‘श्रीयुत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव अब नहीं रहे हैं।उनकी मृत्यु में ही उनकी विजय है।इसमें किसी को भी संशय ना होना चाहिये, अफ़सरशाही ने उनके नश्वर शरीर मात्र का अंत किया है।राष्ट्र ने उनकी अनश्वर आत्मा को सहेज लिया है। भगत सिंह और उनके सहयोगी सदा के लिए स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानी हो गये हैं।’
-फ्री प्रेस जर्नल, २४ मार्च, १९३१

भगत सिंह हमारे इतिहास के एक क्रांतिकारी ही नहीं, एक प्रतिभासम्पन्न युवा और विलक्षण व्यक्तित्व भी रहे हैं। देश के लिए आत्माहुति देने से इतना समय हो जाने के पश्चात् भी भगत सिंह देश के हृदय में अपना अलग ही स्थान बनाये हुए हैं और युवा के जननायक हैं। जनता का अपार स्नेह और मुझे लगता है कुछ हद तक अपने अंतिम दिनों में अपने नास्तिकता पर लिखे लेख के कारण वामपंथियों और वामपंथी कांग्रेस भगत सिंह कांग्रेस और कम्युनिस्टों का ध्यान अपनी ओर खींच पाये हैं। भगत सिंह के व्यक्तित्व में वामपंथी राजनीति ने एक ऐसा नायक पाया जो कांग्रेस की अंग्रेजों की ओर झुकाव वाली राजनीति से स्वयं छला हुआ पाने वाले आज के युवा को रामप्रसाद बिस्मिल, अश्फ़ाक, चंद्रशेखर आज़ाद, अरविन्दो जैसे क्रांतिकारियों को एक नास्तिक काउंटरपॉइंट देता है जिसके बलिदान के प्रतिबिंबित शौर्य में कम्युनिस्ट और कांग्रेस अपने ब्रिटिश सहानुभूति की राजनीति से इतर एक छवि काढ़ सकें। भगत सिंह का चरित्र इतना विस्तृत एवं विषम है कि उसका अध्ययन अपने आप में एक अलग शोध की माँग करता है। उन पर लिखा तो गया है परंतु उनका स्वयं का लिखा भी पढ़ा कम गया है। जो भगत सिंह पुस्तकों में होने चाहिए उन्हें हमने पोस्टरों में बांध दिया है क्योंकि उनका स्वयं का लेखन और उनके समकालीन स्वरों का लेखन उन्हें संभवतः ऐसा रूप देता है जो आधुनिक इतिहासकारों को और उनके द्वारा पोषित राजनीति को असहज करता है। मेरा प्रयास है कि अलग अलग भाग में उनके व्यक्तित्व के उन हिस्सों के विषय में लिखूँ, परंतु आज हम भगत सिंह के अंतिम समय और उसके तुरंत बाद के घटना चक्र पर दृष्टि डालते हैं।
भगत सिंह कम आयु से ही क्रांतिकारी आंदोलन से जुड़ गये थे। गणेश शंकर विद्यार्थी से इनकी मित्रता के फलस्वरूप ब्रिटिश पुलिस का दबाव बढ़ने पर भगतसिंह कानपुर चले गये और क्रांतिकारियों के संपर्क में आये। उस समय रामप्रसाद बिस्मिल हिंदुस्तान रिपब्लिकन आर्मी का संयुक्त प्रांत में नेतृत्व कर रहे थे। इसी संगठन से बिस्मिल जुड़ गये। दिसंबर १९२७ में बिस्मिल और अश्फ़ाक को फाँसी हुई और नेतृत्व विहीन संगठन छिन्न भिन्न सा हो गया। १९२८ में श्री विजय कुमार और भगत सिंह ने चंद्रशेखर आज़ाद के नेतृत्व में आंदोलन को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया। ३० अक्टूबर १९२८ को साइमन कमीशन के विरोध में लाहौर में प्रदर्शन हुआ और पुलिस के लाठीचार्ज में लाला लाजपत राय घायल हुए। लाला जी कांग्रेस के लाल -बाल-पाल की सम्मानित त्रिमूर्ति