विधानसभा चुनाव, भाजपा की प्रचंड विजय, कांग्रेस की हताशा का विश्लेषण

मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिज़ोरम और तेलंगाना – चार राज्यों में विधानसभा चुनावों का परिणाम आ चुका है। तेलंगाना में कांग्रेस की विजय हुई है और तीन राज्यों में से एक मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चल रही निवृत्तमान भारतीय जनता पार्टी ने वापसी की है, और अन्य दो में भाजपा ने कांग्रेस…

मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मिज़ोरम और तेलंगाना – चार राज्यों में विधानसभा चुनावों का परिणाम आ चुका है। तेलंगाना में कांग्रेस की विजय हुई है और तीन राज्यों में से एक मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चल रही निवृत्तमान भारतीय जनता पार्टी ने वापसी की है, और अन्य दो में भाजपा ने कांग्रेस को पदच्युत कर के वापसी की है। राजनैतिक विश्लेषकों के कुटीर उद्योग की जिस वर्ण व्यवस्था की कांग्रेस ने मुख्यधारा की मीडिया को चुनौती देने के लिए स्थापना की थी, उस के ब्राह्मण जो कल तक कांग्रेस की पाँचों राज्यों में जीत के सुनिश्चित होने का दावा कर रहे थे, अब तेलंगाना के इतर चार राज्यों में कांग्रेस की पराजय के कारण ढूँढ रहे हैं। चिंता का विषय यह है कि धरती की सत्यता से अनभिज्ञ इन विश्लाषकों का विश्लेषण आज भी उतना ही तथ्यविहीन है, जितना इनके चुनाव पूर्व के यूफ़ोरिया के दिनों में था। कांग्रेस का बाबा लोगों वाला नेतृत्व पहले ही ढँके छुपे रूप में अपनी पराजय के लिए उत्तर -दक्षिण विभाजन और उत्तर भारतीयों की बौद्धिक क्षीणता को दोष दे चुका है। कांग्रेस के सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने इसका प्रारंभ किया और इसमें पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम के पुत्र और कांग्रेस सांसद कार्ती चिदंबरम ने इस स्वर को बल दिया। तुरंत ही कांग्रेस सोशल मीडिया के स्वर इस में जुड़ कर हिन्दी हृदयभूमि के मतदाताओं को पुलवामा के इस्लामी आतंकियों के द्वारा प्रचलित किये गये गौमूत्र और गोबर जैसे अपशब्दों से कोसने लगे। धरती पर काम करने वाले कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को पीछे छोड़ कर आभासी दुनिया के बाबा लोगों के प्रभाव में कार्य करने वाली कांग्रेस ऐसे हवा हवाई रणनीतिकारों से कैम्ब्रिज ऐनालिटिका की २०१९ की कथित विफलता के बाद भी ऐसे घिरी हुई है, यह इसी से पता चलता है कि अल्पबुद्धि, अपशब्द से भरे लोग ही उस कांग्रेस का आज जनता के सामने प्रतिनिधित्व करते हैं जिस कांग्रेस को समाज कभी सौम्यता और नैतिकता के लिये जानता था। यह सहज संयोग नहीं है कि कुछ ही दिन पहले एक समर्थ विचारक शशि थरूर के स्थान पर प्रवीण चक्रवर्ती को नियुक्त कर दिया गया है। 

