
“कांग्रेस एक ऐसा पत्थर हो गया है जिसे पूजा नहीं जा सकता है, जिसे गले में बांध कर सिर्फ़ आत्महत्या के आकांक्षी दल स्वयं को विसर्जित कर सकते हैं, यह नीतीश जैसे अनुभवी नेता को स्पष्ट हो गया ही होगा। “
राहुल गांधी का एक वीडियो आज वायरल हुआ है, जिस में तेलंगाना लाइसेंस प्लेट वाली बस से की जा रही अपनी न्याय यात्रा के मध्य कुछ युवाओं के साथ बैठ के बातचीत कर रहे हैं और कह रहें हैं कि वे चाहते ही थे कि हिमन्त बिस्वा सरमा और मिलिंद देवरा जैसे लोग कांग्रेस को छोड़ दें। उनके साथ के अदीदास और रिबॉक पहने हुए अभिजात्य युवक प्रसन्न हो कर उन नेताओं के पार्टी छोड़ देने पार खींसे निपोड़ देते हैं जिन्होंने पार्टी को अपने जीवन के दशक दिये हैं। इसमें दो बातें बड़ी स्पष्ट हो कर निकलती हैं- एक, पार्टी अपने स्थापित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सामूहिक बहिर्गमन को लेकर कितनी संवेदनशील है, दूसरा, राहुल गांधी, जो अब कांग्रेस में उत्तरप्रदेश से भगोड़े और वायनाड के मुस्लिम-बहुल संसदीय क्षेत्र के सांसद मात्र हैं, अब भी पार्टी को अपनी ज़मींदारी ही मानते हैं अन्यथा वह इस प्रश्न के उत्तर के लिये पार्टी अध्यक्ष को अधिकृत करते।
पार्टी नेतृत्व त्यागने के नाटक के बाद भी किस प्रकार गांधी परिवार पार्टी का स्वामित्व त्यागने को तैयार नहीं है यह पार्टी के दक्षिण के सहयोगियों और बिहार तथा उत्तरप्रदेश के सहयोगी नेताओं के सनातन विरोधी व्यवहार पर चुप्पी को भी बताता है और रामजनभूमि के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा की गई उपेक्षा को भी समझाता है। यदि वैचारिक स्तर पर कांग्रेस के गांधी परिवार के खूँटे से बंधे रहने की विवशता को हम नहीं समझ सकें तो भी जिस प्रकार एक सामान्य केरल के सांसद की अभिलाषा और आकांक्षा की परिपूर्ति के लिए एक वृद्ध होता, जनता से निरंतर विमुख होता जाता राजनैतिक दल अपने क्षीण होते आर्थिक संसाधनों को न्याय यात्रा का नाम पर दांव पर लगा रहा है, उससे भी यह स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस बीस वर्षों के अंतराल के पश्चात एक छद्म चुनाव करा कर भी एक ही परिवार की जागीरदारी बनी हुई है। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस और वामपंथी शासन के समक्ष लाठी, गोली खा चुके महागठबंधन के दलों के घाघ नेताओं को देर सबेर यह समझ में आ जाना स्वाभाविक ही था कि कांग्रेस के इंडी गठबंधन में जुड़ाव के पीछे केंद्र में सत्ता परिवर्तन का कोई साझा स्वप्न नहीं, वरन् गांधी परिवार की राजनीतिक हैसियत के टिमटिमाते दिये की बुझती लौ को प्रज्ज्वलित रखने का हताश प्रयास है।
भले ही कांग्रेस अपने को स्वतंत्रता पूर्व के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का वास्तविक रूप बताती है, सत्य यह है कि १९६९ में इंदिरा गांधी द्वारा पार्टी अध्यक्ष निंजलिंगप्पा को निलंबित करने से लेकर दिसंबर १९९७ में कांग्रेस सदस्य बनने वाली सोनिया गांधी के प्रभाव में जनवरी १९९८ में दलित कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी को पार्टी कार्यालय में बंद करने वाली कांग्रेस पूर्णतया एक निजी संस्थान हो चुकी थी जिसका प्रारंभ इंदिरा गांधी ने कांग्रेस से अलग हो कर कांग्रेस (आर) बना के किया था। युवाओं को अनेक मिथ्या आख्यान पढ़ाये