कोलकाता में एक वीभत्स, मानवता को लज्जित कर देने वाला कुकर्म हुआ है, और पूरे देश में रोष का माहौल है। जनता सड़कों पर है और अपने गुस्से को तरह तरह से व्यक्त कर रही है। इसी कड़ी में कुछ ऐसे लेख भी पढ़ने को मिल रहे हैं, जिसमें सभी मर्दों को “पोटेंशियल रेपिस्ट” कहा जा रहा है, जो बेहद ही चिंताजनक है।
ये सब पढ़ के लगता है कि कहीं कुछ तो है जो सत्य से मीलों दूर है और शायद जान बूझ कर कोई मुद्दे से आंदोलन की दिशा बदलना चाहता है।
धीरे धीरे अपने बालों में उम्र, तजुर्बे और दुखों की चांदी मढ़ता बाप जब एक पुराने स्कूटर पर अपने बच्चे को ले कर किसी बाजार में जा रहा होता है, और अचानक से स्कूटर बीच रास्ते में बंद पड़ जाती है, तो उस वक्त अपने पिता को हांफते हुए बीच बाजार किक मारते देखता, और बाकी लोगों की हंसती हुई निगाहों को देखता एक छोटा सा दस पंद्रह साल का बच्चा यह सोचता है कि एक दिन वो बढ़िया दुपहिया खरीदेगा और अपने पिता को उपहार में देगा,
और वही बच्चा बड़ा हो कर अपने पिता और मां और परिवार को किसी कार में बैठा देता है।
पुरुष ऐसे भी हुआ करते हैं। एक जिसने वही पुरानी स्कूटर सालों तक चलाई, ताकि बच्चे की पढ़ाई पर असर न हो, दूसरा वह बच्चा, जिसने यह ठान लिया कि बाप के बदन से रिसती पसीने की बूंदें बेकार न जाने देना है। मर्द ऐसे भी होते हैं।
कॉलेज खत्म होते ही किसी छोटी बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी में आईटी मजदूर का काम करता एक लड़का, जिसका मासिक वेतन पुणे मुंबई, बैंगलोर जैसे शहरों में अठारह से पच्चीस हजार का होता है, और उसमे से आधे से ज्यादा पैसों को अपने घर, छोटी बहन की पढ़ाई, छोटे भाई की जरूरतों और अपने माता और पिता के मासिक खर्च के लिए भेज देता है और अपने लिए बमुश्किल दो हजार बचा पाता है, पुरुष तो वह भी होता है।
एक मर्द मजदूरी कर एक एक रुपए जोड़ रहा होता है ताकि उसकी घर पे इंतजार करती पत्नी को महीनों बाद साड़ी दिला सके, एक मर्द, सीवर साफ करते हुए भी यह सोच कर खुश होता है कि आज बचे पैसे से थोड़े से पनीर खरीद कर घर ले जायेगा ताकि बीवी बच्चों को पनीर का स्वाद महसूस हो सके।
मर्द जटायु सा भी होता है, जिसको रावण को देख कर लगभग पता होता है कि शायद यह आखिरी युद्ध है, फिर भी सीता मां की रक्षा करने के लिए अपने पंखों और जीवन की आहुति दे देता है, वहीं मर्द राम जैसा भी होता है जो एक चक्रवर्ती सम्राट का बेटा होने के बावजूद, बहु पत्नी प्रथा होने के बावजूद अपनी सीता के लिए जंगल जंगल भटकता है, और आखिर में वानरों और रीक्षों की सेना से रावण से राक्षस और लंका जैसा साम्राज्य नष्ट कर देता है।
मर्द, कृष्ण जैसा भी होता है जिनके कटे हाथों में
भाव से बंधे धागों का मूल्य पूरे कौरव साम्राज्य को खत्म कर के चुकाता है। द्रौपदी के वस्त्र हरण के समय शीश झुकाए निर्वीर्य मर्द नहीं होते, दूः शासन मर्द नहीं होता, मर्द कर्ण भी नहीं जो किसी स्त्री को आवेश में आ कर वैश्या कह दे।
पुरुष तत्व उस हृदय में निहित होता है जो लाज बचाने को द्रौपदी के ऊपर वस्त्रों की ऐसी वर्षा करे कि चीरहरण करने वाले थक जाएं पर वह सुरक्षा घेरा टस से मस न हो।
पुरुष, शिव की भाँति निःस्वार्थ होता है जो समुद्र मंथन के बाद निकले विष को देख कर अपने प्राणों की रक्षा के विषय में विचार नहीं करता बल्कि स्वयं आगे बढ़ कर हलाहल को अपने कंठ में रोक लेता है ताकि संसार सुरक्षित रहे।
नारी पर हाथ उठाने वाले मर्द नहीं होते हैं। बलात्कार करने वाले सिर्फ और सिर्फ घटिया जानवर हैं, जिनका भार उठा कर धरती भी कराहती रहती है। कुकर्मी, प्रेत और पिशाचों से भी निकृष्ट योनि है। कुकर्मियों से ठीक वही बर्ताव होना चाहिए जो सर्प अपनी केंचुली के साथ करता है। इन्हें समाज को अपने ऊपर से उतार कर फेंक देना चाहिए इतनी दूर, जहां से उसे छू कर गुजरती हवा तक किसी बच्ची के पास न आ सके। परछाईं तक बहुत दूर की बात है।
वह इंसान निश्चित ही मृत आत्मा लिए जीवित शरीर जैसा होगा, जिसकी नसों में कोलकाता में हाल ही में हुए वीभत्स कुकर्म की खबर सुन कर क्रोध की ज्वाला न उमड़ आती हो। यह आक्रोश उचित भी है और आवश्यक भी।
परंतु अगर यह आक्रोश एक लचर, नाकाम और महिलाओं को सुरक्षा न दे सकने वाले सरकार के खिलाफ न हो कर, उत्तरदायित्व तय कर दोषियों को ऐसी सजा जो अपराधियों की आत्मा को कंपित कर देने वाला एक उदाहरण बन सके, और यह संघर्ष इस ध्येय से विचलित हो कर किसी “लिंग” विशेष की तरफ मुड़ जाता है और हर मर्द को ” संभावित बलात्कारी” या ” पोटेंशियल रेपिस्ट” कहने में उपयोग लिया जाता है तो शायद हम असली मुद्दे से न सिर्फ भटकाए जा रहे होते हैं, बल्कि एक बड़े बदलाव के आने की संभावनाओं की भी हत्या कर रहे होते हैं। हर मर्द को संभावित बलात्कारी बताने से एक स्वस्थ समाज की परिकल्पना को ठेस पहुँचती है क्योंकि एक स्वस्थ समाज परस्पर विश्वास की भूमि पर ही स्थिर होता है।
आंदोलन होते हैं तो उसकी दिशा बदल देने को एक मिलता जुलता दूसरा दुश्मन दिखा दिया जाता है जहां गुस्सा डायवर्ट हो सके। सरकार को छोड़ कर मर्दों को कोसना इसी का एक हिस्सा है। वर्ग संघर्ष पर आधारित राजनीति बच्चों और अभिभावकों के भेद, धनी -निर्धन के भेद, जाति भेद, वर्ण भेद और अब लिंग भेद पर आधारित है।
मेरी कलम इतनी सी बात कहना चाहती है कि इसे पकड़ कर लिखने वाला व्यक्ति भी पुरुष है, और वह बलात्कारी नहीं है।
वह समर्पित है उस सूई की नोंक के बराबर भी संभावनाओं पर अपनी आहुति देने को, जिस से किसी स्त्री की लाज बच सके।






Leave a Reply