लचकलाल का बजट विश्लेषण

हर साल की तरह इस बार भी बजट आया और इस बार भी लचकलाल से किसी ने बजट पर टिप्पणी करने का निवेदन कर दिया। लचकलाल ने इस निवेदन को प्रणय निवेदन की तरह दिल पर ले लिया। उनसे रहा नहीं गया। भला कोई लचकलाल से बजट पर टिप्पणी करने को कहे ओर वे ऐसे…

हर साल की तरह इस बार भी बजट आया और इस बार भी लचकलाल से किसी ने बजट पर टिप्पणी करने का निवेदन कर दिया। लचकलाल ने इस निवेदन को प्रणय निवेदन की तरह दिल पर ले लिया। उनसे रहा नहीं गया। भला कोई लचकलाल से बजट पर टिप्पणी करने को कहे ओर वे ऐसे गंभीर विषय पर कुछ ना बोले, ऐसा कैसे हो सकता है। आखिरकार लचकलाल जी आर्थिक मामलों के जानकार जो ठहरे। कितनी ही सुबह उन्होंने ठेले पर चाय पीते हुए आर्थिक मामलों के जानकार बनने के लिए बिताई है। आर्थिक मामलों के विषय में उनका हाथ विश्व बैंक के अधिकारी तक नहीं पकड़ सकते हैं। वो बात भले अलग हो की अपनी जेब के बजट में लचकलाल का हाथ हमेशा से ही तंग रहा है। वे अपनी जेब के बजट के मामले में सरकारी योजनाओं व दूसरे की जेब पर निर्भर रहे है। लेकिन जैसे ही प्रतिवर्ष बजट आता है, लचकलाल आर्थिक मामलों के जानकार बनकर बजट पर टिप्पणी करने के लिए मैदान में कूद पड़ते है। बजट आते ही उन्हें गरीब, आम आदमी, पीछड़ा, किसान, युवाओं व महिलाओं की चिंता सताने लगती है।

उनसे इस बार भी किसी ने बजट पर टिप्पणी करने के लिए कह दिया। फिर क्या था ! लचकलाल से रहा नहीं गया। वे गंभीर हो गए। उनकी बुद्धि को बजट ने जैसे हर लिया हो। वे किसी पूर्व वित्तमंत्री की तरह टिप्पणी पर टिप्पणी करने लगे। “भला यह भी कोई बजट है ? यह बजट किसान, महिला, युवा व मध्य वर्ग विरोधी है। देश को पीछे धकेलने वाला बजट है। विकास विरोधी योजनाओं से भरा बजट है। आम आदमी के लिए एक बार फिर बजट निराशा लेकर आया है। इस बजट में प्रगति का कोई मार्ग नहीं दिखता है। यह बजट आर्थिक दृष्टि से असफल बजट सिद्ध होने वाला है। यह उद्योगपतियों का बजट है। यह मेरे जैसे ईमानदार पतिव्रता को परेशान करने वाला बजट है।”

अपनी बजटीय टिप्पणी में लचकलाल जी यहीं नहीं रुकते है। वे बजट को रद्दी की संज्ञा देते है और बड़े ही बौद्धिक ढंग से कहते है कि “एक बार फिर इस सरकार ने हमें निराश किया है। यह सरकार देश को दिवालिया करके ही मानेगी। इस बजट में युवाओं का कहीं कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है।” यह बजट संवैधानिक मूल्यों का विरोधी है। देश की तिजोरी खाली हो जाऐगी।

लचकलाल अपनी बजटीय टिप्पणी के आयाम को थोड़ा और विस्तृत करते हुए आगे कहते है कि यह बजट चुनावी जुमला मात्र है।आम आदमी को धोखे में रखकर उससे वोट बटोरने के लिए यह बजट लाया गया है। बजट में सामाजिक-आर्थिक सुधारों से संबंधित कोई बात नहीं की गई हैं। यह बजट हमारे घरों में आग तक नहीं जला सकता है। लेकिन देश के गरीबों के पेट की आग जरुर बढ़ायेगा। यह बजट अमीरों का बजट है। यह बजट अमीरों को ओर अमीर बनाने के लिए लाया गया है। लचकलाल आगे लाल सलाम की मुद्रा में आकर बजट को घाटे का बजट बताते है।

अंत में लचकलाल अपनी बजटीय टिप्पणी में एक विपक्षीय टिप्पणी भी जोड़ते है और कहते है कि “यह बजट पूरी तरह से विकास विरोधी है तथा देश के युवाओं को बेरोजगार करने वाला बजट है। विश्व व्यापार की दृष्टि से यह बजट कोई उम्मीद नहीं जगाता है। एक बार फिर यह सरकार आर्थिक मामलों में पीछड़ी व सिर्फ़ बजटीय हलवा खाने वाली सिद्ध हो गई है।” लचकलाल अपनी बजटीय टिप्पणी को ओर बढ़ा कर सकते थे। लेकिन वे देखते है कि उनके आसपास उन्हें सुनने वाला कोई नहीं है। लचकलाल स्वयं के बजट के विचार से चारों ओर से घिर गए….!!

Leave a Reply

Trending