झारखंड की पहली विधानसभा का गठन २२ नवंबर २००० हुआ था, शताब्दी के मोड़ पर नवनिर्मित राज्य के आकार का कार्य प्रारंभ हुआ था। तब से आज तक झारखंड कैसे भ्रष्ट और अवसरवादी राजनीति का केंद्र बना रहा है उस पर हम एक दृष्टि डालते हैं।
प्रारंभ से ही झारखंड राजनैतिक दृष्टि से एक त्रिशंकु राज्य रहा है। कोदाईबांक एक छोटा सा गाँव के बाबूलाल मारंडी नामक व्यक्ति राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बनाए जाते हैं, उनके द्वारा लिए गए प्रमुख निर्णयों में 1932 खतियान को स्थानीयता का आधार बनाया गया और तृतीय श्रेणी की सरकारी सेवाओं को स्थानीय निवासियों के लिए आरक्षित रखा गया। झारखंड के लोगों की बड़ी आशाएँ थी की अब हमारी राज्य का विकास होगा-यहाँ के लोगों की विकास होगा परंतु उन्हे कहाँ पता था की नवजात राज्य की यह आशा इतनी जल्दी टूटने वाली है। दो वर्षों तक सब कुछ सही चलता है, उसके बाद जदयू (हाँ वही नीतीश कुमार जी की पार्टी) के दवाब के कारण बाबूलाल जी को अपनी सत्ता अपने ही दल के विधायक अर्जुन मुंडा जी को सौंपनी पड़ी।
अर्जुन मुंडा झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) से 1995 में कोल्हान की खरसावाँ विधानसभा से विधायक बने थे। 2000 में वे भाजपा से चुनाव लड़ विधानसभा में पहुंचते हैं। बाबूलाल जी द्वारा पारित 1932 खतियान को उच्च न्यायालय अमान्य और अनुचित कहते हुए निरस्त करने के आदेश दे देता है । 1932 को लेकर झारखंड में लोग सड़कों पर उतर चुके थे। प्रथम झारखंड प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं का परिणाम 2004 में आया और उसपर भी हाईकोर्ट ने जांच के आदेश दे दिए।
अर्जुन मुंडा जी की भाजपा पार्टी में पकड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है की उनके परामर्श पर
पार्टी ने 2005 विधानसभा चुनाव अर्थात दूसरी विधानसभा चुनाव में कुछ भाजपा विधायकों की टिकट काट दी
थी। भाजपा की कुल 30 तथा झामुमो की 17 सीटें आईं, किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिले, माने ये
विधानसभा भी त्रिशंकु ही रही। झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन जिन्हे दिशोम गुरु भी कहा जाता है उन्होंने
राज्यपाल के सामने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जस्टिस लाहोटी के नेतृत्व में सर्वोच्च न्यायालय के तीन न्यायाधीशों की बेंच ने राज्यपाल सैयद सिब्ते राज़ी द्वारा सोरेन सरकार की नियुक्ति को ‘संविधान के साथ छल’ घोषित किया। मात्र दस दिनों के बाद ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा पत्र सौंप आए क्योंकि शिबू सोरेन विधानसभा में बहुमत साबित करने में असफल रहे। इसी के अगले ही दिन अर्जुन मुंडा द्वारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली जाती है और वो बहुमत साबित करने में सफल भी रहे। अगले ही वर्ष अर्जुन मुंडा को चार मंत्रियों की समर्थन वापसी के पश्चात राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपना पड़ा।
