कांग्रेस शपथ पत्र – तथ्य, भ्रम एवं संदेश

चुनाव सर पर हैं और भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के चुनावी शपथ पत्र जिसे कांग्रेस ने न्याय-पत्र का नाम दिया है, उस पर सबकी गहन दृष्टि है। इस रुचि का कारण मेरे लिये यह कम है कि कांग्रेस सत्ता में आ कर क्या करेगी, परंतु इस लिये अधिक है कि कांग्रेस जिस…

आरक्षण – आरक्षण पर कांग्रेस शपथ पत्र आरक्षित सीटों को सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट निर्देश के विरुद्ध ५०% की सीमा से आगे बढ़ाने की बात करता है। जहाँ आरक्षण के समयबद्ध समर्थन की बात संविधान निर्माताओं ने कही थी, बिहार के ज़मींदार परिवार से आने वाले बी पी मण्डल के १९७९ के रिपोर्ट के आधार पर सशक्त जातियों ने १९९० में आरक्षण में प्रवेश किया और अपनी संपन्नता और राजनैतिक शक्ति के आधार पर बड़ी संख्या में इस आरक्षण का लाभ पिछड़े दलों से छीना। आरक्षण अपने वर्तमान रूप में बड़े स्तर तक एक राजनैतिक यंत्र बन चुका है, उदाहरण के लिए पश्चिम बंगाल में पिछले दो दशक में ममता बनर्जी सरकार ने पिछड़ा आरक्षण के नाम पर मुसलमानों की पिछड़ी जातियों को दे कर मुस्लिम तुष्टिकरण के माध्यम से वोट बैंक को हिंदू पिछड़ी जातियों के नाम पर साधा है। इसी में आगे मोदी सरकार द्वारा सामान्य वर्ग के निर्धन छात्रों के लिए जो १०% आरक्षण आर्थिक रूप से निर्बल लोगों के लिए लाया गया है, उसमे कांग्रेस का शपथ पत्र निर्धन सवर्ण वर्ग के लिए आवंटित १०% में सेंध मारने की घोषणा करता है।

कांग्रेस निविदा नियोक्तियों की प्रथा की समाप्ति का वचन दे रही है। सत्य यह है कि सरकार आर्थिक दबाव से बचने के लिये निविदा नियुक्तियाँ करती है। यह इस लिये भी किया जाता है ताकि प्रक्रिया की देरियों को साधा जा सके। सरकारी नौकरियों में अस्थायी निविदा नियुक्तियाँ ४३ % है, वहीं निजी क्षेत्र में इसका प्रतिशत ७५% है, इन सब नौकरियों को स्थायी सेवा में परिवर्तित करने का आर्थिक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था पर क्या होगा इस विषय में शपथ पत्र मौन है।

मतदाताओं के लोभ का आग्रह करती हुई एक और योजना, महालक्ष्मी योजना का ज़िक्र कांग्रेस न्याय पत्र में है। कांग्रेस की ऐसी ही अन्य योजनाओं की भाँति इस के मद में धन कहाँ से आएगा, यह विमर्श का प्रश्न है। हालाँकि कांग्रेस का शपथ पत्र ऐसे गणित में नहीं फँसता है और इस धनराशि की अनुमानिक गणना के लिये किसी संख्या के विषय में नहीं कहता है, संभवतः कांग्रेस नेतृत्व इस संबंध में आश्वस्त है कि ना उन्हें सत्ता में आना है ना ऐसी किसी योजना को वास्तव में धरातल पर लाना है। विश्व बैंक के अनुमान के अनुसार भारत का निर्धनता का अनुपात २०२२-२३ में ११.३% था। इसे मोटे तौर पर यदि हम १०% मान लें तो १४० करोड़ के देश में १४ करोड़ निर्धन परिवार बनते हैं। मोटे गणित के अनुसार २.८ करोड़ स्त्रियाँ निर्धन परिवार की बनती हैं, और महालक्ष्मी स्कीम के एक लाख रुपये प्रति परिवार, प्रति महिला खर्च के आधार पर २.८ लाख करोड़ प्रति वर्ष बनता है, जो राष्ट्रीय बजट का लगभग दशमलव आठ प्रतिशत होता है। यदि हम वर्तमान अंत्योदय योजना के लाभार्थी परिवारों को निर्धन परिवार मानें तो इसमें २.३३ करोड़ परिवार आते हैं, और खर्च थोड़ा कम हो कर २.३३ लाख करोड़ पर शून्य दशमलव सात प्रतिशत बनता है।

