
एक बार कलियुग में एक आईटी कर्मचारी था। कर्मचारी मुर्गे की तरह सुबह सूरज निकलने से पहले उठता, कौए की तरह नहाता, चाय सुडककर घोड़े की तरह दौड़ लगा देता। फिर रेल, मेट्रो, बसों में पिंजरों में ठुंसी मुर्गियों की तरह अपने कार्यालय पहुंचता। दिनभर बैल की तरह काम करता और फिर मैनेजर द्वार कुत्ते की तरह दुत्कारा जाता। गधे की तरह थका हारा बोझ लेकर घर लौटता और भालू की तरह बेहोश होकर सो जाता।
– अजय चंदेल
एक बार कलियुग में एक आईटी कर्मचारी था। कर्मचारी मुर्गे की तरह सुबह सूरज निकलने से पहले उठता, कौए की तरह नहाता, चाय सुडककर घोड़े की तरह दौड़ लगा देता। फिर रेल, मेट्रो, बसों में पिंजरों में ठुंसी मुर्गियों की तरह अपने कार्यालय पहुंचता। दिनभर बैल की तरह काम करता और फिर मैनेजर द्वार कुत्ते की तरह दुत्कारा जाता। गधे की तरह थका हारा बोझ लेकर घर लौटता और भालू की तरह बेहोश होकर सो जाता।
वह अपने मैनेजर से बहुत परेशान था। उसका मैनेजर न उसे छुट्टी देता था, न ही अप्रेजल। मैनेजर को न खुद कुछ पता होता न वह उनकी सुनता जिन्हें कुछ पता होता। कौन क्या, कितना और क्यों कर रहा है इस सब मोह से दूर, मैनेजर अपने आप में मस्त रहता। उसे केवल वीकली स्टेटस रिपोर्ट से मतलब था। जिसे वह ‘जस की तस धर दीन्हि चदरिया’ वाला नियम मानते हुए यथावत आगे अपने नाम से फॉरवर्ड कर देता। जब मैनेजर से कुछ पूछो या कहो तो कहता ऊपर से पूछ कर बताऊंगा। कर्मचारी काफी उपेक्षित सा रहता था।
एक बार जब उसका इन्क्रीमेंट १५० रुपये हुआ, वह बहुत निराश हो गया। और जब उसे यह पता चला कि शंकर (ए-२० के बाहर चाय की दुकान वाले) के पास नोएडा सेक्टर ५१ में पेट्रोल पंप और दो-सौ गज का प्लॉट है, यूफ्लेक्स के गेट पर पराठे का ठेला है, जिसमे सुबह ११ बजे तक शंकर के परिजन (एक पत्नी और तीन बच्चे ) करीब हज़ार पराठे बेच कर दुकान बंद कर देते हैं, ताकि शाम को सीएससी , फ़ाइजर और एचसीएल के बाहर मैगी का तीन अलग-अलग स्टॉल चला सकें।
उसे सदमा पहुंचा। गहरा।
कोई और ऑफिस न आए तो काम बढ़िया चल जाता था, लेकिन शंकर के छुट्टी लेने से पूरे तीन हजार कर्मचारियों का काम रुक जाता था। शंकर, शंकर था और शंकर की चाय, शंकर की चाय।
पूरा ऑफिस बंद रहे तो कोई बात नहीं, शंकर का स्टाल बंद रहे तो अमरीका में भी त्राहि-त्राहि मच जाती थी। भारत में कंधारी से लेकर परमजीत तड़प उठते और उधर अमरीका में राल्फ और सुजैन की साँसें अटक जातीं। जेनेट की जान निकल जाती, ड्रियू का गला ड्राई हो जाता। क्योंकि कागज के कप में दस रूपये में पच्चीस मि.ली. मिलने वाली शंकर की चाय, चाय नहीं, नशा थी। कोकीन, कैफीन से ज्यादा नींद भगाने वाली। लंच में राजमा चावल और रायता खाने के बाद टाइप करते-करते नींद के झोंके लेने वालों की जीवन रेखा। ग्रेवयार्ड शिफ्ट वालों का सहारा।
एक दिन उस कर्मचारी ने शंकर के प्रभाव और समस्त कर्मचारी समाज में उसका सम्मान देखकर ऑफिस के बाहर ही चाय-ऑमलेट का खोखा लगाने का निश्चय करके नौकरी छोड़ दी। लेकिन खोखा लगाना इतना आसान नहीं था, एक तो शंकर के सामने कॉम्पीटीशन और ऊपर से पुलिस की चमक-धमक। राउंड पर निकले पुलिस वाले उसकी आमदनी से ज्यादा चाय पी जाते। महीने का खर्च अलग। क्या पता के भूतपूर्ण मैनेजर ने ही उन पुलिस वालों को भड़का रखा हो। वो खुद तो जलन के मारे कभी खोखे पर चाय पीने नहीं आया। शायद उसी की नज़र लगी होगी। धंधा नहीं जमा।
तब उस कर्मचारी ने तपस्या करने की ठानी और वह तपस्या करने चला गया। उसने उतने ही वर्ष घोर तपस्या की जितने वर्षों में कहते हैं कि घूरे के दिन फिर जाते हैं। तब एक दिन स्वयं ब्रह्मा प्रकट हुए। कहने लगे – मांग क्या मांगता है?