अब राज्यपाल के सामने एक निर्दलीय चौथा मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले रहा था, भारतीय राजनीति के इतिहास में मधू कोडा जी तीसरे निर्दलीय मुख्यमंत्री थे (ओडिसा के बिश्वनाथ तथा मेघालय के फ़िलोन ने पहले और दूसरे निर्दलीय मुख्यमंत्री होने का कीर्तिमान रचा जा चुका थे)। आप ऊपर पढ ही चुके हैं कि अर्जुन मुंडा की पार्टी में इतनी पकड़ बन चुकी थी कि उनके परामर्श पर कुछ विधायकों का टिकट काट गया था। उन विधायकों में कोल्हान क्षेत्र के जगन्नाथपुर विधानसभा के विधायक मधू कोडा भी थे। मधू कोडा के कारण ही अर्जुन मुंडा को अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी गवानी पड़ी। बात ऐसी है की कोल्हान के एक सड़क को लेकर अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा आमने सामने हो गए। मधु कोड़ा विधानसभा में रो पड़े, अपनी ही सरकार पर आरोप लगाए और उसी दिन शाम को ही सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा कर देते हैं।
निर्धन परिवार से आने वाले मधु कोड़ा निर्दलीय मुख्यमंत्री बनते हैं परंतु सफलता के इस शिखर से तीस वर्षीय का पतन भी उतनी ही तीव्रता से होता है। 2007 में हुआ कोल ब्लॉक आवंटन घोटाला में आयकर विभाग तथा सीबीआई ने झारखंड के मधु कोड़ा व विनोद सिन्हा नामक दो व्यक्तियों के कई सारे ठिकानों पर छापा मारते हैं । सीबीआई के अनुसार ये घोटाला 4 हजार करोड़ का था और इस पूरे मामले में 9 लोगों को आरोपी बनाया गया। अंततः मधू कोड को भी राज्यपाल के हाथों अपना त्यागपत्र सौंपनी पड़ जाता है।
अब शिबू सोरेन जी पुनः राज्यपाल से मुख्यमंत्री की शपथ लेते हैं और इस बारी वो विधानसभा में बहुमत साबित करने में सफल रहे। शपथ लेने के 6 महीनों के अंदर ही व्यक्ति को राज्य के किसी भी विधानसभा से उपचुनाव लड़कर जीतकर आना होता है या विधानपरिषद का सदस्य चुन कर आना होता है लेकिन झारखंड में विधानपरिषद है नहीं इस कारण शिबू सोरेन के पास पहला विकल्प ही बचता है। 4 माह बाद शिबू सोरेन जी तमाड से चुनाव लड़ने को तैयार होते हैं परंतु उन्हे इस बात की जरा सी भी भनक नहीं थी कि उनके ही मंत्री एनोस एक्का ने
झारखंड पार्टी से राजा पीटर को सशक्त कर चुके थे। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे सोरेन मंत्रिमंडल से निकाले गये ईनोस एक्का सोरेन को तमाद उपचुनाव में निश्चित पराजय के लिए चेतावनी भी देते हैं और होता भी वही है। शिबू सोरेन जी चुनाव हार जाते हैं। अब इन सब घटनाक्रम के बाद राज्यपाल के द्वारा झारखंड में 344 दिनों के लिए राष्ट्रपति शासन लगाया जाता है। इसी बीच झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मारंडी जी अपनी एक अलग पार्टी
झारखंड विकास मोर्चा के नाम से बना चुके थे।
2009 में राज्यपाल के अनुशंसा पर चुनाव आयोग चुनाव की घोषणा कर देती है, माने राज्य के बनने के 10 साल
के अंदर ही तीसरी विधानसभा चुनाव। इस चुनाव के परिणाम कुछ इस प्रकार के रहे भाजपा 18; झामुमो 18; काँग्रेस 14;झाविमो 11; अजसू 5; आरजेडी 5; किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं फिर से त्रिशंकु स्थिति बनती है । झामुमो और भाजपा की गटबंधन की सरकार बनती है। शिबू सोरेन जी तीसरी बार शपथ लेते हैं इस बार पुनः बहुमत साबित कर देते हैं लेकिन शिबू सोरेन जी इस समय विधायक नहीं सांसद हैं तो नियमानुसार छह माह के अंदर उन्हे विधायिक चुनाव जीतना आवश्यक होता है। आपको क्या लगता है इस बारी शिबू सोरेन जी जीत पाएंगे! हार जीत का बात तो तब आए जब वो विधायिकी का चुनाव लड़े। जैसा की आपने पढ़ा शिबू सोरेन जी सांसद भी थे और संसद में
