एग्जिट पोल २०२४- क्या कहते हैं आँकड़े

एक भीषण गर्मी के तीव्र उष्णता के मध्य हुए यह चुनाव भारत के मतदाताओं की वैचारिक परिपक्वता, भारत के नेतृत्व की लोकतंत्र के और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और समग्र रूप से एक प्राचीन सभ्यता के लोकतांत्रिक इतिहास का पुनर्लेखन है। यह चुनाव एक बार फिर भारत को लोकतंत्र की जन्मभूमि के रूप में पुनर्स्थापित…

राजतिलक की करो तैयारी,
आ रहे हैं भगवा धारी।

– लोकप्रिय चुनावी नारा

आज १ जून २०२४ को लोकसभा चुनाव के निर्गम मतानुमान अर्थात् एग्जिट पोल के आँकड़े सामने आ गये। एक भीषण गर्मी के तीव्र उष्णता के मध्य हुए यह चुनाव भारत के मतदाताओं की वैचारिक परिपक्वता, भारत के नेतृत्व की लोकतंत्र के और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और समग्र रूप से एक प्राचीन सभ्यता के लोकतांत्रिक इतिहास का पुनर्लेखन है। यह चुनाव एक बार फिर भारत को लोकतंत्र की जन्मभूमि के रूप में पुनर्स्थापित करता है। भिन्न भिन्न चुनावी पूर्वानुमान के क्षेत्र में कार्य करने वाली सर्वेक्षण संस्थाओं के अनुमान सामने आ रहे हैं और सब के निष्कर्ष लगभग एक ही प्रकार के हैं। यह एक तरह से उन के सर्वेक्षणों के प्रति विश्वास भी जगाती है विशेष रूप से तब जब अनेक विपक्षी नेता आशाओं की उड़ान के आधार पर चुनावी जीत के दावे ठोक रहे थे।

ऐसे ही कांग्रेस की बैटिंग के लिए स्वघोषित पिच निर्माता के रूप में कार्यरत योगेन्द्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी को कुल २३० से २५० सीट दी थी। वैसे ये योगेन्द्र यादव राहुल गांधी के अवैतनिक/ सवैतनिक राजनैतिक गुरु हैं और दिग्विजय सिंह की छोड़ी हुई जगह घेर कर हिंदू घृणा की पहली दिग्विजय सिंह की कक्षा के आगे नक्सलवाद का ज्ञान उन्हें दे रहे हैं। योगेन्द्र यादव मधुर स्वर में मूर्खतापूर्ण भविष्यवाणियाँ करने के लिए प्रसिद्ध हैं।

बहरहाल, आज अंतिम चरण के मतदान के बाद आज निर्गम मतानुमान अथवा एग्जिट पोल के परिणाम सार्वजनिक हो गये हैं। चुनाव आयोग के द्वारा पार्टियों की सीटों का ऐसा अनुमान अंतिम मत गिरने तक सार्वजनिक करना प्रतिबंधित था क्योंकी इस से मतदाताओं के प्रभावित होने का भय रहता है। वैसे यह एक त्रुटिपूर्ण निर्णय लगता है क्योंकि एक जागरूक मतदाता का यह अधिकार होना चाहिए कि वह चुनाव की दिशा और दशा को देख कर अपने निर्णय ले सके। राजनीतिक दलों ने पक्षपाती और संभवतः क्रय किए हुए विशेषज्ञों के माध्यम से ऊटपटाँग आधारहीन सर्वेक्षण सोशल मीडिया पर प्रक्षेपित किए और चुनावों को अपने अपने स्तर पर प्रभावित करने का प्रयास किया। ईवीएम मशीनों और आरक्षण इत्यादि पर डीप फेक वीडियो बना कर भी सोशल मीडिया पर चलाया गया, ताकि मतदाताओं के मन में भ्रम की स्थिति बनायी जा सके।

एग्जिट पोल चुनाव दे चुके मतदाताओं के वास्तविक उत्तरों के आधार पर बड़े मतदाता समूह के राजनीतिक चुनावों का आँकलन होता है। आज के आँकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सत्ता में आना स्पष्ट और तय है।


