चौधरी चरण सिंह – भारत रत्न- विचार परिचय

चौधरी साहब का किसान नेतृत्व की आधुनिक पौध से अलग खड़ा करता है वह है उनकी सशक्त और परिपक्व वैचारिक विरासत जो आधुनिक विदेशी खाद पर खड़े हुए नेताओं की सामर्थ्य और साहस से बाहर है।

महंतों और मठाधीशों के फार्मों पर जनता तथा मज़दूर नहीं पलते हैं, वहाँ लठैत पलते हैं और वे अपनी ज़्यादतियों से नक्सलवाद के विकास के लिए अनुकूल भूमि तैयार करते हैं। अफ़सोस कि कांग्रेस के कर्णधारों की समझ में यह छोटी सी बात नहीं आती है।”

भारत रत्न चौधरी चरण सिंह

कृषक राजनीति भारतीय परिपेक्ष्य में कोई आधुनिक घटना नहीं है। इसका इतिहास आधुनिक भारत में ही हम देखें तो ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध १८वीं सदी के बंगाल आंदोलन तक जाता है जिसकी परिणति प्रसिद्ध संन्यासी आंदोलन में हुई थी। भारत सदा ही कृषि प्रधान राष्ट्र रहा है, परंतु विदेशी औपनिवेशिक शासन में जिस प्रकार भारतीय कृषि की रीढ़ टूटी थी उसमे स्वतंत्रता के पश्चात भी बहुत समय बहुत सुधार नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नेहरू सोवियत सामूहिक कृषि की ओर झुके हुए थे। भारतीय कृषक एक नवस्वतंत्र राष्ट्र में भूमि पर अपने अधिकार को ले कर चिंतित था और इसके समर्थन में नहीं था। मूलभूत सुधारों के अभाव में भले ही हम १९५१ में ५१ मिलियन टन खाद्यान्न वाले देश से २०२२ में २१४ मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादक बन के खाद्यान्न के वैश्विक निर्यातक हो गये हैं, कृषकों की समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके कई कारण हैं। पिछली सरकारों ने कृषकों को समझने का कम ही प्रयास किया है। किसान समस्या एक आर्थिक प्रश्न ना हो कर एक भावनात्मक समस्या बनी रही है। सरकार और कृषक का संवाद कम हुआ है। सरकार का बृहद भारतीय समाज से भी संवाद संकुचित होता गया है जैसे जैसे व्यवसाय कृषि से हट कर उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी आदि की ओर बढ़ता चला गया। सरकारी नीतियों का क्षेत्रीय झुकाव एवं बड़े किसानों का समर्थन, आम जनमानस के हृदय में किसानों के नेतृत्व में अशिक्षित, कुटिल राजनैतिक व्यक्तित्वों की बहुतायत जो पेशे से कृषक ना हो कर बड़े भू स्वामी, ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल पम्प, दुकानों, अचल संपत्तियों के द्वारा नेतृत्व के कारण भारतीय जनमानस उन छोटे प्रतिनिधित्वविहीन कृषकों से दूर होता चला गया जो आज भी आत्महत्या करते हैं। समस्या यह हुई कि किसान नेताओं के स्थान पर किसान नेताओं के कैरिकेचर ही कृषक समाज को मिले, जिनके पास ना मौलिक रचनात्मक सोच की सामर्थ्य थी ना ऐसी किसी पहल का उद्देश्य ही था। कनाडा में बच्चों को भेज कर म्यूजिक वीडियो बनाने वाले व्यवसायी किसान नेता अपने उन किसानों से, जिनका नेतृत्व करने का वो दावा करते हैं, उतने ही दूर हैं जितना बिहार में खेत जोतता किसान बैंगलुरु में इंफ़ोसिस में काम करते युवक से दूर है। आज के समय के सर्वाधिक प्रसिद्ध किसान नेता राकेश टिकैत बताया जाता है अस्सी करोड़ की संपत्ति के स्वामी हैं और पहली बार बहुजन किसान दल से कांग्रेस के समर्थन से २००७ में चुनाव हारे, और दूसरी बार राष्ट्रीय लोक दल के टिकट पर २०१४ में चुनाव लड़ कर ९५०० वोट पा कर जमानत ज़ब्ती के साथ पराजित हुए।

