जम्बूद्वीप के महाराज परेशान थे। एक आधे राज्य के मालिक लोकनायक ने उनकी नाक में दम कर रखा था। वही आधे राज्य का मालिक जो जम्बूद्वीप की सरकार को फांस बनकर चुभ रहा था।
कहीं से महाराज के गुप्तचरों को समाचार मिला कि लोकनायक के एक मंत्री ने कुछ षड्यंत्र कर के राज्य का बहुत नुकसान किया है। महाराज जानते थे कि कुछ कार्रवाई की और अगर यह खबर गलत हुई तो पूरा गिरोह सड़कों नग्न नृत्य करेगा। फिर भी कुछ तो करना ही था। महाराज ने एजेंट-डी को फोन किया। एजेंट-डी तुम राज्य के हालात तो जानते ही हो। बहुत मुश्किल हो रही है। तुम्हारी तुरंत जरूरत है। फौरन चले आओ।
एजेंट-डी – चिंता न करें महाराज मैं अभी आता हूँ।
यह कहते ही एजेंट-डी ने अपना फोन फिर तोड़ दिया।
पीछे से संगीत बजता है – टें.. टें…टेंटेंटेंटें! एजेंट-डी दुश्मनों का दुश्मन।
एजेंट-डी महाराज के घर पहुँचा। कोडवर्ड में दरवाज़े पर दो बार दस्तक दी ठक-ठक्क और फिर एक बार सीटी बजाई। एक बार ज़ोर से दरवाज़ा बजाया भड़-भड़। दरवाज़ा अपने आप खुला। सामने दूसरा दरवाज़ा था। जिसमें लगे स्कैनर में एजेंट ने अपनी आँख को सटा दिया। सामने से एक कीबोर्ड खुला। जिसमें एजेंट ने अपना आधार कार्ड नंबर डाला। की-बोर्ड बंद हो गया। वह प्रतीक्षा करने लगा। उसने मोबाइल निकाला। देखा नेटवर्क पूरा है। उसने मोबाइल अपने चारों तरफ घुमाया। ऊपर, नीचे, पास, दूर सब करके देखा। मोबाइल का नेटवर्क बंद कर के चालू किया।
एयरप्लेन मोड़ में डाल कर वापस नेटवर्क चालू किया। कोई लाभ नहीं। फिर अंत में उसने मोबाइल को री-स्टार्ट किया और वाह, अंततः वह सफल हुआ, उसके पास एक ओटीपी आ गया था। यह ओटीपी उसे दरवाजे के हैंडल में छुपे माइक में बोलना था। उसने ओटीपी माइक में फुसफुसाकर कहा। दरवाज़े से हल्की सी आवाज़ आई जैसे कोई ताला खट से खुला हो।
उसने हैंडल घुमा कर दरवाज़ा खोला तो तीसरा दरवाज़ा सामने था। जिसपर एक बड़ी सी टच-स्क्रीन लगी थी जिसपर बहुत से विज्ञापन चल रहे थे।
“बधाई। आपके पास के पार्क में आज बल्ब का उद्घाटन हुआ है।”
“क्या आप ऑस्ट्रेलिया छुट्टियाँ मनाने जाना चाहते हैं?”
“क्या अपने ड्रीम ११ पर टीम बनाई? इस बार दूसरा इनाम एक करोड़ है।”
“डू द डिजिट डिजिट!”
“क्या आपका फोन टूट गया है? जल्दी कीजिए ऑफर में नया फोन केवल आज के लिए।”
उसे सबसे अजीब विज्ञापन लगा, खुजली के पाउडर का। उसने ये तो किसी को नहीं बताया था कि उसे खुजली है, और ये तो किसी को पता नहीं चल सकता था कि उसे कहाँ खुजली है। क्योंकि एजेंट-डी के हर गुप्त मिशन की तरह खुजली भी गुप्त स्थान पर ही थी।
अचानक ये विज्ञापन। उसने तो बस अपने मन में सोचा था कि लौटते टाइम खुजली जी क्रीम ले लेगा। AI टेक्नोलॉजी एजेंट-डी से भी तेज है। उसे सब पता है।
एजेंट-डी फिर भी बहुत तेज है। वह इस सब में नहीं उलझा और स्क्रीन पर अपने मतलब की चीज़ ढूंढने लगा। कुछ ही क्षण में समझ गया कि इस विज्ञापन भरी स्क्रीन पर उसे क्या करना है।
उसने कोने में एक बटन देखा जिसपर लिखा था – “क्लिक हेयर टू कन्फर्म यू आर ह्यूमन।”
एक और सुरक्षा घेरा, अगर रोबोट हमला कर दें तो? इसलिए यह जानना जरूरी है कि सामने इंसान ही है। हालाँकि किसी रोबोट ने झूठ बोलकर कहा कि नहीं–नहीं आदमी ही हैं फैंसी ड्रेस में रोबोट बने हैं। इंसान झूठ बोलते हैं, रोबोट नहीं – एजेंट-डी मन ही मन सोचकर मुस्कुराया।
उसने उस चेक बॉक्स को क्लिक किया। एक स्क्रीन सामने आई, जिसपर लिख था एंटर कैप्चा। उसने स्क्रीन पर लिखे आड़े तिरछे अक्षरों को स्क्रीन पर एंटर किया। ओह! यह क्या!! अक्षर गलत थे।
एजेंट ने अपनी आखें मली। फिर वही गलती। ये अंग्रेज और इनकी भाषा। l और I एक जैसे क्यों दिखते हैं? सामने दूसरे अक्षर थे, अबकी बार गलती कैसे हो सकती थी।
इस बार कैप्चा डालने पर एक और स्क्रीन खुली जिसपर सवाल था ३+० = ?