पिच क्यूरेटर योगेन्द्र यादव जैसे बुद्धिजीवी जो निष्पक्षता का आवरण ओढ़े चुनाव आंदोलन आदि के माध्यम से कांग्रेस के लिए चुनावी पिच तैयार करने का दावा करते थे, तीन राज्यों में कांग्रेस की विजय का कारण धार्मिक ध्रुवीकरण, कांग्रेस का आंतरिक क्लेश और कांग्रेस नेतृत्व की संवाद की विफलताओं को बता रहे हैं। यही योगेन्द्र यादव तीन दिन पहले राहुल जी के राजनैतिक समझ के क़सीदे पढ़ रहे थे, भारत जोड़ो आंदोलन, जिस में वे स्वयं चले थे उसे मास्टरस्ट्रोक बता रहे थे। इनके विश्लेषण में इतने छेद हैं कि यदि इनकी मच्छरदानी पहन के ये बैठ जायें तो इस से मच्छर भी ना रुकें। धार्मिक ध्रुवीकरण का दोष मतदाताओं और भाजपा पर देते हुए सलीम उर्फ़ योगेन्द्र यादव जो राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे थे, यह अब भी नहीं जान पा रहे हैं कि ईसाई मतांध पादरी के साथ भारत जोड़ो से प्रारंभ कर के और गौ हत्या करने वाले युवक कांग्रेस वाले नेता के साथ चल के क्या स्वयं कांग्रेस को हिंदुओं के विरोध में नहीं खड़ा कर रहे थे? क्या कांग्रेस की ये आशा थी कि एक बंधे हुए और निर्लज्जता से सांप्रदायिक हुए वोट बैंक के पीछे दौड़ते हुए वो हिंदुओ को अनाथ छोड़ देंगे और हिंदू किसी विपरीत राजैतिक शक्ति का हाथ नहीं थामेगी। गौरक्षा और राम राज्य को स्वराज्य की शर्त बनाने वाले महात्मा गाँधी की कांग्रेस को इतिहास और वर्तमान से कटे कम्युनिस्टों ने आज एक धुरिहीन राजनीतिक दल बना छोड़ा है। वामपन्थ की मृत्यु के बाद कांग्रेस के चारों ओर आ जुटे वामपंथियों ने उस कांग्रेस को जनस्मृति से मिटा देने का कार्य किया है जिसके नेता बिपिन चंद्र पाल कहते थे कि हिंदू राष्ट्रीयता राहुल गांधी के यूनियन ऑफ़ स्टेट्स से इतर वह भाग है जो स्वयं को संपूर्ण का भाग मानता है, जो एक है। 

राहुल गांधी के ये बौद्धिक गुरु उन्हें भारतीय जन मानस में धर्म की महत्ता समझने नहीं देते, चाहे वो उन्हें चुनाव काल में धार्मिक बहुरूपिया बना के घुमाते रहें। भारत की जनता मूर्ख नहीं है, यह धरती की धड़कन को समझती है। यह सड़क पर चलती है तो मन से सड़क बनाने वाले को धन्यवाद देती है। कांग्रेस समर्थक यह मान रहे हैं कि उनकी विफलता का कारण जनता तक उनके संदेश का नहीं पहुँच पाना है। उन्हें यह नहीं समझ आ रहा है कि उनकी विफलता का कारण उनके संदेश का जनता तक पहुँच जाना है। वामपंथी विचारक कांग्रेस को उद्योग विरोधी, तकनीक विरोधी रूप दे रहे हैं। वे उस काल में जी रहे हैं जब सरकारी प्रतिष्ठानों के कर्मचारी सरकारी प्रतिष्ठानों के कम्प्यूटरीकरण के विरोध में सड़क पर आ गये थे और जनता उनका साथ दे रही थी। आज उन्हीं मज़दूर संघों के नेताओं के बच्चे तकनीकी क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं, वे स्वयं कोविद की महामारी में तकनीक के लाभ स्वयं देख चुके हैं। भारत के वैश्विक नेतृत्व में उसी तकनीक और भारतीय उद्यमिता के प्रतिबिंब देख रहे हैं। कांग्रेस की राजनीति ना की राजनीति है, वह उद्योग को ना कहती है, धर्म को ना कहती है, नरेंद्र मोदी को ना कहती है। वह किसी को हाँ नहीं कहती है। कांग्रेस कहती है- अड़ानी अंबानी को हटाओ, हिंदुत्व को हटाओ, नरेंद्र मोदी को हटाओ। वह कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं देती है। वह यह नहीं कहती कि हम अंबानी को हटायेंगे तो क्या लायेंगे? लाइसेंस राज? हिंदुत्व को हटायेंगे तो क्या लायेंगे? माओ या मौलाना? मोदी को हटायेंगे तो किसे लायेंगे? सतपाल मल्लिक को?