शिबू सोरेन ने यूपीए के सार्थन में वोट कर दिया। इससे दुखी भाजपा ने झामुमो से अपना समर्थन वापस ले
लिया, और पुनः सोरेन को उन्ही राज्यपाल के हाथों में इस्तीफा पत्र देना पड़ा। राज्यपाल के अनुशंसा पर राज्य में
दूसरी बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। तीन महीनों बाद कई दौर की मीटिंग्स हुई झामुमो और भाजपा के
बीच भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी चर्चा हुई और पचास पचास प्रतिशत साझा सत्ता पर दोनों दलों की सहमति बनी। इस समीकरण के अनुसार ढाई साल भाजपा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठती उसके बाद ढाई साल झामुमो की सत्ता रहती।
अर्जुन मुंडा जी तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं, बहुमत भी साबित करते हैं और इसमें हेमंत सोरेन जी उप-मुख्यमंत्री का पदभार संभालते हैं। दो वर्ष तक सरकार चलने के बाद हेमंत सोरेन अर्जुन मुंडा जी के साथ अगली सरकार की मंत्रिमंडल की बात करते हैं किन्तु दोनों में बात बनती नहीं और 2 वर्ष 4 माह में सरकार गिर जाती
है, अर्जुन मुंडा जी प्रेस को कहते हैं “हमारी ढाई-ढाई साल की कोई डील नहीं हुई थी, ये सारी झूठी बातें
हैं”। फिर से लगता है राष्ट्रपति शासन, राज्य को बने 13 साल भी नहीं हुए और इसे तीसरी बार राष्ट्रपति
शासन देखना पड़ रहा था। महीने भर बाद ही मीटिंग्स के दौर फिर से शुरू हो गए, इस बार झामुमो कहीं
नहीं जा रही थी, उसके पास कांग्रेस और आरजेडी दोनों दल मीटिंग करने या रही थी। राष्ट्रपति शासन के
6 महीने बाद हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं और यह सरकार दिसंबर अपनी बची हुई
कार्यकाल पूरी कर लेती है।
2014 में चौथी विधानसभा चुनाव होता है, इस चुनाव में मोदी जी कि लहर साफ-साफ देखी जा सकती
थी। झारखंड के लोग अब भाजपा में एक नयी आशा देख रहे थे, मोदी पर उन्हें विश्वास होने लगा था, लोकसभा
की 12 सीटें देने के बाद विधानसभा चुनाव में एनडीए 42 (बीजेपी 37; आजसू 5) 19; झाविमो 8;
कॉंग्रेस 6; निर्दलीय 6, बीजेपी को 37 सीटें दे कर झारखंड की जनता मोदी जी को अपने राज्य सौंप देतीं
है। इसी चुनावी वर्ष में कुछ रोचक घटनाएं भी घटी, जिनमें से एक तो ये थे की बाबूलाल मारंडी की झाविमो
नीतीश कुमार की जदयू के साथ मिल कर चुनाव लड़ रही थी हाँ वही जदयू जिसके कारण बाबूलाल जी
को अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी और उनके ठीक बाद के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा जी अपनी
खरसावाँ विधानसभा हार चुके थे। अब मुख्यमंत्री की दावेदारी में बीजेपी से दो नाम सामने या रहे थे,
पहला रघुबर दास दूसरा सरयू राय, दोनों ही कोल्हान कि जमशेदपुर पूर्वी और पश्चिमी विधानसभा से जीते
थे। पार्टी रघुबर दास को मुख्यमंत्री बनती है, मुख्यमंत्री जी शपथ लेने के बाद अपना मंत्रिमंडल का
विस्तार करते हैं सरकार अपनी काम काज आरंभ कर देती है।
