२०२४ चुनाव -परिणाम और विश्लेषण
एक बड़ी सुंदर कथा है। एक बार एक व्यक्ति इस जीवन को त्यागने के पश्चात वैकुण्ठ पहुँचा तब परमात्मा ने बड़े स्नेह से उसे अपने साथ बिठाया। उस मनुष्य ने तब ईश्वर से अपने जीवन की लाभ-हानि, सुख -दुख आदि का विश्लेषण करने के लिए अपने ही जीवन पर एक विहंगम दृष्टि का अनुरोध किया। ईश्वर ने उसे जीवन एक रेतीले धरातल के रूप में प्रक्षेपित कर के दिखाया जिस में उसकी यात्रा दो जोड़ी पाँवों के रूप में दिख रही थी। ईश्वर ने उसे बताया कि वह स्वयं किस प्रकार उसके जीवन के संपूर्ण मार्ग में उसके साथ चल रहे थे। सहसा वह व्यक्ति उदास हो गया। पूछने पर बोला- मेरे जीवन के जो सबसे अधिक कठिन समय थे, उस समय आपने मुझे नितांत अकेला छोड़ दिया था। उस समय काल में एक ही जोड़ी पदचिन्ह दिखते हैं। ईश्वर ने मुस्करा कर कहा कि उस समय एक ही जोड़ी पदचिह्न इस लिये दिख रहे हैं क्योंकि उस समय मैं तुम्हें अपनी पीठ पर ले कर चल रहा था।
४ जून २०२४ को विधानसभा के चुनावों के परिणाम आ गये। भारतीय जनता पार्टी अपने स्वतंत्र बहुमत की संख्या २७२ सीटों से दूर रह गई। करेला और नीम चढ़ा यह हुआ कि भाजपा को अपने चुनावी अभियान की सबसे बड़ी क्षति उस उत्तरप्रदेश से हुई जिस उत्तरप्रदेश में शताब्दियों के अन्याय के प्रतिकार के प्रतीक रामजन्मभूमि मंदिर का भव्य निर्माण संपन्न हुआ। तुर्रा यह कि भाजपा अयोध्या की सीट भी हार गई। कहा गया कि जिस रामजन्मभूमि आंदोलन में जुड़ कर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रताड़ना, अपमान और राजनैतिक तथा वैश्विक अस्पृश्यता का अभिशाप झेला, जिस राम जन्मभूमि की मुक्ति के आंदोलन में भारतीय जनता पार्टी के रविशंकर प्रसाद जैसे अधिवक्ता उसे हिंदू समाज का गौरव जान जुड़े रहे, उसी रामजन्मभूमि ने, उसी हिंदू समाज ने भारतीय जनता पार्टी को नकार दिया। कहा यह भी गया कि राम जन्मभूमि मंदिर बनने के बाद भी जैसे उत्तर प्रदेश में नतीजें अनुमानों से उलट आये, इसका अर्थ है कि श्री राम ने नरेंद्र मोदी को नकार दिया। मैं इस संदर्भ में यही कहूँगा कि श्रीराम ने ही भारतीय जनता पार्टी को अपनी पीठ पर उठा कर एक निश्चित विध्वंस से बचा कर पार लगा दिया।जहाँ संसद के परिपेक्ष्य में उत्तर प्रदेश भाजपा के हाथ से फिसलता हुआ दिखा, यह समझना महत्वपूर्ण है कि श्रीराम ने अभी भी एक राज्य के रूप में उत्तरप्रदेश की बागडोर महंत आदित्यनाथ के हाथ में ही रखी है, और अन्य राज्यों में भाजपा की स्थिति अप्रत्याशित रूप से सशक्त कर छोड़ी है। श्रीराम भाजपा के वह अभिभावक हैं जिन्होंने उसे हवा में उछाला तो है परंतु उस गोद में थामने के लिए सशक्त पितृवत् हाथ भी लगा रखा है। विपक्ष यह कहता है कि यदि भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे में ना फँसती तो उसकी स्थिति बेहतर हो सकती थी। मेरा यह मानना है कि यदि श्री राम की कृपा नरेंद्र मोदी पर ना होती तो उनकी स्थिति इस से बुरी हो सकती थी।