वामपंथियों के विरुद्ध कई साल के कड़े राजनीतिक संघर्ष के बाद वर्ष २०११ में ममता बनर्जी बंगाल में सत्ता पर कब्जा करने में कामयाब रहीं। जिस समय ममता बनर्जी बंगाल में मुख्यमंत्री बनी उस समय उत्तर प्रदेश में सुश्री मायावती अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में पहुंच चुकी थी और २०१२ विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश की सत्ता उनके हाथ से निकल गयी। हाँ, उसी समय तमिलनाडु में जे. जयललिता भी सत्तारूढ़ थीं। इसके अतिरिक्त २०१३ में हुए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव में राजस्थान से भाजपा ने देश को वसुंधरा राजे के रूप में एक अन्य महिला मुख्यमंत्री दिया। जयललिता के आय से अधिक संपत्ति के केस में जेल जाने, वहां से वापस आने और उसके बाद पद पर रहते हुए २०१६ में निधन के बाद देश में केवल दो महिलाएं मुख्यमंत्री के पद पर आसीन थीं, राजस्थान में वसुन्धरा राजे और बंगाल में ममता बनर्जी। अक्टूबर २०१८ में हुए विधानसभा चुनाव में वसुन्धरा राजे भी अपनी कुर्सी सुरक्षित नहीं रख पायीं। अब देश के एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव ममता बैनर्जी के पास था।
मई २०२१ को बंगाल विधान चुनाव का रिजल्ट आया तो ममता बैनर्जी की राजनीति का आलोचक होने के बाद भी मुझे इस बात की खुशी थी कि २८ राज्यों वाले अपने देश में कम से कम एक राज्य में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर ‘महिला’ काबिज रहने वाली है। देश की महिलावादियों के बीच ममता दीदी लंबे समय से आदर्श बनी हुई हैं। किंतु वास्तविक नजरिये से देखा जाए तो ममता बनर्जी के लिए नारीवादियों का यह प्रेम उनके महिलाओं के लिए किये कार्य की वजह से नहीं, बल्कि मोदी विरोध की वजह से है। ममता एक विचार की प्रतीक हो जाने के कारण भारत की स्त्रियों के स्नेह का पात्र बनी, और इस के पीछे बहुत बड़ा हाथ बंगाल के सत्य का बाहर ना आना था।
वर्तमान समय में बंगाल के सन्देशखाली में झकझोर देने वाले खबरों के बाद ममता बनर्जी के नारीत्व और ममत्व पर सीधे-सीधे सवाल खड़े होने लगे हैं। आखिर कैसे एक महिला होने बाद भी ममता बनर्जी सन्देशखाली में हुए जघन्य करतूतों के आरोपी को बचाने लगी हुई है। ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया दुखद तो है लेकिन आश्चर्यजनक बिल्कुल नहीं। उनके प्रशासकीय इतिहास को देखते हुए सन्देशखाली केस में उनसे न्याय की रही-सही उम्मीद भी खत्म हो जाती है। बहुत ढूंढने के बाद भी ऐसा कोई उदाहरण नहीं मिलता जिसमें ममता सरकार के द्वारा महिलाओं के विरुद्ध हुए अन्याय पर, विशेष कर के उन केसों में जिनमें आरोप टीएमसी के कार्यकर्ता पर हो उन्होंने कोई संतोषजनक कार्रवाई की हो।
बंगाल चुनाव के दौरान यह देखने को मिला कि बंगाली महिलाओं ने बड़े स्तर पर ममता बनर्जी का समर्थन किया था जिसका आधार वे ममता सरकार की कुछ महिला केन्द्रित योजनाओं को मानती थीं। नारीवादियों की ही माने तो किसी प्रशासक के नारीवाद का पता अर्थात महिलाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति उसकी संवेदनशीलता की परख, उस प्रशासक द्वारा महिला अपराध के विषय पर की गई कार्रवाई के आधार होती है।
इसी मानदंड पर देखें तो ममता बनर्जी का ट्रैक रिकॉर्ड हमें काफी निराश करता है। २०२१ के चुनाव परिणाम के बाद बड़े स्तर पर बंगाल में महिलाओं के साथ हिंसा के मामले सामने आए। १४ जून २०२१ को बंगाल की एक ६० वर्ष की बुजुर्ग महिला, १७ वर्षीय नाबालिग दलित लड़की सहित ३ महिलाएं अपने साथ हुए सामुहिक बलात्कार के अपराधियों को सजा दिलाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय पहुंचीं (संदर्भ: टाइम्स ऑफ़ इंडिया, १४ जून, २०२१)। ये तीनों पीड़ित अपने साथ हुए दुष्कर्म का आरोप तृणमूल के कार्यकर्ताओं पर लगा रही थी। किंतु ममता बनर्जी को नारीवाद की आइकॉन मानने वालों को न तब मिदनापुर और वर्धमान की महिलाओं के रुदन ने विचलित किया और न अब सन्देशखाली की महिलाओं का करुण विलाप।