मध्यप्रदेश में भाजपा को कांग्रेस की नकारात्मकता का लाभ मिला। मध्यप्रदेश में भाजपा को कांग्रेस के डेढ़ वर्ष के शासन का भी लाभ मिला, जिस डेढ़ वर्ष में कांग्रेस ने सर्वप्रथम सत्ता में आते ही सरकारी व्यवस्था में संघ से जुड़े लोगो का  निर्ममता से निर्मूलन किया। लोगों ने बड़े नारों के पीछे छुपी कार्यान्वयन की विफलता को देखा। भाजपा के पास वास्तविकता में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लाभार्थी थे। भारतीय समाज बंद मुट्ठी रखने वाले बुजुर्गों का समाज है। कोविड काल में कैश वितरण के कांग्रेसी खेल का विरोध कर के मोदी सरकार ने परोक्ष रूप से उद्योगों को जो लाभ दिया, उसका परिणाम भारतीय अर्थव्यवस्था के स्थायित्व में आज दिख रहा है। कल के लिए आज बचाने वाले भारतीय समाज ने अनियंत्रित लोभ के पश्चिमी दर्शन पर आधारित रेवड़ी राजनीति को नकार दिया है जो निर्धनों के लिए लायी गई शिवराज चौहान सरकार की लाड़ली बहना और मेधावी छात्र योजना का उपहास उड़ाती है, वहीं उन स्त्रियों के लिए मुफ़्त बस टिकट की व्यवस्था करती है जो करोड़ों की कारों में चलने की सामर्थ्य रखती है। भारत की सोच वेलफ़ैरिज़्म की है, यह भारत की सांस्कृतिक सोच है। यह पाँच वर्ष के लिए बिना बिचौलियों के निर्धनों को मुफ़्त राशन के लिए १२ लाख करोड़ का बोझ बिना चेहरे पर शिकन लाये स्वीकार करती है, परंतु इसे चिदंबरम द्वारा सरकारी दबाव में नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे लोगो को लाखों करोड़ों का ऋण देना स्वीकार्य नहीं है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने जातीय विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा फैलाये गये ओबीसी जन गणना के शगूफ़े की आर्थिक वर्ण व्यवस्था के माध्यम से हवा निकाल दी है। भारतीय जनता एक एकीकृत समाज से जुड़ना चाहती है, चाहे वो किसी भी वर्ण या वर्ग से आते हों। धार्मिक कट्टरता के शिकार निम्न वर्ग के भारतीय होते हैं। भारतीय समाज के प्रतिनिधि पेट्रोल पम्प चलाने वाले आढ़तिया समाज के प्रतिनिधि राकेश टिकैत नहीं है, चाहे वाम और कांग्रेस समर्थक मीडिया उन्हें उस रूप में स्थापित क्यों ना करना चाहे। इस चुनाव के जनमत की तस्वीर कन्हैयालाल और ईश्वर साहू हैं। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार एक मुद्दा रहा, परंतु उस से भी बड़ा मुद्दा जनता का शोषण रहा।इस शोषण की कथा उसी प्रकार मुख्यधारा का मीडिया दबाता रहा जैसे राजस्थान में महिलाओं और बालिकाओं के विरोध का अपराध। ईश्वर साहू एक निर्धन मज़दूर थे जिनके पुत्र भुवनेश्वर साहू की मृत्यु सांप्रदायिक दंगों में हुई थी। इन दंगों में राज्य प्रशासन की भूमिका संदेह में आयी थी और प्रताड़ित हिंदुओं के समर्थन में भगवा रैली निकाली गई थी। दलित हिंदू ईश्वर साहू ने सात बार के कांग्रेस विधायक रवींद्र चौबे को चुनाव में पराजित किया। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने ९० में से ५४ सीटें जीती। बस्तर की १२ आदिवासी-बहुल सीटों में से भाजपा ने ८ जीतीं और वहीं सरगुजा की १४ की १४ सीटें पर जीत पाई। मध्यप्रदेश में ४७ आदिवासी जनजातियों के लिए आरक्षित सीटें हैं। भाजपा ने २५ सीटें जीती, कांग्रेस ने २१। वहीं राजस्थान में भाजपा ने २५ आदिवासी आरक्षित सीटों में से १६ जीती, जहाँ कांग्रेस के खाते में सिर्फ़ ७ आयीं, जो पिछले चुनाव से लगभग आधी थी। यह उस चुनाव के बीच हुआ जब राजपूत भील एकता की ऐतिहासिक भूमि तैयार करने वाले महाराणा प्रताप के वंशज कांग्रेस के राजस्थान के बड़े नेता सी पी जोशी को हरा के सत्ता में आये। यह चुनाव हिंदू धर्म के अंदर जातिगत विभाजन के कुत्सित प्रयास का उचित प्रत्युत्तर हो सकता है, यह समय