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी भले ही संसद में २७२ के बहुमत से दूर २४० की संख्या पर रह गई है, कांग्रेस के विजय के तथ्यहीन दावों से हताश होने के स्थान पर तटस्थ भाव से तथ्यों को देखना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी चुनावों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के रूप में गई थी। वहीं विपक्ष का कांग्रेस का भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन (इंडी गठबंधन) एक अस्पष्ट, अनौपचारिक गठबंधन था। विपक्ष के इस गठबंधन का अस्पष्ट एवं अनौपचारिक स्वभाव मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए रखा गया था या घटक दलों के मध्य वैचारिक वैमन्यस्यता के कारण था, यह अलग विषय है। तथ्य यह है कि एनडीए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में चुनाव में एक अधिकृत, औपचारिक गठबंधन के रूप में गया था। इंडी गठबंधन के विपरीत एनडी गठबंधन एक क्षेत्रीय समीकरणों कर आधारित गठबंधन नहीं था। इंडी गठबंधन के सदस्य जैसे तृणमूल कांग्रेस बंगाल में गठबंधन से स्वयं को बाहर और अन्य राज्यों में गठबंधन के साथ बता रही थी, वही वामपंथी दल केरल के बाहर इंडी के साथ और केरल में इंडी से बाहर थे। आम आदमी पार्टी दिल्ली में इंडी के साथ और पंजाब में इंडी के विरोध में थी। ऐसे में एक राष्ट्रीय चुनाव में स्पष्ट रूप से जहाँ इंडी गठबंधन एक अनौपचारिक मंच था, वहीं एनडीए मतदाताओं के लिए एक स्पष्ट विकल्प रहा।
चुनाव में भाजपा के उत्तरप्रदेश के परिणाम निराशापूर्ण रहे, इसमें कोई संदेह नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ८० में से मात्र ३३ सीटें प्राप्त कर सकी और समाजवादी पार्टी (३७) के सामने दूसरी पार्टी रही।कांग्रेस ८० में से ६ सीटें पा कर तीसरे स्थान पर रही।एनडीए गठबंधन के साथ लड़ी आरएलडी को २ सीटें प्राप्त हुई। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी लोकप्रियता को निरंतर बनाये रखने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी ही सीट पर मात्र १ लाख ५२ हज़ार वोटों से ही जीते। इस उत्तरप्रदेश के पराभव के पीछे अनेक षड्यंत्र के सिद्धांतों की अटकलें लग रही हैं, जिसमे उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के मध्य की दूरियाँ, राज्य की अफ़सरशाही की उदासीनता और पार्टी विरोध आदि बताये जा रहे हैं। यह सब अनुमान सत्य हो सकते हैं और सारे अनुमान ग़लत भी हो सकते हैं। परंतु मुझे इस चुनाव में इस महत्वपूर्ण उथलपुथल में चुनाव में मुख्यधारा के राजनीतिक दलों के द्वारा अनैतिक साधनों का उपयोग निर्लज्जता से किया जाना दिखता है।
कांग्रेस और सहयोगी दलों ने अपने मुस्लिम वोट बैंक को मज़बूती से बांधे रखा। पिछले कुछ महीनों में विचित्र सी नियमितता के साथ प्रियंका वादरा फ़िलिस्तीन के समर्थन में ट्वीट करती रही। यह भी ध्यान देने का विषय है कि मुस्लिम समाज के तुष्टिकरण में तनिक भी ढील ना आने देने के विचार से एक भी ट्वीट आतंकी संगठन हमास और उसके द्वारा बच्चों, वृद्धों और स्त्रियों की निर्मम हत्या पर कांग्रेस की उत्तरप्रदेश महासचिव के द्वारा नहीं आया। राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का ना केवल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने पूर्ण बहिष्कार किया, निर्लज्जता से इस बहिष्कार को औपचारिक रूप भी लिखित पत्र के द्वारा किया गया। महाराष्ट्र में वर्तमान मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फड़नवीस के द्वारा पिछले दिनों मस्जिदों से कांग्रेस के समर्थन में मत देने के आग्रह के संबंध में बताया गया है। इस्लामी एनजीओ ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सज्जाद नोमानी ने कुल