नेटफ़्लिक्स सीरीज की हीरामंदी का इतिहास और सत्य
हाल में नेटफ़्लिक्स पर संजय लीला भंसाली की एक वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ चर्चा में है। सत्य कुरूप होता है तो इसे साहित्य के सुंदर आवरण से बहुधा ढँका जाता है। यह साहित्यकारों का अपराध है। वही साहित्य समाज के द्वारा ढँक कर रखे हुए ऐसे गंधाते हुए कोनों को हमारे सामने लाने का साहस और सामर्थ्य भी रखता है जिन्होंने कभी खुली हवा और खुला सूरज नहीं देखा। आज ही के दिन पैदा हुए सआदत हसन मंटो का साहित्य वही असुविधाजनक साहित्य है जो इतिहास के घावों को खोल कर मनुष्यता को उन घावों का इलाज करता है जिसे साहिर अपनी नज़्म ‘ताजमहल‘ में कोहना नासूर लिखते हैं। वही साहित्य जब स्व -प्रेम और विचारधारा का ग़ुलाम हो जाता है तो असत्य परोसता है और नंगे झूठ की पोशाक बन जाता है। संजय लीला भंसाली की हीरामंडी में यह दोनों दोष हैं। मोईन बेग की कहानी हीरामंडी के कोठों से कोसों दूर है।
२०० करोड़ की लागत से बनी इस फ़िल्म में भंसाली का आत्म तुष्टिकरण और असत्य है। यह फ़िल्म आपको कहीं भी उस प्रकार छूती नहीं है, आपकी आत्मा को झकझोरती नहीं है जैसे कहें तो उमराव जान या बाज़ार। यदि हम मंटो की आत्मा को सिहरा देने वाली कहानी ‘खोल दो’ से तुलना करें तो कहा जा सकता है कि विधाओं की भिन्नता है, और बाज़ार की स्वीकार्यता का प्रश्न है। परंतु जिस प्रकार ऐसे देह -व्यापार के प्रतिष्ठानों के विषय में जिस संजीदगी से मीरा नायर की सलाम बॉम्बे या सागर सरहदी की बाज़ार ऐसे मामलों को छूती है, ऐसे में यह फ़िल्म भंसाली की अपनी प्रतिबद्धता पर प्रश्न खड़े करती है। ऐसी कई फ़िल्में बनी हैं जो तवायफ़ों के जीवन को महिला आत्मनिर्भरता और स्त्रियों के सशक्तिकरण से जोड़ के दिखाने का प्रयास करते रहे हैं और बड़े बड़े सुंदर थालों में इस मिथ्या नैरेटिव को परोसते रहे हैं। परंतु इस थाल पर चमचमाते रत्नों के नीचे मरी हुई छिपकली की लिजलिजी पूँछ की भाँति यौन रोगों से मरती स्त्रियाँ, बुख़ार में मजमजाते गंद और वासना में डूबे ग्राहकों की माँगों के सामने लेटती लड़कियाँ, एक विरासतहीन जीवन के अंत की प्रतीक्षा करती अस्थिर सौंदर्य को जाते हुए देख कर भविष्य की असुरक्षा और एकाकी अंत के भय से विक्षिप्त होती नारियों का अधकटा सत्य रेंगता, तड़पता रहता है।
हीरामंडी लाहौर का एक बाज़ार है। लाहौर का इतिहास श्री राम के पुत्र लव से जोड़ कर देखा जाता है। इसका प्राचीन नाम उन्हीं के नाम पर लवपुर माना जाता है।