कर्मचारी बहुत प्रसन्न हुआ, बोला – मुझे कंपनी में ऐसी पोजीशन दे दो, जिसने ऊपर कोई मैनेजर न हो।
ब्रहा बोले – वो तो मैं नहीं दे सकता। ऐसी कोई पोजीशन नहीं होती।
कर्मचारी बोला – तो फिर कम से कम मुझे मैनेजर ही बना दो।
ब्रह्मा बोले – अभी कोई ओपनिंग नहीं है।
कर्मचारी बोला – तो फिर ब्रह्मा जी मुझे ऐसे प्रोजेक्ट में डाल दो जिसमें मैनेजर अच्छा हो।
ब्रह्मा बोले – अच्छा मैनेजर क्या होता है?
कर्मचारी बोला – ऐसा जो जो अप्रैज़ल अच्छा करे, छुट्टी तुरंत दे दे, ज्यादा सवाल-जवाब न करे, काम को सर पर खड़ा होकर न देखे, हर घंटे में स्टेटस न मांगे, जिसे टेक्निकल और फंक्शनल दोनों प्रकार का ज्ञान हो, अगर कोई टेक्निकल इशू आए तो साथ में ठीक करा सके या गाइड कर सके और जो फालतू की एचआर पॉलिसी से मेरी रक्षा करे। और डिसिशन लेने में मुझे इन्वॉल्व करे। जिसे मेरी फ़िक्र हो। मुझ पर और मेरे डिसिशन पर हमेशा विश्वास करे। एचआर से ज्यादा भाव मुझे दे।
ब्रह्मा बोले – बेटा मैनेजर मांग रहे हो या ससुर? बेटी से ज्यादा भाव दामाद को, ससुर ही दे सकता है।
कर्मचारी बोला – मैनेजर ही चाहिए।
ब्रह्मा बोले- एक में तो इतना सब मिलना मुश्किल है। कुछ एक मांग लो।
कर्मचारी बोला – देना हो तो सब दो वरना मत दो।
ब्रह्मा बोले – तुम्हे कोई ऐसा मैनेजर चाहिए या ये सब क्वालिटी?
कर्मचारी बोला – क्वालिटी सब होनी चाहिए।
ब्रह्मा तथास्तु बोले और निकल लिए। कर्मचारी बड़ा खुश हुआ।
कालांतर में उसकी कम्पनी बिक गई। खरीदने वाले ने प्रॉफिट बुक कर के दोबारा बेच दी। अगले ने लॉस बुक करके फिर से बेच दी। इस बेचा-बाची में बहुत से लोग निकाले गए, कुछ निकल गए। रह गया एक वही अकेला। शुरू में तो उसे रजिया वाली फीलिंग आई, जो गुंडों में फंस गई थी। सारे काम करने वाले जा चुके थे। लेकिन यही समय था बाबू, ब्रम्हा का वरदान फलीभूत होने का।
अब वही टीम लीड था, वही टीम था। अब उसे डिसिशन लेने में इन्वॉल्व नहीं किया जाता था, डिसिशन उसी को लेना होता था। अब उसका कम्पटीशन उसी से था। सब चीज़ों में नंबर वन, एकदम टॉप। क्योंकि न उसके नीचे कोई था, न अगल बगल में। वही इस प्रोजेक्ट का एकमेव एम्प्लॉई था। लेकिन उसके ऊपर एक साथ सात मैनेजर बैठ गए। टेक्नीकल मैनेजर, एच.आर मैनेजर , टास्क मैनेजर, रिसोर्स मैनेजर, रिलीज़ मैनेजर और प्रोजेक्ट मैनेजर। एक उसका ख्याल रखता, एक उससे डिस्कशन करता, एक उसे गाइड करने की कोशिश करता, एक उसके लिए एचआर से बात करता, एक उसका अप्रैज़ल करता, एक उसकी छुट्टी मंजूर करता। वीकली स्टेटस लेने के लिए अलग और पिछले स्टेटस के फ़ॉलोअप के लिए अलग मैनेजर हो गया। हर मैनेजर का काम अलग था। एक दूसरे से उनको भी लेना देना नहीं था। सोने पर सुहागा यह कि सब के सब कोरे थे। न उन्हें पता होता कि अगला क्या कर रहा है, न अगले को पता होता की वो सप्तऋषि चाहते क्या हैं। फिर इन सब मैनेजर को मैनेज करने के लिए एक मैनेजर अलग से रखा गया।
दौपदी के तो फिर भी पांच ही पति थे। इसके सात मैनेजर थे। द्रौपदी को सांस लेने की फुर्सत मिल जाती होगी, इसको नहीं मिलती थी। वह काम एक करता और रिपोर्ट सात बार।
हालत उसकी अब भी उसी मुर्गी की तरह थी, जिससे रोज सुबह अंडा देने की अपेक्षा की जाती और उस अंडे को अपना बताने के लिए सात मालिक दबड़े के बाहर खड़े रहते। वह सोचता इस साती -साढ़े साती से न जाने उसे कब मुक्ति मिलेगी। उसने प्रण लिया अबकी बार ब्रह्मा से उन सातों के मैनेजर का मैनेजर होने का वरदान ही मांगेगा।
हे! सत्यनारायण भगवान जैसे दिन तुमने उस कर्मचारी को दिखाए, किसी को न दिखाना। किसी के ऊपर एक से ज्यादा मैनेजर न बिठाना।






Leave a Reply