जमाती-ए -तंज़ीम के उस्मान हिरौली ने महाविकास अघाड़ी के प्रत्याशियों के नाम ले कर मुसलमानों को उनका समर्थन करने का आह्वाहन किया। राजद के लालू यादव ने पूर्ण मुस्लिम आरक्षण का समर्थन किया। राहुल गांधी ने हिंदू शक्ति से लड़ने का आह्वाहन किया। इस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान ख़ुर्शीद और उनकी भतीजी समाजवादी पार्टी नेता मारिया आलम ख़ान का मुसलमानों से मज़हब के नाम पर एकतरफ़ा इंडी गठबंधन के प्रत्याशी को वोट करने का आह्वान करते हुए वीडियो भी वायरल हुआ जिसे उस वीडियो में वे वोट जिहाद कहती हुई दिखी। इस का चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया और उन पर आरोप भी तय हुआ।
जहाँ कांग्रेस और सहयोगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो के समय से मुसलमानों को एक साथ अपने पक्ष में लामबंद कर रहे थे (इस यात्रा में राहुल गांधी ने केरल में उस युवा कांग्रेस के नेता को अपने साथ चलने के लिए चुना जिसने एक गाय के बछड़े को चौराहे पर वध किया था। आगे भी राहुल गांधी की यात्रा मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से निकलती रही। कर्नाटक में नयी नयी बनी कांग्रेस सरकार के माध्यम से भी हिंदू विरोध और मुस्लिम तुष्टिकरण की नीतियों को आगे कर के कांग्रेस कट्टरवादी मुसलमानों को अपने साथ हिंदुओं पर वर्चस्व के विचारों के बल पर जोड़ती रही। कर्नाटक में हिंदू धर्मस्थानों पर कर और मुस्लिम आरक्षण कुछ ऐसे ही प्रयोग थे जिनका प्रतिबिंब महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में देखने को मिला। मुसलमानों के लिए कांग्रेस ने इस चुनाव को १९४६ के पाकिस्तान रेफरेंडम जैसा बना दिया था। चुनाव में कुल ८२ मुसलमान प्रत्याशी थे, जिनमे से पाँच भाजपा से थे, शेष इंडी गठबंधन एवं अन्य दलों से। नयी लोकसभा में २४ मुसलमान सांसद हैं, जिनमे से २१ इंडी गठबंधन में से हैं, एक एआईएमआईएम से असदउद्दीन ओवैसी और दो निर्दलीय हैं- कश्मीर से आतंकवादियों को हथियार देने के आरोप में जेल में बंद इंजीनियर राशिद और लद्दाख से मोहम्मद हनीफ़ा।
पर्याप्त पुनरावृत्ति और लोगों की मानसिक स्थिति की समझ के साथ किसी वर्ग को वृत्त सिद्ध करना संभव नहीं है।
जोसेफ गोबेल्स, हिटलर का नाज़ी प्रचारमंत्री
मुसलमान मतों को मज़हब के माध्यम से बांध कर कांग्रेस ने जोसेफ गोबेल्स की नीति पर हिन्दू मतों के विभाजन पर कार्य किया। राहुल गांधी मंच से जातीय विभाजन और वैमनस्य की बात करते थे और सोशल मीडिया उसे आगे बढ़ाता था। जातीय जनगणना से प्रारंभ हुई विभाजक रेखा संविधान परिवर्तन और उसके माध्यम से आरक्षण के अंत करने के विस्फोटक और मिथ्या प्रचार पर समाप्त हुए। दलित समाज में गृह मंत्री अमित शाह के फ़ेक वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक चैनलों से चलाये गये और इसका परिणाम यह हुआ कि भाजपा का धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ हिंदू दलित वर्ग छिटक गया। विवेकहीन टिकट वितरण इस राहुल गांधी के मिथ्याप्रचार के द्वारा बनाते विभाजित समाज को समझ नहीं सका। ‘एकजुट मुस्लिम और टूट फुट हिंदू’ वोट के सिद्धांत का अगला चरण दलित वोटों को छिटकाने के बाद सवर्ण वोटों को तोड़ना था। अज्ञात ट्विटर हैंडलों से पुरुषोत्तम रूपाला के वक्तव्य को आधार बना के राजपूतों को भाजपा के विरुद्ध भड़काया गया।