जाते हैं यह स्थापित करने के लिए कि कांग्रेस वही दल है जिसने स्वतंत्रता के संग्राम में भाग लिये। तथ्य यह है कि १९७८ में, आपातकाल के पश्चात जब दल का विभाजन हुआ तो चुनाव आयोग ने इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाले घटक को मूल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मानने से मना कर दिया था और इसी समय उसे कांग्रेस के पारंपरिक ‘गाय -बछड़ा’ चुनाव चिन्ह से वंचित कर के उसे कांग्रेस (आई) अथवा इंदिरा कांग्रेस माना गया और हाथ का वह चुनाव चिन्ह दिया गया जिसे आज भी कांग्रेस उपयोग करती है। यह संभवतः प्राकृतिक न्याय ही है कि जिस पार्टी की केरल यूनिट के अधिकारी सार्वजनिक रूप से एक निर्दोष गाय के बछड़े का वध करते हैं, और जिसके साथ आगे राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा करते हैं, उसके चुनाव चिन्ह में आज गाय और बछड़ा नहीं है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का चुनाव चिन्ह ‘दो बैलों की जोड़ी’ था, जब इंदिरा ने १९६९ में कांग्रेस को तोड़ा तो मूल कांग्रेस का नाम कांग्रेस (ओ) (ओल्ड अथवा ओरिजिनल) रहा, इंदिरा की कांग्रेस कांग्रेस (आर) हुई और उसे गाय बछड़े का चिन्ह मिला। १९७८ में जब कांग्रेस (आर) का पुनर्विभाजन हुआ तो इंदिरा ने अपनी कांग्रेस आई बनायी। इसे हाथ का चुनाव चिन्ह मिला। इस प्रकार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से पृथक हो कर कांग्रेस (आर) बनी, और उस से पृथक हो के कांग्रेस (आई) बनी। ऐसी मान्यता है कि हाथ का चिह्न केरल के पलक्कड़ में स्थित हेमाम्बिका मंदिर की मूर्ति से है, जो माता पार्वती के हाथों का रूप माना जाता है। यह विडंबना ही है कि वही कांग्रेस आज हिंदू चिन्हों और प्रतीकों से घृणा करने वालों के साथ खड़ी है।

इतने चक्रों से घूम कर आयी कांग्रेस आज अपनी हताशा के उस चरम पर है जब उसे राष्ट्रीय विषय तो दूर, अपने ही दल के सरोकार समझ नहीं आ रहे हैं। जिस दल की खोई हुई भूमि उत्तर भारत में हैं, जिसके राजनैतिक भविष्य की क्षीण ही सही संभावनायें उत्तर भारत में है, वह दल सिर्फ़ इस लिये उन दक्षिण भारतीय दलों की चाटुकारिता में लीन है, जिन दलों की मूल भूमि हिंदू विरोधी और संघीय एकता विरोधी परियरवादी मानसिकता में निहित है। राजकुमार राहुल की मुस्लिम बहुल केरल की संसद सीट को सुरक्षित रखने के लिए दल अपनी राजनीतिक आशाओं और अपने साथ इंडी गठबंधन की संभावनाओं को तिलांजलि देने के लिए तत्पर है।
बहुत लोग नीतीश कुमार के राजद -कांग्रेस महागठबंधन से छिटक के भारतीय जनता पार्टी के साथ आ जाने को उनकी मुख्यमंत्री पद के लोभ से जोड़ रहे हैं। तथ्य यह है कि नीतीश की मुख्यमंत्री की कुर्सी को महागठबंधन में बने रहने से कोई भय नहीं था। यदि उनकी कुर्सी को लालू या लालू की पुत्र तेजस्वी के राज्याभिषेक की लालसा से भय था तो इसमें तो ऐसे असहज गठबंधन की त्रुटिरेखाएँ और भी स्पष्ट हो जाती हैं। यदि उनकी कुर्सी को संकट नहीं था तो फिर उनके उस इंडी गठबंधन से पृथक हो जाना जिसके मूल परिकल्पना के पीछे वह स्वयं थे, उसका कारण सिर्फ़ उनकी राजनैतिक हताशा ही दिखती है। कांग्रेस एक ऐसा पत्थर हो गया है जिसे पूजा नहीं जा सकता है, जिसे गले में बांध कर सिर्फ़ आत्महत्या के आकांक्षी दल स्वयं को विसर्जित कर सकते हैं, यह नीतीश जैसे अनुभवी नेता को स्पष्ट हो गया ही होगा।
