धर्मांतरण और वनवासी समाज का प्रतिरोध

धर्मांतरण के द्वारा वनवासी समाज को होने वाली क्षति और इसे सामाजिक परिवर्तन के विरुद्ध वनवासी समाज में से स्वतंत्रता के बाद से उठते स्वरों पर रूपमपति का लेख।

यदि किसी भारतीय से पूछा जाए कि झारखंड में धर्मांतरण कब से हो रहा है उसके पास तीन उत्तर होंगे, पहला पिछले १०-१५ वर्षो से, दूसरा झारखंड के अलग राज्य बनने से अर्थात २३-२४ वर्षो से और तीसरा जब से नक्सलवादी झारखंड के जंगलों में अपना अधिकार जमाने लगे तब से, किन्तु ये तीनो अवधारणायें गलत होगी। जब अंग्रेजी मिशनरियां भारत आई तब सर्वप्रथम झारखंड (तत्कालीन बँगाल प्रेसिडेंसी) के पर्वतीय क्षेत्रों में उन्होंने अपना लक्ष्य साधा। १७५० के आस-पास झारखंड में मानभूम, सिंहभूम, संथाल, कोल्हान और छोटानागपुर के पठार प्रमुख क्षेत्र हुआ करते थे। शुरुआती १७६४ के समय में अंग्रेज़ों का झारखंड में पहली बार सिंघभूम क्षेत्र में प्रवेश हुआ और तब कोल्हान में ‘हो, सिंह और ढाल’ शासकों का शासन था और मार्च १७६४ तक अंग्रेजों ने घाटशिला के राजमहल में अपना कब्ज़ा कर लिया था। अगस्त आते आते सम्पूर्ण झारखंड में राजा और प्रजा दोनों ने अंग्रेज़ो के विरुद्ध पूर्ण रूप से विद्रोह तथा युद्ध प्रारंभ कर दिया। अंग्रेज़ी मिशनरियों का उद्देश्य इन विद्रोहों को निष्प्रभावी करने हेतु अपने धर्मान्तरण का कार्य करना था।

धर्मांतरण के विरुद्ध पहली लड़ाई

झारखंड में अंग्रेजों के विरुद्ध सारे विद्रोहों में बिरसा आंदोलन सबसे बड़ा था। था। सन १८८०-८५ में १५-१६ वर्ष के बिरसा मुंडा नामक वनवासी युवा ने छोटे-छोटे गांवों में उलगुलान अर्थात क्रांति का बिगुल फूँक दिया था। इस उलगुलान का नेतृत्व स्वयं बिरसा मुंडा कर रहे थे। इस उलगुलान का उद्देश्य राजनैतिक अर्थात स्वतंत्र मुंडा राज की स्थापना करना, आर्थिक अर्थात मुंडाओं की भूमि को पुनः प्राप्त करना और ईसाई मुंडाओं को अपने धर्म में वापस लाना था। बिरसा मुंडा ने १८८६-१८९० का दौर कोल्हान का चाईबासा क्षेत्र में बिताया। इसी समय अंग्रेज़ी मिशनरियों कि धर्मांतरण को कड़ी चुनौती मिलने लगी थी। २४-२५ दिसंबर १८९९ को बिरसा मुंडा ने हज़ारों की संख्या में लोगों तथा अपने अनुयाइयों को संबोधित करते हुए ठेकेदारों, हाकिमों और इसाईओं के सशक्त विरोध का आह्वान किया जिसे राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्रों में भी प्रमुखता से छापा गया था। इसके पश्चात बिरसा मुंडा के अनुयाइयों ने गिरिजाघरों में आग लगाना आरंभ कर दिया। झारखंड में अंग्रेजों के विरुद्ध सारे स्वतंत्रता आंदोलनों में धर्मांतरण के विरुद्ध आंदोलन भी बिरसा आंदोलन के बाद से हमेशा प्रबल रहा। बिरसा मुंडा के अंग्रेज़ हुकूमत एवम मिशनरियों के विरोध में अथक प्रयासों की वजह से ही उन्हें आदिवासी समाज द्वारा ‘धरती आबा’ ‘भगवान’ बिरसा मुंडा कहा जाने लगा अर्थात धरती पिता, आदिवासियों के भगवान बिरसा मुंडा। धरती आबा के झारखंड में प्रभाव का अंदाज़ इस बात से लगाया जा सकता है कि झारखंड राज्य का गठन भी उनकी जयंती (१५ नवंबर) के दिन ही हुआ था।

