
मैंने पूछा नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी शक्ति क्या है? उन्होंने कहा मोदी की शक्ति उनकी ईमानदार छवि है। मैंने कहा- मैं इस शक्ति को छिन्न भिन्न कर दूँगा। मैं उसे ले कर उसके टुकड़े टुकड़े कर दूँगा।
– राहुल गांधी, इंडिया टुडे समूह संपादकीय निदेशक राज चेंगप्पा से १३ मई २०१९ साक्षात्कार
२०२४ के संसदीय चुनाव में राहुल गांधी के नेतृत्व में अपने निरंतर पतन की धारा को पलटते हुए कांग्रेस ९९ सीटों को प्राप्त कर के भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनी। अपने ही दल ले पिछले चुनावों से हर्षोन्माद में डूबी पार्टी चार जून को आये परिणाम के बाद सप्ताह भर तो अपनी पीठ ठोकती रही परंतु तेलुगूदेशम पार्टी और जनता दल -संयुक्त (जदयू) के निशर्त समर्थन के बाद या सत्य कांग्रेस के मन पर स्थान लेने लगा कि नरेंद्र मोदी पुनः पाँच वर्ष के लिए तीसरी बार सत्ता में वापस हैं, और कांग्रेस का प्रथम परिवार पंद्रह वर्ष के सत्ता विछोह के सामने खड़ा है। इस निराशा के मध्य भी कांग्रेस ने शीर्ष नेतृत्व के द्वारा और उसके द्वारा पोषित माध्यमों से मिथ्या प्रचार के द्वारा चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की शक्ति को महसूस किया। पूरे चुनाव में अमित शाह के फ़र्ज़ी वीडियो आरक्षण हटाने की बात को ले कर कांग्रेस के प्रचार तंत्र के द्वारा चलाये गये। राहुल गांधी प्रत्येक रैली में सत्य असत्य से तनिक भी विचलित हुए बिना झूठा प्रचार करते रहे। कहीं उन्होंने कहा कि मोदी सरकार दोबारा आयी तो संविधान समाप्त हो जायेगा, कहीं कहा कि यह अंतिम चुनाव है और इसके आगे चुनाव ही नहीं होंगे। परिणाम आने के बाद राहुल गांधी ने बिना आधार के नरेंद्र मोदी पर प्रतिभूति बाज़ार या स्टॉक मार्केट को चुनावों के निर्गमन सवेक्षण (एग्जिट पोल) के द्वारा प्रभावित करने का आरोप लगाया, फिर कुछ दिन बाद भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय पर महिला उत्पीड़न का आरोप मंच से तथा पार्टी के आधिकारिक हैंडल से लगाया। केरल में जा कर राहुल गांधी ने भाषण में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार को यदि स्पष्ट बहुमत आ जाता तो यह सरकार तमिल और मलयालम भाषाओं पर प्रतिबंध लगा देती। ऐसे आधारहीन आरोप राहुल गांधी पहले भी राफ़ेल से ले कर कई अन्य विषयों पर सरकार पर लगाते रहे हैं। इस चुनाव के बाद कांग्रेस का मिथ्या प्रचार तंत्र विशेष रूप से उत्साहित है। इसी श्रृंखला में राहुल गांधी ईवीएम पर पुनः आक्रामक हुए हैं।
भारत में बैलट पर चुनाव हिंसा, बूथों पर क़ब्ज़े और भारी पैमाने पर धांधली के लिए जाने जाते हैं। भारत में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन अथवा ईवीएम की परिकल्पना १९७७ में की गई और ६ अगस्त १९८० को इसका प्रोटोटाइप समस्त राजनीतिक दलों के सामने प्रस्तुत किया गया। १९८२ में पहली बार केंद्र सरकार के उद्यम भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड के द्वारा निर्मित कर के केरल विधानसभा में चुनाव में उतारा गया। