लड़ने वालों से ज्यादा पक्ष लेने वाले लड़ते हैं। बुंदेलखंड में लोग किसी का पक्ष नहीं लेते पिच्च लेते हैं। लड़ाई में कोई अपना ही पिच्च लेता है। पैसे लेकर पिच्च लेने वाले को वकील कहते हैं। वकीलों का काम–धंधा ही पिच्च लेना है। वकीलों के अलावा प्रवक्ता पैसे लेकर पिच्च लेते हैं। मीडिया ट्रायल में प्रवक्ता एक प्रकार से वकील ही होते हैं। यह बड़ा महत्वपूर्ण पद है। आजकल तो लगभग हर संस्था के प्रवक्ता होते हैं। लेकिन राजनैतिक पार्टियों के प्रवक्ताओं की बात ही अलग होती है।
अगर कोई नेता जिसके नेतृत्व में पार्टी चुनाव लड़ रही है, वह पार्टी का चेहरा है तो प्रवक्ता पार्टी की वाणी है। टीवी पर आने वाले प्रवक्ता को इससे अधिक समझा जाना चाहिए। वह पार्टी का चेहरा न सही मुखौटा अवश्य होता है। आपने मुहावरे तो सुने ही होंगे – “दुनिया को क्या मुंह दिखाएंगे”, “दुनिया के सामने कौन सा मुंह लेकर जायेंगे” आदि, प्रवक्ता वही मुंह होता है।
प्रवक्ता को एक ही दिन में कई मुंह बनाकर अलग-अलग चैनलों पर बैठना होता है इसलिए प्रवक्ता बहुमुखी प्रतिभा का धनी होता है। एक ही बहस में कई तरह के मुंह बनाकर, एक ही मुंह से कई बातें कह देने की कला में निपुण होता है।
जीतने पर चुनाव लडने वाले सामने आ जाते हैं लेकिन हारने पर छुप जाते हैं, ऐसे में प्रवक्ताओं को ही “हार में न जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं” कहते हुए डटे रहना पड़ता है। कुछ प्रवक्ता ज्ञानी भी हो सकते हैं। कुछ अल्पज्ञानी भी। कुछ ज्ञान की कमी को गालियों से पूरा कर लेते हैं। कुछ तर्क और तथ्य के साथ बोलते हैं। कुछ क्यों बोलते हैं, यह सुनने वाला समझ नहीं पाता।
कुछ गद्य में बात करते हैं, कुछ पद्य में बात करते हैं। कुछ बिना हद के बात करते हैं। संक्षेप में कहें तो कुछ प्रवक्ता बोलते हैं, कुछ बकते हैं। बकने वाले प्रवक्ता प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्हें बोलने से मतलब है, क्या बोल रहे हैं, क्यों बोल रहे हैं, पांच मिनट बाद वे स्वयं न बता पाएं। गलती उनकी नहीं है। रोज कुछ न कुछ होता है। रोज बहस के मुद्दे बदलते हैं। रोज नए विषय पर नई जानकारी बेचारे कहाँ से लाएं? फिर उन्हें पक्ष भी अपनी पार्टी का ही रखना है। अपनी पार्टी को ही सही बताना है। रायता अध्यक्ष या उनका कोई चमचा फैलाता है, समेटने का काम प्रवक्ता का है।
कुछ पार्टियों के प्रवक्ताओं का काम फूटे बासन पे कलई करने वाला होता है। बड़ी मेहनत से करते भी हैं। लेकिन कब तक करें। फिर चाकर खों ठाकुर भौत और चाकर खों ठाकुर भौत। एक दिन छोड़ देते हैं।