वह एजेंट-डी है, उसे ऐसे कठिन सवाल रोक नहीं सकते। उसे सब उत्तर पता रहते हैं। उसने उत्तर लिखा ३। उत्तर सही था।
स्क्रीन पर एक कोने में लिखा आया साठ सेकंड प्रतीक्षा करें। साथ सेकंड के बाद स्क्रीन पर था – “दरवाज़ा खोलने के लिए यहाँ क्लिक करें।” जैसे ही उसने क्लिक किया दरवाज़ा खुल गया।
अब वह एक शानदार दफ़्तर के अंदर था। महाराज सामने कुर्सी पर बैठे थे।
“आओ एजेंट। बड़ी देर कर दी।”
“मैं तो कब का आ गया था। वो कैप्चा और ओटीपी डालने में थोड़ी देर हो गई। बढ़िया सुरक्षा इंतज़ाम है। कोई परिंदा भी पर नहीं मार सकता।”
“जानते हो ये कौन सी टेक्निक है?”
“नहीं।”
“इसी टेक्निक से हमने रेलवे के आरक्षण में घुसपैठ रोकी है।”
“ओह! तभी मैं कहूँ। बढ़िया।”
“वो छोड़ो एजेंट, जानते हो मैंने तुम्हें यहाँ क्यों बुलाया है?”
“नहीं। लेकिन आपने बुलाया है तो मामला संगीन ही होगा।”
“ये लोकनायक के गिरोह ने नाक में दम कर रखा है। हमारी एजेंसियों को यह तो पता है कि इस गिरोह ने लूटपाट की है, लेकिन इन शातिरों नें माल को कहीं छुपा दिया है।
कुछ खास पता नहीं चल पा रहा। ये हमारी इज़्ज़त का सवाल है। तुम्हें कुछ तो करना ही पड़ेगा।”
“मुझे इसमें क्या करना है? आप तो महाराज हैं, उठवा लीजिये ठगों को। सीधा कर दीजिये अपने आप उगलेंगे।”
“इतना आसान नहीं है एजेंट।” महाराज ने देखा एजेंट अपनी पेंट की जेब में हाथ डालकर चुपके से खुजली कर रहा है। महाराज आगे बोले –
“बिना दवाई के खुजली का इलाज नहीं हो सकता और तुम्ही इस खुजली की दवाई ढूंढ भी सकते हो और दवाई सही जगह पर लगा भी सकते हो। हम अपने हाथ से खुजा कर अपने हाथ गंदे नहीं करना चाहते। पता करो लूट का माल कहाँ छिपाया गया है। अगर मिल जाए तो इनको धर दबोचने में आसानी होगी। फिर ढंग से इलाज किया जाएगा।”
“आप सही कह रहे हैं महाराज। मैं अभी इस खुजली और आपकी समस्या दोनों का समाधान ढूंढने निकलता हूँ।”
“और ध्यान रहे एजेंट, बिना पक्के सबूत के कुछ मत करना। ये बहुत शातिर हैं।”
एजेंट-डी ने अपनी टोपी पहनी, हाथ पेंट की जेब से निकाल कर महाराज की तरफ बढ़ाया। महाराज ने हाथ जोड़ लिए। एजेंट ने अपने हाथ पीछे खींचे और वापस कोट की जेब में डाल लिए और अपने ही अंदाज़ में बाहर निकला गया।
पीछे से संगीत बजता है – टें.. टें…टेंटेंटेंटें! एजेंट-डी दुश्मनों का दुश्मन।
महाराज निश्चिंत थे, चिंता अब एजेंट-डी को थी। एजेंट-डी सोच रहा था, इन्होने अपना माल किस जगह छुपाया होगा, आखिर एजेंसियाँ असफल क्यों हुईं? क्या दुश्मन इतना शातिर है? अगर हाँ, तो फूंक-फूंक कर कदम रखने होंगे।
वह बिल्डिंग के आखिरी द्वार पर पहुँचा, सामने बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था – क्या सचमुच बाहर जाना चाहते हो? सामने दो बटन थे। उसनें जैसे ही ‘हाँ’ का बटन दबाने के लिए हाथ बढ़ाया बटन अपनी जगह से खिसक गया और वहाँ न का बटन आ गया।
उससे गलती से न का बटन दब गया और अचानक उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसकी और वह एक गुप्त द्वार से नीचे गिरकर एक गुप्त कक्ष में पहुँच गया।
यहाँ उसे बाहर निकलने का कोई द्वार ही नहीं दिख रहा था। वह इधर उधर देखने लगा, जैसे किसी लोहे के बक्से में बंद था। बक्से में कुछ नहीं था केवल सामने एक बक्सा पड़ा था। उसनें समय न गंवाते हुए महाराज को फ़ोन लगाया – महाराज मुझे समझ आ गया है सारा राज़ कहाँ छुपा हुआ है।
“कहाँ?”
