पश्चिम बंगाल में सत्तापोषित संदेशखाली का दुःस्वप्न अपनी अंतिम परिणति पर पहुँच ही रहा था कि ममता बनर्जी की तृणमूल सरकार ने फिर जघन्य अपराधों में आरोपित शाहजहाँ शेख़ की सेवा में अपनी शक्तियों को निर्लज्जता से लगा दिया है। वामपंथ के क्रूर दो दशकों के शासन का अंत ममता बनर्जी के शासन के साथ हुआ तो अपने एक एक श्वास को जूझते हुए बंगाल ने एक नये स्वप्न के हाथों स्वयं को सौंप दिया। परंतु जिस किताबी भाषण के साथ उद्योग विरोध से एक समय आपातकल में संजय गांधी की यूथ ब्रिगेड की नेत्री रही ममता बनर्जी को बंगाल ने सत्ता पर बैठाया, ममता की वह नीतियाँ वामपन्थ समर्थक बुद्धिजीवियों को बहुत भायी और ममता अपने अतीत, वामपन्थ के धरती में धँसे तंत्र और मीडिया के आख्यानों में स्वयं भी फँस गई और बंगाल को उसी माओवादी तिमिर में पुनः घसीट ले गई जिससे निकालने का स्वप्न दिखा कर वे सत्ता में आयी थी। ममता ने धरती से कटे हुए अभिजात्य बुद्धिजीवियों और सोशल मीडिया के सितारों को राजनीति में समानांतर प्रवेश दे कर स्वयं को मीडिया और सोशल मीडिया में गढ़े हुए आख्यानों के माध्यम से ठीक उस समय स्वयं को ऐसे लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के योद्धा के रूप में स्थापित किया जिसके अंधेरे आँगन में हत्या, अनाचार और अव्यवस्था का नग्न नृत्य चल रहा था। बिके हुए बुद्धिजीवी किस प्रकार कृत्रिम आख्यानों के आधार पर सत्य को छुपा सकते हैं, बंगाल इसका उदाहरण बना। वामपंथी कैडर ममता के दल के साथ जुड़ा और एक अभूतपूर्व क्रूरता के साथ अवैध घुसपैठियों का गढ़ बनाने लगा भारतीय बंगालियों के ऊपर अत्याचार के साथ।
संचार तंत्रों के नियंत्रण और सहयोग के प्रति पूर्णतया आश्वस्त ममता बनर्जी ने भ्रष्टाचार और अत्याचार का ऐसा अध्याय खोला जिसके समक्ष वामपंथी हिंसा भी अब बौनी लगने लगी है। संदेशख़ाली में ममता के मंत्री ने जनवितरण व्यवस्था में भयानक घोटाला किया और इसकी जाँच की प्रक्रिया में केंद्रीय एजेंसियाँ संदेशखाली पहुँची। अराजकता के नये कीर्तिमान बनाती हुई पश्चिम बंगाल सरकार में पहले भी केंद्रीय एजेंसियों पर आक्रमण होते रहे हैं, इस बार जब प्रवर्तन निदेशालय की जाँच एक अपेक्षाकृत छोटे नेता शाहजहाँ शेख़ तक पहुँची तो उन पर आक्रमण हुआ और तृणमूल नेता फ़रार हो गया। बस यहाँ से सहसा गाँव की दलित महिलाओं ने साहस जुटाया और उन पर तृणमूल के अत्याचार के ऐसे तथ्य सामने आने लगे कि इस युग और काल में किसी लोकतंत्र में उन पर विश्वास कर पाना सहसा ही संभव नहीं था। मीडिया का हठी मौन भी प्रतिदिन उद्घाटित होते भयावह सत्य के सामने असहाय हो गया और पहली बार ममता के हाथों से नैरेटिव का नियंत्रण निकलता दिखा। परंतु सत्ता के मद का नशा ऐसा होता है कि जब वह उतरता है तब भी ऐसे हैंग ओवर छोड़ देता है कि तानाशाह शासक अपने पैरों के नीचे की दरकती धरती को भाँप नहीं पाते हैं। आज जब पश्चिम बंगाल उच्च न्यायालय ने ममता की पुलिस को अविश्वास के घेरे में रखते हुए अभियुक्त शेख़ शाहजहाँ को केंद्रीय जाँच ब्यूरो को