धर्मांतरण के विरुद्ध दूसरी लड़ाई संसद में

अब आते हैं वर्ष १९६७ पर जब लोकसभा चुनाव में लोहरदग्गा (तत्कालीन बिहार) से कार्तिक उरांव नाम के व्यक्ति भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की टिकट से चुनाव में विजयी हुए। कार्तिक उरांव जी पूरे छोटानागपुर में बाबा कार्तिक उरांव के नाम से जाने जाते थे। कार्तिक उरांव ने ईसाई धर्मांतरण से अपने वनवासी समाज को बचाने के लिए १९६७ में संसद में अनुसूचित जनजाति आदेश संशोधन विधेयक का परिकल्पना पत्र प्रस्तुत किया जिस पर ३२२ लोकसभा और २६ राज्यसभा सांसदों का समर्थन स्वरुप हस्ताक्षर था। तत्पश्चात संसद में एक २३ सदस्यीय संसदीय समिति श्री अनिल चंदा के नेतृत्व में गठित की गई। समिति ने १७ नवंबर १९६९ को अपनी सिफारिशें दीं, उन सिफारिशों की प्रमुख बातें ये थी कि कोई भी व्यक्ति जिसने जनजातीय मत तथा विश्वासों का त्याग कर ईसाई धर्म ग्रहण कर लिया हो वह अनुसूचित जनजाति का व्यक्ति न कहलाये, सरल शब्दों में उस व्यक्ति को किसी भी प्रकार का जनजातीय लाभ ना मिले।

संसदीय विधेयक पर राजनीति

संसदीय समिति द्वारा दी गई सिफारिशों से अवगत होने के पश्चात ईसाई धर्म के प्रमुख धर्म गुरुओं ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर दबाव बनाना प्रारंभ किया जिसके फलस्वरूप समिति की सर्वसम्मति से पारित सिफारिशें ठंडे बस्ते में चली गई। कई वर्ष बीत जाने के बाद भी जब इस विधेयक पर संसद में कोई चर्चा नहीं हुई तब ऐसी स्थिति में बाबा कार्तिक उरांव जी ३२२ लोकसभा सदस्य और २६ राज्यसभा सदस्यों के हस्ताक्षरों का एक पत्र तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को दिया। किंतु दुख की बात यह है की वह विधेयक जिसे कुल ३४८ सांसदों का समर्थन प्राप्त था वह कभी संसद से स्वीकृत ना हो सका। यदि यह विधेयक स्वीकृत हो जाता तो आज देश में जनजातीय समुदाय का इतने बड़े स्तर पर धर्मांतरण नहीं हो रहा होता।

वर्तमान स्थिति

पिछले ३ वर्षो से जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात और झारखंड में डीलिस्टिंग की मांग को ले कर कई प्रकार की जनजागरूकता अभियान गांवो में चलाया जा रहा है अभियान के साथ साथ जिलो में डीलिस्टिंग रैली भी निकाल रही है। डीलिस्टिंग से तात्पर्य यह है कि धर्मान्तरित वनवासियों को अनुसूचित जनजातियों को मिलने वाले आरक्षण की सूची से बाहर किया जाए। अब जनजाति सुरक्षा मंच के समक्ष इस्लामिक धर्मांतरण का नया खतरा भी बढ़ गया है। झारखंड में आदिवासी कामकाजी महिलाओं को मुस्लिम पुरुष द्वारा प्रेम प्रसंग में फंसा कर निकाह करने के पश्चात अपने ही मज़हब में एक और निकाह करने का प्रचलन बढ़ गया है। ४ दिसंबर २०२३ को संसद भवन में सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड के कुछ इलाकों में जनसंख्या का धार्मिक संतुलन बिगड़ने का दावा किया और कहा कि बांग्लादेशियों द्वारा झारखंड सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ तथा आदिवासी महिलाओं से विवाह करने के कारण जनसंख्या संतुलन बिगड़ने लगा है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री गणेश राम भगत जो कि जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं उनके नेतृत्व में असूचीकरण के पक्ष में रैलियां निकाली जा रही है और लोग गांव-गांव जा कर जन-जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ के जशपुर बस्तर राजधानी रायपुर की रैली में हज़ारों की संख्या में लोग समर्थन में आए। झारखंड में पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष और झारखंड के खूंटी इलाके से आठ बार लोकसभा सांसद रहे कड़िया मुंडा जनजाति सुरक्षा मंच द्वारा चलायी जा रही डीलिस्टिंग की अगुवाई कर रहे हैं। कड़िया मुंडा जी के साथ मेघा उरांव और सन्नी उरांव भी जुड़े हैं। जब युवा सन्नी उरांव गांवों में जा कर लोगों को जागरूक करने का काम करते थे तो वे उन कार्यो को सोशल मीडिया में साझा करते थे। उस समय उनका उपहास बनाया जाता था की एक २०-२५ वर्ष के युवक के प्रयास सफ़ल होना मात्र एक स्वप्न है। किंतु सन्नी उरांव जी रुके नहीं और लोगो को जागरूक करने का काम करते रहे जिसका परिणाम यह रहा की २४ दिसंबर २०२३ को रांची में हुई डीलिस्टिंग की रैली में लाखों की संख्या में लोग एकत्रित हुए। उसी रैली में क्षेत्रीय मीडिया द्वारा उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास भी किया गया।