रघुबर दास की सरकार एक साल बाद मूल निवासी नीति लाती है अब स्थानीयता का आधार 1932 के स्थान पर 1985 को कर दिया गया। इस नीति के बाद रघुबर सरकार ने सीएनटी -एसपीटी (छोटानागपुर-टेनेंसी एक्ट और संथाल परगना टेनेंसी एक्ट) ऐक्ट में संशोधन का बिल ले आई, इन दोनों के विरोध में पूरी राज्य की जनता सड़कों पर उतर चुकी थी। 1 जनवरी 2017, खरसावाँ गोलीकांड में शाहिद हुए आदिवासियों को श्रद्धांजलि देने स्मारक स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री के ऊपर कोई जूता फेंक देता है। 500 लोगों के विरुद्ध FIR होती है। कुछ समय बाद रघुबर दास की सरकार के विरुद्ध पारा शिक्षक और आँगनबाड़ी सेविकाएं दोनों ही सरकारी कर्मचारी सड़क पर उतार चुके थे, और
उनपर सरकार द्वारा किया गया लाठीचार्ज, रघुबर सरकार के ताबूत पर दूसरी कील थी। रघुबर जी के ही मंत्री सरयू
राय (हाँ वही मुख्यमंत्री के दावेदार) के स्वर मुखर होने लगे थे, राय जी के द्वारा दिल्ली पार्टी ऑफिस में भी शिकायत किया जा रहा था। उस जूता कांड के एक वर्ष बाद याने 1 जनवरी 2018 को रघुबर सरकार के गिरने की पूरी पटकथा रची जा चुकी थी, कुछ भाजपा के लोग और कुछ के भी लोग शामिल थे इस पटकथा में, वो तो रघुबर जी खरसावाँ नहीं आए और उनकी सत्ता बच गई। रघुबर जी की पार्टी में पकड़ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता था की विधानसभा चुनाव के एक साल पहले ही विधायकों की टिकट कट जाने की खबर सामने आने लगी थी और हुआ भी ऐसा, विधानसभा चुनाव में कई विधायकों की टिकट कट गई। और यही रघुबर सरकार के ताबूत कि अंतिम कील थी।
2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए 12 (बीजेपी 11; आजसू 1) को सीटें देने वालों झारखंड की जनता
विधानसभा में अलग ही मूड में थी, विधानसभा में बीजेपी और आजसू दोनों अलग लड़ रहे थे।चुनाव परिणाम कुछ इस प्रकार से रहा – यूपीए 51 (झामुमो 30; कॉंग्रेस 18); भाजपा 26; आजसू 2; निर्दलीय 2 । सरकार पर जाने से पहले निर्दलीय के बारे में जान लेते हैं। जिनकी टिकट भाजपा ने काटी थी उनमें से एक सरयू राय जी भी थे, राय जी पूरे वागी तेवर में रघुबर दास के विरुद्ध जमशेदपुर पूर्वी से मैदान में थे और पूर्वी की जनता ने राय जी को चुना। फिर
से भाजपा के किसी मुख्यमंत्री को टिकट काटने के चक्कर में कुर्सी गवानी पड़ी। अब हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनती है और सरकार अपनी काम काज आरंभ करती है। बाबूलाल मारंडी जी नरेंद्र मोदी जी के मंच में दिखे और प्रेस को बताया गया कि झाविमो का विलय भाजपा में कर दिया गया है, किन्तु झाविमो के दो विधायक कॉंग्रेस में चले गए और उनके अनुसार झाविमो का विलय कॉंग्रेस में हुई है। BJP द्वारा मारंडी जी को नेता प्रतिपक्ष चुना गया। सरकार के द्वारा पहली सरकारी परीक्षा झारखंड प्रदेश लोक सेवा आयोग की गई जिसके परिणाम में धांधली का आरोप लगते हुए कुछ छात्र आंदोलन करने लगे और उन्हे रांची थाना में बंद किया गया।
छात्र वर्तमान सरकार की क्षेत्रीय भाषा नीति, स्थानीयता नीति (६०-४०) के विरुद्ध सड़कों पर आंदोलन करने लगते हैं। सरकार के प्रमुख आईएएस-आईपीएस अफसर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर आ चुके थे। ईडी एक एक को समन भेज गिरफ़्तार करना शुरू कर देती है। पूजा सिंघल से ले कर कई अफसर अंदर गए, रांची के व्यापारी अंदर गए, धीरे धीरे इसकी आंच मुख्यमंत्री तक भी आने लगी, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि से लेकर प्रेस सलाहकार
