वरिष्ठ साहित्यकार के घर पर छापा….

विपक्ष की सशक्त आवाज एक वरिष्ठ साहित्यकार के घर पिछले दिनों एक जाँच ऐजेंसी का छापा पड़ गया। एजेंसी को गुप्त सूत्रों से पता चला था कि ये साहित्यकार महोदय विपक्ष की मजबूत आवाज बनते जा रहे है। इनका कीबोर्ड व मोबाइल विपक्ष से मिला हुआ है। लोकतंत्र के लिए ये खतरा बन सकते हैं।…

तस्वीर: फ़िल्म स्पेशल २६

विपक्ष की सशक्त आवाज एक वरिष्ठ साहित्यकार के घर पिछले दिनों एक जाँच ऐजेंसी का छापा पड़ गया। एजेंसी को गुप्त सूत्रों से पता चला था कि ये साहित्यकार महोदय विपक्ष की मजबूत आवाज बनते जा रहे है। इनका कीबोर्ड व मोबाइल विपक्ष से मिला हुआ है। लोकतंत्र के लिए ये खतरा बन सकते हैं। इनके पास लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने के साजोसामान हो सकते हैं। एजेंसी एक शाम अचानक से विपक्षी साहित्यकार के घर दबिश देती है। साहित्यकार महोदय भी अपने दलबल के साथ शाम की प्रार्थना सभा में बैठे पाये गए। साहित्य की गोष्ठी का आनंद चल रहा था।

एजेंसी के शालीन अधिकारी साहित्यकार महोदय को अपने आने का कारण बताते हैं। गोष्ठी अचानक आश्चर्य में खड़ी हो जाती है। साहित्यकार महोदय एजेंसी के भले अधिकारियों से आने का कारण पूछते है। अधिकारी उनके हाथ में सरकारी कागज थमा देते है। महोदय सरकारी कागज का साहित्यिक दृष्टि से नीर-क्षीर निरक्षण करते है। कागज में घर की जाँच का आदेश लिखा होता है। साहित्यकार महोदय खुश होते है। वे मन ही मन प्रसन्न होते है। “चलो किसी बहाने तो मेरे घर को सरकार देखने आई। इस सोशल मीडिया के जमाने में नहीं तो कौन किसके घर जाता है और ऊपर से घर साहित्यकार का हो तो फिर इधर कौन झांकता है।”

सरकार का इस मेहरबानी के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी अधिकारियों को कुछ देर गोष्ठी में बैठने को कहा गया। विभिन्न साहित्य की विधाओं का रस चखने का आग्रह किया गया। अधिकारियों से साहित्यिक गोष्ठी का आनंद उठाने के लिए निवेदन किया गया। लेकिन सरकारी अधिकारी तो सरकारी अधिकारी ठहरे। सरकारी होने की ठसक अलग ! वे अपने कार्यालय के अलावा कहीं और कहाँ बैठते हैं। वे जल्दी से घर की तलाशी करना चाहते थे। उन्हें साहित्यकार महोदय के घर में लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रचने वाले दस्तावेजों की जाँच करना थी। साहित्यकार महोदय के घर की जाँच-पड़ताल शुरू की। साहित्यकार का घर पुराना बना हुआ था।

अलमारियों से भरा हुआ था। हर जगह साहित्यिक पत्रिकाओं का ढ़ेर लगा हुआ था। पुस्तकें धूल खा रही थी। जाँच ऐजेंसी के अधिकारियों ने बहुत वर्षों बाद पुस्तकों की धुल चखी। उन्हें शंका होने लगी। कही वे गलत घर तो नहीं आ गए ! पर उन्हें गुप्त सूत्रों से पक्की सूचना मिली थी कि इन्हीं महोदय के यहां लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रचने के दस्तावेज है। वे फिर जाँच में जुट गए। सारी अलमारी, कम्प्यूटर, पुस्तकालय, घर का एक एक कौना छान मारा। लेकिन कहीं कोई सबूत नहीं दिखा। उनकी नजर में पूरा घर साहित्य से भरा था लेकिन वह साहित्य उनके काम का नहीं था, ना ही उन्हें साहित्य से कुछ लेना देना था।

वे साहित्यकार के घर लोकतंत्र बचाने आये थे ना कि साहित्य की धूल चखने। जाँच अधिकारी साहित्य की धूल खा खाकर परेशान हो गए थे। शाम से आधी रात होने को थी। साहित्यकार महोदय के विरुद्ध कोई साक्ष्य हाथ नहीं लग रहा था। सारी पुस्तकें व पत्रिकाओं को छान मारा। कुछ हाथ नहीं लगा। जो कागज पुस्तक रुप में नहीं छपे थे, उन्हें भी उलट पलट लिया। लोकतंत्र के विरुद्ध कुछ नहीं मिला। कहाँ तो शुरू शुरू में बड़े दावे किए जा रहे थे लेकिन अंत में लोकतंत्र की मानहानि करने तक वाला एक शब्द नजर नहीं आया। अधिकारी हैरान परेशान होकर बैठ गए। साहित्यकार महोदय उनकी बैचेनी समझ नहीं पा रहे थे। वे अधिकारियों से चाय-पानी का फिर पूछते है। अधिकारी उनके आत्मविश्वास से चकित थे। एक बार फिर साहित्यकार के किसी भी सत्कार को ठुकरा दिया गया। एक अधिकारी की पैनी दृष्टि साहित्यकार के मोबाइल पर जाती है। साहित्यकार महोदय से उनका मोबाइल मांगा जाता है। साहित्यकार महोदय को पसीना आने लगता है। वे किंकर्तव्यविमूढ़ हो रहे थे ! घर आये सरकारी मेहमान को मना कैसे करें। सरकारी अधिकारी को जाँच का हथियार दिख गया था। रात बहुत हो गई थी। साहित्यकार महोदय के सभी साथी गोष्ठी से जा चुके थे। वरिष्ठ साहित्यकार के घर में साहित्य का सन्नाटा पसर हुआ था…!!

Leave a Reply

Trending