सौंपने का आदेश दिया, प्रदेश सरकार सर्वोच्च न्यायालय पहुँच गई और उच्च न्यायालय की नग्न अवमानना करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस ने अभियुक्त को सौंपने से इंकार कर दिया। या तो ममता बदली हुई हवा को भाँप नहीं पा रही है, या कुछ ऐसे कारण है जो तृणमूल की वरिष्ठता सूची में निम्नस्तरीय नेता के लिये ममता अपनी सरकार की सब शक्तियों को अभियुक्त की रक्षा में लगाने के लिए निर्लज्जता की पराकाष्ठता पार करने को तैयार है।
यह लेख संदेशख़ाली पर नहीं है, परंतु यह पश्चिम बंगाल का परिदृश्य बताता है जिस से हताश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति श्री अभिजीत गंगोपाध्याय ने पद से त्यागपत्र दे कर राजनीति में उतरने का निर्णय किया है। ४ मार्च २०२४ को अभिजीत गंगोपाध्याय ने कोलकाता हाई कोर्ट के कमरा संख्या १७ में दोपहर बाद अपना अंतिम अभिवादन कर दिया। एक ज़िला जज के मामले में सतर्कता विभाग की जाँच के विषय में विपरीत रिपोर्ट आने की दशा में कठोर कार्यवाही का सुझाव दे कर जज अभिजीत ने अपने पद से विदा ली। एक स्त्री ने बांग्ला में कहा – आमी आपनार पाओ छुए प्रोणाम कोरते चाई। ऐसे भावुक दृश्यों के मध्य जज अभिजीत ने अपने सदन से विदा ली। २०१८ में अतिरिक्त जज और २०२० में स्थाई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने जज अभिजीत ने अपने कार्यकाल में राजनैतिक भ्रष्टाचार के विषय में कहा और विशेष रूप से बंगाल शिक्षा विभाग के स्कैम के विषय में कहा जिस में ममता बनर्जी के वरिष्ठ भूतपूर्व मंत्री पार्थो चटर्जी लगभग सौ करोड़ रुपये की अघोषित नक़द राशि के साथ पकड़े गये और गिरफ़्तार हुए।
शिक्षक घोटाले में न्यायाधीश गंगोपाध्याय द्वारा निर्देशित केंद्रीय जाँच ब्यूरो की जाँच में ममता के दल के तीन विधायक पकड़े गये।उन्होंने ४००० नियुक्तियों को अवैध घोषित किया।इस में लगभग एक दर्जन तृणमूल विधायक गिरफ़्तार हुए। यह ममता के मीडिया पर लोभ और भय के माध्यम से इस्पाती नियंत्रण का ही परिणाम है कि इतना बड़ा मामला राष्ट्रीय पटल पर बहुत दिन नहीं बना रहा। एक विचित्र से निर्णय में प्राप्त प्रमाणों के बाद भी जस्टिस हरीश टंडन की डिवीज़न कोर्ट ने इस घोटाले की जाँच पर रोक लगा दी। नेता जब छवि के लोभ से, जनता की स्वीकार्यता के भय को पार कर जाता है तो अत्यन्त ही विध्वंसक शक्ति हो कर उभरता है। राजनीति की इसी संवेदनहीन पाषाणीकरण को हम दक्षिण में स्टालिन में, और उत्तर में लालू और ममता में पाते हैं। एक साध कर रखा हुआ प्रचार तंत्र संदेशखाली में हो रहे अवर्णनीय अत्याचार को देख कर दाँत भींच लेता है, कि एक शब्द ना निकल जाए तो वृहद् समाज को सत्य का भान करा दे कि किस प्रकार स्त्रियों को नेता निचोड़ रहे थे। यही साधा हुआ प्रचार तंत्र जो समाज के सर्वाधिक प्रकट वर्ग को -नुसरत जहाँ जैसे आत्मा से वंचित अभिनेताओं को, साकेत गोखले जैसे ट्विटर के कुख्यात सितारों को, सागरिका जैसी पत्रकारों को संसद की सीटों एवं अन्य सत्ता-सुलभ लाभों का प्रलोभन दे कर उनसे हासिल करता है संपूर्ण समर्पण, और निरंकुश हो जाता है।