नारी शक्ति संविधान संशोधन को यह शपथ पत्र कठोर शब्दों में सिनिस्टर अथवा भयावह यह अशुभ बताता है। सनद रहे नारी शक्ति वंदन विधेयक नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाया गया है, जिस के अन्तर्गत संसद में महिलाओं को एक तिहाई बहुमत देने का प्रावधान अगले चुनाव से किया गया है। यह बिल सर्वप्रथम देवेगौड़ा जी के प्रधानमंत्रित्व में १९९६ में आया था। वाजपेयी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने १९९८ में इसे पुनः ला कर पास कराने का प्रयास कराया था परंतु विरोध के कारण यह पास ना हो सका। मनमोहन सिंह सरकार इसे २००८ में राज्यसभा में लायी और २०१० में इसे लोकसभा में भेजा गया। लोकसभा भंग होने के कारण यह बिल पास नहीं हुआ। इस बिल के विरोध में सबसे मुखर स्वर लालू यादव और मुलायम सिंह यादव के थे। मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी और लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल कांग्रेस के गठबंधन में हैं।

आगे इसमें किसान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को विधिक रूप निजी ग्राहकों के लिए बाध्य बनाने का प्रावधान है। इस संबंध में न्यूनतम समर्तन मूल्य और अधिकतम विक्रय मूल्य को एक बता कर कांग्रेस नेतागण राहुल गांधी की करोड़ों की कंटेनर यात्रा के दौरान सार्वजनिक रूप से अल्पज्ञान का प्रदर्शन करते रहे हैं। ऐसे लोकलुभावन वचनों के आर्थिक प्रभाव का विश्लेषण कृषि अर्थशास्त्री करते रहे हैं। कांग्रेस की सन् सत्तर के दशक से चल रहे ग़रीबी हटाओ के नारों की वास्तविक सत्यता से भारत भली भाँति परिचित है जब हमने देश के स्वर्ण को गिरवी रख के भारत को निश्चित दिवालियेपन से बचाया था।

अगले खंड में कांग्रेस मैनिफेस्टो संविधान के उन स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा करने की बात करता है, जिन पर मिथ्या प्रचार कर के कांग्रेस उन लोगों के वोट प्राप्त करने का प्रयास कर रहा है जिन्हें संविधान संशोधन और आपातकाल जैसे विषयों का ज्ञान ही नहीं है और जो ‘रंग दे बसंती’ सिनेमा के दर्शक होने भर को अपनी राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण मानते हैं। कांग्रेस यहाँ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात करती है। सनद रहे कि नेहरू के काल में एक अनंतिम संसद के माध्यम से संविधान में प्रथम सशोधन किया गया और कम्युनिस्टों तथा संघ के विचारकों को जेल भेजा गया। इस संशोधन के बाद एक आलोचनात्मक कविता कहने पर प्रसिद्ध फ़िल्मी गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी को डेढ़ वर्ष के लिए नेहरू सरकार में जेल में डाल दिया। इंदिरा गांधी के समय में उनके चुनाव को अवैध घोषित करने पर देश में आपातकाल लगा दिया गया जिस में हज़ारों लोग जेल में डाल दिये गये। इंदिरा ने जयप्रकाश नारायण जैसे वरिष्ठ गांधीवादी स्वतंत्रता सेनानी को जेल में डाला, समूचे विपक्ष को जेल में डाल के मनमाने संविधान संशोधन किए। संविधान के ४२वें संशोधन को विदेशों तक में संविधान की हत्या बताया गया, जिसके द्वारा कांग्रेस सरकार ने संविधान में मनचाहे परिवर्तन करने का अधिकार अपने हाथों में ले लिया। इंदिरा गांधी के पुत्र असंवैधानिक शक्ति केंद्र बन के उभरे और उन पर तथा उनके कमलनाथ सरीखे सहयोगियों पर मुसलमान युवकों के निर्मम एवं बलपूर्वक वंध्याकरण के आरोप लगे। इस काल में दिल्ली के प्रशासनिक अधिकारी नवीन चावला को संजय गांधी के साथ ऐसे दमनकारी कार्यों में सहयोगी होने के कारण शाह कमीशन ने किसी भी सार्वजनिक पद के लिए सर्वथा अनुपयुक्त घोषित किया था (अनफिट तो होल्ड पब्लिक ऑफिस)। यही नवीन चावला सोनिया गांधी सरकार के द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किए गए थे।