कांग्रेस ने अपने चाटुकार -चारणों का जो कुटीर उद्योग राहुल गांधी के गिर्द खड़ा किया है, राजनैतिक अनुभव विहीन है। राहुल गांधी के प्रमुख सलाहकार जयराम रमेश हैं । जयराम रमेश १९९८ में कांग्रेस में शामिल हुए। २००४ में वह पहली बार राज्य सभा पहुँचे। जयराम मूलतः एक विचारक और लेखक रहे हैं। कर्नाटक के जयराम मुंबई और राँची में पढ़े हैं। यह विडंबना ही है कि ऐसे नेता के छाया में उत्तर -भारत विभाजन की राजनीति कांग्रेस में पनप रही है। जयराम कभी भी कोई लोकसभा का चुनाव नहीं लड़े हैं। राहुल गांधी के दूसरे प्रमुख सलाहकार प्रवीण चक्रवर्ती हैं। यह कांग्रेस की डेटा एनालिटिक्स या आँकड़ा विश्लेषण संस्था के अध्यक्ष हैं। कांग्रेस की सोशल मीडिया गतिविधियों का उत्तरदायित्व प्रवीण के पास है। प्रवीण ने कॉग्रेस की सदस्यता २०१८ में ली। राजस्थान में पढ़े, एवं विदेश में रहे यह दक्षिणभारतीय नवोदित नेता विवादित उत्तर -दक्षिण भारत विभाजक ट्वीट के लिए चर्चा में रहे हैं। इनका अपना स्वनामधन्य पोर्टल है जो इनके राजनीतिक चातुर्य की भूरि भूरि प्रशंसा करता है। इन्होंने कभी कोई चुनाव नहीं लड़ा है। कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ की अध्यक्ष और पार्टी की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत हैं। यह पहले एक वाणिज्यिक समाचार चैनल की पत्रकार थीं। यह एक लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं और उसमे इनकी ज़मानत ज़ब्त हो गई थी। राहुल गांधी के निकटतम सलाहकारों में एक बड़ा नाम रणदीप सिंह सुरजेवाला का है। यह भी राहुल जी की भाँति इस लिये महान हैं क्योंकि इनके पिता जी भी महान थे। इनके पिता कांग्रेस के सांसद रहे हैं। रणदीप राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के चुनाव रणनीतिकार हैं। यह अपने चुनाव क्षेत्र से २०१९ का चुनाव हार गये थे और राज्यसभा में कांग्रेस के सांसद हैं। पार्टी के बाहर से नवआगंतुक कन्हैया कुमार भी राहुल गांधी के अंतरंग नेताओं में से हैं। कन्हैया वामपंथी दल से कांग्रेस आये हैं और भारत विभाजक नारों के लिए प्रसिद्ध हैं। कन्हैया छात्र राजनीति से सीधा चुनावी राजनीति में सीपीआई द्वारा २०१९ में उतारे गए थे और भारतीय जनता पार्टी के गिरिराज सिंह से चार लाख वोट से हार गये थे। यह राहुल गांधी की सलाहकार मंडली है। इस मंडली के दो ध्येय हैं – राहुल गांधी को खबर में रख के स्वयं को प्रासंगिक रखना, पार्टी के संसाधनों का प्रयोग इस एकमेव मंतव्य के लिए उपयोग करना। ऐसे ही चुनाव में असफल लोगों का ही हाथ पंजाब में अनुभवी अमरिंदर सिंह को हटा के और नवजोत सिद्धू को किनारे कर के चन्नी को लाने के पीछे रहा होगा।
राहुल गांधी की केरल की सांसद की सीट को सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस ना सिर्फ़ अपने बल्कि सहयोगी दलों के भविष्य को भी ताक पर रखने को तत्पर दिखती है। २०११ की जनगणना के अनुसार वायनाड में २९% प्रतिशत मुस्लिम आबादी है, और २१ प्रतिशत ईसाई जनसंख्या है। संभवतः यही कारण प्रियंका गांधी वादरा का फ़िलिस्तीन के मसले पर अतिउत्साह और कांग्रेस का ईसाई कुकी दलों का मणिपुर में समर्थन के पीछे हो सकता है, जिसके आगे वे समस्त राष्ट्र के विचारों की दिशा की उपेक्षा करने को तैयार