में से थे, हिंदू महासभा के संस्थापक थे और राष्ट्रीय आंदोलन में ग़दर के काल से जुड़े हुए थे। उनकी मृत्यु से आक्रोशित जनता को स्वर भगत सिंह की बंदूक़ ने १७ दिसंबर को दिया जिसकी गोली से सहायक पुलिस अधीक्षक साँडर्स की मृत्यु हुई। अगले दिन शहर हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन आर्मी के पोस्टर से पटे हुए थे। भगत सिंह और राजगुरु ने आज़ाद के नेतृत्व में इस घटना को परिणति दी। पुलिस के सघन सर्वेक्षण के बाद भी तीनों आंदोलनकारी सफलतापूर्वक लाहौर से सुरक्षित निकल गये।
इसके बाद क्रांतिकारी गतिविधियों में तीव्रता आयी। आगरा, सहारनपुर आदि स्थानों पर हथगोले आदि बनाने के केंद्र स्थापित हुए। इन सब गतिविधियों का उच्चतम बिंदु ८ अप्रैल १९२९ को दिल्ली में ब्रिटिश संसद की बैठक में भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त के द्वारा बम विस्फोट था। दोनों युवकों ने ‘साम्राज्यवाद का नाश हो’ के नारे लगाये और आत्मसमर्पण कर दिया। इस विस्फोट का स्थापित उद्देश्य ‘ट्रेड डिस्प्यूट बिल’ और ‘पब्लिक सेफ़्टी एक्ट’ जैसे दमनकारी क़ानूनों का विरोध था। मुंबई में उस समय ट्रेड डिस्प्यूट बिल के विरोध में मज़दूरों का आंदोलन चल रहा था। भगत सिंह की युवा संस्था नौजवान भारत सभा ने न्यायालय में भगत सिंह के उद्गारों को प्रचारित करने काम सम्भाला। भगत सिंह के भाषण राष्ट्रीय समाचारपत्रों के अलावा रुस और फ़्रांस के समाचारपत्रों में स्थान पा रहे थे। भगतसिंह पहले दिल्ली जेल में रखे गये, फिर उन्हें मियाँवाला जेल भेज दिया गया। इसी कारावास काल में भूख हड़तालों का सिलसिला सा चल पड़ा। भगत सिंह के एचएसआरए के सहयोगी यतीन्द्रनाथ दास भी इस समय कारागृह में थे और अपने क्रांतिकारी साथियों को राजनैतिक बंदियों के अधिकार दिलाने के लिए भूख हड़ताल पर चले गये। १३ सितंबर १९२९ को जतिन दा ने अपने ६३ दिन के आमरण अनशन में अपने प्राण त्यागे।उनके अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी, जिसने भगत सिंह की फाँसी के निर्णय के विषय में ब्रिटिश शासन को सावधान कर दिया था। कॉर्क के लार्ड मेयर, टेरेंस मैकस्वीनी की पत्नी, मेरी ने लिखा- ‘टेरेंस स्वीनी परिवार राष्ट्रभक्त भारतीयों के साथ जतिंद्र नाथ दास की मृत्यों के गौरव और दुख में जुड़ा हुआ है। स्वतंत्रता आएगी।’ कलकत्ता में पाँच लाख शोकाकुल भारतीय उनकी अंतिम यात्रा में जुड़े। पंडित नेहरू जतिन दास स्मारक समिति से जुड़े। महात्मा गांधी ने इस विषय पर मौन रखा।उन्होंने ८ अक्तूबर को लिखा कि इस विषय पर उन्होंने इसलिए मौन रखा क्योंकि उनके बोलने से देश की अधिक हानि होती। ९ अक्तूबर को उन्होंने रेहन तैयबजी से कहा कि वह इस विषय पर इस लिये मौन रहे क्योंकि उन्होंने इस अनशन को सहमति नहीं दी थी।सनद रहे महात्मा गांधी का सबसे लंबे अनशन २१ दिनों का रहे थे १९३३ में और १९४३ में, पहला लेडी ठाकरसे के पुणे आवास में और दूसरा आगा ख़ान महल में।
