
हरियाणा की राष्ट्र की राजधानी से निकटता इसका सौभाग्य और दुर्भाग्य दोनों रही है। दिल्ली से निकटता के कारण कांग्रेस नेतृत्व इसे इंदिरा -संजय के काल से अपनी जागीर मानता रहा है, और जिस प्रकार पुराने रजवाड़े सशक्त जमींदारों के साथ हाथ मिला कर निर्धन जनता और जागीरों की प्राकृतिक संपदा का दोहन करती रही है, उसका उदाहरण हमें हरियाणा में मिलता है।
१९७१ में हरियाणा के मुख्यमंत्री बंसीलाल के द्वारा जैसे रातोरात मात्र ३६ लाख रुपए में तत्कालीन कांग्रेस की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र संजय गांधी के निजी उद्यम (कुछ लोग इसे उद्यम के स्थान पर उधम भी बताते हैं) मारुति के लिए ३०० एकड़ कृषि भूमि उपलब्ध करायी गई थी, उसी परंपरा का प्रतिबिम्ब हम आगे वर्तमान गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाडरा के हरियाणा में कांग्रेस शासन में व्यापारिक उपक्रमों को देखते हैं। १९७० मार्च में इस बलात् भूमि अधिग्रहण के विरुद्ध कृषक संघ न्यायालय पहुँचे तो सरकार ने तुरंत ही अपना अधिग्रहण आदेश वापस खींच कर मुकदमे को निरस्त करा दिया। इसके दूसरे दिन ही एक गुप्त अधिग्रहण आदेश निकाला गया और कृषकों से इसे गुप्त रखते हुए उन्हें भू अधिग्रहण के विषय में वार्ता करने के लिए एक दिन का समय दिया गया और समस्त ग्रामीणों को बुलाया गया। जब तक आठ घंटे की वार्ता के पश्चात वे वापस घर पहुँचे तो उन्हें पता चला कि कांग्रेस सरकार ने ‘रक्षा उद्देश्यों’ के लिए उनकी भूमि पर क़ब्ज़ा कर लिया है। आज उसी पार्टी के युवराज स्वयं को किसानों का मसीहा बताते हैं तो वे यह भूल जाते हैं कि उनकी सरकारों ने किसानों के साथ कैसा छल छद्म किया है।
कहा जा सकता है कि यह तो सत्तर के दशक की बात है और तब से तो यमुना में बहुत पानी बह गया है, और अरावली पर कितनी कॉलोनिया कट गई हैं, परंतु, कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व भी हरियाणा के किसानों को उसी हेय दृष्टि से देखता है। जिस प्रकार कांग्रेस प्रायोजित भिंडरवाले ने एक समय हरियाणा पर अपने आतंकियों के साथ कुटिल आक्रमण किए, उसी प्रकार के आक्रमण आज भी पंजाब के धनी खालिस्तान समर्थक किसानों के नाम पर कांग्रेस आज भी करा रही है जहाँ आंदोलन के नाम पर उसने हरियाणा के उद्योग धंधों को बंद करा रखा है। जमींदार वर्ग पर नियंत्रण कर के कांग्रेस सड़कों पर अराजकता फैला रही है और इस शोर के कारण उसे यह आभास हो गया कि किसान उसके साथ हैं। सत्य यह है कि सड़कों पर हिंसा करने के लिए सौ व्यक्ति चाहिए , और मीडिया चैनलों को यही सौ व्यक्ति दिखायी और सुनाई देंगे। तथ्य यह है कि इस हठी प्रदर्शन से प्रभावित हज़ारों लोग अपने घरों में बंधक बने हैं और चुनाव में उन्हें भी स्वर मिलेगा। सबसे अधिक शोर करने वाला व्यक्ति सबसे अधिक लोगों का सरोकार प्रकट करता हो, आवश्यक नहीं है। इसी चुनाव में किसान संयुक्त मोर्चा के नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी को डेढ़ हज़ार वोट भी नहीं मिले।
यही मीडिया के छद्म प्रचार के द्वारा फुलाए गए चंद्रशेखर आज़ाद रावण के संदर्भ में भी दिखता है। अपने उग्र और उद्दंड व्यवहार के कारण चर्चित रावण ने भी मीडिया के समर्थक स्वरों के सहारे स्वयं को बड़ा नेता बना कर हरियाणा में प्रस्तुत किया परंतु इस रावण की भी लंका का दहन दशहरे से पूर्व ही हो गया। जेजेपी के साथ गठबंधन में लड़ी रावण की पार्टी का एक भी प्रत्याशी तीन हज़ार से अधिक वोट भी ना पा सका और जेजेपी -रावण का गठबंधन का साझा प्रदर्शन चुनाव में शून्य पर रुका।
