स्वाति मालीवाल – स्त्रियों के विरुद्ध में राजनैतिक हिंसा

स्त्री जब हिंसा का शिकार बन जाती है तो ऐसी घटना से सभ्य समाज की एक क्रूर पाशविक शक्ति के समय पराजय स्पष्ट हो जाती है और वही घटना आतंकी विचारधारा को वैचारिक वर्चस्व बनाने के लिए मुक्त मार्ग दे देती है। स्त्री के प्रति राजनीतिक हिंसा सिर्फ़ एक उत्तेजना की गई घटना नहीं है…

ऐतिहासिक परिपेक्ष्य और सामाजिक संकेत

भार्यायां रक्ष्यमाणायां प्रजा भवति रक्षिता।
प्रजायाम् रक्ष्यमाणायामात्मा भवति रक्षितः।।

स्त्रियों की रक्षा किए जाने से ही प्रजा की रक्षा होती है, प्रजा की रक्षा होने से ही समाज की आत्मा की रक्षा होती है। (मनुस्मृति)

एक समाज के स्वास्थ्य का सूचक प्रसन्न और उन्मुक्त स्त्रियाँ होती हैं। यह सत्य भारत का सनातन समाज बहुत पहले समझ गया था, इसी कारण इस समाज में गार्गी और मैत्रेयी सभा के मध्य याज्ञवल्क्य को शास्त्रार्थ के लिए चुनौती दे पाती थीं। ऐसा समाज ही अपने अंदर रंग, संगीत, सौंदर्य को स्थान दे पाता है और पाशविक आखेटक समाज से उठ कर एक सभ्यता का निर्माण करता है।

प्राचीन अरबी देवियों की मूर्ति, द्वितीय शताब्दी, मक्का

चाहे वह दुर्गा, पार्वती, सरस्वती जैसी मातृ शक्तियों का प्रकृति पूजक भारत हो या या अल-उज्जा, अल -लात एवं अल मनत जैसे पूर्व इस्लामिक अरब समाज की देवियाँ हों, समाज के भावनात्मक पक्ष को, बौद्धिक पक्ष के लिए स्त्रियों को मनु की भाँति अघन्या घोषित करना समाज की निरंतरता के लिए आवश्यक है।

४१५ ईसवी में ईसाई धर्म पश्चिम में सर्वमान्य हुआ नहीं था। अलेक्ज़ेंड्रिया या सिकंदरिया उस समय अपने प्राचीन विश्वास और एक उग्र, ईसाई धर्म के मध्य बँटा हुआ था। इस विभाजित समाज में, मतभिन्नता की मरुभूमि में एक गणितज्ञ की दार्शनिक पुत्री हाईपेशिया एक वैचारिक शाद्वल अथवा मरुद्यान का भाव देती थी। जैसा कि अतिवादियों का व्यवहार होता है, बिशप सिरिल की दृष्टि दार्शनिक हाईपेशिया पर पड़ गई। मार्च ४१५ को नगर के चौक पर हाईपेशिया को भीड़ ने घेर लिया और उसे घसीटते हुए चर्च ले ज़ाया गया। वहाँ उसकी चमड़ी धीरे धीरे उखाड़ी गई, उसके जीवित रहते हुए आँखें निकाल ली गई और अपनी अंतिम श्वास लेती इस तर्क और ज्ञान की देवी को अंततः भीड़ ने चिता की अग्नि में फेंक दिया (डेमिशियस, स्रोत – द डार्केनिंग एज, कैथरिन निक्से )। बहुत लोग मानते हैं कि सुकरात की अकादमी पर लगने वाला ताला रोम की ऐतिहासिक प्रकृति पूजक सभ्यता का अंत था, परंतु मुझे हाईपेशिया की निर्मम हत्या रोम की महान सभ्यता पर पटाक्षेप का प्रथम और अंतिम चिन्ह लगती है। यह घटना समाज के भीड़ में परिवर्तित हो जाने का, एक ज़ोंबी (विवेकहीन, किसी बाहरी शक्ति के द्वारा नियंत्रित व्यक्ति- कैम्ब्रिज शब्दकोश ) समाज के आगमन का चिह्न था। इसके बाद रोमन संस्कृति की नवआगंतुक सभ्यता से संघर्ष की संकल्प शक्ति ही समाप्त हो गई थी। एक स्त्री पर हिंसा एक सभ्यता की समाप्ति का चिन्ह होता है और इसी लिए राजनैतिक स्तर पर संभवतः हाईपेशिया की हत्या प्रथम रिकॉर्डेड सार्वजनिक हत्या थी, अंतिम नहीं थी। यह स्त्री शक्ति का एक स्नेहिल स्पर्श से सत्ता के द्वारा नियंत्री संपत्ति में परिवर्तन एक समाज के लिए वैचारिक क्षरण कर परिचायक है। यहाँ से जो दावानल प्रज्ज्वलित हुआ वह मध्य युग के यूरोप में स्त्रियों को डायन बता के उनके सार्वजनिक दहन के द्वारा शताब्दियों तक स्त्रियों के स्वतंत्र विचारों को लीलता गया।