बतायेगा। भारतीय जनता पार्टी के लिए ये चुनाव दो संदेश देते हैं, एक तो यह कि वैचारिक प्रतिबद्धता में असमंजस ऐसे समय पर जब हम सांस्कृतिक इतिहास की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, आत्मघाती होगी, वहीं जनता अब गारंटी और वचन पर समय व्यर्थ करने को तैयार नहीं है। अब उसे धरातल पर परिवर्तन दिखने चाहिए। नरोत्तम मिश्रा की हार इसी और इंगित करती है। पाँच वर्ष में अपने चुनाव क्षेत्र के परिवर्तन करें, चाहे इसके लिए मोदी जी को वहाँ ले जाना पड़े या अड़ानी को। विधायक अपने क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को जोड़ें और अन्य विधानसभा क्षेत्र की सफलताओं को अपने क्षेत्र में समयबद्ध रूप से उतारें। देश चल नहीं दौड़ रहा है, और देश के छोटे से छोटे गाँव के पैरों में यदि नेता पहिये ना पहना सके तो जनता का निर्णय निर्मम ही होगा।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से एक मुस्लिम प्रत्याशी, मध्यप्रदेश से २ प्रत्याशी और राजस्थान में १४ मुस्लिम प्रत्याशी खड़े किए थे। इनमें से मध्यप्रदेश में दोनो प्रत्याशी भोपाल से विजयी हुए, राजस्थान में पाँच जीते और छत्तीसगढ़ में एक भी विजयी नहीं हो सका। तीन राज्यों में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने २०५ सीटों पर प्रत्याशी उतारे, एक भी प्रत्याशी की जीत नहीं हुई। पार्टी का मत प्रतिशत मध्य प्रदेश में 0.५३ प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 0.९३% और दिल्ली से सबसे निकट राजस्थान में 0.३८% रहा। आम आदमी पार्टी की सांत्वना कांग्रेस के मूर्खतापूर्ण उत्तर -दक्षिण विभाजक वक्तव्य में है, क्योंकि अब कांग्रेस हिन्दी क्षेत्र से बाहर है, जबकि आम आदमी पार्टी पंजाब और दिल्ली में है। तेलंगाना की जिस विजय पर कांग्रेस इठला कर भाजपा को दक्षिण से बाहर करने का दावा कर रही है, वहाँ भाजपा की सीटें १ से बढ़ कर ७ हुई हैं और मत प्रतिशत ७% से लगभग दोगुना हो कर १३.८८ प्रतिशत हो गया है। भ्रम जीने का यदि कांग्रेस मन बना रही है तो भारत के लोकतंत्र को ही क्षति पहुँचा रही है। भारतीय लोकतंत्र को एक सशक्त विपक्ष की आवश्यकता है जो जनता जो सकारात्मक विकल्प दे सके। लोकतांत्रिक प्रक्रिया से बाहर धकेले गये वामपंथी और अपनी उपयोगी आयुसीमा लांघ चुके भद्रजनों की क्रीड़ाभूमि बनी कांग्रेस वह विकल्प देने में असमर्थ है। कांग्रेस से इतर एक ही विपक्षी राजनैतिक दल है जिसकी इन चुनावों में कुछ शक्ति दिखती है वो है बहुजन समाज पार्टी, भले ही मीडिया कवरेज आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी और समाजवादी पार्टी के गिर्द घूमती रहती हो। हालाँकि बसपा का मत प्रतिशत राजस्थान में पिछले चुनाव के ४% (६ सीट) से गिर के १.८ प्रतिशत (२ सीट) पर आ गया, फिर भी पार्टी संचार माध्यमों की प्रिय पार्टियों से बेहतर स्थिति में है। मध्यप्रदेश में बसपा का मत प्रतिशत ३ प्रतिशत से अधिक रहा। मुझे लगता है इसी गिरते मत प्रतिशत में कांग्रेस की जातिगत जन गणना जैसी विभाजक नीति की विफलता का रहस्य छिपा है। यदि इसका कारण मण्डल का कमंडल में विलय है तो यह एक राष्ट्र के रूप में नागरिकों की इकाई से संपूर्ण में जुड़ने की इच्छा का द्योतक है और अच्छा चिह्न है। संभवतः यह प्रांतीय विभाजक रेखाओं को भी क्षीण करने में सहायक हो। इस संदर्भ में तमिलनाडु का आगामी चुनाव महत्वपूर्ण हो सकता है। काशी में तमिल उत्सव जैसे कार्यक्रम कांग्रेस की फूट डालने वाली नीति के नवपल्लवित विषवृक्ष की जड़ों में मट्ठा डालने का कार्य करेगा। उत्तरभारत के विद्यालयों में दक्षिण की भाषाओं को तृतीय भाषा का स्थान दे कर इस प्रक्रिया को अधिक बल दिया जा सकता है। 

Leave a Reply

Trending