कांग्रेस की इस चुनाव में पराजय को बहुत पंडित कांग्रेस की जाट राजनीति के समक्ष अन्य जातियों का विपरीत -ध्रुवीकरण के रूप में देख रहे हैं। यह वैसा ही आलसी विश्लेषण है जैसे २०१९ के बाद कुछ विश्लेषकों का भाजपा की विजय का श्रेय नीतियों और कार्यक्रमों को ना देकर नरेन्द्र मोदी की उत्तम भाषण कला को देना। रावण की दुर्गति से स्पष्ट है कि जातिवादी राजनीति का समय चुक गया है। जाट, किसी नया जाति की भाँति, एक होमोजेनस व्यक्ति वर्ग नहीं है, और इसे अन्य जातियों पर प्रभुत्व का लोभ दे कर ख़रीदा नहीं जा सकता है। राहुल गांधी की पार्टी का यही प्रयास रहा है कि बिहार-उप्र में शक्तिशाली यादव समाज को एक ओर करो, हरियाणा में जाट -गुज्जर, कहीं ठाकुर-ब्राह्मण- ऐसे ही जातीय विभाजन के माध्यम से सत्ता पर क़ाबिज़ रहो।
जहाँ उत्तरप्रदेश में लोक सभा चुनावों में भाजपा ने उनके मैदान में उनके नियमों के साथ खेलने का प्रयास किया, वहीं एक हिंदुत्व, एक भारत वाले अपने समर्थकों को अकेला कर दिया। भाजपा का समर्थक भाजपा को कांग्रेस की विभाजक राजनीति का उत्तर मानता है, जिसमे जाति, प्रांत के भेद और घृणा के लिए स्थान नहीं है। जैसा तिरुपति लड्डुओं के संदर्भ में हमने देखा, हिंदुत्व ना क्षेत्र तक सीमित है ना ही जाति तक। यहाँ भी सब से मुखर और बड़बोले स्वर वास्तव में अपने समाज का सार्थक प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। भारत में धर्म एक अलग स्तर पर प्रवाहित होता है जो ग़ाज़ियाबाद के मंदिर पर आक्रमण होने पर यादवों को मंदिर की रक्षा में खड़ा कर देती है, और नूह में तीर्थ यात्रियों पर आक्रमण पर खाप को खड़ा कर देती है।
कांग्रेस धनी नेताओं की समझ के आधार पर सम्पूर्ण रूप से तथाकथित शक्तिशाली वर्गों को धर्मच्युत मान कर बड़ी भूल कर रही है। उसका यह मानना कि नूह दंगों के आरोपी मन्नन ख़ान को टिकट देने को हरियाणा का जाट समाज भी उसी प्रकार स्वीकार करेगा जिस प्रकार कांग्रेस से जुड़ा भ्रष्ट कांग्रेसी जाट नेतृत्व कर लेता है, ग़लत सिद्ध हुआ। एक हिंदू विरोधी नेता के रूप में राहुल गांधी यह बात समझ नहीं रहे हैं, और अपने अस्तित्व के लिए कांग्रेस के लिए आवश्यक हुआ जा रहा है कि वे राहुल गांधी से, बल्कि समस्त गांधी परिवार से पार्टी को अलग कर लें। दो बातें कांग्रेस के लिए समझने की हैं- एक, सशक्त जातियां धर्म विहीन नहीं हैं, दूसरा, देश आक्रामकता के नाम पर कांग्रेस की कुटिल राष्ट्रविरोधी भाषा से थक चुका है। उनकी नीति, उनके ध्येय में कोई रचनात्मकता नहीं है। रेल दुर्घटनाओं पर जब वो हँसते हैं तो देश पहले चकित होता था, फिर चिंतित होता था और अब उस से चिढ़ने लगा है। जैसी अपरिपक्व और अनुभवहीन सलाहकार मंडली राहुल गांधी ने अपने साथ जोड़ी है, उस से बेहतर होने की अपेक्षा भी नहीं है। प्रवीण चक्रवर्ती, सुप्रिया श्रीनेत, जयराम रमेश, सुरजेवाला – जैसा कांग्रेस का प्रथम पंक्ति का निर्णायक मंडल है, इनका जनता के बीच कार्य करने का, सफल राजनीति का कोई इतिहास नहीं है। कांग्रेस के शीर्ष पर बैठी मंडली ना चुनाव लड़ती है और ना ही चुनाव जीतने का इतिहास रखती है।