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम १९५१ में इसका प्रावधान ना होने के कारण इस चुनाव को सर्वोच्च न्यायालय ने अमान्य घोषित कर दिया। १९८९ में संसद ने रिप्रजेंटेशन ऑफ़ पीपल एक्ट में संशोधन किया और ईवीएम को आधिकारिक रूप से चुनाव प्रणाली में लिया। १९९८ में पहली बार ईवीएम का प्रयोग विधानसभा चुनावों में मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के २५ क्षेत्रों में किया गया। २००४ में पहली बार ईवीएम का प्रयोग लोकसभा चुनाव में सभी संसदीय क्षेत्रों में किया गया था। इस चुनाव में कांग्रेस सोनिया गांधी के नेतृत्व में १४५ सीटें ले कर पहली बार सुपर सरकार बना कर सत्ता में आयी थी। जब यह व्यवस्था लाई गई थी तो विपक्ष में बैठी कांग्रेस सत्ता में आयी और दूसरी बार सत्ता में बैठी कांग्रेस २००९ में दोबारा सत्ता में आयी थी।
१९९९ में कर्नाटक उच्च न्यायालय में पहली बार ईवीएम पर संदेह उठाया गया। इस अर्ज़ी को उच्च न्यायालय ने ख़ारिज किया। अगला मामला मद्रास उच्च न्यायालय में २००१ में उठाया गया जहाँ न्यायालय ने ईवीएम को हैक होने की संभावना को सिरे से नकार दिया। २००४ और २००९ में ईवीएम पर कांग्रेस दो बार सत्ता में १४६ और २०६ सीटें ले कर सत्ता में लौटी। २०१३ में सुब्रमण्यम स्वामी ईवीएम की प्रमाणिकता को ले कर सुप्रीम कोर्ट पहुँचे। उस समय सर्वोच्च न्यायालय ने वीवीपैट की व्यवस्था ईवीएम में करने का आदेश दिया ताकि मतदाता देख सके कि उसका मत किस दल अथवा प्रत्याशी को पड़ रहा है। ईवीएम के आने के बाद संभवतः यह एक रचनात्मक न्यायिक हस्तक्षेप था जिससे ईवीएम की प्रमाणिकता और भी सशक्त हो गई। २०१४ में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी कांग्रेस सत्ता से चली गई और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी।
इसके पश्चात हताश कांग्रेस के बड़ी तिकड़मों से बनायी हुई सत्ता की व्यवस्था जहाँ दूध, शक्कर से ले कर बैंक, टेलीकॉम और उड्डयन कंपनियाँ तक शक्तिशाली नेताओं के अपने लाभ के लिए उपयोग में आ रही थी, एक ताश के पत्तों के महल की भाँति गिर पड़ी। यहाँ से, जब ईवीएम पर संदेह समाप्त हो जाने थे, कांग्रेस ने उस व्यवस्था के ही प्रति अविश्वास भरने का कार्य कथित रूप से कैम्ब्रिज ऐनालिटिका जैसी चुनावी दुष्प्रचार की विदेशी एजेंसियों के माध्यम से प्रारंभ किया। जिस ईवीएम के द्वारा कांग्रेस स्वयं दो बार सत्ता में आयी, जिसके द्वारा अरविंद केजरीवाल अपनी नवनिर्मित पार्टी के साथ सत्ता में आये, उसके विरुद्ध में आये दिन शंकाएँ उठाई जाने लगी। जहाँ २०१४ के पूर्व के मामले पराजित पार्टी या प्रत्याशी के द्वारा उठाये गये थे, वहीं २०१४ के बाद यह कार्य एक सुनियोजित रूप से उस व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने के लिए किया गया जिस व्यवस्था में कांग्रेस को जनता ने और उसके माध्यम से लोकतंत्र ने नकार दिया था।
२०१८ में कांग्रेस नेता कमलनाथ ने ईवीएम पर सुप्रीम कोर्ट में प्रश्न उठाया और १०% पेपर ट्रेल की माँग की। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को निशंक मानते हुए मामला ख़ारिज किया। २२ नवंबर २०१८ को न्यायभूमि नामक संस्था ईवीएम बंद कर के मतपत्रों द्वारा चुनावों की माँग ले कर न्यायालय पहुँची। इस याचिका को संक्षिप्त रूप से ही न्यायालय ने आधारहीन मान कर बाहर फेंक दिया। फ़रवरी २०१९ में लोकसभा चुनाव के पहले चंद्रबाबू नायडू ने अदालत से पेपर ट्रेल का प्रतिशत बढ़ाने की माँग की। न्यायालय ने व्यवस्था में जनता के विश्वास बढ़ाने के आधार पर पाँच में से एक चुनाव केंद्र पर पेपर ट्रेल की माँग स्वीकार की। सुब्रमण्यम स्वामी के बाद चंद्रबाबू नायडू की याचिका ईवीएम पर अविश्वसनीयता ना पैदा कर के विश्वसनीयता बढ़ाने के सुझाव दे रही थी। इस के बाद छुट पुट ग़ैर सरकारी सामाजिक संस्थाएँ अदालत जाती रहीं और आधारहीन होने के कारण इनकी याचिकाएँ अस्वीकृत की जाती रहीं।