इंदिरा के बाद राजीव गांधी पोस्टल अमेंडमेंट बिल लाए थे जिसके अंतर्गत सरकार के पास लोगो की निजी डाक को पढ़ने का अधिकार होता था। तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जेल सिंह के असहयोग के कारण यह बिल पास नहीं हो सका। सोनिया गांधी ने सरकार बनाने के बाद डिजिटल मीडिया पर नियंत्रण के लिए ६६ए बनाया। इसी बिल के अन्तर्गत तमिलनाडु के एक आम नागरिक रवि कुमार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के पुत्र कार्थी चिदंबरम ने उनके भ्रष्टाचार के मामलों पर एक फ़ेसबुक पोस्ट के लिए जेल भिजवा दिया।इस मामले में पीड़ित रवि आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता था। आम आदमी पार्टी इस चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन में है और कार्ति चिदंबरम वर्तमान संसद में कांग्रेस के सांसद हैं।

मीडिया के संबंध में कांग्रेस शपथपत्र विरोधाभास से पूर्ण है। एक और वह मीडिया की पूर्ण स्वतंत्रता की बात करता है, दूसरी और मीडिया के शेयरहोल्डिंग पैटर्न, वित्तीय नियंत्रण आदि की जाँच की बात करता है। कांग्रेस के इतिहास के अनुसार यह मीडिया नियंत्रण की कांग्रेसी आकांक्षाओं की और इंगित करता है। कांग्रेस प्रेस कौंसिल के माध्यम से भी मीडिया नियंत्रण की भयावह संभावनायें प्रस्तुत करता है यदि हम देखें किस प्रकार कांग्रेस के सहयोगी दल ने तमिलनाडु में कई पत्रकारों पर दमनकारी कार्यवाहियाँ की, बंगाल में पत्रकारों को हिंसा और पुलिस कार्यवाही झेलनी पड़ी, और महाराष्ट्र में अपने छोटे से शासन काल में एक बड़े चैनल के मुखिया को घर से सार्वजनिक रूप से उठा के महीनों के लिए जेल में डाल दिया। राहुल गांधी के यात्रा के अंतिम दिनों में पत्रकारों से किए गए चेतावनीपूर्ण संभाषण ऐसे ही मंतव्य की ओर इंगित करते हैं।

न्यायपालिका के २०२४ के चुनाव के पश्चात की मोदी सरकार में दंतहीन हो जाने की जिस आशंका पर ध्रुव राठी और गिरोह त्राहि त्राहि कर रहा है, उस को कांग्रेस मैनिफेस्टो चश्मा पहन के पढ़ना चाहिये।सबसे पहले राहुल गांधी न्यायपालिका के लिए न्यायिक रिफार्म की बात करते हैं, एक नेशनल जुडिसियल कमीशन की नियुक्ति की बात करते हैं। आगे उच्च न्यायालयों के निर्णयों के पुनर्विचार और न्यायाधीशों के दुर्व्यवहारों की जाँच के लिए पूर्व न्यायाधीशों के कमीशन की स्थापना की बात करते हैं। वैसे न्यायिक रिफार्म अपने आप में एक आवश्यकता है परंतु कांग्रेस की इन घोषणाओं के पीछे इंदिरा गांधी के समय वाली न्यायपालिका नियंत्रण की भावना दिखती है। इसके पीछे राफ़ेल से ले कर सावरकर तक और राम मंदिर तक न्यायालयों में कांग्रेस की पराजय का बदला लेने की भावना दिखती है और लोकतंत्र के लिए यह भय का कारण होना चाहिये।

