गठबंधन सरकार – स्थायित्व का प्रश्न – इंडी गठबंधन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन

जहाँ कांग्रेस का इंडी गठबंधन अनौपचारिक और राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में बिखरा हुआ है, जिस में क्षेत्रीय पार्टियाँ विभाजक एजेंडा के साथ जुड़ी हैं, भाजपा का एनडीए इतिहास के मतभेदों के बावजूद एक ऐसा गठबंधन है जिस में नैसर्गिक रूप से सैद्धांतिक समन्वय और अनुकूलता है।

१९९८ में श्री अटल बिहारी वाजपेयी के द्वारा स्थापित एनडीए १३ दलों से प्रारंभ हो कर इस चुनाव में मतदाताओं के लिए स्पष्ट विकल्प के रूप में आया है। इस चुनाव में एनडीए के पास २९३ सीटों का स्पष्ट बहुमत है। इसमें से २४० सीटें भारतीय जनता पार्टी की हैं। कांग्रेस के नेतृत्व की इंडी गठबंधन के पास सभी घटक दलों लो मिला कर २३२ सीटें हैं, और कांग्रेस की स्वतंत्र ९९ सीटें हैं।

आज भले ही चुनावी विश्लेषक वाजपेयी जी को गठबंधन पुरुष बता कर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार की स्थिरता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर रहे हैं, इतिहास बताता है कि वाजपेयी जी की सर्वप्रियता की भावना और दृढ़ता की कमी ने गठबंधन के घटकों को अराजक कर दिया था। १९९९ में एक वर्ष के अंदर ही घटक दलों के संघर्ष के कारण वाजपेयी सरकार गिर गई।आज एक तर्क इस एनडीए की क्षणभंगुरता के पीछे यह भी दिया जाता है कि इस गठबंधन के चुनाव पश्चात उभरे तो प्रमुख घटक दल चंद्रबाबू नायडू की तेलुगूदेशम पार्टी और नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) का स्वाभाविक वैचारिक विमर्श भारतीय जनता पार्टी के अनुकूल नहीं है। तथ्य यह है कि इन दलों का एनडीए से जुड़ना बहुत ही ‘आर्गेनिक’ है। इतिहास हमें नेताओं के वर्तमान तर्कों का वास्तविक परिपेक्ष्य देता है। उसे जानना आवश्यक है।

आज जब घटक दलों के वैचारिक स्तर पर एका की बात कांग्रेस और उसके समर्थक उठाते हैं तो दोनों पक्षों के घटक दलों का इतिहास जानना भी आवश्यक है। अधिकांश मतदाता युवा हैं और भारत के राजनीतिक इतिहास से अनभिज्ञ हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन की नवगठित सरकार के प्रमुख घटक नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) (१२ सीटें), तेलुगूदेशम पार्टी (१६ सीटें) और बिहार से ही लोक जनशक्ति पार्टी -आरवीपी (५ सीटों के साथ हैं। जहाँ इसी १५ मई को एनडीए ने अपनी स्थापना के २५ वर्ष पूर्ण किए हैं, वहीं कांग्रेस का सत्ता के लोभ में बनाया गया गठबंधन, कांग्रेस के नेतृत्व में विरोधाभासों से भरे इंडी गठबंधन का गठन २०२३ में हुआ। इसकी स्थापना के पीछे जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार थे, जो इंडी गठबंधन के प्रथम संयोजक भी थे। बंगाल की तृणमूल कांग्रेस, दिल्ली की आम आदमी पार्टी, महाराष्ट्र से उद्धव ठाकरे गुट की शिव सेना और शरद पवार की एनसीपी तथा दक्षिण से द्रमुक और मुस्लिम लीग और वाम दल इंडी गठबंधन के प्रमुख सदस्य हैं।

