
भगवान ने सभी प्राणियों को दो कान दिए हैं। सांपों और चीटियों के कान नहीं होते। बाकी जिनके होते हैं उनमें कुछ के कान बड़े होते हैं, कुछ के छोटे। कुछ के सीप जैसे, कुछ के सूप जैसे। हाथी अपने कानों से मक्खी भी भगा सकते हैं। लेकिन अधिकतर सबके कान सुनने के ही काम आते हैं। लोग कान खोलकर भी सुनते हैं और कान लगाकर भी सुनते हैं।
मनुष्यों के कान पकड़ने से लेकर मरोड़ने, ऐंठने, उमेठनें, फूंकनें, खींचने और छेदने तक प्रयोग किये जाते हैं। कान में ज़हर घोला जाता है और मिश्री भी घोली जाती है।
कान खराब होते हैं, तड़कते हैं, बजते हैं, फटते हैं, सिकते हैं, पकते हैं, भरते हैं, जलते हैं, बहते हैं, खुलते हैं और बंद भी होते हैं। कान पटपटाते हैं, सनसनाते हैं। कानों में फूंका जाता है, तेल डाला जाता है, पानी डाला जाता है, बातें डाली जाती हैं और उंगली भी डाली जाती है। बुंदेलखंड में कान में ठेंकड़ा ये ठेंठे डालने वाले मिल जाते हैं।
कान काटने के भी उदाहरण हैं। लक्ष्मण जी ने एक विदेशी महिला के नाक और कान दोनों काट दिए थे। उसे नकटी कहा गया, लेकिन वह कनकटी भी थी। समाज में नाक कटना अपमान का प्रतीक है, लेकिन कान कटना भी कोई सम्मान की बात नहीं है।
कान काटकर बलि चढाने की परम्परा भी है। बकरे की बलि चढाने के दो तरीके होते हैं। प्राचीन तरीका तो झटके से गर्दन उड़ाने का है, लेकिन कुछ लोग बकरे का कान काटकर उसे छोड़ देते हैं। अमरीका में इसी परंपरा का पालन करते हुए वहां के वोकियों ने अपने पूर्व राष्ट्रपति का कान काट कर छोड़ दिया। कुछ लोग दाएं से सुनते हैं, कुछ लोग बाएं से सुनते हैं। लेकिन कुछ प्राणी केवल धाएं से सुनते हैं। अमरीका में गूंजी धाएं की आवाज सारी दुनिया ने सुनी।
भारत में नेता शेर, बब्बर शेर समझे जाते होंगे लेकिन अमरीका वालों ने अपने नेता को बकरा समझा। अब अगर ट्रम्प चुनाव जीतते हैं तो कनकटा राष्ट्रपति नाम से विख्यात होंगे। अगर कान में छेद हुआ होगा तो कनछेदी। यह माना जा सकता है कि अमरीका में लोकतंत्र की देवी को बलि चढ़ गई है। कान कट गया है। जिस दिशा में अमरीका की राजनीति जा रही है, लग रहा है बलि स्वीकार भी कर ली गई है। बाइडेन ने अपने आप को चुनाव से अलग कर लिया है।
लोकतंत्र में कान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनता के कान खड़े रहें तो नेता कुर्सी पर बैठे बैठे डोलते रहते हैं। नेताओं के कान खड़े रहें तो अफसर डोलते हैं और उनकी लोकप्रियता बढ़ती है।
जब नेता दूसरे नेताओं के कान भरता है तो दलबदल की और पार्टी में विद्रोह की सम्भावना बनती है। जब नेता जनता के कान में अपनी बात फूंकने में सफल होते हैं तो सत्ता परिवर्तन की संभावना बनती है।
मीडिया का काम ही जनता के कान भरना है, मीडिया कानाफूसी करके जनता के कान में मैल भरती है। अधिकतर लोग कान के कच्चे होते हैं। कभी खटाखट के चक्कर में फंसते हैं कभी न्याय के, और ऐसे लोगों को कंधे पर बिठा लेते हैं जो कंधे पर बैठकर कान कतरते हैं या कान में लघुशंका करते हैं।
