जिस प्रकार अमेठी ने अपना स्वतंत्र मन तिरस्कृत नागरिकों को ग़ुलाम मानने की राहुल गांधी की राजनीति को दुत्कार कर प्रकट किया है, वही साहस रायबरेली भी दिखा सकता है, जब राहुल गांधी केरल की जनता को वहाँ बने रहने का वचन सार्वजनिक मंचों से दे चुके हैं।
– साकेत सूर्येश
चुनावों में सबसे बड़ी समस्या आख्यानों के निर्माण की होती है। आख्यान के आधार पर अनिश्चित तथा अनभिज्ञ मतदाता के विचारों को अंतिम क्षणों में पलट दिया जाता है। एक समय चुनाव क्षेत्रों से आने वाली सूचना रिपोर्ट धरातल पर मतदाताओं के विचार ला कर दर्शकों और पाठकों को इस संबंध में जागरूक कर देती थी। इन रिपोर्टेज में सबसे बड़ी बात यह होती थी कि भिन्न भिन्न विचारधाराओं के समर्थकों का प्रतिनिधित्व दिखता था और दर्शक समर्थकों की अधिकता के अनुसार चुनाव परिणामों के अनुमान लगाते थे। कुछ लोग जिनकी राजनीतिक मनःस्थिति तरल होती थी, वे संभावित विजेता का अनुमान लगा कर अपने मतों की दिशा तय कर लेते थे।
संभवतः इस ‘फेंस सिटर’ अथवा किनारे पर खड़े मतदाता के पलटने की संभावना को देख कर गिग इकॉनमी की तर्ज़ पर खड़े हुए यूट्यूब चैनल एक आभासी समर्थन अपने पसंद के दल को बताने का प्रयास करते हैं, उस दल के समर्थकों को जमा कर के सर्वे करते हैं और एक उस दल के पक्ष में भूमिका बनाते हैं ताकि अनिर्णय की स्थिति में खड़े मतदाता उस दल की ओर वोट दें जिसके जीतने की आशंका वे अपने सर्वे में दिखा रहे हैं। बीच बीच में वे हल्की फुलकी अपनी पसंद के दल के लिए परोक्ष बैटिंग भी कर लेते हैं। उदाहरण के लिए कांग्रेस नेता राजीव शुक्ल के चैनल ‘न्यूज़२४’ पर ‘माहौल क्या है’ नाम से ग्राउंड रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार भाजपा समर्थकों से अक्सर उनके चयन पर प्रश्न खड़े करते हैं- क्या धर्म से नौकरी मिलेगी?। अमेठी के भाजपा समर्थकों द्वारा वर्तमान सांसद और भारतीय जनता पार्टी नेता स्मृति ईरानी के द्वारा अमेठी को फ़्लाइओवर आदि से जोड़ने की बात पर पत्रकार स्वयं हस्तक्षेप करते हुए कहता है कि यह तो डबल इंजन की सरकार (केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा) को इसका श्रेय देते हुए स्मृति ईरानी को इसका श्रेय देने से जनता को रोकता है।प्रश्न यह है कि यही डबल इंजन की सरकार का लाभ तो कम से कम दो कार्यकाल में कांग्रेस के राहुल गांधी को भी मिला था। बहरहाल, एक दूसरी समस्या यह है कि दिल्ली के कुछ पत्रकार धरती से ऐसे कटे हुए हैं कि उन्हें वास्तव में धरातल के सत्य का ज्ञान नहीं है।
जिस प्रकार से कुछ पत्रकार कांग्रेस के पारिवारिक प्रतिनिधि के रूप में राहुल गांधी के अमेठी से पलायन के पश्चात चुनावी रण में सहसा धकेले गये कांग्रेस प्रत्याशी किशोरीलाल शर्मा को सहसा अमेठी विजय के माध्यम से भाजपा के २२ उत्तरप्रदेश की सीटों में पराजय जा वाहक बताया ज रहा है (रवीश कुमार)। हालाँकि चुनाव के निर्णय सभी क्षेत्रों में एक साथ ही हाने हैं। जो राहुल गांधी के अमेठी से लड़ने को पार्टी की पहचान उत्तरप्रदेश में बनाये रखने के लिए नितांत आवश्यक बता रहे थे, अब राहुल के पलायन को मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं।