भारतीय जनता पार्टी के लिए एक परिवर्तन दिखा कि इस चुनाव में पहली बार चुनावी गतिविधि पर दिल्ली का नियंत्रण और राज्य इकाई दिल्ली पर निर्भरता कम दिखी। पूरे चुनावी उपक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मात्र चार रैलियाँ हरियाणा में हुई। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के शासन के समय की प्रशासन की कुछ कमियाँ सर्वविदित थीं। आधुनिक भारत में डिजिटल संचार माध्यमों से जनता प्रशासन तक पहुंचती है। भारत के डिजिटल कैपिटल के रूप में प्रसिद्ध और विश्व की सबसे बड़ी तकनीकी संस्थानों का घर गुरुग्राम का प्रशासन इस संदर्भ में बहुत ही नकारा रहा। उत्तरप्रदेश में योगी जी के प्रति जनता के स्नेह के पीछे एक बड़ा कारण, उनकी सरकार के अधिकारियों विशेष रूप से उत्तरप्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पर उठाए प्रश्नों पर तत्पर प्रतिक्रिया रहा है। हरियाणा की पुलिस और प्रशासन सोशल मीडिया पर मृतप्राय रहा है। इसके कारण जनता और सरकार के प्रति संवादहीनता की स्थिति बनती है। नायब सैनी के सरकार में आने के पश्चात इस में परिवर्तन दिखा, आशा है, यह व्यवस्था बेहतर बनेगी। प्रारंभिक दौर में भारतीय जनता पार्टी की चुनावी कठिनाई के पीछे यही संवादहीनता है। प्रदेश का प्रशासन आम जनता तो दूर, खट्टर काल में नेताओं को भी नगण्य ही मानता रहा था। नायब सैनी को इस पर तुरंत नकेल डालनी होगी।
जनसेवा और जन सुरक्षा के लिए प्रशासनिक संवाद के अलावा एक पक्ष धार्मिक विश्वास का भी था। नूह में जिस प्रकार से हिंदू तीर्थ यात्रियों पर आक्रमण हुआ, गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थलों को नमाज़ पॉइंट बनाने के प्रशासन के सहयोग से खट्टर काल में प्रयास हुआ, उसने जनता में भाजपा के प्रति एक अविश्वास भर दिया। जब नायब सैनी जी नूह में यात्रा में स्वयं जाते हैं (या गुजरात में मंडप पर पथराव के दूसरे दिन गृह मंत्री हर्ष संघवी स्वयं आरती में भाग लेते हैं) तो जनता को विश्वास होता है कि सरकार उनके धर्म के साथ है। भाजपा को यह देख कर चलना होगा। सावरकर ने भारत के लिए जिस समय का स्वप्न देखा था, और इस्लामी देश के निर्माण के लिए विभाजन के बाद जिस हिंदू प्रधान राष्ट्र का निर्माण नीति संगत और सहज था, वह बन चुका है। ऐसे में भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के लिए अपनी स्थिति स्पष्ट रखना आवश्यक है।
भारत अब डिजिटल क्रांति के नए युग में प्रवेश कर रहा है, जिसकी अपनी कठिनाइयाँ हैं। भारतीय जनता पार्टी को अब अपनी सोशल मीडिया गतिविधियों को अतिरिक्त धार देने की आवश्यकता है। कैम्ब्रिज एनालिटका (कथित रूप से २०१९ के चुनावों के पूर्व कांग्रेस ने इस विदेशी सोशल मीडिया एजेंसी के द्वारा प्रचार -दुष्प्रचार के माध्यम से चुनाव पर प्रभाव डालने का प्रयास किया था। इस एजेंसी के दफ्तर पर कांग्रेस का पोस्टर भी देखा गया था) अब दूर की कौड़ी नहीं है। कथानक अब डिजिटल मीडियम पर बनते हैं और भाजपा को इसे सक्षम करने की ओर गंभीरता से देखना होगा। विपक्षी कथानक का शिकार होने के स्थान पर कथानक का निर्माता बनने के लिए इसकी आवश्यकता है, साथ ही यह भी ध्यान रखना है कि इस प्रक्रिया में भाजपा का सोशल मीडिया कांग्रेस का प्रतिबिंब ना बन जाये जिस से आम जनता को वितृष्णा हो चली है। भाजपा को अपने नए युवा चेहरों को इसमें अवसर देना चाहिए।
एक जातिवाद के विरुद्ध में जैसा हिंदू एकीकृत हुआ है, उस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपनी नीति पर पुनर्विचार कर के आरक्षण में वर्गीकरण के सर्वोच्च न्यायालय के सुझाव पर सशक्त जातियों के दबाव में ना आ कर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री ने तेइस वर्ष के अपने राजनीतिक जीवन में अनेक सरकारें बनाई हैं, इस तीसरे कार्यकाल में यदि उन्हें भारत का भविष्य बनाना है तो आरक्षण नीति की समीक्षा अति आवश्यक है।





Leave a Reply