समर्थक या नेता पार्टी बदल लें यह आम बात है, लेकिन जब पार्टी के प्रवक्ता पार्टी बदलते हैं तब बड़ी मुश्किल हो जाती है। आजकल तो चलन में भी है। घर से टीवी स्टूडियों की तरफ निकलते समय प्रवक्ता अलाँ पार्टी के थे रास्ते में झपकी लग गई। एक स्पीडब्रेकर पे झटका लगा तो नींद खुली। जागे तो साथ में अंतरात्मा भी जाग गई। स्टूडियो पहुंचते-पहुंचते फलां पार्टी में शामिल हो गए। हालत तो ऐसी है कि टीवी पर बहस के बीच में विज्ञापन के लिए ब्रेक हुआ, ब्रेक में दूसरी पार्टी में शामिल होकर अलाँ पार्टी के प्रवक्ता फलां पार्टी का पक्ष रखने लगे। दूसरी पार्टी में जाकर पहली पार्टी की पोल पट्टी खोल देते हैं। अध्यक्ष नाम के हैं, पार्टी अमुक चला रहे हैं। पार्टी ही बर्बाद है। फलां पार्टी का नेता ही जिंदाबाद है। उन्हें आत्मज्ञान होता है कि इतने सालों से तो वे कुतर्क कर रहे थे। एक मूर्ख का पक्ष रख रहे थे।
कल तक जो तानाशाह लग रहा था अचानक भामाशाह लगने लगता है। सुबह जिसकी सरकार गिरा कर जेल भेजने के लिए लालायित थे, दोपहर में उसी सरकार का पक्ष लेकर खड़े हुए हैं। दो घंटे पहले जो नीति जन विरोधी थी, अचानक जन कल्याणकारी बताने लगते हैं। अगर कोई दो घंटे के लिए मीडिया-सोशल मीडिया न देखे तो भ्रमित हो जाए कि कौन किसके पक्ष का है।
नेता तो कभी-कभार नजर आते हैं, लेकिन प्रवक्ता टीवी पर रोज़ आते हैं। उनको बदले हुए रंग में देखना ज्यादा अटपटा लगता है। कल तक टीवी पर जो दो प्रवक्ता एक दूसरे की कॉलर पकड़ रहे थे आज एक ही पार्टी का झंडा उठाए खड़े हैं। जनता कैसे देखे ये सब?
लेकिन सौ बातों की बात यह कि प्रवक्ता पर पार्टियों का ठप्पा लगा होता है। अगर न लगा हो तो मूल्य केवल उनके बोलने का है। क्या बोलते हैं वह उस पर निर्भर करता है जिसके पक्ष में बोल रहे हैं। प्रवक्ता उसके हिस्से की गालियाँ भी खाते हैं जिसके पक्ष में बोल रहे होते हैं, असली अभियुक्त साफ बच जाता है। मैं तो यहाँ तक सोचता हूं कि अगर शिशुपाल को श्री कृष्ण को गालियाँ देनी ही थीं तो एक प्रवक्ता रख लेता। अगर उसे प्रवक्ताओं के विषय में पता होता तो अवश्य रख लेता। अगर उस कालखंड में पूतना हो सकती हैं तो कर्णप्रिया भी होती ही होंगीं।
अब आप कहेंगे पार्टियों की पिच्च तो पत्रकार भी लेते ही हैं। उनमें एक अंतर है, वे पार्टियों का पट्टा डाले बिना परोक्ष रूप से ये काम करते हैं अतः बच जाते हैं। उनको अगर तत्काल किसी तर्क का उत्तर न सूझे तो आराम से सोच विचार करके दो-तीन दिन तक उत्तर देते रह सकते हैं। निरुत्तर हो जाने पर उनकी बेइज्जती नहीं होती, उसकी होती है जिसका वे पक्ष ले रहे होते हैं किन्तु प्रवक्ता को तर्क काटने के लिए तत्काल कुतर्क करने का दवाब होता है। पत्रकार होना एक अलग व्यवसाय है। जैसे अधिवक्ता होना है। हमारे विचार से तो जैसे अधिवक्ताई एक पेशा है वैसे ही प्रवक्ताई भी एक अधिकृत और सर्वमान्य व्यवसाय (प्रोफेशनल सर्विस) होना चाहिए। जो पैसा दे उसके पक्ष में प्रवक्ता जाकर कहीं भी बोल आवें। किसी पार्टी का होने का दाग भी न लगे। चाहे तो कोई कंपनी इसपर विचार करके अपनी प्रवक्ता सेवा शुरू कर सकती है। बाद में मत कहना कि लेखक ने यह आइडिया अदानी–अंबानी को दे दिया और अदानी प्रवक्ता एंटरप्राइजेज और जियो प्रवक्ता कंसल्टेंसी सारा धंधा ले गए।






Leave a Reply