पल में हँसना पल में रोना

दूर क्षितिज को बैठ कहीं पर जब भी देखा करता हूँ, काँधे शीश तुम्हारा होना, अच्छा लगता है। आँखों ही आँखों में अपनी सब बातें हो जाती हैं, आँखों का ये जादू टोना अच्छा लगता है।

पल में हँसना पल में रोना अच्छा लगता है।

 मेरे पास तुम्हारा होना अच्छा लगता है।

कितनी सारी बातें हैं जो होती हैं, रह जाती हैं।

बात-बात में खुद को खोना अच्छा लगता है।

केवल दो क्षण, जिनमें हमने सारा जीवन जी डाला,

उन्हीं क्षणों को पुनः पिरोना अच्छा लगता है।

मेरा मन है बहुत अकेला, सूनी किसी अटारी सा,

मन में एक तुम्हारा कोना अच्छा लगता है।

दूर क्षितिज को बैठ कहीं पर जब भी देखा करता हूँ,

काँधे शीश तुम्हारा होना, अच्छा लगता है।

आँखों ही आँखों में अपनी सब बातें हो जाती हैं,

आँखों का ये जादू टोना अच्छा लगता है।

 नया-नया जब प्रेम हुआ हो नयी-नयी तरुणाई में

जानू-जाना बाबू-शोना, अच्छा लगता है।

प्रेम पिरोकर तुमने मेरे जाने कितने नाम रखे,

बीच में सब के “ज़रा सुनो न” अच्छा लगता है।

तुम जैसे भी समझो खुद को ऐसी हो या वैसी तुम,

मुझे तुम्हारा रूप सलोना अच्छा लगता है।

जीवन में कितना कुछ हर दिन, आता जाता रहता है,

साथ तुम्हारे पाना-खोना अच्छा लगता है।

–

अजय चंदेल

Leave a Reply

Trending