एनडीए (भाजपागठबंधन) इंडीगठबंधन (कांग्रेसगठबंधन)अन्य 
एबीपी – सी वोटर 353-383152-1824-12
टाइम्स नाउ -ईटीजी 35815233
इंडिया टीवी -सीएनएक्स 371-401109-13928-38
दैनिक भास्कर 285-350145-20133-49
जन की बात 362-392141-16110-20
रिपब्लिक टीवी -पी मार्क 35915430
न्यूज़ २४ -चाणक्य 400-415107-12836-45
विविध स्रोत – लाइव मिंट, इण्डियन एक्सप्रेस, एनडीटीवी

ऐसे ही २०१९ चुनावों में इंडिया टुडे एक्सिस ने एनडीए को ३३९-३६५, चाणक्य ने ३५० सीटें और टाइम्स नाउ ने ३०६ सीटों का अनुमान दिया था। वास्तविक परिणाम में एनडीए ३५२ सीटें मिली। चाणक्य दूसरी बार अनुमानों में वास्तविक परिणाम के निकटतम दिखा। आज के एग्जिट पोल में चाणक्य सर्वाधिक ४००-४१५ पर है, यह कितना सटीक बैठेगा यह समय बतायेगा। बड़ी बात यह है कि चाणक्य की यह गणनाएँ दक्षिण में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय पर आधारित है। चाणक्य अपनी गणना में भारतीय जनता पार्टी को ३३५ से ३५० सीटें दे रहा है। तमिलनाडु में चाणक्य भारतीय जनता पार्टी को ६ से १४ सीटें दे रहा है।

तमिलनाडु में यदि यह अप्रत्याशित सफलता भाजपा को मिलती है, यह भारत की सभ्यता की उत्तर -दक्षिण की क्षेत्रवादी कांग्रेस की राजनीति को अवरुद्ध करती है। विष्णु पुराण की हिमालय से प्रारंभ हो कर दक्षिण में समुद्र तक विस्तार लेने वाले भारतवर्ष की अवधारणा के पुनरुद्धार की काशी -तमिल समागम जैसे सांस्कृतिक विस्तार के कार्य को रूप देने कि नरेंद्र मोदी की योजना को साकार करती है। कांग्रेस की विजय खनन क्षेत्र को दोगुना कर के पशुवत् खान मज़दूरी का रोज़गार देने के स्थान मोदी की भविष्योन्मुखी दृष्टि रसायन, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी, ढाँचागत विकास और सेमीकंडक्टर चिप्स जैसे उद्योगों की ओर आधुनिक भारत के पग बढ़ाने का प्रण लेती है।

यदि यह चुनाव चार जून को वही परिणाम देता है जो निर्गम मतानुमान इंगित कर रहा है तो यह धर्म के पक्ष में जाति -भाषा के संकीर्ण संबंधों की तुलना में भारतीय समाज में अधिक झुकाव को दर्शाता है। इसके दो परिणाम हो सकते हैं, कैम्ब्रिज ऐनालिटिका से लिपटी हुई राहुल गांधी की कांग्रेस या तो उस छल से बाहर आकर- हिंदू को तोड़ो और मुसलमानों को बाँधो – की राजनीति से बाहर की जगह स्वयं को संदर्भ में रखने के लिए ढूँढनी पड़ेगी, या राहुल गांधी अपने मूढ़मगज सलाहकारों की सलाह पर भारतीय लोकतंत्र और भारत की अंतर्निहित सांस्कृतिक एकता पर और अधिक क्रूरता से प्रहार करेंगे। दोनों ही परिस्थतियों में कई विषयों पर इस चुनाव के बाद मोदी और कांग्रेस दोनों के अपनी प्राथमिकताएँ सत्ता और विपक्ष की शक्तियों के रूप स्थापित करनी होंगी। कांग्रेस को यह भी तय करना होगा कि अपने मुखिया द्वारा अपने निजी प्रेम-द्वेष के आधार पर निर्धारित राजनीति को एक राष्ट्र से अलग थलग होने की क़ीमत पर वह मात्र स्वामिभक्ति के नाम पर कितने समय खींचेंगे। छोटा नेता हो या कार्यकर्ता, उसे समझना होगा कि उसका अस्तित्व और उसकी सफलता अपने राष्ट्र और अपने नागरिकों से जुड़ी हैं ना कि प्रथम परिवार से। इन चुनावों के बाद कांग्रेस के नेताओं को बड़ा चुनाव करना पड़ेगा। इस सब पर चर्चा चार जून के बाद!

2 responses to “एग्जिट पोल २०२४- क्या कहते हैं आँकड़े”

  1. सुनील कुमार Avatar
    सुनील कुमार

    सहमत

  2. अति सुंदर

Leave a Reply

Trending