राजे रजवाड़े तक अंग्रेजों के सामने झुक गए, उनके साथ पारिवारिक संबंध रखने लगे, रोटी बेटी का रिश्ता रख लिया। परंतु दलित समाज ने अत्याचारों के बाद भी ना तो अंग्रेजों से संबंध रखा ना अपना धर्म छोड़।
– पुरुषोत्तम रूपाला, भारतीय जनता पार्टी, २२, मार्च २०२४
इस वक्तव्य में जाति का नाम भी नहीं है। राजे रजवाड़ों में भारत में अंग्रेजों के समय मुग़ल थे, निज़ाम थे, मुग़ल थे, नवाब थे, मराठे थे, दक्षिण में वोडेयर और समोथीरी (ज़मोरीन) थे। परंतु इस पर किसी मुसलमान हैंडल ने आक्रोश नहीं किया, क्योंकि मुसलमानों में शेख़ -जुलाहे का तोड़ करना नहीं था। निशाने पर मात्र और मात्र हिंदू एकता था। भाजपा में राजपूतों की उपेक्षा का नैरेटिव भी सोशल मीडिया के माध्यम से उतारा गया और सूर्यवंशी राजपूतों की छवि जिसने शताब्दियों बाद मुस्लिम तुष्टिकरण की कांग्रेस नीति से मुक्त हो कर पगड़ी पहनी थी, वह छवि जनस्मृति से विलुप्त हो गई। इस तथ्य को नकार दिया गया कि देश के सबसे बड़े सूबे का और सब हिंदुओं का लाड़ला मुख्यमंत्री क्षत्रिय समाज से आता है, भाजपा के मंच पर सबसे ऊपर नरेंद्र मोदी और अमित शाह के साथ विराजमान होने वाला रक्षा मंत्री राजपूत समाज से आता है। ‘भूरा बाल साफ़ करो ‘ का नारा लगाने वालों के पक्ष में रूपाला के बारंबार क्षमा याचना के बाद भी राजपूत समाज सड़कों पर उतर आया। कैम्ब्रिज अनलिटिका की जिस सोशल मीडिया शक्ति को कांग्रेस २०१९ में धरातल में उतारने में सफल नहीं हो सकी थी, उसे सीएए विरोध की रैलियों में सोशल मीडिया से मुसलमानों की नागरिकता छीनने वाले और कृषि क़ानून को किसान की भूमि छीनने वाले बता कर हिंसक आंदोलनों में परिवर्तित करने के अपने अनुभव को कांग्रेस ने जातिवादी संगठनों के स्वार्थी तत्वों के माध्यम से धरती पर उतार कर इस चुनाव में मूर्त रूप दे दिया। सोशल मीडिया को हवा हवाई मान कर उसकी उपेक्षा करने के स्थान पर उसका धरातल पर उत्तर देना सोशल मीडिया समन्वय के साथ भारतीय जनता पार्टी को सीखना चाहिए। जो पुरुषोत्तम रूपाला ने कहा वह नई दिल्ली में हैदराबाद हाउस से बीकानेर हाउस तक दिल्ली दरबार के समय बनी इमारतों का तथ्य है और यह होलकर, केरल वर्मा, चैत सिंह, रानी लक्ष्मी बाई, नाना साहेब, राव तुलाराम जैसे राजाओं के संघर्ष को कम नहीं करता है। सत्य इन दोनों के मध्य है। वक्तव्य की गंभीरता और विरोध के विकराल रूप को देखें तो स्पष्ट हो जाता है कि यह विरोध नैसर्गिक नहीं था। आज बहुत विश्लेषक रूपाला को दोष दे रहे हैं, परंतु यह वक्तव्य नहीं होता तो कोई और वक्तव्य होता। वक्तव्य में अपने आप में जनता में इतना आक्रोश भरने योग्य विस्फोटक था नहीं यह कोई भी देख सकता है। भारतीय जनता पार्टी के लिए यह प्रसंग सीखने का है कि किस प्रकार सोशल मीडिया की आभासी दुनिया के आक्रोश को वास्तविक धरती के पटल पर उतारा जा सकता है। आज जब एक राजपूत स्त्री सांसद को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मार दिया जाता है तो राजपूत लहू क्यों नहीं उबाल मारता है? क्यों जो मुख्य धारा का मीडिया उस समय करणी सेना से ले कर प्रत्येक राजपूत की प्रतिक्रिया लेने पहुँच रहा था, आज कंगना राणावत के प्रसंग पर मेरठ के राजपूतों से पूछने नहीं जाता। इसका कारण चुनाव समाप्त होना नहीं है। चुनाव नहीं थे तब भी यह माइक ले कर शाहीन बाग की गलियों में भटक रहे थे।