जैसी अपेक्षा थी, भ्रष्टाचार पर मैनिफेस्टो में कुछ स्पष्ट नहीं है। राफ़ेल, पिगासस और इलेक्टोरल बॉण्ड के विषय में लिखा है। पहले दो मामलों में सर्वोच्च न्यायलय किसी भी गड़बड़ी के आरोप को नकार चुका है और राहुल गांधी को झूठे आरोपों के लिए दंडित भी कर चुका है। परंतु राहुल गांधी ज़िद्दी बच्चे की भाँति सरकार में आते ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को दरकिनार कर के जाँच बिठाना चाहते हैं। इस में न्यायालय की अवमानना और विपक्ष के प्रति प्रतिशोध की भावना- दोनों ही परिलक्षित होती है। इलेक्टोरल बॉण्ड में भाजपा और कांग्रेस ही नहीं सभी कांग्रेस के सहयोगियों को धन पहुँचा था। नरेंद्र मोदी निजी कंपनियों को परेशान कर के द्रमुक, तृणमूल और कांग्रेस को चंदा दिलवा रहे थे, यह तर्कहीन बहस है।

कांग्रेस के मैनिफेस्टो में एक वचन अग्निपथ योजना को समाप्त करना है। इस योजना को सेनाओं में अप्रत्याशित मानवसंसाधनों की वृद्धि को रोकने के लिए सैन्य विचारकों के अनुमोदन से लाया गया था। इसके माध्यम से बेरोज़गार युवाओं को सम्मांजनक रोज़गार बिना रक्षा व्यवस्था पर बोझ डाले देने का मंतव्य था। सेना के कार्यक्षेत्र में ऐसा राजनैतिक हस्तक्षेप नेहरू के १९६२ के पहले के विचारों का प्रतिबिंब है। एक राष्ट्र को ऐसे दलों के प्रति सावधान रहना चाहिए। आगे भी कांग्रेस शपथ पत्र राष्ट्रीय सुरक्षा समिति और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को सांसदीय समिति के नीचे लाने का प्रावधान करती है। यही विचार उसके सीडीएस या चीफ ऑफ़ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति के विषय में भी है।

यदि सुरक्षा नीति में राजनीतिक हस्तक्षेप की कांग्रेसी आकांक्षाएँ आपको चिंतित नहीं करती हैं तो विदेश नीति भी देखें।यहाँ कांग्रेस समस्त विश्व में भारत के स्थान आदि के विषय में नहीं कहती है, परंतु गाजा में हमास के पक्ष की नीति वापस लाने का संकेत देती है। एक दिलचस्प शपथ म्यांमार की सरकार के साथ मिल कर म्यांमार के निवासियों के मानवाधिकारों की रक्षा की बात कांग्रेस करती है। क्योंकि म्यांमार के म्यामनार स्थित निवासियों के मानवाधिकार पर भारत को कोई दखल होगा नहीं, अतः स्पष्टीकरण के अभाव में अनुमान लगाया जा सकता है कि कांग्रेस अवैध रोहिंग्या घुसपैठियों के मानवाधिकारों के प्रति चिंता अभिव्यक्त कर रही है।

उपरोक्त के अतिरिक्त कांग्रेस के मैनिफेस्टो में सांस्कृतिक चेतना, ऐतिहासिक नवजागरण जैसे महती विषयों पर पूर्णरूपेण मौन है। एक उभरती हुई महाशक्ति के लिए यह एक महत्वपूर्ण पक्ष है जिस पर कांग्रेस शपथ पत्र पूर्ण रूप से मौन है। सेमीकंडक्टर पॉलिसी, रेयर अर्थ मेटल आदि महत्वपूर्ण भविष्य के विषयों पर भी कांग्रेस के पास साझा करने के लिए कोई विचार नहीं दिखते हैं। पुरानी पेंशन स्कीम जैसी अव्यवहारिक माँगों का अर्थ कांग्रेस हिमाचल में सरकार बना के समझ गई है अतः उस का कोई ज़िक्र यहाँ नहीं है। जो विषय यहाँ चिंताजनक दिखते हैं वे व्यवस्थागत बदलावों पर हैं, और अधिकांश बदलाव राजनीति और राहुल गांधी से प्रेरित दिखते हैं।

One response to “कांग्रेस शपथ पत्र – तथ्य, भ्रम एवं संदेश”

Leave a Reply

Trending