कब लौटेगा धार की भोजशाला का गौरवशाली वैभव ?

विगत दिनों धार में भोजशाला के प्रांगण में “नर्मदा साहित्य समागम” आयोजन में आये समस्त इतिहासकार व साहित्यकार भोजशाला का दर्शन किया और उन्होंने स्वतः ही कहा कि यह तो एक आध्यात्मिक व मंदिर स्थल ही है। अधिकांश विद्वान भोजशाला के पुरातात्विक अवशेषों को देखकर गौरव अनुभव कर रहे थे। इस स्थल के पत्थर ही…

धार शिलालेख : बारहवीं ईसवी

११ मार्च २०२४ को इंदौर उच्च न्यायालय ने भोजशाला के संपूर्ण परिसर में वैज्ञानिक सर्वे का आदेश पारित किया है। तब से एक बार फिर धार की प्रसिद्ध भोजशाला चर्चा में है। वर्तमान में भोजशाला की विश्व प्रसिद्ध वाग्देवी मूर्ति आज ब्रिटिश संग्रहालय में रखी है। वहीं हिन्दू व मुस्लिम पक्ष के बीच भोजशाला को लेकर विवाद नया नहीं है। इसका लंबा इतिहास है। लेकिन जैसा कि सबको विदित है कि भारतवर्ष के अधिकांश मंदिरों व शैक्षणिक स्थलों पर मुस्लिम आक्रांताओं द्वारा जबरन कब्जा तलवार के दम पर किया गया था। एक बार फिर भोजशाला का वास्तविक इतिहास व पक्ष न्यायालय ही नहीं, यह अब फिर आम जनमानस की चर्चा का विषय बन गया है।

इसी वर्ष १९ फरवरी को इंदौर उच्च न्यायालय ने भोजशाला के दोनों पक्षों के दावों को सुनकर फैसला सुरक्षित रख लिया था। सोमवार ११ मार्च २०२४ को उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में एएसआई को भोजशाला के संपूर्ण परिसर का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कर छः सप्ताह में पूरी रिपोर्ट न्यायालय में देने का आदेश दे दिया है। आदेश के केंद्र में भोजशाला के पूरे परिसर का सर्वे और उत्खनन वैज्ञानिक पद्धति का निर्देश है। अनुसंधान उत्खनन और सर्वे ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार तकनीक के साथ कार्बन डेटिंग तथा अन्य नई तकनीक से करना होगा तथा यह सर्वे भोजशाला की बाउंड्रीवाल से 50 मीटर की दूरी तक किया जावेगा। साथ ही इस रिपोर्ट के साथ पूर्व में हुये सर्वे व भोजशाला से संबंधित दस्तावेज़ भी न्यायालय में पेश करना होंगे।

धार की भोजशाला का अतीत अत्यंत ही गौरवपूर्ण एवम् वैभवशाली रहा है। इतिहासविद डॉ शशिकांत भट्ट बताते है कि राजा भोज ने पहला सरस्वती कंठाभरण उज्जैन में बनवाया था, दूसरा धार में और तीसरा मंडपदुर्ग में, जिसे आज मांडू कहते हैं। वहीं धार जिले की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, भोजशाला मंदिर को राजा भोज ने बनवाया था। राजा भोज परमार वंश के सबसे महान राजा थे, जिन्होंने १००० से १०५५ ईस्वी तक राज किया। इस दौरान उन्होंने १०३४ इस्वी में एक विश्वविद्यालय की स्थापना की, जिसे बाद में धार भोजशाला नाम से जाना गया। दूर-दूर से छात्र यहां पढ़ने आया करते थे। इसी विश्वविद्यालय में देवी सरस्वती का मंदिर भी था। हिंदू धर्म में माता सरस्वती को ज्ञान की देवी माना जाता है। कहा जाता है कि मंदिर बहुत भव्य था । सरस्वती मंदिर का उल्लेख शाही कवि मदन ने अपने नाटक में भी किया था। नाटक कोकरपुरमंजरी कहा जाता है और यह अर्जुनवर्मन देव (१२९९ – 10 से 1215- 18 ई.) के सम्मान में है जिन्हें कवि मदन ने पढ़ाया था। १४वीं सदी में इस मंदिर को तलवार के दम पर मस्जिद में परिवर्तित कर दिया गया। बताया जाता है कि १३०५ ईस्वी में अलाउद्दीन खिलजी ने भोजशाला पर हमला कर दिया था, जिसके बाद से इस जगह की स्थिति बदलती गई। इतिहासकारों की माने तो १४०१ ईस्वी में दिलवार खान गौरी ने भोजशाला के एक हिस्से में और १५१४ ईस्वी में महमूद शाह खिलजी ने दूसरे हिस्से में मस्जिद बनवा दी।जॉन मैलकॉम अपनी पुस्तक ‘ए मेमॉयर ऑफ़ सेंट्रल इंडिया इनक्लूडिंग मालवा एंड एडजॉइनिंग प्रोविंसेज’ में उस संस्कृत कविता का ज़िक्र करते हैं जिसका शिलालेख प्रारंभिक १९वीं सदी में उस स्थान से निकाला गया था। १९वीं शताब्दी में एक बार फिर इस जगह बड़ी घटना हुई। दरअसल, उस समय अंग्रेजों के द्वारा की गई खुदाई के दौरान सरस्वती देवी के प्रतिमा मिली थी। वाग्देवी की उस प्रतिमा को अंग्रेज अपने साथ ले गए और फिलहाल वो लंदन संग्रहालय में है। वर्ष १९६१ में विख्यात पुरातत्ववेत्ता व इतिहासकार, पद्मश्री डॉ विष्णु श्रीधर वाकणकर द्वारा लंदन जाकर यह प्रमाणित किया गया कि वहां रखी वाग्देवी की प्रतिमा ही भोजशाला धार में स्थापित थी। वाग्देवी की उस प्रतिमा को भारत वापस लाए जाने की मांग भी की जाती रही है। अंग्रेजों के भारत से चले जाने के बाद भी भारतीय राजनीतिज्ञ इस विवाद का निपटारा नहीं कर पाये तथा विगत पचहत्तर वर्षों से इस विषय पर अपनी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकते आ रहे हैं।