खाँचों में बँटे खंड खंड समाज में विदेशी मीडिया एवं अन्य माध्यमों से टिकैत भले ही प्रचार तत्र के पटल पर बड़े किसान नेता बन के उभरे हों और विदेशों में बैठे अंग्रेज़ीदाँ लोगों के लिए बड़ा नाम हो गये हों, परंतु जो नेता अपने ही चुनाव क्षेत्र में दस हज़ार वोट ना पा सके किसी रूप में उन चौधरी चरण सिंह के समानांतर खड़ा नहीं हो सकता है जिनकी राजनीति एक वर्ग और क्षेत्र तक सीमित नहीं थी। हमारी बौद्धिक सीमायें भी दीवारों से विभाजित वर्ग की सीमाओं से ऐसे बंधी है कि हमारे लिये भी चौधरी साहब को एक जाट नेता और किसान नेता से इतर देखना कठिन हो गया है। इस दृष्टि से नरेंद्र मोदी सरकार विशेष धन्यवाद का पात्र है कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न के लिए चयनित कर के उसने जनमानस में चौधरी साहब के प्रति एक सहज उत्सुकता को जन्म दिया है। इस से हमें आज के मीडिया द्वारा फुलाए गये तथाकथित किसान नेताओं के क़द और सामर्थ्य का आँकलन करने में भी मदद मिलेगी।

साभार : जॉइंट फार्मिंग – एक्स रेड (१९५९)

२३ दिसंबर १९०२ को चौधरी चरण सिंह का जन्म मेरठ के श्री मीर सिंह एवं श्रीमती नेतर कौर जी के निर्धन जाट परिवार में हुआ। परिश्रम एवं स्वाध्याय से आगरा कॉलेज से विज्ञान में स्नातक, इतिहास में परास्नातक और क़ानून की शिक्षा प्राप्त की। १९२७ में वे कांग्रेस से जुड़ कर स्वतंत्रता आंदोलन में उतरे और १९३०, १९४० तथा १९४२ में जेल गये। १९३६ से १९७४ तक के लम्बे राजनैतिक जीवन में चौधरी चरण सिंह उत्तरप्रदेश की विधान सभा में बने रहे। १९४६ से १९६७ तक वे कांग्रेस की प्रत्येक सरकार में मंत्री रहे। इस से यह स्पष्ट ही है कि वर्तमान के ज़मानत ज़ब्त नेताओं के भिन्न किस प्रकार स्वीकार्यता किसी एक वर्ग विशेष तक सीमित नहीं थी।

एक और पक्ष जो चौधरी साहब का किसान नेतृत्व की आधुनिक पौध से अलग खड़ा करता है वह है उनकी सशक्त और परिपक्व वैचारिक विरासत जो आधुनिक विदेशी खाद पर खड़े हुए नेताओं की सामर्थ्य और साहस से बाहर है। २७ वर्ष की आयु में चौधरी साहब आर्य समाज और कांग्रेस से जुड़ चुके थे और ३२ वर्ष की आयु में उन्होंने बरेली जेल में १९४१ में अपनी पहली पुस्तक शिष्टाचार लिखी। अपने राजनैतिक जीवन की व्यस्तताओं के मध्य चौधरी साहब ने ज़मींदारी उन्मूलन (१९७४), सामूहिक खेती – एक परख – जॉइंट फार्मिंग एक्स रेड (१९५९), भारतीय निर्धनता और उसका निदान (१९६४), भारतीय अर्थनीति -गांधीवादी खाका (१९७८), भारतीय अर्थनीति का दुः स्वप्न (१९८१), उत्तर प्रदेश में भू -सुधार और कुलक (१९८६) जैसी पुस्तकें लिखी। आपातकाल में चौधरी जी आठ माह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद रहे। ७ मार्च १९७६ को ७४ वर्ष के चौधरी साहब जेल से मुक्त हुए और २३ मार्च १९७६ को उत्तरप्रदेश विधानसभा के पटल से उन्होंने कांग्रेस के दमनकारी शासन को ललकारा।

चौधरी साहब की पहली पुस्तक शिष्टाचार, जो १९५४ में प्रकाशित हुई इसमें चरण सिंह जी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धताओं का स्पष्ट प्रतिबिंब परिलक्षित होता है। सिंह साहब अपनी प्रस्तावना में लिखते हैं कि यह पुस्तक उन्होंने नयी पीढ़ी में शिष्टाचार के नियमों की नींव डालने के लिए लिए लिखी। प्रारंभ में वे स्वामी दयानंद की दी हुई परिभाषा के आधार पर सदाचार एवं शिष्टाचार के मध्य संबंध बताते हैं। स्वतंत्र भारत की राजधानी को घेर कर बैठे नेताओं की भाषा और व्यवहार को देखें तो लगता है कि उन्हें चौधरी जी की यह पहली पुस्तक पढ़ने की आवश्यकता है। चरण सिंह जी महाभारत से उद्धृत कर के कहते हैं –