इंडी गठबंधन के अन्य प्रमुख घटक दलों में से एक द्रमुक है। १९९८ में कांग्रेस ने केंट्र में द्रमुक के समर्थन से चल रही गुजराल सरकार से समर्थन राजीव गांधी हत्याकांड में द्रमुक नाम आने पर केंद्र से द्रमुक को हटाने की ज़िद पर वापस लिया था। कांग्रेस के प्रथम परिवार का मुख्य चुनावी गढ़ आज भी हिंदू -हिन्दी संस्कृति का केंट्र उत्तरप्रदेश है।द्रमुक एक तमिल क्षेत्रीय दल है, जैसे टीएमसी एक क्षेत्रीय बंगाली दल या अकाली दल एक पंजाबी दल अथवा टीडीपी एक आंध्र प्रदेश का दल है। टीडीपी से इन दलों की भिन्नता यह है कि टीडीपी के इतर यह दल ऐतिहासिक रूप से कांग्रेस समर्थक नहीं रहे हैं और इनका अस्तित्व देश की एकीकृत भाषा, धर्म और संस्कृति पर आधारित है। इस चुनाव में द्रमुक को २२ सीटें मिली हैं। ऐसे दलों से निकटता का परिणाम कांग्रेस को तेलंगाना, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखण्ड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली जैसे प्रदेशों में देखने को मिला है जहाँ कांग्रेस हिंदू एवं हिन्दी विरोधी धाराओं के विरोध की द्रमुक की प्रवृत्ति की क्षति कांग्रेस को भोगनी पड़ी जहाँ उत्तरप्रदेश में वह मात्र छह सीटों पर है और मध्यप्रदेश, हिमाचल और उत्तराखंड में पूरी तरह से अस्तित्वहीन हो चुकी है। देश के सबसे बड़े मत क्षेत्रों से सिरे से साफ़ हो जाने पर कांग्रेस के धरती से कटे नेता ही स्वयं को प्रशस्ति पत्र बाँट सकते हैं।किसी भी राष्ट्रीय अभिलाषाओं के दल के लिए क्षेत्रीयतावाद का समर्थन करना आत्महत्या से कम नहीं है। यह क्षेत्रीय दलों को मदद करता है, परंतु उनके विभाजक आख्यान के साथ साझा स्वर बन जाना मायोपिक अथवा निकट दृष्टिदोष है। ऐसी ग़लतियों के कारण ही कांग्रेस धीरे धीरे उत्तर भारत से साफ़ हो गई जहाँ क्षेत्रीय दल उसे लील गये हैं।

कांग्रेस के इस इंडी गठबंधन के अन्य प्रमुख सहयोगी शरद पवार, बाला साहेब ठाकरे के पुत्र उद्धव ठाकरे और आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल हैं। शरद पवार ने एनसीपी की स्थापना सोनिया गांधी के विरोध में कांग्रेस छोड़ कर की थी। उद्धव ठाकरे के पिता ने कांग्रेस के विरोध के लिए शिव सेना की स्थापना की थी और सदैव भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ते रहे। पिछले महाराष्ट्र चुनाव में भी शिव सेना भाजपा के साथ चुनाव में गई थी और चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद के लोभ में भाजपा से अलग हो गई। यह दोनों मुख्यतः महाराष्ट्र केंद्रित क्षेत्रीय दल हैं और इनके गठबंधन का दूरगामी परिणाम कांग्रेस अपनी उप्र और बिहार की राजनीति में देख सकती है। ४० सीटों के बिहार में कांग्रेस के पास ३ सीटें हैं।केंद्रीय दल का गुण ही उसका राष्ट्रीय होना है। उसका प्रलोभन मतदाताओं को एक वृहद् राष्ट्र से जोड़ना होता है। यही उसका डिफ़रेंशियेशन होता है। कांग्रेस ने दक्षिण में क्षेत्रीयतावाद खेला है, और यह क्षेत्रीय दलों की मदद करेगा परंतु कांग्रेस को खा जाएगा। कांग्रेस इस तथ्य को नहीं नकार सकेगी कि केरल के वायनाड को उसने वह सांसद दिया है को मलयालम नहीं बोल सकता है। दिल्ली में इंडी के साथ अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी है। यह पार्टी कांग्रेस-विरोधी आंदोलन से निकली हुई है। इसका कांग्रेस के नेतृत्व के गठबंधन में आना इसकी मूल प्रकृति और प्रवृत्ति के विपरीत है। जहाँ यह संसदीय चुनावों के संदर्भ में कमज़ोर है, जैसे दिल्ली, वहाँ इसने कांग्रेस के गठबंधन को स्वीकार किया है। पंजाब में इसने इंडी गठबंधन से स्वयं को बाहर रखा है। तकनीकी रूप से इसकी दिल्ली की सीटों (०) को इंडी की संख्या के साथ गिना जा सकता है, पंजाब की सीटों (३) को नहीं।