वर्तमान युवा पीढ़ी यह सुनकर व पढ़कर आश्चर्य करेगी कि इसी भोजशाला में अध्यापन कार्य करने वाले शिक्षकों व छात्रों का भोजशाला को बचाने का संघर्ष बड़ा गौरवशाली रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार सन् १३०५ में अलाउद्दीन खिलजी के आक्रमण के समय भोजशाला के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी खिलजी की इस्लामिक सेना का विरोध किया था। खिलजी द्वारा लगभग १२०० छात्र-शिक्षकों को बंदी बनाकर उनसे इस्लाम क़ुबूल करने के लिए कहा गया, लेकिन इन सभी ने इस्लाम स्वीकार करने से मना कर दिया। इसके बाद इन विद्वानों की हत्या कर दी गई थी और उनके शव को भोजशाला के ही विशाल हवन कुंड में फेंक दिया गया था। भोजशाला मामले मे एक दुखद मोड़ तब आया, जब मध्यप्रदेश की दिग्विजय सिंह नेतृत्व की कांग्रेस सरकार ने अधिकाधिक रूप से १९९७ मे भोजशाला को मुस्लिमों के लिए खोल दिया और हर शुक्रवार को नमाज़ पढ़ने की मांग को स्वीकार कर लिया। यह निर्णय हिंदुओं के लिए घातक साबित हुआ और आज तक उसका परिणाम भुगत रहे है। जहाँ कभी पूरा समय भजन-कीर्तन और पूजा हुआ करती थी, वहाँ नमाज़ होने लगी और साजिशन हिंदुओं को साल में केवल एक ही बार, वसंत पंचमी पर पूजा तक सीमित कर दिया गया। तब हिंदुओं का एक समूह न्यायालय में भी गया लेकिन वहाँ से भी कोई समाधान नहीं निकला। उस समय की कांग्रेस सरकार की एक ओर विभाजनकारी राजनीति के कारण यह मामला आजतक विवाद का कारण बना हुआ है तथा सनातनी हिन्दू भोजशाला के सरस्वती मंदिर में पूजा-पाठ के अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित हैं।

