राम भक्त स्त्रियाँ और वामपंथी विमर्श

बालि कहता है, “धर्म हेतु अवतरेहु  गोसाईं, मारेहु मोहि ब्याध की नाईं, मैं बैरी सुग्रीव पिआरा, अवगुन कवन नाथ मोहि मारा”। प्रभु श्री राम उतर देते हैं,”अनुज वधू भगिनी सुत नारी, सुन सठ कन्या सम ये चारी, इनहिं कुदृष्टि बिलोकै जोई, ताहि बधे कछु पाप न होई” यानि छोटे भाई की पत्नी, बहन, और वधू कन्या के समान…

प्रभु राम भारत भूमि का प्राण तत्व हैं। जन जन के आराध्य हैं । राम सनातन समाज को मर्यादा की डोर में बांधते हैं । राम धर्म हैं। राम कर्त्तव्य हैं। राम प्रेम हैं। राम प्रत्येक सनातनी के जीवन का आधार हैं। राम का आदर्श सनातन समाज को सुन्दर सामाजिक संरचना में निबद्ध करता है।

आधुनिक वामपंथ-प्रेरित  स्त्री-विमर्श भारत के इस राम के प्रति कुबुद्धि-जन्य कुतर्क रखने का कोई अवसर नहीं छोड़ता। विजयादशमी और रामनवमी तो इसके लिए आदर्श समय है, जैसे ही रामनवमी की बधाई दो प्रश्न आता  है, कौन राम? वह जिसने सीता को जंगल भेज दिया, वह राम जिसने सीता की अग्नि परीक्षा ली, वह राम जिसने अपनी इच्छा प्रकट करने वाली शूपर्णखा के नाक –कान कटवा दिए वो राम, जिसके लिए एक कपड़े धोने वाला अपनी पत्नी से बड़ा था वो राम इत्यादि इत्यादि। यूँ तो इन कुतर्कियों को मुस्करा कर टाल देना चाहिए, क्योंकि ये नहीं जानते ये क्या कह रहे हैं, किन्तु फिर भी यज्ञ कुंड में हड्डी डालने वालों पर क्रोध आना तो स्वाभाविक है और उनका उत्तर देना भी बनता है। 

ये कुतर्क मूलतः श्री राम द्वारा अपनी पत्नी सीता के परित्याग से जुड़े होते हैं और इनके माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं को ये सन्देश देने का प्रयास होता है कि आप हिंदू समाज में होने के कारण एक पितृसत्तात्मक समाज की व्यवस्था से त्रस्त हैं और ऐसे पुरुष की पूजा कर रही हैं जिसने एक अन्य पुरुष के कहने पर, बिना प्रमाण अपनी पत्नी को जंगल में छोड़ दिया। 

उत्तर रामायण के रूप में प्रचलित ये कथा कितनी प्रामाणिक है कोई नहीं जानता क्योंकि स्वयं महर्षि बाल्मीकि भी रावण विजय कर लंका से लौटे श्रीराम के राज्याभिषेक और फिर सहस्त्रों वर्षों तक सुखपूर्वक राज्य करने की बात कहते हैं। श्री रामभद्राचार्य जी महाराज तथा अन्य विद्वानों ने उत्तर रामचरित की  इस कथा का प्रमाण सहित खंडन किया है अतः हम यहाँ रामकथा के कुछ अन्य सन्दर्भों की चर्चा करते है। 

छल का भाजन बनी अहिल्या को ऋषि गौतम ने त्याग दिया, परित्यक्त अहिल्या पाषाण सी हो गयी, उदासीन, अपने आस पास के समाज के लिए मृत। किसी ने अहिल्या का पक्ष तो दूर उनके कष्ट का संज्ञान भी नहीं लिया किन्तु अयोध्या के राजकुमार के रूप में दशरथनंदन राम ने अहिल्या को उनकी गरिमा और सम्मान वापस दिलाया उन्हें जीवन में वापस लाए, ये एक राजकुमार के रूप में स्त्री सम्मान की रक्षा हेतु श्री राम का प्रथम निर्णय था। 

विवाह होने पर पति धर्म की मर्यादा स्थापित करते हुए श्री राम ने सर्वदा एक पत्नी व्रती रहने का निर्णय लिया हैं यद्यपि उनके कुल में पुरुषों का बहु विवाह अस्वीकार्य नहीं था और स्वयं उनके पिता महाराज दशरथ की भी तीन रानियाँ थीं।

वन गमन के समय मोहग्रस्त महाराज दशरथ कहते हैं, वचन तो मैंने दिया था राम तुम इसे मानने के लिए बाध्य नहीं हो। श्री राम उत्तर देते हैं, ये केवल पिता का वचन नहीं माँ का आदेश भी है, पिता का वचन तोड़ा जा सकता है किन्तु माँ के आदेश की अवहेलना कैसे संभव है?