ह्यूयेन त्सान के वर्णन में सातवीं सदी में लाहौर एक विकसित शहर था जिसकी अधिकांश जनसंख्या ब्राह्मण थी। लाहौर का रामायण काल के पश्चात् अगला संदर्भ राजपूतों के उद्गम से मिलता है। यहाँ राजपूत शासक कनकसेन का ज़िक्र आता है जिनके वंशज गुजरात होते हुए राजस्थान पहुँचे। सोलंकी राजवंश का संबंध इन्ही राजा कनकसेन से आता है। सातवी सदी के इस्लामिक आक्रमण के समय लाहौर अजमेर के चौहान शासकों के नियंत्रण में था जो दो सौ वर्षों तक इस्लामी आक्रमणों से इस शहर का बचाव करने में सफल रहे। १००८ में पहली बार लाहौर के हिंदू शासक अनंगपाल की महमूद गजनी से पराजय हुई।१०२२ में लाहौर का भयानक विध्वंस महमूद गजनी ने किया और महाराज लव की नगरी हिंदू नियंत्रण से बाहर चली गई।इसके बाद तैमूर का लाहौर पर आक्रमण हुआ और १५२४ में बाबर का। मुग़ल काल के प्रारंभिक समय में अफ़ग़ानिस्तान भारत के मध्य होने के कारण लाहौर मुग़ल प्रशासन के प्रमुख केंद्र के रूप में रहा। बाद में मुग़लों के पतन काल में १७४० के आसपास यह अफ़ग़ान आक्रमणों का शिकार रहा जहाँ से शाही मोहल्ला, कला के केंद्र से पूर्ण रूप से वेश्यावृत्ति का अड्डा बन गया।
हीरामंदी का प्रारंभ मुग़ल शहंशाह अकबर के काल में शाही मोहल्ला के रूप में हुआ था। अकबर से पहले अलाउद्दीन ख़िलजी के काल में देह व्यापार शासकीय संरक्षण में आया जब सुल्तान की सत्ता ने उनका वर्गीकरण कर के दाम तय किए। मुग़ल इतिहास के पाँवों पर खड़े किये गये नेहरू की धर्मनिरपेक्षता ने अकबर के चरित्र के पक्षों को छुपा कर उसका नायकीकरण किया है। अकबर की उदारता की कथाएँ चित्तौड़ में हज़ारों निरीह नागरिकों की एक दिन में उसके द्वारा की गई हत्याओं को ढाँकने के लिए आविष्कृत की गई। ११ वर्ष के बाल्यकाल में हेमू को सर काट के मारने वाले बालक को बड़े होने के बाद इतिहास पुरुष बनाया गया। शाही मोहल्ला की स्थापना के पीछे अकबर की कला और साहित्य की सेवा करने की किंवदंती का निर्माण भी ऐसी ही विचारधारा का कार्य है।
१५६२-६३ के आस पास अकबर ने विवाह की इच्छा की और उसकी दृष्टि पड़ी अब्दुल वसीयत की पत्नी पर। मुग़ल क़ानून (न्याय?) के अनुसार बादशाह के पसंद होने के बाद उसके पति के लिए अनिवार्य था पत्नी को तलाक़ दे कर उसे अकबर से विवाह के लिये प्रस्तुत कर देना और उसने यही किया (बदायूनी: मुंतख़ाब -उल -तवारीख़ )। इसके बाद अकबर ने अनेक विवाह किए और एक समय धार्मिक स्वीकार्यता को ले कर चिंतित हो कर उसने मालिकी परंपरा के क़ाज़ी से संपर्क किया। अबुल फ़ज़ल के अनुसार अकबर के शाही हरम में ५००० महिलायें थी। हरम में बेगम (विवाहिता), आगा (अवैध विवाहिता) और अगाचा (रखैल) तीन स्तर की स्त्रियाँ थीं।अकबर ने शाही फ़रमान के माध्यम से पराजित राज्य की स्त्रियों को ग़ुलाम बनाने के विरुद्ध आदेश तो दिया परंतु इसमें उनके शाही हरम में शामिल किए जाने पर कोई रोक नहीं थी।