इंडी गठबंधन के घटक दलों के इतिहास और गठबंधन के वर्तमान अंतर्विरोध को देखें तो समझेंगे कि इस गठबंधन को एनडीए से अधिक स्थिर और सशक्त बताने वाले पत्रकारों के विश्लेषण में कहाँ त्रुटि अथवा दोष है। अब एनडीए और टीडीपी तथा जदयू को लें तो पायेंगे कि एक तो इनका गठबंधन चुनाव पूर्व का है अतः इसमें मतदाताओं को छलने की नीयत नहीं है। नीतीश कुमार समता पार्टी के साथ एनडीए के संस्थापक सदस्यों में रहे थे। १९९८ से २००४ तक नीतीश कुमार केंद्र में भाजपा नेतृत्व में एनडीए सरकार में रहे थे। २००० में भाजपा के समर्थन से वह पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने।उनकी सरकार बहुमत के अभाव में एक सप्ताह में ही गिर गई, और फिर नीतीश केंद्र में भाजपा के नेतृत्व की सरकार में चले गये। आज नीतीश की छवि एक जाति आधारित राजनीति करने वाले अवसरवादी नेता की हो गई है परंतु रेल मंत्री के रूप में उन्होंने रेल आधुनिकरण के बड़े कार्य किए। क्रेडिट कार्ड के माध्यम से टिकट बुकिंग और तत्काल टिकट बुकिंग नीतीश कुमार के मंत्रिकाल के उपहार हैं। नीतीश के भाजपा के गठबंधन को धर्मनिरपेक्षता के आधार पर भी कांग्रेस और उसके समर्थक बुद्धिजीवी अप्राकृतिक बताते हैं। कई बार त्रुटिवश और शरारत में यह भी स्थापित करने का प्रयास किया जाता है कि नीतीश ने (ममता के ही जैसे) २००२ के गुजरात दंगों के बाद त्यागपत्र दे कर भाजपा से संबंध विच्छेद किया था। तथ्य यह है कि नीतीश २००४ तक वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे थे। २००५ में जब वह वापस बिहार मुख्यमंत्री हो कर लौटे तो भाजपा के गठबंधन में ही उन्होंने बिहार में सरकार बनायी। २०१० में वे दोबारा बिहार के मुख्यमंत्री पुनः भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव जीत कर बने। २०१३ में पहली बार बिहार में वे भाजपा से अलग हुए और राजद के साथ जुड़े। २०१५ में नीतीश राजद के साथ गठबंधन कर के सत्ता में लौटे, परंतु दो वर्ष के अंदर फिर एनडीए के साथ जुड़ के सत्ता में बने रहे। २०२० में वे फिर भाजपा के साथ गठबंधन में सत्ता में लौटे। २०२० में वो एक बार फिर एनडीए से अलग हो कर राजद के साथ सरकार में लौटे और इसी समय उन्होंने नरेंद्र मोदी के विपक्षी विकल्प के रूप में इंडी गठबंधन की स्थापना की। गठबंधन आकार में आने के बाद नीतीश को कांग्रेस और तृणमूल जैसे दलों की खींचतान में किनारे कर दिया गया। नीतीश ने राजद से गठबंधन तोड़ कर राजग के साथ चुनाव लड़ा और चुनाव में भाजपा और जदयू ने १२-१२ सीटें पा कर अपनी पकड़ राज्य पर मज़बूत की। नीतीश कुमार का भाजपा के साथ सफ़र भले ही उतार चढ़ाव का रहा हो, एक पढ़े लिखे मैकेनिकल अभियंता नीतीश कुमार का मानसिक समन्वय राजद की जातिवादी उज्जड़ता से होना असंभव ही है। सात बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश के लिये केंद्र में मोदी सरकार में हिस्सेदारी बिहार में वही परिवर्तन ला सकता है जो सुशासन बाबू के रूप में वे अपने दूसरे सफल मुख्यमंत्रित्व में लालू के दो दशक के जंगल राज के बाद भाजपा के साथ लाए थे। नीतीश स्वयं केंद्र में नहीं होंगे और उनकी प्राथमिकता बिहार ही रहेगी।

