कांग्रेस के मैनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती की एक चैनल से
साक्षात्कार के आधार पर कांग्रेस के न्याय पत्र का आँकलन।
यह सत्य है या छद्म , छलावा और षड्यंत्र?

राजनैतिक दलों के शपथ पत्र दल के मंतव्य का दस्तावेज होते हैं। ऐसी शर्त नहीं रखी जा सकती है कि राजनैतिक दल सत्ता में आने के पश्चात अपने सभी वचनों का पालन कर सकेंगे। परंतु जिस प्रकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने घोषणापत्र के राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, कश्मीर में विभाजक धारा ३७० के निराकरण, सेना के लिए वन रैंक, वन पेंशन, जैसे महत्वपूर्ण शपथ का निर्वहन वैश्विक महामारी के मध्य किया है, स्वाभाविक ही है कि निरंतर परिपक्व होते गणतंत्र की अपेक्षायें अपने पक्ष -विपक्ष के राजनेताओं से बढ़ती जायेंगी। ऐसे में जब कांग्रेस का मैनिफेस्टो या चुनावी घोषणापत्र सामने आया तो उसका भी निष्पक्ष आँकलन करने की संभावना प्रस्तुत हुई। इस पर एक पोस्ट मैंने पहले भी लिखा जहाँ अनेक लोक लुभावने वचनों का वज़न भारतीय अर्थव्यवस्था पर समझने का प्रयास किया गया (कांग्रेस शपथ पत्र – तथ्यात्मक विश्लेषण)।
अब इसमें यह संभव था कि उस विश्लेषण में मेरा पूर्वाग्रह रहा हो। इसलिए इस संदर्भ में कांग्रेस का पक्ष समझना आवश्यक था कि कहीं ऐसा तो नहीं कि कांग्रेस अब भी देश की जनता को सत्तर के दशक के पूर्व की भोली जनता समझती हो जिसे वह ‘ग़रीबी हटाओ’ जैसे लोक लुभावने नारों से मूर्ख बनाती रही और नेहरू के ज़मींदारी ठसके के समक्ष जनता निरीह बनी रिसाइकल नारों को स्वीकार करती रही थी। या कांग्रेस बदलते समय के साथ, जहाँ एक दशक के दुलारे प्रधानमंत्री अपना रिपोर्ट कार्ड ले कर जनता के समक्ष जा रहे हैं, ऐसे में क्या कांग्रेस भी आवश्यक गंभीरता के साथ इन शपथ पत्र के वचनों को ले रही है। राहुल गांधी के निकटतम प्रभाव केंद्रों से एक प्रवीण चक्रवर्ती सामने आये और उन्होंने ऐसे ज्वलंत प्रश्नों के उत्तर दिए। हम उन उत्तरों से कांग्रेस के अपने ही मैनिफेस्टो के प्रति उनकी गंभीरता को समझते हैं। प्रवीण चक्रवर्ती एक डेटा साइंटिस्ट रहे हैं और कैम्ब्रिज एनालिटिका के समय से कांग्रेस से जुड़े हैं। प्रवीण की भारतीय धरातल के राजनीति एवं प्रजा की सीधी समझ संदेहास्पद है, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय अमरीका में बिताया और भारत की धरातलीय राजनीति का प्रारंभिक परिचय संभवतः उन्होंने विदेशी पत्रिकाओं के माध्यम से प्राप्त किया। बहरहाल हम उनके माध्यम से कांग्रेस के मैनिफेस्टो को समझने का प्रयास करते हैं।