कुछ पत्रकार किशोरीलाल जी को दबंग नेता बता रहे हैं क्योंकि गांधी परिवार के मैनेजर के रूप में वे उन्हें रायबरेली में चाय पिलाया करते थे। दिल्ली के चश्मों से तथ्यों को नकार कर कथानकों के आधार पर क्षेत्र की राजनीति का आँकलन अनुमान ऐसे वरिष्ठ पत्रकारों को पहले भी ग़लत सिद्ध कर चुका है। पाँच राज्यों के चुनाव में भाजपा की पराजय की अत्यंत आत्मविश्वास के साथ घोषणा कर के यह लब्धप्रतिष्ठित पत्रकार पहले भी अपने नाम और कलम को प्रसिद्धि प्रदान कर चुके हैं।





इन पत्रकारी कृत्रिम आख्यान निर्माताओं को छोड़ कर हमें समझना होगा कि अमेठी कोई जॉर्ज ऑर्वल का काल्पनिक ग़ुलामों का नगर नहीं है, वरन् सोचते, साँस लेते लोगों का समूह है। वह भारत का एक नगर है जिसका अपना इतिहास है, जिस में बाबा रामचंद के १९२० के आंदोलन का गौरव है, जिस में मुंशीगंज के लघु-जालियाँवाला के आँसू हैं, जिस में घुटे हुए राजमहलों के रईस राजनेताओं के भीतरघात का दंश है (अमेठी के राजनैतिक इतिहास और नेहरू परिवार के द्वारा कृषक नेता और हिंदू प्रचारक बाबा रामचंद्र को हाशिये पर धकेलने की साज़िश पर मेरा अन्य लेख यही नवधर्मयुग पर पढ़ें )। जिस प्रकार अमेठी ने अपना स्वतंत्र मन तिरस्कृत नागरिकों को ग़ुलाम मानने की राहुल गांधी की राजनीति को दुत्कार कर प्रकट किया है, वही साहस रायबरेली भी दिखा सकता है, जब राहुल गांधी केरल की जनता को वहाँ बने रहने का वचन सार्वजनिक मंचों से दे चुके हैं। यदि राहुल गांधी को वायनाड और रायबरेली दोनों स्थानों से विजित होने की दशा में अपनी रायबरेली की सीट को त्यागना ही है तो वहाँ की जनता क्यों अपना मत राहुल गांधी को दे कर व्यर्थ करेगी। जानकार बताते हैं कि सोनिया गांधी २०१९ चुनाव जीतने के बाद विगत पाँच वर्षों में अपना विजयी प्रत्याशी का प्रमाण पत्र तक जमा करने के लिए रायबरेली जाने का समय नहीं निकाल सकी। राहुल गांधी ने रायबरेली की जनता का स्नेह और विश्वास अर्जित करने के लिए वहाँ जरा भी श्रम करने की आवश्यकता नहीं समझी यदि वे इस तथाकथित कांग्रेस गढ़ में अपनी पैठ बनाने के लिए गंभीर थे। राहुल की राजनीति में विनयशीलता तो ख़ैर कभी भी रहीं नहीं है। अमेठी में भी जिस प्रकार से प्रत्याशी किशोरीलाल शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन में जहाँ उन्होंने ‘सोनिया जी, राहुल जी और प्रियंका जी’ को इस उत्तरदायित्व के लिए धन्यवाद दिया था, कांग्रेस की मालिक नौकर की परंपरा को रेखांकित करती है जिस में पार्टी अध्यक्ष की कोई भूमिका ही नहीं है।
ऐसे में रायबरेली चुनाव के पूर्वानुमान के लिए धरती से कटे हुए और अपने स्वार्थ में उलझे हुए पत्रकारों से बेहतर है कि हम उन विश्लेषकों का स्वर सुनें जिनके साथ सत्य है, साहस है, तथ्य है। इस संदर्भ में राजनैतिक विश्लेषक श्रीनिवास गौर (एक्स हैंडल @shrrinG) का विश्लेषण इस लिये महत्वपूर्ण हो जाता है कि पत्रकारिता के मठाधीशों से इतर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ चुनावों में उनका अनुमान ठीक निशाने पर लगा था।
श्री गौर के अनुसार, रायबरेली की कुल मतदाता संख्या १६ लाख तीस हज़ार है। २०१९ का मत प्रतिशत ५८% रहा था। सोनिया गांधी को ५ लाख ३५ हज़ार वोट मिले थे और दिनेश प्रताप सिंह को ३ लाख ६८ हज़ार वोट। किसी भी दृष्टि से दिनेश प्रताप को लाइट वेट कह कर ख़ारिज नहीं किया जा सकता है। रायबरेली संसदीय क्षेत्र पाँच विधानसभा क्षेत्रों से बनता है। वहाँ का २०२२ के विधानसभा चुनाव का आँकड़ा देखें। यहाँ से कहानी रोचक हो जाती है। बचरावन, हरचंदपुर, रायबरेली, सरेनी और ऊँचाहार- प्रत्येक विधान सभा में कांग्रेस पूर्ण रूप से नकार दी गई थी। बचरावन से सपा के श्यामसुन्दर भाटी विजित हुए और उनमे तथा अपना दल-सोनेलाल के मध्य मात्र २८०० मतों का अंतर रहा।