हाल के कुछ दिनों में सुप्रीम कोर्ट ने कुछ अत्यंत सराहनीय निर्णय लिये हैं जिनमे नरसिम्हा राव की कांग्रेस सरकार के समय का रिश्वत कांड भी है। यह निर्णय नेताओं को राजनैतिक भ्रष्टाचार को जन प्रतिनिधित्व की आड़ में न्यायालय के अधिकार क्षेत्र से बाहर रखने को पलट देता है। विपक्ष इस विषय पर क्षणिक रूप से उत्साहित भी होता है, परंतु उसे तुरंत ही समझ आ जाता है कि ना केवल यह सात जजों की बेंच का निर्णय कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार पर न्यायिक मुहर लगाता है, तृणमूल की निलंबित सांसद के संसद में प्रश्नों के लिए पैसे लेने के मामले में महुआ मोइत्रा के भी विरुद्ध जाता है। परंतु बंगाल के कुछ मामलों में सर्वोच्च न्यायालय अचंभित करता है। जो सुप्रीम कोर्ट अजीत भारती और आनंद रंगनानाथन के मामले में फुर्ती से अवमानना का आरोप लगा देता है, वह बंगाल के टीचर भर्ती घोटाले में आरोपित टीएमसी के वरिष्ठ नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की हाई कोर्ट जज के ऊपर टीका टिप्पणी पर मौन हो जाता है। वह जस्टिस गंगोपाध्याय के एक टीवी साक्षात्कार में इस विषय पर प्रतिक्रिया भर देने पर स्वतः संज्ञान ले कर इस विषय के सारे मामले उच्च न्यायालय के कार्यक्षेत्र में दखल करते हुए दूसरे जज को सौंप देता है। सुप्रीम कोर्ट इस विषय पर यह विचार देता है कि न्यायाधीश को लंबित मामलों पर न्यायालय से बाहर नहीं बोलना चाहिए। सर्वोच्च न्यायाधीश वैसे स्वयं लॉ कॉलेज से ले कर तमाम पटलों पर विभिन्न विषयों पर मुखरता से बोलते रहते हैं। अभिजीत गंगोपाध्याय के जस्टिस सोमेन सेन पर सत्ता की पार्टी से निकटता के आरोपों पर मौन धरते हुए सर्वोच्च न्यायालय अभिजीत गंगोपाध्याय से बंगाल में भ्रष्टाचार में सत्ता की संलिप्तता के सारे मामले खींच लेता है।
संदेशखाली से शेख़ शाहजहाँ के फ़रार होने के बाद आने वाली विचलित कर देने वाली तस्वीरें जब देश की साझा संवेदनाओं को झकझोर रही थीं, तो सुप्रीम कोर्ट उसे पहले तो प्राथमिकता पर सुनने से मना कर देता है। यह वही सर्वोच्च न्यायालय है जो देर रात सुनवाई कर के गुजरात दंगों में जमा की सहायता राशि के ग़बन और गवाहों को सिखाने पढ़ाने के मामले में आरोपित तीसता सीतलवाड को ज़मानत देती है। यह वही सर्वोच्च न्यायालय है जो लखनऊ में एक कश्मीरी ठेले वाले को कथित रूप से थप्पड़ मारे जाने पर द्रवित हो कर स्वतः संज्ञान ले कर राज्य सरकार को नोटिस दे देती है। न्यायालय की इस प्रकार की चयनात्मक गतिविधि स्वाभाविक ही है, बंगाल की भ्रष्ट सत्ता को साहस देती है। जिस सरकार ने शाहजहाँ शेख़ को केंद्रीय एजेंसियों से बचाने के लिए एक दूल्हे की भाँति राज्य पुलिस के द्वारा गिरफ़्तार कराया था, बंगाल उच्च न्यायालय द्वारा संदेशखाली में केंद्रीय एजेंसी द्वारा जाँच के आदेश का उल्लंघन कर के पुनः सुप्रीम कोर्ट पहुँच जाती है। बंगाल की सरकार द्वारा आपराधिक छवि वाले बांग्लादेश से आ कर संदेशख़ाली में भय और