करण थापर के साक्षात्कार में वे प्रारंभ ही विदेशी पत्रिकाओं के द्वारा प्रचलित की गई संज्ञा ‘चयनित तानाशाही’ से भारत के संबोधन के साथ करते हैं। पहला प्रश्न बेरोज़गारी के विषय में है। पहली योजना बेरोज़गारी को हटाने के लिए इंटर्नशिप अथवा अथवा अल्पकालिक कार्य अनुभव की है, दूसरी प्रमुख योजना खनन की है। इसमें कांग्रेस का वादा डेढ़ करोड़ खनन उद्योग के अवसरों का है। सनद रहे वर्तमान में कांग्रेस के थिंक टैंक के अध्यक्ष जयराम रमेश हैं जिनका पर्यावरण मंत्री के रूप में इतिहास पर्यावरण के नाम पर खनन ही नहीं अन्य योजनाओं में बाधक होने का रहा है। जयराम रमेश और जयंती नटराजन लगभग पाँच लाख करोड़ की महत्वपूर्ण योजनाओं को पर्यावरण के नाम पर रोक कर चार वर्ष बैठे रहे थे। इस परिवर्तित स्थिति को प्रवीण चक्रवर्ती स्वीकार करते हैं, और इस क्षेत्र में अकुशल कर्मियों की नौकरी की बात करते हैं। वे भारत में खनन को दोगुना करने की बात करते हैं। कांग्रेस की इस योजना से धनबाद की कोयला खानों में मानव जीवन के नुक़सान की स्मृतियाँ आ जाती हैं। इंटर्नशिप पर प्रवीण का कहना है कि एक करोड़ निजी संस्थानों को इंटर्न को ‘लोअर कॉस्ट लेबर’ प्राप्त करने के लिए बाध्य किया जाएगा। आगे कांग्रेस का बेरोज़गारी उन्मूलन की योजना उद्योगों को तकनीक केंद्रित वैज्ञानिक व्यवस्था को बढ़ावा देने वाली मोदी सरकार की पीएलआई (उत्पादन आधारित प्रोत्साहन) योजना को ईएलआई (रोज़गार आधारित प्रोत्साहन) योजना से विस्थापित करने की बात करती है। इसका सरल शब्दों में अर्थ है कि विज्ञान और तकनीक के आधार पर उत्तम निर्माण व्यवस्था का उपयोग रोक कर कांग्रेस प्राचीन निर्माण विधियों को बढ़ावा देने कि बात करती है। यह २१ वीं सदी में यूरोप के काले औद्योगीकरण और चीन के स्वेद संयंत्र का भयावह प्रतिबिंब जान पड़ता है।
लोक लुभावने योजनाओं जैसे महालक्ष्मी योजना पर होने वाले खर्च पर पूछे गये प्रश्न पर कांग्रेस प्रवक्ता का उत्तर है कि उनका दस्तावेज़ सिर्फ़ मैनिफेस्टो है बजट नहीं है। इस लिये उनके पास इन योजनाओं के लिए आवश्यक धनराशि और उनके स्रोतों की कोई गणना नहीं है। उदाहरण के लिए निर्धन परिवारों की स्त्रियों को धन देने के प्रश्न पर उनका कहना है कि हमारे पास गणना नहीं है क्योंकि भारत में डेटा नहीं है। जब कांग्रेस की सरकार आएगी, सरकार जनगणना करायेगी, और उसके आधार पर इन योजना को लागू करेगी। इसका मोटा अनुमान डेढ़ लाख करोड़ प्रति वर्ष होगा। हालाँकि मेरे दूसरे ब्लॉग के अनुसार मात्र स्त्री धनराशि अनुदान योजना का खर्च ही २ लाख करोड़ के आस पास होता है।
कृषि में कांग्रेस के शपथ पत्र ने सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य की वैधिक गारंटी की बात की है और यह मूल्य स्वामीनाथन कमिटी के अनुसार होगा जिसके आधार पर हाल में ही किसान आंदोलन विपक्ष के समर्थन से छेड़ा गया था। जब प्रवीण से यह पूछा जाता है कि कृषि अर्थशास्त्री अशोक गुलाटी के अनुसार इसका प्रभाव आम उपयोग के अन्न पर २० से २५% महंगाई वृद्धि में होगा। इस पर बुरी तरह फँसे हुए कांग्रेस नेता दो बातें स्वीकार करते