२०१९ के आस पास कांग्रेस के प्रथम परिवार की हताशा अधिक बढ़ने लगी और उन्होंने गुजरात दंगों की छाया में जैसा अंतरराष्ट्रीय दबाव नरेंद्र मोदी पर गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में डाला था, वैसे ही ईवीएम मसले का अंतर्राष्ट्रीयकरण करने का प्रयास किया। जहाँ कुछ याचिकाएँ एनजीओ संगठनों के द्वारा प्रसिद्धि के उद्देश्य से की गई जान पड़ती है, दो याचिकाएँ स्पष्टतः ईवीएम की व्यवस्था को सशक्त करने की हैं। कांग्रेस का इसमें स्पष्ट उद्देश्य एक लोकप्रिय मीम के जैसा है, जिसकी मूल भावना आम भारतीय के हृदय में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अश्रद्धा एवं अविश्वास का भाव पैदा करना है। कांग्रेस ईवीएम के संबंध में सिर्फ़ भारतीय संवैधानिक संगठनों से अपील नहीं की, वरन् समस्त विश्व में भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता को गिराना दिखता है। यह एक प्रकार से यह सिद्ध करने का प्रयास है कि जो लोकतंत्र हमें नहीं चुनता है, वह लोकतंत्र ही नहीं है।
इस बार जो पहली बार के मतदाता हैं, पाँच वर्ष पूर्व १३ वर्ष के बच्चे रहे होंगे तो अभी ईवीएम के कांग्रेसी प्रलाप को नयी चीज़ मान रहे होंगे (वैसे ही जैसे संविधान समाप्त हो जायेगा का स्वाद नया नहीं है, योगेन्द्र यादव ने यही राग २०१९ में भी चलाया था)। लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास को डिगाने का प्रयास कांग्रेस और उसके सहायक २०१४ के बाद से कर रहे हैं। २०१९ के समय तक जनता का विश्वास नरेंद्र मोदी में अविचलित देख कर यह हताशा और बढ़ गई थी। २१ जनवरी २०१९ को इण्डियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, हाँ वही अराजनैतिक, निष्पक्ष पत्रकारों का गिरोह, लंदन में एक आयोजन करता है, जिसकी बहुत चर्चा होती है कि उसमे एक प्रख्यात हैकर ईवीएम हैक करके दिखायेगा। इस हैकर का नाम है, सैयद शुजा। यह सैयद शुजा ज़ुबैर जैसा ही अज्ञात अतीत का बंदा है, जिसे पा कर पत्रकार वर्ग स्वयं को कृतार्थ मान लेता है। सैयद शुजा पत्रकारों को वह देता है जिसकी वे तलाश में थे। वह उन्हें २०१४ में नरेंद्र मोदी की चुनाव में अप्रत्याशित विजय के लिए कारण बताता है, उनकी टिमटिमाती हुई विश्वसनीयता को एक ऐसा स्पष्टीकरण देता है जिसके द्वारा वे स्वयं जो यह समझा सकते हैं कि मोदी की जीत एक तुक्का है, और इसके पीछे षड्यंत्र हैं। वे यह सिद्ध करने में लग जाते हैं उनसे चुनाव पढ़ने में भूल नहीं हुई है, बल्कि चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया ही संदेह के चक्र में हैं।
सैयद शुजा दावा करता है कि १) २०१४ के चुनाव को नरेंद्र मोदी ने ईवीएम के माध्यम से प्रभावित किया इस लिये वे चुनाव जीते २) स्वर्गीय गोपीनाथ मुंडे जी को इस का पता था इस लिए उनका एक्सीडेंट करा दिया गया ३)सैयद शुजा ECIL की १३ लोगों की टीम ने ईवीएम हैकिंग (प्रोजेक्ट Ms7b)पर काम किया था और उसमे से ११ लोगों को सामूहिक हत्याकांड में भाजपा सांसद किशन रेड्डी के साले काकी रेड्डी के हैदराबाद के गेस्ट हाउस में १३ मई २०१४ को मार दिया