चित्र : इंडिया टुडे
साभार : जनसत्ता
लॉस एंजल्स टाइम्स, १९८९

राजनीति में विरोध की रीढ़ तोड़ने की दूसरी बड़ी घटना इसी अस्सी के दशक में २५ मार्च १८८९ में तमिलनाडु विधानसभा में हुई। करुणानिधि इस समय तमिलनाडु के मुखमंत्री थे, जयललिता विपक्ष में। जयललिता विधानसभा में आ ही रही थी कि डीएमके (द्रविड़ मुनेत्र कजघम -द्रमुक) नेताओं ने दुराई मुरुगण के नेतृत्व में उन पर आक्रमण कर दिया, उनकी साड़ी भी तार तार कर दी गई। सदा की भाँति इस राजनैतिक हिंसा का उद्देश्य भी किस भी प्रकार के राजनैतिक विरोध का जड़ से उन्मूलन कर देना था। स्त्री नेत्रियों के विरुद्ध हिंसा नैतिकता की उस निम्नता को छू देता है कि हर विरोधी के हृदय में भय भर देता है।

चित्र; साभार सिवरमन, इण्डियन एक्सप्रेस

इसके बाद स्त्रीविरोधी राजनैतिक हिंसा का अगला बड़ा मामला २ जून १९९५ का उत्तर प्रदेश का मायावती के विरुद्ध गेस्ट हाउस कांड था। १९९२ में राम जन्मभूमि आंदोलन के साथ भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में बड़ी शक्ति बनी और उसे १७७ सीटें प्राप्त हुई। इस जनमत के विपरीत जाते हुए कांग्रेस के समर्थन से मुलायम सिंह ने १०९ सीटों और बसपा ने ६७ सीटों के साथ सरकार बना ली। १९९५ में पंचायत चुनाव के बाद सपा अधिक शक्तिशाली हो कर उभरी और बसपा के ऊपर सपा के दबाव में संकट आने लगा। अस्तित्व के संकट में पड़ी मायावती ने तब भारतीय जनता पार्टी से संपर्क साधा। १ जून १९९५ को मायावती लखनऊ के मीराबाई गेस्ट हाउस पहुँची और उन्होंने सपा से समर्थन वापस लेने की घोषणा कर दी। २ जून को क़हर टूट पड़ा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गेस्ट हाउस पर आक्रमण कर दिया। एक सोची समझी साज़िश के तहत बिजली और टेलीफोन कनेक्शन भी काट दिये गये। अजॉय बोस अपनी पुस्तक ‘बहनजी’ में लिखते हैं, कि बसपा के विधायकों को घसीट घसीट के पीटा गया। मायावती को आत्मरक्षा के लिए स्वयं को एक कमरे में बंद कर लेना पड़ा। बाहर खड़ी समाजवादी पार्टी की हिंसक भीड़ से बचा कर भारतीय जनता पार्टी के नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने मायावती को बाहर निकाला था और उसके बाद ही भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से मायावती प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री बनी थी।

चित्र : ब्रह्मदत्त द्विवेदी पारिवारिक संकलन : साभार इण्डियन एक्सप्रेस

देश की पहली दलित मुख्यमंत्री मायावती की समाजवादी पार्टी के अराजक कार्यकर्ताओं से रक्षा करने वाले भारतीय जनता पार्टी के ब्राह्मण नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की आगे १९९७ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समर्थित मुस्लिम माफिया मुख़्तार अंसारी के शूटर संजीव माहेश्वरी उर्फ़ जीवा ने हत्या कर दी। इस हत्या में जीवा और भूतपूर्व सपा नेता विजय सिंह को सजा हुई। ऐसा कहते हैं कि इस घटना के बाद से ही मायावती ने अपने परिधान से साड़ी को हटा दिया और सलवार सूट को ही अपना सार्वजनिक परिधान बनाया। एक स्त्री पर इस एक घटना का प्रभाव तो स्पष्ट ही है, एक समाज पर भी इसका अलिखित प्रभाव दिख जाता है।