हैं- एक, कांग्रेस वर्तमान में न्यूनतम समर्थन के अन्तर्गत आने वाली २३ फसलों की बात नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस की योजना के अनुसार ये फसलें २३ से घट कर ४ से ६ भी हो सकती हैं। दूसरा प्रश्न एमएसपी की गणना के फार्मूला का आता है, क्योंकि स्वामीनाथन के व्यय धन ५०% की माँग कृषकों की रही है जिस पर अर्थशास्त्री उसकी अव्यावहारिकता को ले कर आशंकित रहे हैं। कांग्रेस इस फ़ार्मूले को भी सिरे से नकारती है और कहती है कि यह फार्मूला बाद में तय होगा। यह एक गंभीरताहीन प्रलोभन दे कर सत्ता तक पहुँचने का असंवेदनशील प्रयास है जिसके परिणाम भयावह हो सकते हैं। कृषि में वैज्ञानिक साधनों के माध्यम से उपज बढ़ा के कृषकों की आय बढ़ाने के प्रश्न को कांग्रेस स्पष्टतः नकारती है, और कहती है कि उनका आय बढ़ाने का साधन सिर्फ़ कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाना है। इसका सीधा परिणाम खुदरा महंगाई की वृद्धि के साथ होगा। भारतीय जनता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है कि ये प्रश्न आम मतदाता तक पहुँचे। महंगाई के प्रश्न पर प्रवीण साफ़ पल्ला झाड़ के कहते हैं कि महंगाई के बढ़ने घटने को हम नियंत्रित नहीं कर सकते हैं।
कांग्रेस शपथ पत्र यह भी कहता है कि राज्य सभा और लोक सभा अध्यक्ष को अपने दल से त्याग पत्र देना होगा। इसके पीछे राहुल गांधी की संसद से अयोग्यता के निर्णय का कारण हो सकता है। ऐसे किसी परिवर्तन के लिए महत्वपूर्ण संवैधानिक परिवर्तन की आवश्यकता होगी। इसके स्पष्टीकरण के लिये कांग्रेस ब्रिटिश संसदीय व्यवस्था की आड़ लेती है। यह रुचिकर है कि कांग्रेस और उसके ध्रुव राठी जैसे चेले नरेंद्र मोदी को संविधान संशोधन के नाम पर तानाशाह बताते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता से नागरिकता संशोधन बिल और धारा ३७० के विषय में मौन पर पूछा गया तो प्रवक्ता का इस पर कहना है कि शपथ पत्र पिछली सरकार के क़ानूनों को बदलने की बात है, जिसके अंदर यह दोनों बिल भी हैं। स्पष्ट है कांग्रेस के हृदय में ३७० और हिन्दू विस्थापितों की नागरिकता के नये क़ानून हटाने की इच्छा है परंतु जन समर्थन को देखते हुए इस पर शपथ पत्र में कांग्रेस मौन है। सत्ता में आने के बाद संभव है मुस्लिम तुष्टिकरण के तहत कांग्रेस ये दोनों परिवर्तन करे। इसके लिए भी संविधान संशोधन आवश्यक होगा।
आगे कांग्रेस के न्यायिक कमीशन और चीफ डिफेंस ऑफिसर या सेना की सर्वोच्च नियुक्ति के माध्यम से न्यायपालिका एवं सैनिक सेवाओं में सत्ता के हस्तक्षेप की बात करती है। न्यायिक एवं सैनिक क्षेत्र में हस्तक्षेप का कांग्रेस का नेहरू और इंदिरा काल का इतिहास कम से कम मुझे इस क्षेत्र में बहुत चिंतित करता है। सैनिक मामलों में रुचि रखने वालों को जनरल थिमैया और वन रैंक वन पेंशन का स्मरण होगा।






Leave a Reply