गया। इंटरनेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तेजस्वी पत्रकारों को यह सब सैयद शुजा अमेरिका से ईमेल साक्षात्कार में बताता है, और उत्साहित पत्रकार ११ जून २०१९ को उसके लिये एक कार्यक्रम का आयोजन लन्दन में करते हैं जहाँ वो साक्षात ईवीएम हैक करने वाले थे। इंटरनेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीस रे थे जिनके सुचारू मार्गदर्शन में भारतीय लोकतंत्र को वैश्विक स्तर पर निर्वस्त्र करने का यह प्रयास ब्रिटेन में हुआ था। इसी इंटरनेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने मार्च २०२३ में राहुल गांधी का कैम्ब्रिज में पत्रकार समागम का आयोजन किया था, जिस में राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को वैश्विक पटल पर श्रद्धांजलि देते हुए सैयद शुजा के संदेश को आगे बढ़ाया था। आशीस रे का इस कार्यक्रम पर लेख संलग्न है। सैयद शुजा के लज्जाजनक आयोजन के बाद भी आशीष रे राहुल गांधी की भक्ति में लीन लेख कांग्रेस के नेशनल हेराल्ड जैसे मुखपत्रों में लिखते रहे हैं।
सैयद शुजा चार दिन पहले अपने ऊपर हुए हमले का बहाना ले कर इस कार्यक्रम में सशरीर प्रकट होने के स्थान पर वीडियो से जुड़ता है और कुल मिला कर मामले में सनसनी के अलावा कुछ और नहीं बनता है। सैयद शुजा का दावा कुल मिला कर यह रहता है कि उसने विपक्ष में बैठी भाजपा के पक्ष में ‘मिलिट्री ग्रेड फ़्रीक्वेंसी’ के द्वारा ईवीएम हैक किया था, और २०१५ के दिल्ली चुनाव में अरविंद केजरीवाल को भी इसी प्रकार जिताया था। जहाँ इस पूरी पत्रकारी मूर्खता की पत्रकार जगत से ही निंदा होती है, एक वर्ग है जो इस से उत्साहित दिखता है। कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह इसी तमाशे के दिन ट्वीट करते हैं कि “चुनाव आयोग को ७० प्रतिशत विपक्ष की माँग को मानते हुए मतपत्रों द्वारा चुनाव की और वापस लौटना चाहिए अन्यथा लोकतंत्र पर संकट है।”

इस सब में कांग्रेस के फेक न्यूज़ और डर्टी टैक्स विभाग का हाथ इस ट्वीट से दिखता है, वहीं इस महान आयोजन में कांग्रेस के तत्कालीन नेता कपिल सिब्बल सशरीर उपस्थित दिखते हैं। इस पर ममता बनर्जी भी उत्साहित हो कर ईवीएम हटाओ, लोकतंत्र बचाओ वाले ट्वीट करती हैं। इस सारे गोरखधंधे के एक वर्ष पूर्व आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने भी अमेजन से ईवीएम का मॉडल ख़रीद कर दिल्ली विधान सभा में ऐसा ही तमाशा किया था। सनद रहे विधानसभा में किए दावों को न्यायिक प्रक्रिया से मुक्ति होती है। यह भी ध्यान देने योग्य बात है, ममता स्वयं वाम की मज़बूत दशकों से पाँव जमायी हुई सरकार को और अरविंद केजरीवाल कांग्रेस को दिल्ली से साफ़ कर के ईवीएम के माध्यम से ही सत्ता में आये थे। बहरहाल जब कांग्रेस का उद्देश्य ही व्यवस्था के प्रति संदेह उत्पन्न करना हो तो तर्क के लिए स्थान कहाँ रह जाता है। बाद में बहुत सार्वजनिक लांछन प्राप्त करने के बाद कांग्रेस कपिल सिब्बल की इस आयोजन में उपस्थिति से उसे व्यक्तिगत बता कर निकलने का प्रयास करती है। परंतु विपक्ष का इस संबंध ने उत्साह कांग्रेस के इस तमाम घटना में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष संलिप्तता को स्पष्ट कर देता है।