पिछले कुछ वर्षो से ‘आदिवासी हिन्दू नहीं है’ ये तर्क दिया जा रहा है, सन्नी उरांव इसके उत्तर में कहते हैं, “तब उन बुद्धिजीवियों के अनुसार आदिवासियों को हिन्दू पंचांग के अनुसार भादो एकादशी के दिन करम नहीं गाड़ना चाहिए (करम पर्व झारखंड में धूम-धाम से मनाये जाने वाले पर्वो में से एक है और सावन सप्तमी की पूजा भी छोड़ देनी चाहिए और तो और रोहतासगढ़ के इतिहास में महादेव मंदिर क्या है?”

पंचांग, चंद्रमा और सूर्य की स्थिति को देख कर बनाया जाता और चंद्रमा और सूरज दोनों ही प्रकृति के अभिन्न अंग हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सिंगबोंगा को मानते थे और सिंगबोंगा भगवान सूर्य को ही कहा जाता है।

कड़िया मुंडा जी के अनुसार “झारखंड में ईसाई धर्म अपनाने वाले आदिवासियों का प्रतिशत लगभग १५-२०% होंगे लेकिन यदि हम सरकारी नौकरियों  सहित प्रथम श्रेणी के अधिकारियों पर नज़र डालें तो ८०-९०% वे हैं जो धर्मांतरित हैं।”

राष्ट्रीय संयोजक पूर्वमंत्री गणेशराम भगत ने कहा कि “देश की ७०० से अधिक जनजातियों के विकास एवं उन्नति के लिए संविधान निर्माताओं ने आरक्षण एवं अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया था, लेकिन इन सुविधाओं का लाभ अधिकतर वे लोग उठा रहे हैं, जो अपनी मूल आदिवासी प्रथा छोड़कर ईसाई या मुस्लिम बन गए हैं”

राष्ट्रीय सह-संयोजक राजकिशोर हांसदा अनुसार “सरकार से हमारी मांग है कि धर्मान्तरित व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति के आरक्षण की सुविधा नहीं मिलेण् इस मुद्दे को स्व. कार्तिक उरांव ने संयुक्त संसदीय समिति के समक्ष रखा था ताकि जो व्यक्ति जिसने जनजाति आदि मत तथा विश्वासों का त्याग कर दिया है और ईसाई या इस्लाम धर्म अपना लिया है, उसे अनुसूचित जनजाति का सदस्य नहीं समझा जाएगा और उसे अनुसूचित जनजाति का आरक्षण नहीं मिलेगा”

पूर्व न्यायाधीश प्रकाश सिंह उईके के अनुसार “भीमराव अंबेडकर ने संविधान के अनुच्छेद ३४१ में अनुसूचित जाति के लिए व्यवस्था की है कि जो अनुसूचित जाति के लोग मुस्लिम या ईसाई धर्मग्रहण करेंगे उसे अनुसूचित जाति का लाभ नहीं मिलेगा। जब मुस्लिम या ईसाई बनने पर अनुसूचित जाति की पहचान मिट जा रही है, तो आदिवासी की पहचान भी ईसाई या मुस्लिम धर्म में जाने पर उसकी आदिवासी की पहचान मिट जाती है”

जनजाति सुरक्षा मंच के अनुसार फरवरी महीने में देश की राजधानी दिल्ली में इससे भी विशाल रैली का आयोजन होगा। राजनीतिक संवेदनाओं के वातावरण में धर्म परिवर्तन की मार सह रहे भारत के एक बड़े समुदाय का स्वर सुनने का साहस सत्ता में होगा, यह देखने का विषय है।

(इस लेख के लेखक हमारे सहयोगी स्तंभकार श्री रूपमपति हैं। रूपम विज्ञान में कोल्हान विश्वविद्यालय स्नातक हैं, वैचारिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय रूपम लीड इंडिया जैसी संस्थाओं में कार्य कर चुके हैं।)

Leave a Reply

Trending