पुस्तक समीक्षा – प्रभास, लेखक – तृषार

स्थापत्य के कठोर हृदय से साहित्य की धारा का प्रवाहित होना अचंभित तो करता है परंतु इसकी एक परम्परा रही है। अपने निबंध ‘काव्य में रूप और अरूप’ में निराला लिखते हैं – ‘प्रायः सभी कलाओं के लिए मूर्ति आवश्यक है।अप्रतिहत मूर्तिप्रेम ही कला की जन्मदात्री है।’ भारतीय साहित्य की ऐतिहासिक परम्परा में सम्भवतः कहीं…

स्थापत्य के कठोर हृदय से साहित्य की धारा का प्रवाहित होना अचंभित तो करता है परंतु इसकी एक परम्परा रही है। अपने निबंध ‘काव्य में रूप और अरूप’ में निराला लिखते हैं – ‘प्रायः सभी कलाओं के लिए मूर्ति आवश्यक है।अप्रतिहत मूर्तिप्रेम ही कला की जन्मदात्री है।’ भारतीय साहित्य की ऐतिहासिक परम्परा में सम्भवतः कहीं ना कहीं इस साकार सौंदर्य के पूजन की परम्परा का योगदान रहा होगा। समय के साथ, राजनीति और साहित्य के सम्मिश्रण ने अन्य भारतीय परम्पराओं के साथ ही साक्षात की उपेक्षा का भाव बढ़ता रहा और आधुनिक कथाओं में निर्जीव वास्तु शिल्प के परंपरागत चिन्हों के जीवित संवेदनाओं के साथ जोड़ने की कला कम होती गई। भारतीय दर्शन में ईश्वर निराकार भले ही हो, कल्पना और विश्वास के आकाश में विराजमान हों, सूचना प्रौद्योगिकी की भाषा में जिसे टेथेरिंग कहते हैं, वह कार्य मूर्ति और मंदिरों ने किया। आधुनिक युग में एक लेखक पाषाण मूर्तियों को, टूटे हुए मंदिरों को, बिखरे हुए स्थापत्य को छू कर उसमें जीवन का स्पंदन भर देने का कार्य कोई युवा लेखक करेगा, यह मन को भारत के भविष्य के प्रति आश्वस्त करता है। पंछी को उड़ान के लिए स्थिर भूमि की आवश्यकता होती है और एक राष्ट्र के लिए वह भूमि उसकी सांस्कृतिक विरासत और उसका धार्मिक इतिहास होता है। 

ऐसा नहीं है कि भारत के इतिहास पर लिखा नहीं गया है, परंतु इतिहास को वर्तमान में ऐसे स्नेह के साथ गूँथ कर कथा रूप में कम देखने को मिलता है। इस संदर्भ में डॉक्टर नरेंद्र कोहली के बाद तो हिंदी लेखन में ऐसे भारत- बोध के साथ लेखन कम दिखता है। इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जहाँ कथेतर साहित्य में दिनकर जी के ‘संस्कृति के चार अध्याय’ जैसे गम्भीर साहित्य का स्थान है, उसे पढ़ने के योग्य परिपक्वता रखने वाले पाठक तैयार करने में मिथक और कथाओं का अपना स्थान है। भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान के साथ और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति, इतिहास और धर्म के प्रति बढ़ती रुचि के कारण अंग्रेज़ी में इन विषयों पर नया लेखन आया है, परंतु उसमें संस्कृति के प्रति स्नेह का भाव लोकप्रिय साहित्य के औद्योगिक निर्माण की होड़ में टूट बिखर गया। हिंदी में इस पर उपलब्ध साहित्य आम तौर पर उन्हीं अंग्रेज़ी पुस्तकों का अनुवाद है जिन्हें भारतीय युवा संस्कृति से साक्षात्कार के रूप में पढ़ रहा है। ऐसे में तृषार की पुस्तक ‘प्रभास’ अपनी भाषा के प्रवाह और अपनी वैचारिक मर्यादा के कारण बड़ा संतोष देती है।

