“पहले दिन भर एक आलस सा रहता था, भोजन और भूख – दोनों पर ही कोई नियंत्रण नहीं था। अपने अनुरूप कपड़े नहीं मिलते थे। अपनी पूरी फोटो सोशल मीडिया पर नहीं डालते थे। अब ऐसी कोई कठिनाई नहीं है।लंबे समय तक चलने में एक अलग सा नशा रहता है। इस समय का उपयोग मैं ज्ञानवर्धक पॉडकास्ट सुनने या ऑडियो बुक्स सुनने में करता हूं। जिम और सैर के लिए इतना समय देने के बावजूद बेहतर टाइम मैनेजमेंट और जीवन में अनुशासन आ गया है।”
जगदीश भाटिया , उद्यमी एवं व्यवसायी, नो -प्लास्टिक शॉप

मिठाई, पकवान या बाहर का खाना हर भारतीय की तरह हमारे परिवार में भी सेलिब्रेशन का तरीका हुआ करता था। आज भी है। भारतीय मिठाईयों में विदेशी पकवान जैसे केक-पेस्ट्री भी उत्सव और सुख के समारोहों से जुड़ गये हैं। फिर पिछले 20 सालों में मैकडोनाल्ड, डोमिनोज और पिज्जा हट जैसे आउटलेट्स हमारे खाने की आदतों में नियमित रूप से जुड़ गए। इसके साथ सॉफ्टड्रिंक की जुगलबंदी खान पान की आदतों को बिगाड़ने में करेले पर चढ़े नीम का कार्य कर रही थी।
स्वस्थ जीवन और स्वस्थ भोजन का संज्ञान भी समय से साथ मिटता चला गया। पता तक नहीं था कि जिन्हें हम अच्छा और सेहतमंद मानते हैं वह घी, मक्खन, मलाई और पैकेट बंद जूस कितनी सीमित मात्रा में लेने चाहिए। एक लंबी तंद्रा में चल रहे जीवन से मेरी आँख २५ मार्च २०१८ को सहसा खुली।
२५ मार्च २०१८ को ५३ वर्ष की आयु में घर के बाहर ही मेरा दायां पाँव फिसला और मैं अपने १०५ किलो के भारीभरकम वजन के साथ अपनी ही बायीं टांग पर बैठ गया। बायीं टांग की हड्डी टूट गई। डॉक्टर ने कहा कि प्लास्टर नहीं लगेगा, 3 महीने तक बिस्तर पर आराम करो। पाँव का दर्द तो लगभग साल भर में मिटा परंतु एक भय सा मानस में छोड़ गया। चलना फिरना बहुत सीमित हो गया।
पैदल चलते हुए लगता था सदा सहमा सा रहता था कि फिर कहीं पैर ना फिसल जाए। सीढ़ियां भी सावधानी से धीरे धीरे उतरता। सड़क पर संभल संभल कर चलता। अंधेरा होने पर घर से बाहर नहीं निकलता और यदि बाहर होता तो अंधेरा होने से पहले घर आ जाता। इसी मानसिक अवस्था में कोरोना का लॉकडाउन शुरू हो गया। बाहर जाने में एक और डर जुड़ गया। आप समझ सकते हैं कि उस अवधि में मेरी शारीरिक गतिविधियां लगभग ना के बराबर ही थीं। अपने भीतर के भय के साथ वैश्विक महामारी का भय जुड़ गया।
जून 2021 में जब मेरे एक सम-वयस्क मित्र के हृदय की बायपास सर्जरी हुई तो मेरा माथा ठनका। अब मुझे निर्धारित करना था कि इस भारी शरीर और निरंतर आशंकित मानस के साथ आरामतलबी का भयाक्रांत जीवन जीना है जिसमें कोई दिन आएगा और डॉक्टर स्टैंट या बायपास करके भेज देगा (यदि संयोग भला हुआ तो) या अपने मन और तन में बदलाव लाना है। लगभग छह माह इसी उहापोह में निकले।