आतंक का साम्राज्य बनाने वाले शाहजहाँ शेख़ के मामले में बंगाल सरकार की इस विचित्र सी रुचि और हस्तक्षेप अचंभित करने वाली है। अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट बैंक पर क़ब्ज़ा किए हुए शेख़ शाहजहाँ की ममता प्रशासन पर कुछ ऐसी पकड़ है जो किसी भी निष्पक्ष विश्लेषक को आँख में गिरे बाल के जैसी लगनी चाहिए। ख़ालिस्तान आदि का नैरेटिव गढ़ने के विफल प्रयास के बाद भी बने हुए जन विरोध के सामने पार्टी से निष्कासन और राज्य पुलिस के द्वारा छद्म गिरफ़्तारी के बाद भी जिस प्रकार पश्चिम बंगाल सरकार हाई कोर्ट के सीबीआई द्वारा जाँच के आदेश के कुछ घंटों के भीतर आदेश के विरोध में जिस तत्परता से सुप्रीम कोर्ट पहुँच जाती है, किसी को भी विस्मित कर देगा। यहाँ यह भी ध्यान देने की बात है पीड़ितों के पक्ष में सीबीआई जाँच की माँग पर सर्वोच्च न्यायालय की जस्टिस बी वी नागरत्ना और जस्टिस अगस्टीन जॉर्ज मसीह की बेंच हस्तक्षेप से मना कर चुकी है। क्या आरोपी को बचाने के लिए कृतसंकल्प पश्चिम सरकार के निवेदन पर सुप्रीम कोर्ट उसी निर्णय पर बनी रहती है, यह राष्ट्र देखेगा। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग, मानव अधिकार आयोग, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग जैसी संस्थायें बंगाल में राष्ट्रपति शासन की अनुशंसा कर चुकी हैं।
ऐसे में बंगाल उच्च न्यायालय के एक जज के सहसा त्यागपत्र दे कर राजनीति में उतरने का निर्णय तृणमूल और उसकी सहयोगी पार्टियों के लिए चिंता का कारण तो बनेगी ही। यह भी सत्य है अब ममता का प्रचार तंत्र उस न्यायाधीश पर आक्रमण करेगा और इस प्रयास में पश्चिम बंगाल में हाशिये पर धकेली गई कांग्रेस भी अपना प्रचार तंत्र, अपने प्रवक्ता ममता के इस आक्रमण में उधार पर देंगे। ऐसा पहले नहीं हुआ – वाले मूर्खता पूर्ण आख्यान जनता की अल्पकालिक स्मृति पर ही आधारित होते है। यह इस विश्वास पर टिके होते हैं कि यदि समस्त प्रचार तंत्र को हम घेर लें तो किसी को क्या ही पता चलेगा।
इसके पहले जस्टिस के सुब्बाराव प्रसिद्ध गोकलदास मामले में संविधान के मूल अधिकारों को सरकार के नियंत्रण से इतर घोषित कर के १९६७ में कांग्रेस के सरकारी पक्ष को पराजय का मुँह दिखाया। इसके बाद के चुनावों में कांग्रेस की विजय के बाद जज सुब्बाराव ने त्यागपत्र दिया और विपक्ष की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी जाकिर हुसैन के विरुद्ध चुनाव लड़े। आगे सुब्बाराव आपातकाल के समय इंदिरा गांधी के मुखर आलोचक रहे। न्यायाधीश बहरुल इस्लाम का मामला और भी रुचिकर है। वे न्यायमूर्ति बनने से पूर्व राजनीति में थे। अप्रैल १९६२ में वे कांग्रेस टिकट पर राज्यसभा गये और दो सत्र सांसद रहे। १९७२ में राज्यसभा से त्यागपत्र दे कर वे तुरंत गुवाहाटी उच्च न्यायालय के जज हो गये, और १९८० में सर्वोच्च न्यायालय के जज भी बन गये। १३ जनवरी १९८३ को उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय से त्यागपत्र दिया और एक दिन बाद असम के बरपेटा से कांग्रेस के प्रत्याशी हो गये। चुनाव स्थगित होने के कारण वे लोकसभा तो नहीं पहुँच सके परन्तु मई में वे राज्यसभा से कांग्रेस के सांसद बन गए। अपने दूसरे राजनैतिक अवतार के पहले ही बहरुल इस्लाम ने कांग्रेस के बिहार के मुख्यमंत्री के पक्ष में भ्रष्टाचार के मामले में निर्णय दिया था। मेरी समझ में एक जज के राजनीति में उतरने से अधिक गंभीर और चिंताजनक एक राजनेता का न्यायाधीश बन जाना है।