हरचंदपुर से समाजवादी पार्टी के राहुल राजपूत विजयी हुए और उनके पीछे भाजपा के राकेश सिंह ३८ प्रतिशत मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस का मत प्रतिशत यहाँ ८ प्रतिशत रहा।रायबरेली से भाजपा की अदिति सिंह ४४ प्रतिशत मत पा कर विजयी हुई थीं और कांग्रेस के कांग्रेस को साढ़े छह प्रतिशत मत मिले थे। सरेनी से मुक़ाबला भाजपा के सपा के देवेंद्र प्रताप सिंह और भाजपा के धीरेंद्र बहादुर सिंह के मध्य रहा और सपा प्रत्याशी की २% मतों और लगभग ४००० मतों से विजय हुई। कांग्रेस २० प्रतिशत वोटों के साथ चौथे स्थान पर रही।उचाहार में सपा प्रत्याशी मनोज पांडेय ३८ प्रतिशत मतों को प्राप्त कर के विजयी हुए, भाजपा के अमरपाल मौर्य ३६ प्रतिशत मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस यहाँ चौथे स्थान पर रही।
अब वर्तमान परिदृश्य को देखें। अदिति सिंह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के अपने एवं परिवार के प्रति दुर्व्यवहार के विषय में सार्वजनिक हो चुकी हैं। उनका कांग्रेस से भाजपा का परिवर्तन सहज नहीं रहा था। ऊँचाहार से सपा के विधायक स्वामी प्रसाद मौर्य के हिंदू विरोधी वक्तव्यों के विरोध में मुखर रहे हैं और पार्टी से छिटक चुके हैं। दो दिन पहले ही भाजपा के प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के साथ मुलाक़ात में उन्होंने चुनावों में भाजपा का समर्थन करने का वचन भी दिया।

यदि राहुल गांधी अखिलेश यादव के परामर्श पर राय बरेली से उतरे हैं तो कांग्रेस को अपने और समाजवादी पार्टी के संबंधों पर पुनर्विचार करना चाहिए। रायबरेली में कांग्रेस के मैनेजर रहे किशोरीलाल राहुल गांधी द्वारा परित्यक्त अमेठी से स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं। यदि वे अपनी उम्मीदवारी को मात्र औपचारिकता नहीं मानते हैं तो उन्हें अमेठी को कुछ समय तो देना ही होगा। सोनिया गांधी के लिये सबसे बड़ी बढ़त राय बरेली विधानसभा में थी (६१ हज़ार मत) और यहाँ से अदिति सिंह राहुल गांधी उन्हें ख़ासी परेशानी दे सकती हैं। यह भी स्मरण रखने की बात है कि सोनिया गांधी के पिछले चुनाव और इस चुनाव के मध्य समस्त विश्व के साथ यह संसद क्षेत्र भी भीषण महामारी से जूझा है और इसमें उसने भी हताशा के अंधेरे क्षणों में अपने जन प्रतिनिधियों को ढूँढा होगा। राहुल गांधी भी राय बरेली और वायनाड दोनों जीतने की स्थिति में राय बरेली वैसे ही त्यागने वाले हैं। उत्तरप्रदेश की किसी भी सांसदी में जनता की विकास और समर्थन की अपेक्षाएँ बढ़ गई हैं, जो कम जनसंख्या वाले केरल की जनता की अपेक्षाओं से कम हैं। राहुल गांधी के हिंदू विरोध तथा गौ हत्या जैसे मामलों पर स्थिति भी उनके केरल चले जाने के अनुकूल है। ऐसे में क्या राय बरेली अपने मतों को कांग्रेस के चिर आक्रोशित सांसद पर सिर्फ़ उनके सेलिब्रिटी होने के कारण व्यर्थ करेगी, यह एक महत्वपूर्ण प्रश्न है। तथ्य इंगित करते हैं कि राहुल गांधी संभवतः राय बरेली में अमेठी से बड़ी पराजय देख रहे हैं और आने वाले उत्तरप्रदेश विधानसभा की राजनीति में कांग्रेस को सपा के लिये यह पराजय पूर्णतया संदर्भहीन कर देगी।






Leave a Reply