जनता को कभी कभी तो सामने वाले के कान मरोड़ने के बाद समझ आता है कि जिस बात पर कान और कनपटी लाल कर दी है, वह बात तो एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देने वाली थी। लोग अफवाहों में ऐसे फंसते हैं कि तमतमा कर नागपुर से लेकर कानपुर तक हिला देते हैं। वैसे भी भारत में कौआ कान ले गया सुनते ही कौए को ढूंढने की परंपरा है, अपना कान टटोलने की नहीं। हाथ से कनपटी टटोल ही लें तो पता चले कि कान सही सलामत हैं।
कुछ लोगों को कान मूंद कर बैठने की आदत होती है, उनके कान पर तो जूं भी नहीं रेंगते। अधिकतर अफसर-बाबू लोग इस श्रेणी में आते हैं। जनता इनसे पीड़ित रहती है। कुछ नेताओं को भी कान में तेल डालने की आवश्यकता है, जनता की पुकार उन्हें सुनाई नहीं देती। जो नेता अपने कान में रुई ठूंसकर बैठे रहते हैं उनके कान में पीतल भरने का काम जनता चुनाव में करती है।
अधिकतर नेता जनता को कान नहीं देते। उनके कान जमीन पर नहीं होते, बल्कि बाबुओं के मुंह के पास रहते हैं। बाबू लोग उनके कान में क्या भरते हैं वो ही जानते हैं। फिर जनता के बीच में चिंगारी भड़क रही है या ज्वाला उन्हें कानों कान खबर नहीं हो पाती। परिणाम चौबीस दहम दो सौ चालीस होता है, भले चार सौ पार कह कह के कान पका दें।
पके हुए कान न तो टपकते हैं, न आम की तरह पीले होते हैं। कान लाल अवश्य होते हैं, शर्म से। शर्म आजकल किसी को नहीं आती। वो दिन और थे जब प्रेमिकाओं के गाल और कान प्रेमी को देखकर ही लाल हो जाते थे। प्रेमिकाओं के कान के पास लटकती एक जुल्फ की घुमावदार लट पर प्रेमी मर मिटते थे और कानों में लटकते झुमकों में उनके दिल झूल जाते थे। कानों के टॉप्स, बाली, बूंदे, झुमके आदि बीते कल की बातें हैं। ये प्रेमियों द्वारा उपहार में दिए जाने वाली सबसे लोकप्रिय वस्तुओं में गिने जाते थे। अब इयर पॉड का जमाना है। इयरपॉड कान के बाहर नहीं लटकते। बल्कि कान के अंदर ही घुसे रहते हैं। इसलिए इयरपॉड बाजारों में नहीं गिरते। झुमके गिरते थे। गिरते तो आजकल पुल हैं, और क्या गजब ही गिरते हैं। बनाने वाले मिल जाएं तो जनता उनके कान के नीचे दो चार जरूर लगाना चाहेगी। ऐसे लोगों को आगे आकर कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए। लेकिन लोकतंत्र है, हाथ घुमाकर जनता के ही कान पकड़े जाएंगे।
अब कान को इतनी देर पकड़ा है तो भूलिए मत कान दीवारों के भी होते हैं। दीवारों का मुंह होने का कोई प्रसंग नहीं मिलता। ऐसे में दीवारें कुछ सुन भी लें तो कहेंगी कैसे? फिर भी सावधान रहना चाहिए, रिकॉर्डिंग का जमाना है। ऐसा न हो बातें बाहर निकलें और आपके कान में लावा बहने लगे या धुआं निकलने लगे।
खैर इतना सब आपके कान खोलने के लिए पर्याप्त है, फिर भी अंत में एक प्रश्न छोड़ देते हैं कि बताइए कान में होने वाला फिल्म फेस्टिवल किस के कान में होता है?






Leave a Reply