तक जांच के दायरे में आने लगे और एजेंसी बालू तस्करी, कोयला तस्करी, भूमि घोटाला, मनी लॉन्ड्री जैसे जुर्म में उन्हें अंदर करती गई। उन्ही छात्र आंदोलन से जयराम महतो नाम का एक युवा छात्र नेता उभर कर आया और अब तो उसने अपनी एक राजनीतिक दल भी बना लिया है, जिसका नाम जेबीकेएसएस (झारखंडी भाषा खातियान संघर्ष समिति) रखा। सरकार पर घोटालों की जांच के बीच लाभ के लिए पद का मामला भी आता है, और 2022 में सरकार गिरने की खबर भी आने लगती है। कोलकाता में नक़द धनराशि के साथ झारखंड के तीन विधायक पकड़े जाते हैं। पाँच दिनों के बाद उन विधायकों की कॉंग्रेस के पूर्व नेता और भाजपा वर्तमान मुख्यमंत्री के साथ फोटो सामने आती है।

इसी बीच मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन दिल्ली पहुँचने के बाद संपर्क से बाहर हो गए, कुछ दिन बाद वह पुनः प्रकट होते हैं और जब पत्रकारों ने इससे संबंधित प्रश्न पूछे तो उनका उत्तर “मेरे पास अंतर्वस्त्र समाप्त हो गए थे, उन्हे लेने दिल्ली गया था”। कोई कहता है की बसंत सोरेन खनन लीज मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में गए थे तो कोई कहता है की सरकार गिरने ही वाली थी बस दो विधायक कम हो गए। इसके बाद विधानसभा में शक्ति परीक्षण होता है और परीक्षा में हेमंत सरकार पास हो जाती है।वो तीन विधायक जो पैसों के साथ पकड़े गए थे, वोट नहीं दे पाए। फ्लोर टेस्ट के कुछ समय बाद सोरेन जी ईडी के ऑफिस पहुंचते हैं, २००९ में इसी बिल्डिंग में एनोस एक्का रहा करते थे, वही एनोस एक्का जो किसी समय शिबू सोरेन को हराने का काम किए थे। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एनोस एक्का की इस बिल्डिंग को ईडी २०१८ में अपने अधीन लेती है और २०२१ में अपनी ऑफिस खोलती है। ३ मार्च
२०२३ को कुछ झामुमो के विधायक और कॉंग्रेस के आधे से अधिक विधायक भाजपा में शामिल होने को
तैयार थे, झारखंड बीजेपी के कुछ नेता खुश थे तो कुछ ने साफ कह दिया “अगर वे आते हैं तो हम सब
अलग हो जाएंगे” इन्ही के आस पास एक निर्दलीय विधायक भी थे। अंततः भाजपा आलाकमान उन्हें मना
कर देती है।
२०२३ की समाप्ति के बाद अब २०२४ के प्रारंभ में मुख्यमंत्री हेमंत जी दिल्ली जाते हैं, कॉंग्रेस के वकीलों
से बात करने और भाजपा के केन्द्रीय नेताओं से बात करने, लेकिन हेमंत सोरेन की बात नहीं बनती है और मुख्यमंत्री आवास से प्रवर्तन अधिकारी उन्हे गिरफ्तार कर लेते हैं। हेमंत सोरेन जी त्याग पत्र देते हैं उसके साथ ही एक और
पत्र में चांपाई सोरेन जी स्वयं को विधायक दल का नेता चुने जाने का पत्र राज्यपाल को सौंपते हैं। चांपाई
सोरेन जी झारखंड के १२वें मुख्यमंत्री तथा कोल्हान के सरायकेला से विधायक चुने गए हैं। जातीय चिन्हों और स्थानीय पहचानो के नाम पर हुई राजनीति पर बना खनिज संपदा से संपन्न झारखंड की निर्दोष, स्वच्छ और स्थिर नेतृत्व की खोज क्या यहाँ पर थमेगी, यह अनुमान अभी राजनीतिक विमर्श का विषय बना ही हुआ है। इसी विमर्श का परिणाम एक प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण परंतु अत्यंत पिछड़े राज्य के भविष्य के पथ का निर्धारण करेगा।






Leave a Reply