हैवानियत की पराकाष्ठा तो देखिए कि 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ उसके 7 साल के पोते के सामने सामुहिक दुष्कर्म हुआ और राज्य की सीमा के अंदर उसके लिए न्याय पाना असंभव हो गया, उसी समय देश भर के तमाम स्वघोषित उदारवादी और नारीवादी उस राज्य में एक महिला के पुनः मुख्यमंत्री बनने का जश्न मना रहे थे।
हमारे देश में हर घटनाओं को राजनीतिक नज़रिए देखने की प्रवृत्ति रही है और बंगाल में महिलाओं के साथ हुआ ये भयानक कृत्य भी राजनीति से अछूता नहीं रहा। चूकिं ये घटनाएं राजनीतिक विद्वेष के कारण हो रही हैं इसलिये इन घटनाओं की गंभीरता को नष्ट करने का हरसंभव प्रयास किया गया। इसलिए यहां इसी विषय से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण घटना का ज़िक्र करना मुझें श्रेयस्कर जान पड़ता है जिसका हाल के चुनावी घटनाक्रम और भाजपा की राजनीति से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।
अपने निजी संबंधों के कारण कुछ समय पहले चर्चा में आयी तृणमूल कांग्रेस की सांसद नुसरत जहाँ से यह घटना जुड़ी हुई है। ६ फरवरी २०१२ की रात में कोलकाता के प्रसिद्ध पार्क स्ट्रीट में एक विदेशी महिला के साथ चलती कार में सामुहिक दुष्कर्म हुआ और आरोप लगा अभी के टीएमसी सांसद नुसरत जहां के तब के बॉयफ्रेंड कादर खान और उसके दोस्तों पर। आरोपी फरार होने लगे लेकिन कलकत्ता की तब की जॉइंट कमिश्नर दमयंती सेन के प्रयास से उन सब पर शिकंजा कस लिया गया। जानकारों के मुताबिक केस के चार्जशीट में खुद नुसरत जहां की संलिप्तता भी साबित हो रही थी। उस समय नुसरत जहां की नजदीकियां दीदी से बढ़ने लगी थी और इसका लाभ नुसरत जहां, कादर खान और उसके दोस्तों को बखूबी मिला। नुसरत जहां को इस केस से पूरी तरह बचा लिया गया (संदर्भ: टाइम्स ऑफ़ इंडिया, ३ अक्तूबर, २०१६)। केस की जांच में सक्रिय कोलकाता की जॉइंट कमिश्नर दमयंती सेन का तबादला कर के केस के इन्वेस्टिगेशन को कमजोर कर दिया गया।
2015 में जब केस का ट्रायल शुरू हुआ तब तक पीड़िता की मौत हो चुकी थी। किसी तरह अदालती कार्यो की खाना-पूर्ति हुई और दो आरोपीयों को 10-10 साल की सजा हुई वो भी अब जेल से बाहर आ चुके हैं। जब ये घटना आंशिक तौर पर सुर्खियों में था तब इसको लेकर तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री काकोली घोष से इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “वास्तव में ये घटना दुष्कर्म का नहीं बल्कि वेश्यावृत्ति के लेनदेन में हुए विवाद का है।”
इस तरह का बयान यदि भाजपा का कोई नेता ने दिया होता तो देशभर के महिलावादी उस पर टूट पड़ते किंतु ककोली घोष को इसके बाद 2019 आम चुनाव में टीएमसी का टिकट मिला और वो भी आज तृणमूल की सांसद हैं।
बंगाल की इन घटनाओं को जानने के बाद क्या यह स्पष्ट नहीं होता कि हमारे देश में नारीवादियों का व्यवहार हमेशा राजनीति से प्रेरित होता है? क्या हाथरस से लेकर उन्नाव और मणिपुर पर शोर मचाना और वर्दमान,मिदनापुर और सन्देशखाली पर चुप हो जाना सिर्फ इसलिये न्यायोचित है क्योंकि वहां आपके वैचारिक विरोधियों की सरकार नहीं है? कुलदीप सिंह सेंगर एवं चिन्मयानंद पर शोर और नुसरत-शाहजहां पर चुप्पी इसलिए उचित है क्योंकि नुसरत-शाहजहाँ की नेता ईसाई ‘नन नुमा’ सफेद साड़ीधारी हैं जबकि कुलदीप-चिन्मयानंद का नेता एक भगवाधारी? आख्यानों के षड्यंत्र से बाहर आ कर यह कुछ प्रश्न हैं जिनपर हमें गंभीरता से विचार करना चाहिए।






Leave a Reply