शिब्बू के राम – एक समसामयिक कथा
“सीय राममय सब जग जानी। करउँ प्रनाम जोरि जुग पानी।।
श्री राम चरितमानस, गोस्वामी तुलसीदास
(समस्त विश्व सीताराममय है, अतः हमें सबको ही प्रणाम कर लेना चाहिए।) ”
किशोरीलाल जी इस बार बहुत दिन बाद गाँव में पहुँचे। एक तो कोरोना काल में कहीं आना-जाना लगभग असंभव था। ऊपर से इस बार उनके संगठन का काम भी ठंड़ा पड़ा था। लोग घरों में थे, कहीं कोई मोर्चा प्रदर्शन की गुंजाईश नहीं थी। सो वे गाँव की तरफ़ आए नहीं। अब जाकर मौका लगा था, संगठन ने कोरोना के बाद उत्पन्न परिस्थितियों का आंकलन करने, और वर्तमान घटनाओं के विषय में गाँव के लोगों में जागरूकता फैलाने उन्हें भेजा था।
गाँव में जो लोग शहरों से लौटे उनमें से अभी अधिकतर गाँव में ही थे। शाम का समय था, जुलाई का महीना। आमतौर पर इन दिनों चारों तरफ़ हरियाली, हवा में बारिश की फुहारें और शाम होते ही झींगुरों की आवाज़ आने लगती थीं। लेकिन इस बार मौसम सूखा था, गर्मी और उमस ने प्राण सोख रखे थे।
किशोरीलाल आकर बैठे तो आठ दस लोग घेरकर बैठ गए। बातचीत का सिलसिला चल पड़ा।
किशोरीलाल ने एक बुजुर्ग से कहा – “इस बार तो बहुत गर्मी लग रही है दादा। मानसून ने धोखा दे दिया सरकार की तरह।”
दादा बोले – “इस बार तो सावन सूखा ही निकल गया। देखो भादो में क्या होता है।”
किशोरीलाल –“ भादो का भी ऐसा ही है, सूखा ही निकलेगा, अकाल पड़ेगा। ”
दादा – “तब तो तुमने भादो के बादल देखे ही नहीं। भगवान ने चोंच दी है तो दाना भी देगा ही।”
कि- “इससे याद आया, दाना पानी की तलाश में जो बाहर गए थे आख़िर उन्हें गाँव वापस आना ही पड़ा।” एक युवक की ओर देखते हुए बोले –“क्यों भाई गाँव में किसी को कुछ कोरोना वगैरह हुआ तो नहीं?”
“नहीं, भैरों बाबा ने पूरे गाँव की रक्षा रखी है।”
किशोरीलाल जी बिदक गए, बोले –“तुम तो जानते हो मैं इस सब को नहीं मानता। आप सब लोगों की समझदारी है जो बच गए हैं। आपने महामारी को दूर रखा है। इसमें देवी-देवता का क्या लेना देना।”
युवक – “वह तो है, लेकिन बिना भगवान की कृपा और चमत्कार हम लोग नहीं बचते। भूखे पेट जो मिला सो समेट कर भागे थे, अधमरे पहुँचे थे गाँव। गाँव की मिट्टी पर पैर पड़ते ही सब रोग, दुःख, डर गायब। मानो न मानो गाँव के देवता की असीम कृपा है।”
किशोरीलाल बोले – “देवता की कृपा कुछ नहीं होती। न ही देवी-देवता होते हैं। अब वह देखो उधर अयोध्या में राम का मंदिर बन रहा है। लेकिन रोग तो फैल ही रहा है। इतनी ही कृपा होती तो कोरोना समाप्त ही न हो जाता। लाखों करोड़ों का मंदिर बनेगा, ट्रस्ट वाले पैसा खाएंगे। जनता रहेगी भूखी। तुम लोगों को उससे क्या फायदा होगा? कोरोना के समय में ऐसे आयोजन का औचित्य ही क्या? पंड़ा पूजेंगे, बड़े-बड़े जजमान दान करेंगे, पैसे का सब हेर फेर होगा। मंदिर आख़िर किसी को क्या देंगे?”
इतना सुनाकर, सामने बैठे लोगों से मौन समर्थन की अपेक्षा में एक दृष्टि डाली। भीड़ में एक दादा बैठे थे, मैली धोती, धागे से कान में बंधा हुआ मोटा चश्मा, लगभग पीली हो चुकी बनियान, सफ़ेद छोटे-छोटे बाल, किशमिश जैसा सिकुड़ा हुआ मुँह जिसमें दाँत भी उतने ही रहे होंगे जितने किशमिश में बीज और हाथ में एक ढोर हांकने वाला लठ।
बुजुर्ग की तरफ़ देखकर बोले – “क्या कहते हो दादा?”
दादा बोले – “जो कुछ कह लो, लेकिन मंदिर बने तो ईश्वर की कृपा तो होगी ही। प्रभु राम का मंदिर बन जाए तो उससे अच्छा क्या? कब बन रहा है मंदिर?”