प्रभास का अर्थ है देदीप्यमान, और एक लाइट हाउस के रूप में भारत के पश्चिमी छोर पर पश्चिम का द्वार खोलता सोमनाथ प्रभासपट्टन के नाम से भी जाना जाता था। लेखक गुजरात से आते हैं अतः सोमनाथ के प्रति उनका सहज स्नेह ना सिर्फ़ पुस्तक के नाम में, बल्कि उसकी सात कथाओं में तैरता रहता है। पहली कहानी ‘अच्युतानंत्गोविंद’ एक अपने वर्तमान के सत्य एवं काल के इतिहास के मध्य भटकते एक युवक की कथा है। कथा ‘प्रणय निवेदन’ वर्तमान की अनिश्चितता में और सामाजिक मानकों की अनुपस्थिति में बहते प्रेमी युगल को बाण स्तम्भ की छाया में सम्बन्धों को स्थायित्व देते हुए देखता है। इस कथा में चंद्रमा और दक्ष पुत्रियों के विवाह की कथा के माध्यम से तृषार प्रेम युवाओं द्वारा आजकल एक दूसरे पर रखी जाने वाली असम्भव अपेक्षाओं और उनके कारण प्रेम की परिणति ना हो पाने की आधुनिक समस्या पर प्रकाश डालती है जो अपना समाधान ‘लिव-इन’ जैसे तरल, अल्पजीवी सम्बन्धों में ढूँढती है। इतिहास, मिथक, स्थापत्य और सत्य के बीच सभी कथाएँ तैरती हुई पाठक को एक कल्पना के एक सुंदर स्वर्ग में ले जाती है। ‘यहाँ क्या हुआ था?’ में इतिहास कथा से अधिक है और काल्पनिक पात्रों के माध्यम से लेखक सोमनाथ के विध्वंस और उसके पुनर्निमाण की कथा बताते हैं। ‘मेरे सोमनाथ’ महादेव के इस ऐतिहासिक शक्ति स्थल की रक्षा में वीर हमीर की आत्माहुति की गाथा है। लावण्या की कथा एक आधुनिक युवती के  सोमनाथ के प्रांगण में संस्कृति से साक्षात्कार और परिवर्तन की कथा है। ऐसी कथाएँ मुझे व्यक्तिगत रूप से बहुत प्रिय हैं। नैसर्गिक रूप से असैनिक धर्म की धारा, हिंदुत्व के विचार के बचे रहने के लिए उसके बच्चों का लौट लौट कर उसकी ओर जाना ही एक मात्र कारण रहा है उसके सनातन होने का और एक मात्र आशा है उसके चिरंतन रहने की।

कहानियों की भाषा उत्तम है, और सुंदर भाषा पढ़ कर यह समझ नहीं आता है अहिंदीभाषी गुजराती होने के किस संकोच ने तृषार की लेखनी को इतने समय रोके रखा। एक बात मैं कहने से स्वयं को रोकूँगा नहीं क्योंकि यह लेखक का समीक्षक पर ऋण होता है कि पुस्तक के दोष भी इंगित करे। सो इस पुस्तक में तृषार से एक ही क्लेश है कि कथाएँ बहुत छोटी हैं। ‘यहाँ क्या हुआ था’ सबसे लम्बी कथा है, सम्भवतः इस लिए क्योंकि कथा में तथ्य अधिक हैं। जिन कथाओं में (और ऐसा अधिकांश कथाओं में है) पात्रों का वैचारिक और चारित्रिक परिवर्तन होता है, उसमें पात्रों के विचारों का परिवर्तन पाठकों के सामने होना चाहिए। मुझे लगता है लेखक को अपने शिल्प के प्रति सजग आत्मविश्वास के साथ लिखना चाहिए और कहानियों को परिणति तक पहुँचाने में शीघ्रता नहीं करनी चाहिए। अपनी भाषा, अपने शिल्प के प्रति विश्वास रख के लेखक शीघ्रता से कथाओं का पटाक्षेप कर के पन्नों से बाहर निकलने की उतावली त्याग कर बहुत सुंदर साहित्य की रचना कर पाएँगे। ७२ पन्नों में लिखी ये नन्हा सा लघुकथा संग्रह आगे एक विस्तृत उपन्यास, कथा संग्रहों की संभावनाओं की ओर इंगित भर करता है, यह मान के मैं लेखक को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ। मैं आशा करता हूँ कि इसे पढ़ने वाले पाठक मेरी ही भाँति भाषा और संस्कृति के प्रति लेखक के स्नेह से मुग्ध होकर ऐसी ही और कृतियों की माँग करेंगे जो प्रभास में समुद्र के छोर पे खड़े प्रकाश स्तम्भ की भाँति अविश्वास के तिमिर को काटती रहेंगी।

Leave a Reply

Trending