इस परिस्थिति से निकलने के प्रयास में कई तरह के प्रयोग किए।
यूट्यूब पर ऐसे लोगों के बहुत से वीडियो देखे जिन लोगों ने अपना वजन कम किया था। सब में एक बात समान थी कि वे सभी लोग प्रतिदिन दस हजार कदम अवश्य चलते थे। पता नहीं मेरी इस स्थिति में कोई और होता तो क्या निर्णय करता मगर मैंने जनवरी २०२२ में दौड़ने वाले जूते खरीद लिए। एक उत्साह के साथ दैनिक सैर को प्रारंभ किया। लंबी सैर शुरू की तो टांग का दर्द लौट आया। लगभग छह महीने तक दर्द रहा। वजन घटने लगा तो दर्द भी असहनीय नहीं लगता था।
चलना नियमित हुआ तो भोजन को भी संतुलित करने पर ध्यान गया, मानो स्वतः ही कड़ियाँ सी जुड़ने लगीं। बाहर का खाना बहुत कम कर दिया था। लगभग एक वर्ष बाद मीठा भी बंद कर दिया। हालांकि शतप्रतिशत कुछ भी बंद नहीं किया और कभी कभार बाहर का भी खाते हैं और मीठा भी, किंतु नियंत्रित मात्रा में। सैर से हल्की दौड़ भी शुरू हुई और धीरे धीरे व्यायाम भी।
जनवरी २०२४ को मेरी इस स्वास्थ्य यात्रा को दो वर्ष पूर्ण हो जाएँगे। इन दो वर्षों की अनुशासित यात्रा का परिणाम है कि वजन सत्रह किलो कम हो कर ८७ किलोग्राम पर पहुँच गया है।ब्लड मार्क्स में सुधार हुआ है, HBA1C 6% से घट कर ५.६% और ट्रिग्लिस्राइड तथा LDL स्वस्थ सीमा के निकट पहुंच गए हैं। नया ध्येय अब ८० किलोग्राम तक वजन पहुँचाना है।
शरीर का संतुलन सुधर गया है। व्यायाम भी कर पाता हूं। सीढ़ियों पर तेजी से उतरना चढ़ना भी हो पाता है और मन में डर अब नहीं है। अब कुछ समय से पाँच किमी की दौड़ लगाना भी शुरू किया है। कई बार दिन में बीस हजार कदम से भी अधिक सैर की है। पिछले महीने जिम जाना भी शुरू कर दिया है। भय से प्रारंभ हुई यात्रा अब रोमांच से भरी लगती है।
सुबह जल्दी उठने और रात जल्दी सोने की आदत हो या खाने पीने में बदलाव, परिवार का पूरा सहयोग मिला। मेरे साथ उनकी भी आदतें बदलीं।
लंबे समय तक चलने में एक अलग सा नशा रहता है। इस समय का उपयोग मैं ज्ञानवर्धक पॉडकास्ट सुनने या ऑडियो बुक्स सुनने में करता हूं। जीवन में अनुशासन ने नये आयाम खोल दिये हैं। जिम और सैर के लिए इतना समय देने के बावजूद बेहतर टाइम मैनेजमेंट और जीवन में अनुशासन आ गया है।
अभी तक की स्वास्थ्य यात्रा दर्द और छोटी छोटी सफलताओं से भरी हुई थी।
आगे की स्वास्थ्य यात्रा के प्रति अब संशय नहीं उत्साह है।
(इस लेख के लेखक जगदीश भाटिया, 58 वर्षीय व्यवसायी हैं और नो प्लास्टिक शॉप के नाम से ऑनलाइन ई-कॉमर्स शॉप चलाते हैं। फिटनेस और डाइटिंग में रुचि रखते हैं।उन्हें आप ट्विटर पर @jagdish पर फॉलो कर सकते हैं।)






Leave a Reply