“पहले मुझे इस बक्से से निकालिये। मैं फंस गया हूँ।”
“ओह तो तुम उस चाल में फंस ही गए। हा हा हा। जिस बक्से में क्रॉस का बटन न हो उससे निकलने के लिए दूसरे बक्से में घुसना पड़ता है एजेंट।”
एजेंट के दिमाग की बत्ती जली, वह सामने पड़े हुए बक्से को खोलकर उसमें घुस गया। वह महाराज के कक्ष की अलमारी से निकल कर बहार आ गया।
महाराज ने कहा – “आओ एजेंट फिर से स्वागत है। कहो क्या समझ आया?”
“यही महाराज कि आपके दफ्तर में कोई आता भी आपकी मर्जी से है और जाता भी आपकी मर्जी से है। आपके जाल से निकलना आसान नहीं ।”
“वो तो है। तुम कहो तुमको क्या राज़ पता चला?”
“जैसे मैं एक बक्से में बंद था, मुझे लगता है दुश्मन के राज भी किसी बक्से में बंद होंगे। दुश्मनों के बैंक लॉकर की तलाशी करवाइए महाराज। कुछ न कुछ जरूर मिलेगा ।”
“अभी करवाता हूँ।”
फिर महाराज ने लोकनायक के मंत्री को उठवा लिया और उसके ठिकानों की तलाशी ली जाने लगी। एजेंट-डी खुद मंत्री को उसके बैंक लाकर तक लेकर गया। जब लाकर खुला तो एजेंट चौंक गया और गुस्से से तमतमा उठा। लॉकर में उसे जो मिला था उसे देखकर उसने सोचा – दुश्मन हमारी सोच से ज्यादा तेज है या हमारे बीच में कोई गद्दार है।
छापेमारी में हाथ लगा तो एक झुनझुना। एजेंट का सर झनझना उठा। कई सालों में उसे मात देने वाला यह पहला शातिर गिरोह था।
एजेंट ने अपने दिमाग के घोड़े दौड़ाने शुरू कर दिए। घोड़े दौड़ते दौड़ते लोकनायक की सभा में पहुँचे, सभा में मौजूद हर आदमी पर नजर डाली। सारे उसके सबसे करीबी थी। सारे मुँहफट।
वह उठा और अपना कोट पहनते हुए सोचने लगा – आखिर इस रूपवान ने अपना राज़ छुपाया कहाँ है? इस झुनझुने के पीछे रहस्य क्या है?
मंत्री अब भी कारागार में था। वह अंदर से ही खुफिया भाषा में पत्र लिखने लगा। लोकनायक उसका नाम लेकर सभाओं में रोने लगा। आज उनकी बड़ी याद आ रही है। लोकनायक शातिरों का शातिर था।
एजेंट के दिमाग में आया कि कहीं यह लोकनायक का ही कोई षड्यंत्र तो नहीं था मंत्री को रास्ते से हटाने का? वह ऐसा करता रहता है।
लेकिन अपने दाएँ हाथ को क्यों रास्ते से हटाएगा? वह अर्बनराकस है, कुछ भी कर सकता है। लेकिन खजाना छुपाया कहाँ है?
उसने दिमाग पर जोर डाला। थोड़ा और जोर डाला। कुछ ज्यादा ही जोर डाला। दिमाग के साथ जोर जबरदस्ती करने पर भी उसे कुछ सूझ नहीं रहा था। फिर उसने खुजाना शुरू किया। दो क्षण ही खुजाया था कि उसके दिमाग की बत्ती जल उठी। सारा धन शीशमहल में छुपा होगा। धन एक जगह मिलने वाला नहीं था। सब घी के कनस्तरों में भरकर फैला दिया गया होगा। जिसे ढूंढना मुमकिन नहीं। घोटालों का घी न जाने किस–किस की तोंद में छुपा होगा।
एजेंट ने महाराज को फोन घुमाया – “महाराज चोर शातिर है। इसी सत्ता मत छीनो, इसकी शक्तियाँ छीन लो। उसके बाद ये अपने आप जाल में फंसेगा और किसी लुटेरे गैंग से मिल जाएगा।”
अगले ही दिन एक अध्यादेश आया और लोकनायक की सारी शक्तियाँ उड़ गईं। लोकनायक जाकर डकैतों में शामिल हो गया। डकैतों ने उसे “तुम मम प्रिय मौसेरे भाई” कहकर गले लगा लिया। खज़ाना अब भी नहीं मिला। एजेंट-डी अब भी हाथ मल रहा है और ढूंढ रहा है उस गुफा को जिसमें घी के कनस्तर रखें हैं और जिसका कोडवर्ड खुल-जा-सिम-सिम है।






Leave a Reply