कि – “अभी हाल में ही भूमिपूजन हुआ है। गए थे प्रधानमंत्री पूजा का ड्रामा करने।”
दादा ने श्रद्धा से हाथ जोड़ लिए। “चलो बड़ी कृपा रामजी की।”
कि- “अरे दादा तुम तो दलित हो, तुम ऐसी बातें करते हो? राम से तुम्हारा लेना देना क्या? किसी ने एक कहानी सुना दी और तुम लग गए पूजने। कब तक बहकावे में रहोगे।”
दादा- “ईश्वर के काम तो अपने आप होते हैं। और राम तो हम सबके हैं। हमारे बाप दादा पूजते थे और हम भी पूजते हैं। दुःख तकलीफ़ में राम ही याद आते हैं।”
कि – “यही तो समस्या है आप लोग की, कहाँ से आपके हैं? राम का इस गाँव से कोई लेना देना है? राम इस गाँव के आसपास से भी निकले? तुम्हारा कुछ नाता ही नहीं है। ऊपर से तुम अपनी जात देख लो, मंदिर बनेगा तो ये लोग तुम्हे मंदिर में घुसने भी न देंगे।”
दादा- “तुम तो आस्तिक हो भैया, मंदिर जाते भी नहीं। तुमको क्या पता है मंदिर में क्या होगा क्या नहीं होगा?”
कि – “इतना पता है कि राम अगर हैं भी, तो राम से, कम से कम तुम्हारा तो कुछ लेना देना नहीं। फिर पूजना क्यों? मंदिर बनने पर दीवाली मनाने चल पड़े।”
दादा – “हाँ भैया, कहाँ राम से अपना लेना देना। नाम हमारा घासीराम, बाप हमारे सीताराम, दादा का नाम घसीटाराम। छोटे बच्चों को खिलाते हैं तो भी सीताराम सीताराम सिखाते हैं। गाँव में किसी से मिलो तो राम राम या सीताराम करते हैं। बुढ़ापे में उठने में हाड़ दुखे तो मुँह से निकले – हे राम! सच की परख रामधई बोलो। पूरे हो जाओ तो राम नाम सत्य है।”
कि –“कितने धोखे में हो दादा वैज्ञानिक सोचो एक अस्पताल ही बनवा देते तो आज कोरोना का इलाज होता। स्कूल ही बनवा देते तो बच्चों का भला होता। अब देखो दस साल पहले गाँव के पास कान्वेंट प्राइमरी स्कूल खुली। तो कितना फायदा है गाँव को।”
दादा- “स्कूल तो खुली थी। छोटा सा दो कमरों का स्कूल, बगीचा और एक छोटा चबूतरा जिसपर मेरी माई की मूर्ती बनी जिनकी गोद में बाल जीसस मुस्कुराते थे। मूर्ती के ऊपर एक छोटी छतरी बनाई गई बारिश से सुरक्षा के लिए। शुरू में स्कूल में दो सिस्टर बस थी। लेकिन स्कूल चल पड़ा। शहर के महंगे स्कूल और गाँव के सरकारी स्कूल के बीच कम फीस और अंग्रेजी पढ़ाई के कारण गाँव में जिसकी गुंजाईश थी उसने बच्चों को स्कूल भेजा। कुछ को स्कूल ने चैरिटी के नाम पर स्वयं मुफ़्त में दाखिला दिया। दस बरस बाद तो स्कूल काफ़ी बड़ा हो चुका है, बहुत से शिक्षकों का स्टाफ़ भी है, पाँच छह सिस्टर और एक फादर भी स्कूल में ही रहते हैं। नन्दलाल कोरी स्कूल में चपरासी लग गया है। लेकिन उसके बच्चों के नाम सुदामा और मीरा से स्टीफन और मेरी हो गए हैं। स्कूल के नाम पर चर्च और बन गया है।”
एक तरफ़ से गहरे काले बादल छाने लगे थे और हवा तेज हो गई थी। किशोरीलाल को लगा दादा उनकी इज़्ज़त ख़राब कर रहे हैं। उन्होंने शिब्बू की तरफ़ देखा। शिब्बू सार में ढोर बांधकर सीधा चला आया था। बोले -“तुम बताओ शिब्बू तुम क्या सोचते हो?”
“किस बारे में?”
“राम के बारे में। राम थे कि नहीं?”
“ढोर चराने वालो मैं क्या जानों।”
“तुमने रामायण सुनी?”
“नहीं।”
“मानस की चौपाई दोहा कुछ तो याद होंगे?”
“नहीं।”
“राम की पूजा हवन रोज करते हो? दिन भर राम राम तो जपते होगे।”
“नहीं।”
“अयोध्या गए?”
“नहीं।”
“तुम्हारे बाप दादा के नाम में तो आगे पीछे राम नहीं लगा?”
“नहीं भैया बिलकुल नहीं।”
“फिर तो राम से तुम्हारा कोई नाता-सम्बन्ध ही नहीं। ”
“नैंया भैया बिलकुल नैंया। ”
किशोरीलाल थोड़े चौड़े हो गए, उन्हें लगा कि उन्होंने बाजी जीत ली। दादा की तरफ़ देखकर बोले – “देखा। किसी को मंदिर देखने भी न मिलेगा। हम लोगों को क्या लेना देना है? एक काल्पनिक पात्र जिसका न तुमसे लेना देना है न तुम्हारे गाँव से, न तुम्हारे बाप दादा से। उसके पीछे पागल हुए जाते हैं। इससे तो अच्छा अस्पताल या स्कूल ही बना लेते ।”
इतने में एक़दम से तेज बरसात शुरू हो गई। वहाँ बैठे सब लोग भागे। इतने में शिब्बू उत्साहित हो उठा और चिल्लाया “जय श्रीराम, बरसो हरि” किशोरीलाल अंदर-बाहर से भीग गए। दादा ने उनकी तरफ़ देखा और बुखली दिखाकर हँस दिए।






Leave a Reply