्थापना और मृदा अन्वेषण केंद्र की स्थापना की माँग थी। कमेटी की दूसरी रिपोर्ट में मुख्यतः एपीएमसी एक्ट में संशोधन, निजी क्षेत्र की भागीदारी और आढ़तियों के वर्चस्व की समाप्ति की अनुशंसा थी। कांग्रेस ने तो इस पर कुछ नहीं किया परंतु तृणमूल कांग्रेस के सांसद के नेतृत्व में बनी संसदीय समिति ने इस पर ‘तत्परता’ से क़ानून बनाने की माँग की थी। इसी की परिणति तीन कृषि क़ानूनों में हुई थी, जिसके विरोध में २०१९ के चुनावों के पहले देश की राजधानी का एक हिंसक घेराव किया गया और एक चकित सरकार को उनके ही दबाव में ये क़ानून वापस लेने पड़े जिनकी भलाई के लिए यह क़ानून लाए गए थे। जानकार कहते हैं इस आंदोलन की भाँति कर्जों के बोझ तले बिहार, बंगाल, उत्तरांचल, मध्यप्रदेश, राजस्थान के निर्धन किसान उसके पीछे नहीं, वरन् मर्सिडीज़ पर चलने वाले आढ़तिया हैं जो निर्धन राज्यों से कृषि मज़दूर आयातित कर के उनसे खेती करवाते हैं।

अपनी दूसरी रिपोर्ट में स्वामीनाथन कमेटी ने दो अनुशंसाएँ की थी – एक, न्यूनतम मूल्य पर सरकारी क्रय में विलंब ना हो, दूसरा, एमएसपी का विस्तार पंजाब, हरियाणा और उत्तरप्रदेश से आगे बढ़ के अन्य प्रदेशों में किया जाये। एमएसपी का संदर्भ २००२ की अभिजीत सेन रिपोर्ट में आता है।पाँचवी रिपोर्ट में लागत की गणना करने की विधि का परिष्कार किया गया है और उसमे कृषक की अपने स्वामित्व की भूमि का किराया, पारिवारिक श्रम आदि को जोड़ने का प्रावधान बताया गया है। एक तर्क यह दिया जा रहा है कि क्योंकि स्वामीनाथन जी को भारत रत्न दे दिया गया है, लागत जोड़ ५० प्रतिशत को विधि से स्थापित नियम मान लिया जाए। अब इसमें यह भी समझना आवश्यक है कि स्वामीनाथन जी अर्थशास्त्री नहीं थे कृषि वैज्ञानिक थे। एक राज्य से दूसरे राज्य में लागत भिन्न है अतः बिना राज्यों की स्थिति का वृहद् अध्ययन किए यदि C२ प्लस ५०% यदि न्यूनतम मूल्य तय कर दिया जाये तो क्या पंजाब जहाँ भूमि का मासिक किराया ४०००० रुपये प्रति एकड़ है बिहार के १५००० रुपये प्रति एकड़ से कैसे संतुलित होगा।

समस्या यह है कि कुछ राज्य अपनी राजनातिक शक्ति का प्रयोग कर के सरकारी एमएसपी पर एकछत्र अधिकार जमाये बैठे हैं। इस क्षेत्रीय विसंगति का निवारण करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिये। भाजपा शासित राज्य इस संदर्भ में उन्हीं तीन कृषि क़ानूनों को अपने राज्य में लागू कर के पहले कर सकती हैं। इस विसंगति का प्रतिबिंब सरकारी आँकड़ों में ही दिख जाता है और इस से पंजाब के आंदोलनकारी संपन्न किसानों को अन्नदाता बना कर भावनात्मक खेल करने का प्रयास भी प्रकट हो जाता है। गेहूँ के उत्पादन में सबसे आगे उत्तर प्रदेश है, उसके पीछे मध्यप्रदेश है और पंजाब का तीसरा स्थान है।

सूत्र : स्टेटिस्टा (लिंक)

एक राष्ट्र के निर्माण में सभी वर्गों का सहयोग होता है। यह अन्नदाता के भावनात्मक आख्यान को गढ़ने वालों को समझ लेना चाहिये कि पत्रकारों द्वारा निर्मित कथानक और स्वयं पत्रकार जनता के समक्ष अपनी राज्यसभा सीटों, अपने आर्थिक लाभों के लिए समझौते करते हुए निर्वस्त्र हो चुके हैं। कृषक से अधिक हमारे बुद्धिजीवी विश्वसनीयता के संकट से जूझ रहे हैं और जनता चाहे हम इज़राइल हमास संघर्ष देखें या यूरोप का सांस्कृतिक अतिक्रमण देखें, उन पर मुखर होती प्रतिक्रियाएँ स्पष्ट करती हैं कि आम जनता अब वस्तुनिष्ट विश्लेषण से कम पर समझौता करने को तैयार नहीं है। जिस आक्रामक आंदोलन से लाखों को महामारी के समय कष्ट हुआ, उद्योगों और मज़दूरों को ग़रीबी और भुखमरी का सामना करना पड़ा, वह अब विदेशी गाड़ियों में घूमने वालों को निर्धन कृषकों का स्वर मान कर स्वीकार नहीं करेगा। हठ का प्रतिकार तीव्र होगा और उस प्रतिकार में आंदोलनकारियों को होने वाली क्षति पर संवेदना क्षीण और क्षणिक।

यदि कोई राजनैतिक दल यह समझता है कि मूर्खतापूर्ण स्वार्थों को समर्थन देने से उनकी सत्ता में आने की संभावना बढ़ जाती है तो उन्हें अपने शपथ पत्र में तथाकथित किसानों की माँगों को डाल कर २०२४ चुनावों में जाना चाहिये। विजय की स्थिति में सत्ता में आ कर परिवर्तन लाने चाहिए, पराजय की स्थिति में अपनी पसंद के गिरोह के साथ अपनी माँग के और अपनी राजनीति के खोखलेपन को स्वीकार कर के शांत हो कर नये नेतृत्व और नयी नीति की तलाश करनी चाहिये। बाक़ी देश तो इस मिथ्या ‘राष्ट्रव्यापी’ विरोध का सत्य (अथवा असत्य) आम जनता के समक्ष खुल चुका है, इसी लिये देश राजधानी की ढाल बन के खड़े हरियाणा के उन पुलिसकर्मियों के लिए श्रद्धांजलि दे रहा है जिन्होंने आम नागरिकों की रक्षा के लिए प्राण दिये, ना कि विध्वंसक यंत्रों से लैस विभाजनकारी प्रदर्शनकारियों को जो निर्धन किसान होने का अभिनय कर रहे हैं। मेरा मानना तो यह है कि जितना कार्य पिछले दस वर्षों में हाशिये पर छूटे वर्ग के लिए हुआ है, इस चुनाव में देश नरेंद्र मोदी से यही कहने वाला है –

एक बूढ़ा आदमी है मुल्क में या यूँ कहो,
इस अंधेरी कोठरी में एक रोशन दान है।

-दुष्यंत कुमार

Leave a Reply

Trending