आज हम इस विषय पर क्यों बात कर रहे हैं? आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और भूतपूर्व दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पर १३ मई २०२४ को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास में उनके ही निजी सचिव बिभव कुमार द्वारा आक्रमण का आरोप स्वयं स्वाति ने लगाया। इस संदर्भ में स्वयं स्वाति के द्वारा पुलिस में आरोप भी अंकित कराया गया। इस आरोप पत्र में जिस व्यक्ति का मात्र नाम ही नहीं आया, वरन् बिभव कुमार के द्वारा स्वाति के साथ अत्यंत ही घृणित स्तर की हिंसा का भी सिहरा देने वाला चित्रात्मक विवरण मिलता है। पुलिस के आरोप पत्र के अनुसार विभव ने स्वाति को धरती पर पटक पटक कर लातों और जूतों से मारा। जो बात इसे एक सामान्य आपराधिक घटना से भिन्न करती है वह घटना के बाद हुई। अरविंद केजरीवाल ने संपूर्ण पार्टी तंत्र को मालीवाल के विरुद्ध खड़ा कर दिया और आरोपी को स्वयं से दूर करने के स्थान पर अगले ही दिन लखनऊ अपने साथ लिये चल दिये। विभव वहाँ से अरविंद केजरीवाल के साथ चार्टर्ड प्लेन से पंजाब गया और आगे भी मुख्यमंत्री आवास में बना रहा। आम आदमी पार्टी के नेता स्वाति की क़मीज़ के बटन आदि पर वक्तव्य देते हुए यह आरोप लगाने लगे कि स्वाति भाजपा से मिली हुई है। कैसे जिस अरविंद केजरीवाल को भारतीय जनता पार्टी का भविष्य जेल से आते ही दिखने लगा, उसे यह कुछ महीने पहले तब नहीं दिखा था जब उसने स्वाति को अपनी ही पार्टी से राज्य सभा भेजा था, या स्पष्ट नहीं है। स्पष्ट करने की आवश्यकता भी नहीं है क्योंकि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के पुराने साथियों को हटा के स्वयं को निर्विवाद नेता और अपने परिवार को प्रथम परिवार बना दिया है। ज़मानत पर बाहर केजरीवाल मीडिया में उस शराब घोटाले पर खुल के बोल रहे हैं जिस पर बोलने से उन्हें न्यायालय ने प्रतिबंधित किया है, वहीं स्वाति के मामले पर मामला न्यायालय के विचाराधीन बता कर बोलने से बच रहे है।

स्वाति मालीवाल के अपने राजनीतिक उद्देश्य अवश्य हो सकते हैं। आगे वह पलट भी सकती हैं। मायावती ने भी २०१९ गठबंधन के कारण गेस्ट हाउस कांड के मुक़दमे वापस ले लिये थे। प्रश्न व्यक्ति नहीं है, प्रश्न सिद्धांत है। जब स्त्री पर हुई हिंसा, वह भी राजनीतिक हिंसा पर हम मौन हो जाते हैं, समाज का ज़ोम्बीकरण पूर्ण हो जाता है। यह किसी भी प्रकार के प्रतिरोध को जड़ से समाप्त कर देता है क्योंकि यह दर्शाता है कि शक्तिशाली नेता किसी नैतिकता से बंधे हुए नहीं हैं और किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। स्त्रियों के विरुद्ध हिंसा शक्तिशाली नेताओं की सिद्धान्तहीन पतन की आशंका से समाज को भयभीत कर देता है और किसी भी प्रकार के प्रतिरोध को समाप्त कर देता है। भारतीय राजनीति में ये स्त्री हिंसा की प्रमुख घटनायें संदेशखाली और अजमेर कांड से इतर मुख्यधारा की राजनीति को प्रतिबिंबित करती हैं और तानाशाही के बीजारोपण का सूचक हैं। सेनबाडी कांड के बाद दो दशक के लिये वामपंथी पार्टी किसी भी प्रकार की चुनौती से मुक्त हो गई थी। राजीव से मुलायम, मुलायम से ले कर करुणानिधि और करुणानिधि से केजरीवाल – यह घटनाएँ हमें सजग हो जाने के लिए चेतावनी है। हाईपेशिया की हत्या घटना नहीं, एक समाज की मृत होती आत्मा, एक सभ्यता की दरकती हुई नींव की ध्वनि थी, एक विचार के पूर्ण विध्वंस की पूर्व सूचना थी। मेनका, जयललिता, मायावती, और स्वाति मालीवाल के साथ भी राजनैतिक हिंसा भी एक घटना नहीं है। सनद रहे, इस चुनाव में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और द्रमुक गठबंधन में हैं, और उनकी राजनैतिक निर्लज्जता का कारण जनता की लघु स्मृति और सार्वजनिक मीडिया से ऐसे महती घटनाओं का षड्यन्त्रपूर्ण तरीक़े से मिटाया जाना है।

Leave a Reply

Trending