हैं। परंतु समाजवादी पार्टी, तृणमूल अथवा जनता दल संयुक्त के लिए अपने मतदाताओं की उपेक्षा कर के राहुल गांधी को सांसद बनाने के एकमात्र उद्देश्य से बने केरल से इतर समस्त भारत में आधारहीन मुस्लिम लीग, वामपंथी दलों के साझा तंत्र के साथ जुड़कर राजनैतिक आत्महत्या करना सहज नहीं होगा। राष्ट्रीय जनता दल भी कांग्रेस की भाँति वृहत् राजनैतिक आवश्यकताओं से इतर शून्य सांसदों के साथ नयी पीढ़ी अर्थात् परिवार की संतानों के लिए सुरक्षित स्थान तलाशने की क़वायद में है, इस लिये हिंदू विरोधी धार्मिक वक्तव्य के साथ है और कांग्रेस के साथ बनी हुई है। अपने दलों के लिए स्वतंत्र अस्तित्व का स्थान ढूँढने वाली पार्टियों के लिए व्यक्तिवाद के मोह में फँसे दलों के साथ महत्वाकांक्षा साधना कठिन है क्योंकि उनका तंत्र अपने अपने युवराज के प्रति प्रतिबद्ध है, भले ही उस से उन के गठबंधन के सहयोगियों की हानि ही क्यों ना हो।
नीतीश का राजनैतिक अवसरवादिता का इतिहास सर्वविदित है, परंतु इस बार का परिवर्तन अतिअभिलाषा का कम आत्मरक्षा का प्रयास अधिक दिखता है। ममता के भी कांग्रेस के अप्रासंगिक हुए वामपथियों से जुड़े रहने के हाथ के कारण इंडी गठबंधन से टूटना इसी समस्या को दर्शाता है। कांग्रेस से अलग होना इन दलों के राजनैतिक अस्तित्व के लिए आवश्यक हो गया है। नीतीश को भी भान होगा कि अगले बिहार चुनाव में संभवतः वह भाजपा -जदयू के साझा मुख्यमंत्री उम्मीदवार नहीं होंगे। परंतु व्यक्तिवादी सिद्धांतहीन दलों के साथ जुड़ कर अपने लिए कर्पूरी ठाकुर जी वाली वह धुली -धूसरित भुलाई गई व्यक्तिगत विरासत नहीं चाह रहे होंगे जिसका उद्धार करने के लिए कई दशकों बाद एक नरेन्द्र मोदी को आना पड़े। एक कहावत है कि मनुष्य का आधा जीवन अस्तित्व की वैधता की तलाश में और बाद का आधा जीवन विरासत की खोज में जाता है। नीतीश संभवतः अपने लिए उस विरासत की तलाश में हैं जो उनके बाद उनकी स्मृतियों को जनता के विचारों से विस्मृत ना होने दें। नीतीश के पास यह अवसर है अपने अंतिम कार्यकाल के बर्बाद हुए समय को उचित आकार देने का जो बिहार का भला करे। बिहार आज भी विकास के समस्त मानकों पर राष्ट्र में सब से पीछे है। नीतीश विक्रम और वेताल के विक्रम की भाँति पीठ पर लटके अपने राजनैतिक प्रेत से तो मुक्त हो गये, प्रश्न अब यह है कि क्या वह बिहार को उसी प्रकार बीमारू राज्य की सूची से बाहर ला पायेंगे जैसे उत्तर प्रदेश में योगी कर रहे हैं और मध्यप्रदेश में शिवराज चौहान कर गये हैं ताकि उनके बाद बिहारवासियों को कांग्रेस के तेलंगाना के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री के मुख से अपशब्द ना सुनने पड़ें। नीतीश की आलोचना के समय दो महत्वपूर्ण पक्ष हैं। एक तो यह मतदाताओं के साथ विश्वासघात नहीं है क्योंकि नीतीश को मतदाताओं ने मत भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए ही दिया था, दूसरा, लालू के जातिवादी जंगलराज से अपनी एक एक श्वास के लिए जूझते बिहार को नीतीश ने पहली बार अपने पहले टर्म में संभावनाओं का स्वप्न दिया था। उस समय यही बिहार था जहाँ जनता नौ बजे आधे घंटे बिजली आने की प्रतीक्षा भोजन करने के लिए करती थी। नीतीश के पास अवसर है, और भाजपा के पास भी। पड़ोस में उत्तरप्रदेश से सीखने के लिए समुचित उदाहरण भी हैं।





Leave a Reply