यद्यदाचरति श्रेष्ठस्ततत्तदेवेतरो जनः।

स यत्प्रमाणम कुरुते लोकस्तदनुवर्तते।।

(श्रेष्ठ व्यक्ति जो आचरण करता है उसे ही प्रमाण मान कर अन्य लोग भी अनुसरण करते हैं।)

१९५९ की अपनी पुस्तक में चौधरी चरण सिंह अपने किसान नेता के रूप में निखर कर सामने आते हैं जब वे सोवियत शैली की सामूहिक कृषि के विरोध में अपने विचार रखते हैं। ज्ञानी जैल सिंह अपने संस्मरण में नागपुर अधिवेशन में नेहरू जी के विरुद्ध खड़े हुए चौधरी साहब के भाषण के विषय में लिखते हैं किस प्रकार समस्त सभा मंत्रमुग्ध हो कर चौधरी साहब का भाषण सुनती रही थी।जॉइंट फार्मिंग – एक्स रेड कृषि क्षेत्र में शोध करने वालों के लिए महत्वपूर्ण पुस्तक है और राजनीति में रुचि रखने वाओं के लिये यह समझने के लिए भी महत्वपूर्ण है कि कैसे एक समय हमारे पास बौद्धिक रूप से कितने सशक्त राजनेता थे।

चौधरी साहब के लिये मार्क्सवादी वामपंथी मॉडल में सबसे बड़ी समस्या कृषक का भूमि पर अधिकार का छूटना था। भारत में कृषि भूमि सीमित है और जनसंख्या अधिक है जबकि अमेरिका अथवा आस्ट्रेलिया आदि देशों में भूमि की उपलब्धता अधिकता में है। भारत में प्राथमिकता कृषि उत्पादन को बढ़ाने की होनी चाहिये। चौधरी साहब लिखते हैं भारतीय अर्थशास्त्री एवं योजनाकार कार्ल मार्क्स से प्रभावित हैं जिन्होंने बिना जाँच के औद्योगिक क्षेत्र के सिद्धांतों को कृषि क्षेत्र में लागू करने का प्रयास किया।

अपनी १९६४ की पुस्तक ‘भारत की निर्धनता और उसका निराकरण’ अपने आप में एक उत्कृष्ट शोध का उदाहरण हैं जिसमें चौधरी चरण सिंह, कृषि, कृषि के विविध संरचनाओं और जनसंख्या आदि विविध आयामों का ग़रीबी उन्मूलन के संदर्भ में आँकलन करते हैं। इस पुस्तक में हम चौधरी साहब की अन्वेषक दृष्टि का एक सुंदर उदाहरण देखते हैं जब वे लिखते हैं किस प्रकार खेतों से बैलों का लुप्त हो जाना प्राकृतिक उर्वरक को भी कृषि क्षेत्र में दुर्लभ कर देगा। इस पुस्तक में वे लघु उद्योगों में निवेश की आवश्यकता पर भी लिखते हैं। इस समय तक चौधरी साहब के लेखन में एक आशा दिखती हैं। आज के उद्योग और व्यापार के विपरीत खड़े किसान नेताओं से भिन्न चौधरी साहब औद्योगीकरण के पक्ष में लिखते हैं।

१९८१ के आने तक राष्ट्र की सामान्य हताशा चौधरी साहब की लिखनी में भी दिखने लगी थी जब वे अपनी पुस्तक इकोनॉमिक नाईटमेयर में लिखते हैं ’नेहरू भारत को ऊपर से नीचे की दिशा में विकसित करना चाहते थे, यह विकास जड़ों से नहीं आता था और शहरीकरण पर आधारित था।’ इसमें चरण सिंह भारत की अर्थव्यस्था और विदेशी ऋण पर लिखते हैं – स्वतंत्रता के समय भारत के पास लगभग कुल ३,४५२ करोड़ रुपए का धन संग्रह था।१९५२ तक यह धन समाप्त हो गया और भारत पर ३२ करोड़ रुपये का विदेशी ऋण था। १९५१ से १९७९ के मध्य भारत ने विदेशी राष्ट्रों से १९ हज़ार करोड़ का ऋण लिया।इस पुस्तक में सरकार की समाजवादी नीतियों और सार्वजनिक इकाइयों की बुरी स्थिति पर गहन तथ्यात्मक चिंतन हैं। इसी वर्ष की अपनी अन्य पुस्तक ‘आर्थिक विकास के सवाल और बौद्धिक दिवालियेपन’ में कांग्रेस के शासन की आलोचना और गहन होती है। चरण सिंह लिखते हैं –