बहरुल इस्लाम के पहले जज वी आर कृष्ण अय्यर वामपंथी दल का सदस्य होते हुए तीन बार केरल विधानसभा पहुँचे और १९६८ में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुए। परंपरा के विरुद्ध राजनैतिक समर्थन का लाभ लेते हुए मात्र पाँच वर्ष उच्च न्यायालय में निकालने के बाद वे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश भी हो गये। जस्टिस के एस हेगड़े भी कांग्रेस के सदस्य रहे। १९५२ और १९५४ में वे कांग्रेस के राज्य सभा सांसद रहे। अगस्त १९६७ में राज्यसभा से त्यागपत्र दे कर वे मैसूर उच्च न्यायालय के जज बने और जुलाई १९६७ में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। जस्टिस आफ़ताब आलम कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्य थे और पार्टी से निकल के गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने। सोहराबुद्दीन मामले में उन पर पूर्वाग्रह के आरोप लगे थे। न्यामूर्ति ए एम थिप्से, वी एम बहुगुणा, रजिंदर सच्चर ऐसे अन्य नाम हैं जो उच्च न्यायालय से सेवा निवृत्ति के पश्चात सक्रिय राजनीति में उतरे। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंगनाथ मिश्र और रंजन गोगोई सेवानिवृत्ति के पश्चात् राज्यसभा पहुँचे, और जज फ़ातिमा बीवी तथा पी सथाशिवम् राज्यपाल नियुक्त हुए। सेवानिवृत्ति या त्यागपत्र के उपरांत जज राजनीति में आ कर मेरी समझ में राजनीति को रचनात्मक रूप से प्रभावित कर सकते हैं, परंतु सक्रिय राजनीति से जज बनने और पुनः राजनीति में आने वाले मामले अधिक चिंता का कारण होना चाहिये।इस मामले में मैं सक्रिय राजनीति की बात कह रहा हूँ। अधिकांश अधिवक्ता एक नागरिक होने के नाते एक अथवा दूसरे राजनैतिक दल के समर्थक हो सकते हैं और यह समर्थन उनके न्यायाधीश होने के मार्ग में योग्यता का प्रश्न नहीं खड़ा करता है। जस्टिस विक्टोरिया गौरी की नियुक्ति का २१ वकीलों के द्वारा विरोध वामपंथी कैंसिल कल्चर अथवा बहिष्कार संस्कृति का सूचक है न कि न्यायपालिका की रक्षा का प्रयास। उस संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री डी वाई चंद्रचूड़ का निर्णय यही कहता है।वर्तमान में प्रयास उन परिस्थितियों को समझने का है जिन में पश्चिम बंगाल उच्च न्यायालय के एक जज ने राजनैतिक भ्रष्टाचार और अपराधों के मामलों के मध्य राजनैतिक और कुछ हद तक न्यायिक हस्तक्षेप के सामने त्यागपत्र दे कर सक्रिय राजनीति में उतरने का निर्णय लिया और यह भी समझने का प्रयास कि न्यायपालिका और राजनीति का यह अंतर्विलय पहला नहीं है, और संभवतः अंतिम भी नहीं होगा।






Leave a Reply