लाहौर के इतिहास में हम अनारकली के विषय में भी पढ़ते हैं जिसे कहते हैं कि इसी लिये दीवार में जीवित चुनवा दिया गया था क्योंकि अकबर ने एक नृत्य प्रस्तुति के दौरान उसे शहज़ादे सलीम की और मुस्कुरा के देखते पकड़ लिया था। तवायफ़ों की तथाकथित आर्थिक आत्मनिर्भरता की शक्ति उसकी कितनी सुरक्षा कर सकती थी, हम अनारकली के प्रसंग में देखते हैं। उसका मक़बरा लाहौर में जहांगीर ने बनवाया। जहांगीर के काल में यह नियम हटा दिया गया और पराजित राज्य की स्त्रियों को क़ब्ज़े में लेने के स्पष्ट आदेश दिये गये। यह वही जहांगीर थे जिनके न्याय के घंटे की बाल कथाएँ बहुत प्रचलित हैं।मनुची ने इस विषय में लिखा है कि रियासत की सबसे सुंदर स्त्रियाँ और कन्याएँ शाही हरम में दे दी जाती थी। इन शैतानपुरा के नाम से स्थापित वैश्यालयों में पुरुषों के उपभोग के लिए कन्याओं की आपूर्ति समुचित रहे, इसकी ओर अकबर के काल में भी शासन कितना उत्साहित था इस पर बदायूनी के बताए शासकीय फ़रमान को देखें जिसका अनुसार कोई युवती बाज़ारों में बिना पर्दे के पायी जाती है तो उसे शासन की ओर से वैश्यालय भेज दिया जाये। कुमारी कन्याओं को शाही मोहल्ला से राज पुरुषों के द्वारा ले जाने के नियम थे और परमिट सिस्टम भी थे। ऐसे में यह मानना कि शाही मोहल्ला सिर्फ़ संगीत सेवा का स्थान (अकबर के काल में भी) था, यह मानना कठिन हो जाता है।
इस्लाम में अस्थायी विवाह (मुतआ) की मान्यता के आधार पर इन विवाहों को उचित घोषित किया। सनद रहे आधुनिक समाज में भी मुतआ के माध्यम से ईरान और पाकिस्तान जैसे इस्लामी देशों में वेश्यावृत्ति हो रही है। बदायूनी के अनुसार फ़तेहपुर सीकरी में अकबर ने वेश्यावृत्ति को नियमित करने के लिए शैतानपुरा का अलग मोहल्ला बनवाया था। शाही मोहल्ला जैसे क्षेत्रों में कलाकारों की स्थिति और संपन्नता का आधुनिक मानदंडों के अनुसार आँकलन करना संभव नहीं है।यह निष्कर्ष आम तौर पर निकाला जाता है कि क्योंकि ऐसी देह व्यापार की मंडियों के आस पास अक्सर प्रतिष्ठित कलाकार रहते थे, अतः इन क्षेत्रों की प्रतिष्ठा भी ऊँची ही रही होगी। वैसे जिस प्रकार के शासकीय तिरस्कार का सामना संगीतकारों को औरंगज़ेब जैसे धर्मांध शहंशाहों की सत्ता में झेलना पड़ा, उसके परिपेक्ष्य में यह भी समझा जा सकता है कि कलाकारों की स्थिति भी उस काल में इन देह व्यापार में फँसी स्त्रियों से बहुत ऊपर नहीं थी।
अकबर के शासन में शाही मोहल्ला के नाम से स्थापित इस क्षेत्र में १८वीं सदी तक अहमद शाह अब्दाली की सेना पहुँच गई और संगीत क्षेत्र का झीना सा आवरण भी हट गया।शाही मोहल्ला लाहौर के १३ द्वारों में से एक टकसाली गेट के पास था। यह स्थान स्पष्ट रूप से देह व्यापार और वैश्यालयों का क्षेत्र बन गया।शासकीय संरक्षण के कारण जिन कलाकारों को सम्मान प्राप्त हुआ था, उनकी संख्या इस क्षेत्र में इस काल से कम होती चली गई।१७४८ में अब्दाली के हाथ में जाने के बाद जब यह सिखों के हाथ में १७८९ में आया, तब तक हीरा मंडी का रूप बदल चुका था।