एक अन्य पक्ष कांग्रेस प्रचार तंत्र का निर्विकार भाव से मिथ्या प्रचार करना था। संभवतः अड़ानी-अंबानी के विषय में और पहले आदिवासियों के संदर्भ दिये गये ग़ैर ज़िम्मेदाराना बयानों से पैने किए गए नख दंत का परिणाम है। २०१९ के चुनाव के पहले राहुल गांधी ने वक्तव्य दिया था कि नरेंद्र मोदी चुनाव जीते तो ऐसा क़ानून लाने वाले हैं जिस से सरकार आदिवासियों को बिना चेतावनी और कारण के गोली मार सकती है। बाद में इस पर नोटिस मिलने पर राहुल ने इस राजनीतिक उत्तेजना में दिया बयान कह के पल्ला झाड़ लिया था। यह सोच कर देखें कि यदि राहुल गांधी की राजनीतिक विश्वसनीयता तनिक भी अधिक होती तो देश में रक्तपात कर देते। ऐसे मिथ्या प्रलापों का कोई मूल्य राहुल गांधी को चुकाना नहीं पड़ा है। इस बार नया शगूफ़ा राहुल के हस्ताक्षरों के साथ मतदाताओं में बाँटा गया पैसे देने का शपथ पत्र था। बताते हैं इसका भी चुनावों पर प्रभाव पड़ा है। मध्यप्रदेश में इसका सशक्त तोड़ ऐसे ही शपथ पत्र छपवा कर कूड़े में फिंकवा कर राज्य की भाजपा ने निकाला था। ऐसा प्रभावी तंत्र उत्तरप्रदेश में क्यों नहीं काम लिया गया, यह भाजपा को देखना होगा। सार्वजनिक शख़्सियतों के द्वारा झूठे बयानों का उत्तरदायित्व और उसका मूल्य तय करने के क़ानून आवश्यक हो चले हैं। भले ही कांग्रेस आज भी मतवाली हुई मीडिया के उत्साह के बाद भी भाजपा के ४१% मत प्रतिशत के सामने ९ प्रतिशत ही है, परंतु इन अफ़वाहों के परिणाम भयावह होते हैं और चुनावों के इतर भी समाज में द्वेष और विभाजन फैलाने का माद्दा रखते हैं। इन पर कार्यवाही तय होनी चाहिये, और इनका मूल्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों की प्रतिष्ठा के अनुपात में होना चाहिये।
संघ की उत्तरप्रदेश में चुनावों के प्रति उदासीनता को भी उत्तरप्रदेश के परिणामों से जोड़ा जा रहा है। यह सत्य भी हो सकता है। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का वक्तव्य कि भाजपा भगवा का प्रतीक नहीं है और भाजपा को संघ के समर्थन की आवश्यकता नहीं है, बड़बोलापन ही नहीं, चुनाव के मध्य में आत्मघाती और चिंताजनक है। श्रीराम भाजपा को बचा लाये हैं परंतु इस प्रकार की मूर्खता, वह भी धरातल पर विपक्ष के दुष्प्रचार के समक्ष अपनी अक्षमता के प्रदर्शन के बाद बिना मूल्य के क्षम्य नहीं है। ऐसा व्यक्ति एक राजनैतिक दल के अध्यक्ष की भूमिका में आगे चलने के योग्य नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के उग्र और शरारती सोशल मीडिया प्रचार को कम कर के आँका अन्यथा जहाँ जातीय रैलियाँ कांग्रेस के पक्ष में जातिवादी संगठन करा रहे थे वहीं, उसी दिन भाजपा को हिंदू एकता सम्मेलन आयोजित कराने चाहिये थे। इस टूट कर परिणाम यह रहा कि सवर्ण हिंदू जाति में टूट गया और दलित हिंदू आरक्षण की चिंता में मुस्लिम समर्थक दलों के साथ जुड़ गया। यह स्थिति जयपाल सिंह और जे न मण्डल के प्रारंभिक पाकिस्तान और मुस्लिम लीग प्रेम से भिन्न नहीं है। भाजपा ने इस से लड़ने का कोई तंत्र नहीं निर्मित किया। पिछली बार की ३०३ सीटों में से जीती हुई ९२ सीटें जो भाजपा २०२४ में हारी है, उसमे से २९ अनुसूचित जाति और जनजाति की थी। २०१९ में जहाँ भाजपा ने ७७ सीटें जीती थी, २०२४ में यह संख्या घट कर ४८ रह गई। भाजपा अध्यक्ष को इसका उत्तरदायित्व लेना चाहिये।
