राजनैतिक पार्टियाँ ध्यान रखती हैं, कहीं मध्यम वर्ग ने कुछ ज्यादा तो नहीं बचा लिया? कोई गरीबी से उबर कर मध्यम वर्ग में तो नहीं आ गया, कोई मध्यम वर्ग वाला संपन्न तो नहीं हो रहा। जैसे ही पार्टियों को लगता है कि ये वर्ग ज्यादा बढ़ रहा है, तत्काल उसकी जेब काट लेते हैं। उसे बताया जाता है कि दिल बड़ा रखो, तुमसे भी गरीब लोग हैं देश में, जो बेचारे दिन रात फेसबुक, इंस्टाग्राम पर रील देख रहे हैं। ट्विटर पर उनकी पार्टी की सरकार बनवा कर शपथ तक दिलवा चुके हैं। उन गरीबों को साल का लाख रूपये खटाखट, खटाखट, खटाखट देने के लिए हमें तुमसे थोड़ा और ज्यादा लेना होगा
-अजय

फैशन के दौर में गारंटी की आशा न करें। सामान दुकान से बाहर निकलते ही टूट जाए या हफ्ते भर बाद, इस बात की कोई गारंटी नहीं है। लेकिन राजनीति में आजकल राजनेता गारंटी दे रहे हैं। पार्टियों के घोषणापत्र अब शपथ पत्र, गारंटी कार्ड, वचन पत्र, न्याय पत्र हो गए हैं।
कुछ का तो मामला ऐसा है कि लिख दो जो चाहे, कौन सा जीतना है। कुछ भी घोषणा कर दी जाए। ऐसे ही एक आदि–पार्टी ने दो घोषणाएं की, एक तो सबको संपत्ति बांट देंगे और दूसरा काम करने की आवश्यकता नहीं है सबको खटाखट पैसे मिलेंगे। टकाटक गरीबी दूर हो जाएगी। गरीबी दूर करने का सपना दादी ने देखा था अब पोता वह सपना खटाखट पूरा करेगा। अब इस खटाखट और टकाटक घोषणा के लिए धन कहाँ से आएगा और कितने लोगों को मिलेगा यह पार्टी ने अभी विचार नहीं किया है।
पूछने पर कहा यह तो सरकार बनने के बाद देखेंगे कि कितना पैसा बांटा जा सकता है, कितना कमीशन में खाया जा सकता है और कितना पूरा का पूरा डकारा जा सकता है। सभी पार्टियाँ अपने घोषणा पत्र में अलग अगर वोट बैंक को साधने का प्रयास करती हैं। कोई अल्पसंख्यकों के हितों की बात करती है, कोई गरीबों की, किसी को किसानों की चिंता है, कोई आदिवासियों का हितैषी है। घोषणापत्रों के शब्दकोश में सभी शब्द और मुहावरे मिल जाते हैं बस एक शब्द नहीं मिलता वह है मध्यमवर्ग।
इसका कारण यह है कि मध्यम वर्ग को न तो मांगना आता है, न छीनना। मोल-भाव सब्जीवाले के साथ तो कर सकता है, सत्ता वाले के साथ नहीं। मध्यम वर्ग मोह माया से परे है। मध्यम वर्ग अब आशा नहीं करता कि धन्यवाद के अलावा उसे कुछ विशेष मिलेगा। मध्यम-वर्ग योजनाओं का हिस्सा जरूर है, लेकिन लाभार्थी नहीं, कर दाता की तरह। प्रधानमंत्री से वित्तमंत्री तक मध्यम वर्ग का धन्यवाद कर चुके हैं, गौरव करते हैं। लेकिन इस गौरव का मध्यम वर्ग करे भी तो क्या?