१७९९ में लाहौर महाराजा रणजीत सिंह के नियंत्रण में आया। किंवदंती है कि २१ वर्ष के महाराजा रणजीत सिंह का प्रेम इसी हीरा मंडी की एक तवायफ़ मोरण से हो गया जिसे सत्ता में प्रभाव के कारण मोरण सरकार भी कहते हैं। मोरण सरकार के सिक्के भी खालसा सरकार में चले। एक बार शाही मोहल्ला की तवायफ़ को लाहौर के शेर ने एक पत्नी का सम्मान दिया। कहते हैं कि इसके लिए रणजीत सिंह को अमृतसर बुला कर सौ कोड़ों की सज़ा दी गई। महाराज ने स्वयं को इस सजा के लिए स्वयं को प्रस्तुत भी किया परंतु उपस्थित जनता की भावनाओं के सामने अकाली फूला सिंह को यह सजा एक कोड़े के बाद रोक ही देनी पड़ी।(हिस्ट्री ऑफ़ सिख्स, अंक पाँच, हरि राम गुप्ता) जहाँ महाराज रणजीत सिंह ने मोरन सरकार के लिए मस्जिद बनवाई, मोरण सरकार ने इच्छरा गाँव में विशाल शिव मंदिर का निर्माण कराया। सिख महाराज रणजीत सिंह प्रत्येक सोमवार को इस मंदिर में आ कर प्रार्थना करते थे (प्रेम नेविल -लाहौर, ए सेंटीमेंटल जर्नी)। महाराजा रणजीत सिंह के शासन में लाहौर का सौंदर्य पुनः पल्लवित हुआ। महाराजा हरि सिंह के प्रधानमंत्री हीरा सिंह ने इस क्षेत्र के विकास के लिए यहाँ शाही मोहल्ला में अनाज मंडी की स्थापना की। इसी के कारण इस स्थान का नाम हीरा सिंह की मंडी और आगे हीरा मंडी हो गया।
ब्रिटिश राज में वैश्यावृत्ति के नये ठिकाने बने।पुरानी अनारकली में देह व्यापार का स्थान निर्धारित हुआ।परंतु व्यापार की कमी और ब्रिटिश सैनिकों पर निर्भरता से बचने के लिए शीघ्र ही यह उठ कर टकसाली द्वार के पास पुराने शाही मोहल्ला पहुँच गया। इस स्थान पर इस के बाद हीरा मंडी कभी ना पलटने के लिए देह व्यापार की नियति से बंध गया। नूरजहाँ जैसे प्रसिद्ध गायिका को जन्म देने वाला हीरा मंडी अपने अंधेरे इतिहास से अपनी समस्त सांस्कृतिक भूमिकाओं के बाद भी मुँह नहीं मोड़ सकता है। हीरामंडी से बाल देह व्यपार की कहानियाँ सुनने को मिलती हैं। प्राण नेविल अपनी पुस्तक में इस हीरा मंडी के अंधेरे क़िस्सों को सुनाते हैं। जैसे १५ वर्ष की शमशाद की हत्या का प्रसंग। क्लाउडिन ला टर्नर डाईसन की पुस्तक हीरा मंडी में हम एक विचलित कर देने वाला प्रसंग पाते हैं। बालक शाहनवाज़ अपनी माँ, हीरा मंडी की एक वैश्या को एक ग्राहक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में यौन हिंसा का शिकार होते हुए देखता है, और उसके बाद उसी माँ से पैदा हुई बच्ची को एक दशक बाद उसी व्यक्ति के द्वारा उस बालिका का कौमार्य को क्रय करते हुए पाता है। मुतआ विवाह के नाम पर एक एक दिन का विवाह २५०० रुपया में होता है जो देह व्यापार को नैतिक आवरण तो देता है परन्तु जिसके भीतर से एक विचित्र सी वीभत्स नग्नता झांकती है। ऐसी अंधकारपूर्ण गलियों को जिस प्रकार सुंदर आवरण पहना कर भंसाली ने यह दो सौ करोड़ का सशक्त स्त्रियों के भ्रम का काल्पनिक शहर खड़ा किया है, मेरी दृष्टि में ना तो वह तथ्य है ना ही कला।






Leave a Reply