राम का जीवन आगे बढ़ता है, वन में माता शबरी से मिलते हैं और माता शबरी, के जूठे बेर खाने में रंच मात्र संकोच नहीं हुआ रघुबर को। माता को विश्वास था, राम आएँगे तो राम उस विश्वास को कैसे तोड़ सकते थे? भक्त वत्सलता की पराकाष्ठा दिखती है यहाँ। 

सुग्रीव से मित्रता होती है, ज्ञात होता है  बाली ने सुग्रीव की पत्नी को बंधक बना रखा है । राम, बालि को वृक्ष की ओट से मारते हैं।

बालि कहता है, “धर्म हेतु अवतरेहु  गोसाईं, मारेहु मोहि ब्याध की नाईं, मैं बैरी सुग्रीव पिआरा, अवगुन कवन नाथ मोहि मारा”। प्रभु श्री राम उतर देते हैं,”अनुज वधू भगिनी सुत नारी, सुन सठ कन्या सम ये चारी, इनहिं कुदृष्टि बिलोकै जोई, ताहि बधे कछु पाप न होई” यानि छोटे भाई की पत्नी, बहन, और वधू कन्या के समान हैं इन पर कुदृष्टि डालने वाले का वध करने में कोई पाप नहीं है । स्त्री के सम्मान की रक्षा और स्थापना के लिए में इससे बड़ी और इतनी स्पष्ट नीति विश्व के इतिहास में कोई नायक नहीं देता, न राम से पूर्व, न राम के पश्चात।

सीता हरण के पश्चात एक सामान्य प्रेमी की भांति व्याकुल होते हैं, “हे खग मृग हे मधुकर श्रेणी, तुम देखी सीता मृगनयनी?” सीता को ढूँढने के लिए प्राणपण लगा देते हैं। सीता के लिए स्नेह से भरकर वे कहते हैं, “तत्व प्रेम करमम अरु तोरा, जानतप्रिया एक मनुमोरा। सोमनुसदा रहत तोहि पाहीं, जानु प्रीतिरसुएतनेहिमाहीं”। सीता का पता मिलते ही, समुद्र पर्यंत सेतु बांधकर, विकराल युद्ध करते हैं और अपहरण कर्ता का समूल नाश करके सिया को मुक्त कराते हैं। 

एक अन्य महत्वपूर्ण प्रसंग है, मेघनाद के मारे जाने के बाद उसका विच्छिन्न मस्तक श्री राम के शिविर में है। मेघनाद की पत्नी सुलोचना अपने पति का शीर्ष पाना चाहती है और उसके लिए रावण से निवेदन करती है। रावण कहता है, तुम स्वयं राम के शिविर में जाकर मेघनाद का शीर्ष ले आओ। सुलोचना को आश्चर्य होता है, राम तो शत्रु हैं हम युद्ध में हैं। रावण कहता है, राम के शिविर में तुम निर्भीक हो कर जा सकती हो। स्पष्ट है, राम के शिविर में शत्रु परिवार की स्त्री का भी सम्मान सुरक्षित है। 

अहिल्या, कैकेयी, शबरी, रूमा ( सुग्रीव की पत्नी) और जनक नंदिनी – श्रीराम ने  अपने युग की हर स्त्री के सम्मान की स्थापना और रक्षा के लिए युद्ध किया, है, सम्मान किया है, आदर्श रखा है। शत्रु स्त्री भी उनके क्षेत्र में अभय है। तो हमारे राम अहिल्या के राम हैं, हमारे राम कैकेयी के राम हैं, हमारे राम सीता के राम हैं, हमारे राम शबरी के राम हैं, हमारे राम रुमा के रक्षक राम हैं, हमारे राम असुर संहारक राम है। उन्हीं राम के जन्मोत्सव की शुभकामनाएँ। यह मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के द्वारा भारत के सनातन समाज के लिए स्थापित मर्यादा के मानक ही हैं जो भारत में स्त्रियों को स्वतंत्र अस्तित्व का वातावरण प्रदान करते रहे। श्रीराम द्वारा स्थापित इन मानकों पर निर्मित समाज ही वह भूमि दे सका जहाँ विश्व की प्रथम मुस्लिम महिला शासक रजिया सुल्ताना सत्ता में पहुँच सकी। श्रीराम के आदर्शों का ही वह समाज है जहाँ ऋषि वशिष्ठ रामायण में श्री राम के वनवास के काल में सीता को राज सिंहासन पर स्थापित करने का निर्देश देते हैं। ऋषि वशिष्ठ कहते हैं

न गन्तव्यं वनं देव्या सीतया शीलवर्जिते।
अनुष्ठास्यति रामस्य सीता प्रकृतमासनम्।।

(हे कैकेयी, तुम सुव्यवहार से वंचित हो, देवी सीता को वन में जाने की आवश्यकता नहीं है
वह यहाँ रह कर श्रीराम के राज सिंहासन पर विराजमान होंगी।)

अयोध्या कांड, सर्ग ३७, श्लोक २३

x

Leave a Reply

Trending