मध्यम वर्ग, विशेषकर कर दाता मध्यम वर्ग इस संसार का सबसे विचित्र, निस्वार्थ प्राणी है। आशा करता है, न मिलने पर आगे बढ़ जाता है। अपनी प्राथमिकताएं और खुशियाँ ढूंढ लेता है। वह शांति और सुकून में रहकर ही खुश हो लेता है। कुल मिला कर “एडजस्ट” कर लेता है। हर जगह “एडजस्ट” कर लेना ही मध्यमवर्ग का लक्षण है। वह चादर छोटी हो तो पैर मोड़ कर सो जाने की कला जानता है। कुछ नया खर्च बढ़ जाए तो किसी दूसरी जगह खर्च कम कर लेता है।
दस रुपए बचाने के लिए एक–दो किलोमीटर पैदल चल लेता है। परिवार को McDonands ले जाता है तो चार की जगह तीन बर्गर मंगाता है। कंजूस को पैसे बचाने होते हैं। संतुष्टि उसका नैसर्गिक स्वभाव है, जो चार पैसे बचाने से उसे मिल जाती है। बचाकर कुछ अपने बुढ़ापे के लिए रखना चाहता है, कुछ अपने बच्चों के लिए। वह चाहता है कि जो संघर्ष वह करके आर्थिक स्तर तक पहुँचा है, अब उसकी अगली पीढ़ी को वे संघर्ष न करने पड़ें। अगली पीढ़ी उन आभावों में न रहे जिनमें वह रहा, बल्कि अपना जीवन स्तर सुधारते हुए जहाँ तक वह लेकर आया उसके आगे और जोड़े। उसकी अगली पीढ़ी को उससे बड़ी चादर मिले। इसीलिए वह कुछ खर्च करता है, कुछ बचाता है।
भले वेतन भी टैक्स काटने के बाद मिलता हो लेकिन उसे अहसास यही कराया जाता है कि जैसे इस देश की सभी समस्याओं की जड़ वही है। राजनैतिक पार्टियाँ ध्यान रखती हैं, कहीं मध्यम वर्ग ने कुछ ज्यादा तो नहीं बचा लिया? कोई गरीबी से उबर कर मध्यम वर्ग में तो नहीं आ गया, कोई मध्यम वर्ग वाला संपन्न तो नहीं हो रहा। जैसे ही पार्टियों को लगता है कि ये वर्ग ज्यादा बढ़ रहा है, तत्काल उसकी जेब काट लेते हैं। उसे बताया जाता है कि दिल बड़ा रखो, तुमसे भी गरीब लोग हैं देश में, जो बेचारे दिन रात फेसबुक, इंस्टाग्राम पर रील देख रहे हैं। ट्विटर पर उनकी पार्टी की सरकार बनवा कर शपथ तक दिलवा चुके हैं। उन गरीबों को साल का लाख रूपये खटाखट, खटाखट, खटाखट देने के लिए हमें तुमसे थोड़ा और ज्यादा लेना होगा। हमें तो केवल वोट मिलेंगे, पुण्य तो तुम्हें ही मिलेगा।
टैक्स, महंगाई बढ़ना तो इस संसार का शाश्वत सत्य है, लेकिन किसी की बचत और संपत्ति को हड़पने का षड्यंत्र अलग ही स्तर का है। अब मध्यम वर्ग से अपेक्षा ये की जा रही है, तुम जिंदगी भर कमाओ, उसपर कर दो और फिर जब मरोगे तो वो सब तुम्हारे बच्चों से छीनकर किसी और को दे देंगे क्योंकि उसके बाप ने एक दर्जन बच्चों की खेती की। इतने बच्चे तो खेती से ही उत्पन्न हो सकते हैं या फिर किसी सरकारी वाईफाई से डाउनलोड। अगर ऐसा नहीं है तो इतने बच्चे जिसकी देन बताये जाते हैं, उन्हीं से उनका खर्चा भी माँगना चाहिए। मध्यम वर्ग उनका खर्चा क्यों उठाए?
संसाधनों को बांटने की बात करने वाली पार्टी वह है जिसके नेता खुद विरासत पर जिंदा हैं। जिनकी दादी ने उनके लिए विरासत न छोड़ी होती तो शायद कहीं क्लर्क की नौकरी कर रहे होते। उन्हें शायद पता ही नहीं है कि कमाने के लिए पसीना बहाना पड़ता है, खून जलाना पड़ता है, बॉस की गालियां खाकर, अपमान के घूंट पीकर, जब महीने भर काम करते हैं तब जाकर वेतन मिलता है। उसपर यह गारंटी नहीं है कि उसकी नौकरी कब तक है और जीवन कब तक है।
एक तो ये नेताजी एक्सपर्ट हर चीज के हैं। पिछले चुनाव में खून की जांच कर रहे थे। नसों को काट कर खून में से पंजाब निकाल रहे थे अब एक्सरे और एमआरआई कर के दूध और पानी अलग कर रहे है। शराब तो पहले ही अलग होकर बोतल बंद हो गई है। अगले चुनाव में पैथोलॉजी खोल कर बैठ सकते हैं। बाकी जांचें भी शुरू कर सकते हैं। वैसे भी आपके अनुसार ये शरीर, शरीर थोड़ी है, अंगों का समूह है।
चुनाव के बाद जिनके अस्तित्व बचने की गारंटी नहीं है वो जनता को गारंटी दे रहे हैं, न्याय दे रहे हैं। न्याय अब मोहब्बत के दुकान में छोटे–छोटे पाउच में मिलेगा। न्यायालय अब चाहें तो अपनी रेहड़ी-पटरी कहीं और लगा लें।






Leave a Reply