अब सैयद शुजा पर आते हैं जिसे तत्कालीन कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने तथाकथित रूप से एक टोपी से कबूतर की भाँति निकाला था। सैयद शुजा का पहला दावा यह था कि वह अमेरिका में राजनीतिक शरणार्थी बन के रह रहा था क्योंकि भारत में उसकी जान को ख़तरा था। शाह शुजा का दावा यह था कि वह ‘विन सोल्यूशंस’ नाम की कंपनी के साथ एसीआईएल के साथ जुड़ा था और ईवीएम पर काम कर रहा था। शाह शुजा ने अमेरिका में प्रव्रजन जिस आई -९४ फॉर्म के साथ प्रवेश लिया था, उसमे उसका नाम हैदर अहमद सैयद था। इसी फॉर्म के आधार पर अमेरिका की सरकार ने उसे १ मार्च २०१८ को शरणार्थी के रूप में शरण दिया था। अमेरिका की सरकार एक टूरिस्ट वीसा भी जिस प्रकार की गहन जाँच के बाद देती है वह भारत जैसे लोकतंत्र से जाने वाले को प्रताड़ित शरणार्थी किस आधार पर मान लेती है, विचार का विषय है। इस में अमेरिका के विदेशों में सत्ता परिवर्तन की रणनीति का कोई खेल है यह नहीं, क़यास का ही विषय हो सकता है। शुजा सैयद का दावा यह था कि वह विन सोल्यूशंस का कर्मचारी था और उसकी ओर से एसीआईएल के साथ इवीएम प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहा था। उसकी लिंक्ड इन प्रोफाइल न्यूज़ लाउंड्री की जाँच के अनुसार उसे एओसी इंक नाम की कंपनी का संस्थापक बताती थी। दरअसल एओसी इंक एक अमेरिकी रक्षा विभाग में कार्य करने वाली कंपनी है। क्या अमेरिकी सरकारी संस्थाएँ भारत में सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर सैयद शुजा जैसे मोहरे खड़े कर रही थी, यह एक शोध का विषय हो सकता है।
सैयद ने १२ सहकर्मियों की सूची दी थी जो ईवीएम के प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहे थे। इनकी हत्या एक हत्याकांड में भाजपा नेता के साले के फ़ार्महाउस पर कथित रूप से की गई गई थी। किशन रेड्डी के साले का नाम शुजा ने काकी रेड्डी बताया था। जी किशन रेड्डी का एक साला है जिसका नाम श्रीकान्त रेड्डी है। शुजा ने अपनी कथित टीम का विवरण भी कथित इंटरव्यू में अज्ञात पत्रकार को दिया था जिसकी प्रतिलिपि आशीष रे की इण्डियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने सार्वजनिक की।

तेरह लोगों की इस कथित टीम में से ११ की शुजा सैयद के अनुसार हत्या कर दी गई जिसके बाद वह अमेरिका भाग गया। सूची के नाम अपने आप में उत्सुकता पैदा करने वाले हैं, परंतु वह अलग विषय है। शुजा के अनुसार यह गेस्ट हाउस लिटिल फ्लावर जूनियर कॉलेज के पास है। दरअसल इस कॉलेज के आस पास सरकारी और ग़ैर सरकारी संस्थानों के ऑफिस और कैंपस हैं। इस क्षेत्र में ११ लोगों की हत्या के गोलीकांड की कोई सूचना ना पुलिस रिकॉर्ड में है ना ही आम जनता की चर्चा में।
आगे यह कहानी अज्ञात इतिहास वाले और २०१४ के बाद प्रकट हुए पत्रकार मुहम्मद ज़ुबैर के नोकिया इंजीनियर वाली किंवदंती का रूप ले लेती हैं।शुजा का कहना है कि वह जवाहर लाल नेहरू टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट से पीएचडी और रेडियो कम्यूनिकेशन्स में एमइ हैं। उसका यह भी दावा था कि वह शादान कॉलेज से इंजीनियरिंग स्नातक है। दरअसल जेएनटीयूएच में एमटेक की डिग्री होती है और एमइ की डिग्री यह संस्थान देता ही नहीं है। दूसरा इस कॉलेज में रेडियो कम्युनिकेशन की शिक्षा है ही नाइन। शादान कॉलेज से दो इंजीनियर निकले, जिनमे से एक शुजा कोई और था और एक महिला छात्र थी।