यह भाजपा पर श्रीराम का आशीर्वाद है कि आज भी भारतीय जनता पार्टी अकेले इंडी गठबंधन के सारे दलों की सीट संख्या से अधिक है (२३२ के समक्ष २४०)। उसके पूर्ण बहुमत में सहयोगी दल वह हैं जो एनडीए के गठन के समय उसके निर्माताओं में से हैं। कर्नाटक में जहाँ कांग्रेस ने हाल में ही सरकार बनायी थी, वहाँ भाजपा के पास कांग्रेस से दोगुनी सीट हैं (भाजपा -१७, कांग्रेस ९, एनडीए-१९)। तेलंगाना, जहाँ कांग्रेस ने अभी ही सरकार बनायी थी, भाजपा ने आधी सीट छीन ली हैं (भाजपा -८, कांग्रेस -८)। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री समेत एक कोरबा छोड़ कर कांग्रेस साफ़ है, मध्यप्रदेश में भाजपा ने २९ की २९ सीटें जीती हैं और कमलनाथ का गढ़ भी इस बार हाथ से निकल गया है। हिमाचल भी कांग्रेस ने हाल में ही जीत था, वहाँ भी सारी संसदीय सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीती हैं। भारतीय जनता पार्टी और उसके समर्थक दल आज ९ जून, २०२४ को १९ राज्यों और १ केंद्र शासित प्रदेश में सत्ता में हैं। कांग्रेस मात्र तीन राज्यों में सत्ता में है।

भाजपा सशक्त है, सत्ता में है। यह समय आत्मचिंतन, आत्मावलोकन और कठिन निर्णयों का है। जैसे बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं की तृणमूल के द्वारा सरकार संरक्षित अपराधियों जनित हिंसा से रक्षा के लिए आवश्यक है कि वह चिंता से आगे के कदम ले। राष्ट्रपति शासन एक नीतिसंगत एवं संविधान -सम्मत व्यवस्था है।परिस्थितियाँ स्पष्ट हैं कि प्रधानमंत्री को इस पर विचार करना चाहिए। हरियाणा जैसे प्रदेश में स्पष्ट है कि जातिगत वैमनस्य और मुस्लिम कट्टरपंथ को हवा देने पर विपक्ष ने बहुत काम किया है। सार्वजनिक स्थलों को घेर के नमाज़ पढ़ने के मामले पर बहुत समय शासन प्रशासन के समक्ष निरीह दिखा। इस की परिणति नूह दंगों में हुई। इन दंगों में हिंदुओं की जीवन क्षति के बाद भी भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व धरातल पर नहीं उतरा। मनोहर लाल खट्टर की उदासीनता की तुलना इस संदर्भ में उज्जैन की महाकाल यात्रा के बाद की शिवराज सिंह चौहान की यात्रा से करनी चाहिये। अफ़सरशाही किसी भी सरकार का चेहरा होता है। इस पर भाजपा को चौकन्ना रहने की आवश्यकता है। रेल के माध्यम पर सोशल मीडिया पर बड़ी शरारतें होती हैं। ट्रेनों के सुचारू संचालन में चूक, देर से चलने वाली ट्रेनें, अनुशासनहीनता, भीड़ आदि से सरकार की छवि धूमिल होती है। रेलवे में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ सुरक्षा बलों में आनुपातिक वृद्धि आवश्यक है। इस पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है। संघ और सरकार को छात्रों को, सामान्य और दलित वर्ग दोनों से आने वालों को सरकारी नौकरी के लिए प्रशिक्षित करने के लिए ढाँचागत कार्यक्रम चलाने होंगे। यह और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली युवा असंतोष का बड़ा कारण है। बेरोज़गार युवा सरकार के विरोध विद्रोह का ईंधन बनते हैं। योगी सरकार की पेपर लीक पर योजना दूरगामी होगी। इसे अन्य भाजपा शासित राज्यों में तुरंत लेना चाहिये। प्रत्येक राज्य में संघ लोक सेवा की भाँति तय भर्ती कैलेंडर होना चाहिये। इस से अनिश्चितता समाप्त होगी और राहुल गांधी को अराजकता फैलाने के लिए व्यय करने योग्य युवा नहीं मिलेंगे।






Leave a Reply