ऐसा कहा जाता है व इसके सैकड़ों प्रमाण भी है कि एक समय में मां सरस्वती का मंदिर होने के साथ धार का भोजशाला भारत के सबसे बड़े विश्वविद्यालयों में से एक था। इसके आलावा यह स्थान विश्व का प्रथम संस्कृत अध्ययन केंद्र भी था। इस विश्वविद्यालय में देश-विदेश के हज़ारों विद्वान आध्यात्म, राजनीति, आयुर्वेद, व्याकरण, ज्योतिष, कला, नाट्य, संगीत, योग, दर्शन आदि विषयों का ज्ञान प्राप्त करने के लिए आते थे। इसके अतिरिक्त इस शिक्षा केंद्र में वायुयान, जलयान तथा कई अन्य स्वचालित (ऑटोमैटिक) यंत्रों के विषय में भी अध्ययन किया जाता था। राजा भोज के बाद भी कई हिन्दू राजाओं ने शताब्दियों तक भोजशाला को सुरक्षित और समाज के लिए उपयोगी बनाए रखा। शिक्षा और धर्मार्थ के लिए यदि भारत के मध्य काल मे कोई स्वर्णिम युग रहा है, तो वह है राजा भोज का राज्य। महान कवि और लेखक बल्लाला ने तो पूरा “भोजप्रबंध” नामक ग्रंथ लिखा है जो की आज भी प्रबंध के ग्रंथो मे अतुल्य है। वैसे भी जिस स्थान पर माँ वाग्देवी विराजती हों वहाँ ज्ञान और दर्शन की सरिता बहना स्वाभाविक है। जब इस पुरातात्विक महत्व के स्थल का इतना गौरवमयी इतिहास व वैभव रहा है तो आखिर कब तक सनातनी सरस्वती पूजकों को प्रतिक्षा करनी होगी ?

वर्तमान में इंदौर उच्च न्यायालय के आदेश के पहले भी ब्रिटिश काल में भोजशाला में सर्वे हो चुके हैं और भोजशाला विश्वविद्यालय व सरस्वती मंदिर होने के पुख्ता प्रमाण मिले है। १९४३ में श्री सी बी लीले इस विषय में लिख चुके हैं कि १९२४ में वहाँ हिंदू देवी की मूर्ति प्राप्त हुई थी। १९२४ में लब्धप्रतिष्टित इतिहासकार श्री ओ सी गांगुलीऔर श्री एन के दीक्षित ने ब्रिटिश म्यूज़ियम में भोजशाला की सरस्वती मूर्ति ढूँढने के विषय में रिपोर्ट लिखते हैं। १९६१ में श्री सी सिवामूर्ति भी इस तथ्य की पुष्टि करते हैं। श्री दीक्षित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक और श्री सिवामूर्ति भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार के महानिदेशक रहे थे। यह विडंबना है कि १९९८ में भारतीय पुरात्व सर्वेक्षण एक विरोधाभासी शपथपत्र न्याययालय में देता है।

कई इतिहासकार व भोजशाला को देखने वाले सामान्य जन भी कहते है कि यह स्थल सामान्य व प्रथम दृष्टि में ही हिंदू मंदिर होने का प्रमाण स्वयं देता है। विगत दिनों धार में भोजशाला के प्रांगण में “नर्मदा साहित्य समागम” आयोजन में आये समस्त इतिहासकार व साहित्यकार भोजशाला का दर्शन किया और उन्होंने स्वतः ही कहा कि यह तो एक आध्यात्मिक व मंदिर स्थल ही है। अधिकांश विद्वान भोजशाला के पुरातात्विक अवशेषों को देखकर गौरव अनुभव कर रहे थे। इस स्थल के पत्थर ही स्वयं सनातन धर्म व संस्कृति से अपने आप का परिचय देते हैं। वसंत यहां चारों ओर फैला रहता है और कवियों को अपनी मादकता में छक कर यहां का वासंती वातावरण कहता है कि यही माँ वाग्देवी का संपूर्ण प्रांगण है। आओ ओर इसके पास बैठो तथा सरस्वती देवी से ज्ञान प्राप्त कर संपूर्ण विश्व का कल्याण करो! अब जब कि धार भोजशाला का मामला एक बार फिर न्यायालय के प्रांगण में है तो हम सभी सनातनियों को उम्मीद है कि इस मामले में जल्द से जल्द निर्णय हो तथा धार की भोजशाला का गौरवशाली वैभव पुनः हम सब अपनी आँखों से देख सके और माँ वाग्देवी की प्रतिमा भी ब्रिटिश संग्रहालय से भोजशाला लाई जाए। और एक बार फिर पुनः प्रतिदिन माँ वाग्देवी(सरस्वती) की पूजा भोजशाला में हो!

(अस्वीकरण: यह विषय न्यायालय में है और वर्तमान में उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार सर्वेक्षण हो रहा है। हम उस सर्वेक्षण के परिणामों की प्रतीक्षा करेंगे जो इन टूटे धागों को उस तथ्य से जोड़ सके जो भिन्न शिलालेख बता रहे हैं।)

Leave a Reply

Trending