शुजा ने अपने पिता का नाम यूसुफ़ अहमद सैयद बताया था और उन्हें २००६ तक BHEL का सहायक इंजीनियर बताया था। इस नाम का कोई कर्मचारी भेल के रिकॉर्ड में कभी नहीं रहा। शुजा के अनुसार वह और उसकी टीम एसीआईएल के सनथ नगर ऑफिस में काम करते थे। सनथ नगर में इस सरकारी कंपनी का कोई दफ़्तर नहीं है।हैदराबाद में विन सलूशन नाम की कोई कंपनी नहीं है जिसके इंजीनियर के रूप में सैयद शुजा कथित रूप से एसीआईएल के लिये काम कर रहा था। वहाँ दो कम्पनियाँ मिलती जुलते नाम की विन आईटी और विन मोबाइल नाम से मिली परन्तु इनका कोई नाता एसीआईएल से नहीं था ना ही इनके यहाँ शुजा नाम का कर्मचारी कभी रहा था। शुजा के अनुसार एसीआईएल के वामसी रेड्डी की बस से कुचल कर हत्या ९ सितंबर २०१८ को इस लिये कर दी गई क्योंकि वह ईवीएम घपले के विषय में जानता था। क्षेत्र के पुलिस थाना प्रभारी के अनुसार वहाँ तीन मृत्यु बस एक्सीडेंट में हुई थी और तीन मृतकों के नाम जनार्दन शिवाजी, अब्दुल हामिद और दशरथ थे। यह दुर्घटना ९ सितंबर को नहीं १० सितंबर को हुई थी। इन घटनाओं के विवरण में महीन त्रुटियों को देखें तो आप समझेंगे कि कितने गहरे स्तर से इस सारे लोकतंत्र की अवमानना का षड्यंत्र चला था। संभवतः योजनाकारों ने यह नहीं सोचा था कि एक एक दिन और नाम इधर उधर होने से उनके षड्यंत्र के परखच्चे उड़ जाएँगे। इस संदर्भ में जिस गहन शोध और अन्वेषण क्षमता का परिचय भारतीय मीडिया ने दिया, उसका उचित प्रशंसा और प्रोत्साहन एक देश के रूप में हमने और एक सरकार के रूप में नरेंद्र मोदी सरकार ने नहीं किया।
जब यह मूर्खता पूर्ण षड्यंत्र उधड़ता चला गया तो कथित रूप से व्यक्तिगत रूप से इस सारे आयोजन में उपलब्ध कपिल सिब्बल थोड़े समय के लिए पीछे हुए परंतु राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के मध्य ये षड्यंत्र बनते रहे। मई २०१९ को, छह महीने बाद ईवीएम पर एक नये सिरे से प्रोपेगंडा आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडलों से शुरू हुआ।आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया नेता सविता आनंद (पूर्व आम आदमी पार्टी नेता, राजेंद्र पाल गौतम की सचिव) ने एक वीडियो साझा करके विदेशों में ईवीएम पर उठते सवालों पर जाँच और सड़क पर उतरने की माँग कर दी। यह वीडियो कथित रूप से एक विदेशी टीवी चैनल ट्राइकलर नेटवर्क (TNN) का था। इस वीडियो में २०१९ चुनाव के बाद ईवीएम बदल देने का दावा किसी सरकारी सूत्र के हवाले से किया गया था। ट्राइकलर न्यूज़ नेटवर्क लंदन की डायना बाइसिन नामक स्त्री का उपक्रम है। डायना रोमानिया की नागरिक हैं और दो व्यापारों के साथ उनका संबंध दिखता है- ट्राइकलर न्यूज़ नेटवर्क और ईवा तांत्रिक मसाज। टीएनएन का रजिस्टर्ड पता लंदन में एक संस्था के नाम पर है जिसका नाम है ‘कंपनी फार्मेशन मेड ईजी’ और इसी पते पर और भी मिथ्या कंपनियाँ हैं।

इसी वेबसाइट पर तथाकथित सैयद शुजा के ईवीएम हैकिंग वाले लंदन कार्यक्रम का वीडियो भी पोस्ट किया गया था। मई २०१९ के चुनाव के समय के इस कारनामे के पहले मार्च २०१९ में भी इस वेबसाइट ने एक अन्य कारनामा किया था। उस समय यह वेबसाइट एक कथित स्टिंग ले कर आया था जिस में कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी का एक नेता ४०% ले कर विमुद्रीकरण में रद्द हुए नोट बदलने का दावा कर रहा था। यह वीडियो कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं के द्वारा २७ मार्च २०१९ को रिलीज़ किया गया था। इस वीडियो को ले कर प्रेस कांफ्रेंस करने वही सूत्रधार कांग्रेस के नेता थे जो अन्य कांडों से भी जुड़े थे। उनका नाम है कपिल सिब्बल।