चंद्रबाबु नायडू की तेलुगू देशम पार्टी इस चुनाव में १६ सीटें पा कर आंध्रप्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बन के आयी है। चुनाव में टीडीपी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी (२) भाजपा के साथ चुनावपूर्ण गठबंधन में लड़ी थी। भारतीय जनता पार्टी को आंध्र में ३ सीटें मिली हैं। इंडी अलायन्स से कांग्रेस २३ सीटों पर वामपंथी दलों के साथ मिल कर लड़ी थी। कांग्रेस को आन्ध्रप्रदेश में शून्य (०) सीटें मिली हैं।आंध्र में कांग्रेस का वोट प्रतिशत नोट के १.५% से लगभग दोगुना २.६ प्रतिशत रहा। टीडीपी भी एनडीए के संस्थापक दलों में रही थी और १९९९ में उसकी २९ सीटें थी। टीडीपी भी तब तक एनडीए में रही जब इंडिया शाइनिंग के विध्वंस में सरकार नहीं गिरी। २००४ में नायडू ने एनडीए छोड़ दिया। २०१४ में जिस मोदी की गुजरात दंगों में कथित संलिप्तता को आधार बना के दंगों से दो वर्षों बाद टीडीपी ने एनडीए छोड़ा था, उसी मोदी के विजय रथ के साथ चंद्रबाबू नायडू २०१४ में जुड़े और भाजपा के साथ केंद्र में और राज्य में सत्ता में आये।

जहाँ कांग्रेस का इंडी गठबंधन अनौपचारिक और राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में बिखरा हुआ है, जिस में क्षेत्रीय पार्टियाँ विभाजक एजेंडा के साथ जुड़ी हैं, भाजपा का एनडीए इतिहास के मतभेदों के बावजूद एक ऐसा गठबंधन है जिस में नैसर्गिक रूप से सैद्धांतिक समन्वय और अनुकूलता है। नीतीश और चंद्रबाबू, दोनों का एनडीए में कार्य करने का पूर्व अनुभव है, दोनों भाजपा को सत्ता में लाने में और भाजपा दोनों को राज्य में सत्ता में लाने में पिछली एक चौथाई शताब्दी में कई बार सहयोग कर चुके हैं। दोनों का मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा के समर्थन में राज्य के विकास और प्रशासनिक प्रगति का अनुभव है। इंडी गठबंधन के प्रमुख सदस्य कांग्रेस के आमूलचूल विनाश की प्रतिज्ञाओं के साथ ही अस्तित्व में आये हैं। इनका गठबंधन ना सिर्फ़ अंतर्विरोध से भरा है, वर्तमान में भी इंडी गठबंधन राष्ट्रव्यापी औपचारिक संगठन नहीं है, इनकी सीटें जोड़ कर देखने अपने आप में त्रुटिपूर्ण और शरारती है।

Leave a Reply

Trending