“आर्थिक विपन्नता के वातावरण में भी केवल विदेशी मेहमानो के सामने अपनी शान ओ शौक़त का ढिंढोरा पीटने के लिए इंका (इंदिरा कांग्रेस) सरकार ने पाँच सितारा होटलों का निर्माण तो कराया, किंतु देश के लाखों गाँवों की प्यासी जनता के लिए पीने का मीठा पानी जुटाने की आवश्यकता नहीं समझी।”

आगे उन्होंने कांग्रेस को जातिवाद के लिए भी घेरा, लिखा – कांग्रेस द्वारा जातिवाद के आधार पर प्रत्याशी चुनने की प्रणाली प्रारंभ के गई। आज जिस क़िस्म के किसान नेता मर्सिडीज़ में पंजाब से किसान आंदोलन में पिज़्ज़ा के स्टाल लगा कर घेराव करने पहुँचे थे, उस वर्ग पर चौधरी साहब बिना लाग लपेट के इसी पुस्तक में लिखते हैं –

“महंतों और मठाधीशों के फार्मों पर जनता तथा मज़दूर नहीं पलते हैं, वहाँ लठैत पलते हैं और वे अपनी ज़्यादतियों से नक्सलवाद के विकास के लिए अनुकूल भूमि तैयार करते हैं। अफ़सोस कि कांग्रेस के कर्णधारों की समझ में यह छोटी सी बात नहीं आती है।”

अपने राष्ट्र को १९७९ के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में चरण सिंह हड़ताल आदि गतिविधियों की स्पष्ट निंदा करते हुए कहते हैं – (जापान का मज़दूर) हड़ताल करने का बारे में कभी नहीं सोचता है। १२ नवम्बर १९७९ में मुरेना में भाषण देते हुए चौधरी साहब गाँव की बहू बेटियों के लिए शौचालयों की बात कहते हैं। यह संयोग ही कहा जायेगा कि प्रधानमंत्री नल-जल -योजना और इज़्ज़तघर योजना भी उसी शासनकाल में कार्यान्वित हुई जिस नरेंद्र मोदी शासन में चौधरी साहब को भारत रत्न प्राप्त हुआ। इस प्रक्रिया में तीस वर्ष खो गए परंतु आज चौधरी चरण सिंह का वह स्वप्न पूर्ण हो रहा है। इसी भाषण में चौधरी चरण सिंह कहते हैं

“जवान बेटियाँ, जवान लड़कियाँ, चूल्हे को झोंकते झोंकते चार -पाँच साल में उनका सौंदर्य ख़त्म, उनकी आँखें ख़राब, उनके फेफड़े ख़राब।”

इस प्रश्न का भी उत्तर नरेंद्र मोदी की उज्ज्वल योजना में गाँव के ग़रीबों को मिला है। ऐसा जान पड़ता है कि आज के किसान नेता अपने आदर्श को इतने ध्यान से नहीं सुनते थे जितने ध्यान से उस समय का एक संघ का प्रचारक नरेंद्र मोदी उनके ग्रामोद्धार के सिद्धांतों को सुन कर आत्मसात् कर रहा था। आज वामपन्थ के खिलौने बने किसान नेताओं की राजनीति ही उनके चौधरी चरण सिंह को ना जानने पर निर्भर है ताकि वे एक विदेशी अभिनेत्री से अपना प्रचार करा के अराजकता फैला सकें। इसी लिये हमारा कर्तव्य हो जाता है कि चौधरी जी का वास्तविक विचार भोले भाले कृषकों तक पहुँचे।

One response to “चौधरी चरण सिंह – भारत रत्न- विचार परिचय”

  1. […] किसान नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय चरण सिंह राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक रहे। […]

Leave a Reply

Trending