एक रुचिकर संदर्भ इसमें यह भी है कि इस फ़र्ज़ी न्यूज़ एजेंसी का नाम ट्राइकलर है, जिसका हिन्दी में अर्थ होता है ‘तिरंगा।’ कपिल सिब्बल की कंपनी ने तिरंगा टीवी नाम से एक भारतीय चैनल प्रारंभ किया था। २६ जनवरी २०१९ को यह चैनल हार्वेस्ट टीवी के नाम से शुरू हुआ था और जून २०१९ में चुनावी खेल कूद के बाद इस चैनल ने अपनी दुकान बढ़ा ली।
ईवीएम हैकिंग की मायाजाल में कितना कांग्रेसी और विदेशी हाथ जुड़ा हुआ है, ऊपर लिखी घटनायें पढ़ कर स्पष्ट हो जाता है और यह भी कि कैसे एक एक घटना को जोड़ कर अज्ञात व्यक्तियों को धुरी बना कर आख्यान निर्मित किए जाते रहे हैं। कुछ हद तक इस सब से धरातल पर आधारहीन कपिल सिब्बल जैसे नेताओं का कांग्रेस की राजनीति में महत्व और राहुल गांधी के विदेशयात्राओं का संदर्भ भी खुलता है।
जनवरी में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म (एडीआर) चुनाव आयोग की नियुक्ति व्यवस्था के संसद द्वारा तय की प्रक्रिया के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट पहुँच गया। स्वतंत्रता के बाद ७ दशक तक भारत में चुनाव आयोग के अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर कोई तय प्रक्रिया ही नहीं थी। संविधान ने इस प्रक्रिया के निर्माण का कार्य संसद पर छोड़ था। सत्ता में लगातार बनी कांग्रेस के लिए यह मनमानी व्यवस्था उत्तम थी। मोदी सरकार इस पर व्यवस्था ले कर आयी कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति एक समिति के द्वारा होगी जिस की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करेंगे और इस में संसद में नेता विपक्ष और एक चयनित मंत्री होंगे। इस पर भी बहुत दुष्प्रचार हुआ कि न्यायपालिका को इस चयन समिति के बाहर रख के नरेंद्र मोदी मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों की नियुक्ति पर नियंत्रण रखना चाहते हैं। सत्य के साथ समस्या यह है कि वह बहुत सादा होता है। अब आम जनता यह नहीं समझ पा रही है कि मोदी सरकार के द्वारा बनाये गये नियम के तहत चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में नेता प्रतिपक्ष का भी स्वर होगा। अब तक कोई व्यवस्था ही नहीं थी अतः सोनिया सरकार ने ऐसे व्यक्ति को भी चुनाव आयुक्त बना दिया था जिसे आपातकाल के अत्याचारों के लिए शाह कमीशन ने दोषी माना था। इस का विरोध करने के लिए अब तक कोई विपक्ष का स्वर ही नहीं था।
इलेक्टॉरल बॉण्ड के विषय में भी प्रश्न उठे और एडीआर इस पर भी सुप्रीम कोर्ट पहुँचा। कुछ डिजिटल मीडिया से जुड़ी एक संदेहास्पद महिला पत्रकार पूनम अग्रवाल ने इलेक्टोरल बॉण्ड को लेकर विचित्र सा दावा कर के सनसनी फैला दी। पूनम ने पहले आरोप लगाया कि उसने २०१८ में दो इलेक्टोरल बॉण्ड ख़रीदे थे और एसबीआई के द्वारा सुप्रीम कोर्ट में जमा किए गए डेटा में वह २०२० में दिख रहे हैं। इस प्रकार उसने सुप्रीम कोर्ट में स्टेट बैंक द्वारा शपथ पत्र के अन्तर्गत जमा किए विवरण को ग़लत बता के आपराधिक शरारत का आरोप लगा दिया। जब सर्वोच्च न्यायालय ने इसका संज्ञान लेते हुए पूनम से तथ्य प्रस्तुत करने को कहा तो पूनम ने कोविद काल के परेशानियों के आधार पर स्मृति क्षय का बहाना बना लिये। अफ़वाहों को जहाँ पहुँचना था, कांग्रेस के सशक्त सोशल मीडिया ने निर्भीक हो कर पहुँचा दिया। ना तब आशीष रे की विश्वसनीयता पर कोई प्रभाव पड़ा था, ना आज पूनम अग्रवाल की पत्रकारिता पर।

एडीआर का प्रारंभ चुनाव सुधारों के संदर्भ में अवश्य ही अच्छा रहा था परंतु भूतपूर्व आम आदमी पार्टी नेता प्रशांत भूषण और अब भूतपूर्व कांग्रेस नेता (वर्तमान में समाजवादी पार्टी समर्थित सांसद) कपिल सिब्बल के जुड़ने के बाद से एडीआर चुनाव सुधारों से अधिक चुनाव और लोकतंत्र में ही भ्रम बनाने में लगी दिखती है। विदेशी संस्थाओं के साथ ऐसी शक्तियों के लयबद्ध हो जाने के विषय में हम ऊपर लिखी घटनाओं से सहज अनुमान लगा सकते हैं।
इस चुनाव में दुष्प्रचार का चुनाव परिणाम का इतना अधिक प्रभाव हुआ है कि यह लगता है कि सैयद शुजा के मामले में, ट्राइकलर न्यूज़ नेटवर्क के मामले में इतनी शोधपूर्ण जाँचों के द्वारा तथ्य उद्घाटित हो जाने के बाद भी भारत सरकार ने इस ख़तरे को कम कर के आँका है। ना तो इन मामलों पर गिरफ़्तारियाँ हुईं, ना ही सरकार ने अपने अधिकृत प्रवक्ताओं को स्पष्टीकरण और तथ्यों को सामने रखने के लिए आगे किया और सब कुछ नरेंद्र मोदी की भीषण गर्मी में ठीक चुनाव के पूर्व होने वाली आधे घंटे की रैलियों के लिए छोड़ दिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता भी इन सब के मध्य के जोड़ते हुए धागे जो इण्डियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, ईवीएम का भ्रमजाल, विदेशों में झूठा प्रचार, कांग्रेसी नेता, राहुल गांधी की विदेश यात्राएँ – इन पर प्रमुख टीवी चर्चाओं में बोलने से संभवतः अपनी भलमनसाहत के कारण बचते रहे।
देश के जनतंत्र पर कितना बड़ा ख़तरा तैर रहा है यह इससे भी स्पष्ट होता है कि कैसे स्टॉयक नामक विदेशी संस्था ने कृत्रिम मेधा अथवा आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस के द्वारा कांग्रेस के पक्ष में चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास किया था। इसी प्रकार कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता के हैंडल से रणवीर सिंह का मोदी सरकार की आलोचना करता हुआ फ़ेक वीडियो चलाया गया। ऐसे ही गृहमंत्री अमित शाह का कृत्रिम वीडियो वायरल हुआ जिसके आधार पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व ने बड़े बड़े मंचों से भाजपा पर आक्रमण किया और इस फ़ेक वीडियो को सार्वजनिक मान्यता प्रदान की। इपसॉस के २०२२ के सर्वे के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय अपनी विश्वसनीयता में सेना और रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया के बाद तीसरे स्थान पर है। सर्वोच्च न्यायालय इसके पीछे और सीबीआई इसके बाद आता है। परंतु सोशल मीडिया के संसार में ऐसी विश्वसनीयता पल में पलट सकती है। नरेंद्र मोदी सरकार पुनः सत्ता में है, परंतु आशा है जिन महत्वपूर्ण राजनैतिक घटनाओं को वह दस वर्षों से प्रभावहीन समझ के उनकी उपेक्षा कर रही थी, उन्हें संज्ञान में ले। लोकतंत्र संस्थाओं के प्रति विश्वास और उनके प्रति सम्मान पर आधारित होता है। लोकतांत्रिक सम्मान भय से नहीं विश्वास से होता है। प्रधानमंत्री राष्ट्र की भौगोलिक और राजनीतिक सत्ता के ही नहीं, राष्ट्र के समग्र विश्वास के संरक्षक है। कुटिल षड्यंत्रों के अन्तर्गत फैलायी जाने वाली असत्य राष्ट्रघाती अपराधों में होने चाहिए और इन पर कार्यवाही ठोस और निर्णायक।





Leave a Reply