भगत सिंह और २४ अभियुक्तों पर १७ दिसंबर १९२८ को सांडर्स की हत्या, हेड कांस्टेबल चानन सिंह की हत्या, ८ अप्रैल १९२९ का असेंबली बम कांड, लाहौर और सहारनपुर में बम फैक्ट्री की स्थापना आदि षड्यंत्रकारी गतिविधियों का मुक़दमा चला। इसमें सरकार की और से छह सौ गवाह प्रस्तुत हुए।अभियुक्तों की ओर से सुरक्षा समिति का गठन हुआ, जिसके सचिव ‘बंदे मातरम्’ के संपादक लाला फ़िरोज़ चंद थे।१९ अक्तूबर को भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त का संदेश ब्रॉडलाव हॉल लाहौर में ऑल पंजाब स्टूडेंट कॉन्फ़्रेंस की बैठक में पढ़ा गया।इसमें लिखा गया था ‘हम देश के युवाओं को बम और पिस्टल उठाने की सलाह नहीं देंगे।छात्रों को देश के लिए महती योगदान देना है। कांग्रेस लाहौर अधिवेशन में एक गंभीर युद्ध की घोषणा करेगी। इतिहास के ऐसे महत्वपूर्ण क्षण में युवाओं के कंधों पर एक बड़ा उत्तरदायित्व आ पड़ता है।’
२१ अक्तूबर १९२९ को सरकारी गवाह जय गोपाल पर प्रेम दत्त वर्मा ने चप्पल फेंकी।इस के आधार पर सभी क़ैदियों को न्यायालय में पेशी के दौरान बेड़ियों में बांधने का आदेश दिया गया। २६ मई को लाहौर कैंट में भगत सिंह की शिनाख्त परेड हुई। इस में अत्ता मोहम्मद, आफ़ताब अहमद, कमालुद्दीन और अब्दुल्ला ने भगत सिंह की पहचान की। चौधरी हबीबुल्लाह ने भगत सिंह की सांडर्स के हत्यारे के रूप में प्रत्यक्षदर्शी के रूप में पहचान की।चेत सिंह, गोसाईं काशी राम, हरि नाथ, अमोलक राम, मोहम्मद नादिर, घोटा मल, हरि लाल मुखी, मोहम्मद दीन, दीनानाथ आदि ३२ में से १५ गवाहों ने भगत सिंह को पहचानने से मना कर दिया। ३० मई को सात गवाहों के समक्ष एक और शिनाख्त परेड हुई, जिस में कांस्टेबल इब्राहिम को छोड़ कर अन्य छह गवाहों चंपत राय, गंगा भूषण, ग़ुरबचन सिंह, अमृतसरिया, ज्ञानचंद और फ़र्न ने पहचान करने से इंकार कर दिया। २६ नवंबर हंस राज वोहरा सरकारी गवाह बन गया। बम कांड का निर्णय पहले आया जिस में भगतसिंह और बटुकेश्वर दत्त को १२ जून १९२९ को आजीवन कारावास की सजा हुई। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान ही भूख हड़तालों की श्रृंखला प्रारंभ हो गई जिस में जतिन दा के प्राण गये। इसके परिणाम स्वरूप राजनैतिक बंदियों की स्थिति के सुधार के लिए नियम लाये गये।२४ जनवरी १९३० को अभियुक्त लेनिन दिवस के आयोजन में लाल स्कार्फ पहन कर न्यायालय में आये और भगत सिंह ने एक पत्र लेनिन को संबोधित कर के मॉस्को भेजने के लिए मजिस्ट्रेट को दिया। यह सब न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से क्रांतिकारी आंदोलन के अंतरराष्ट्रीय प्रचार को बल देने की रणनीति का भाग था। कामरेड अजय घोष क्रांतिकारियों की समतावादी नीतियों के बारे में लिखते हैं कि भगत सिंह को कम्युनिस्ट या मार्क्सवादी मानना अतिशयोक्ति ही होगी। वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता उस समय लाहौर षड्यंत्र के समय अभियुक्त थे।
उच्च न्यायालय के अधिवक्ता लाला दूनी चंद भगत सिंह के न्यायिक सलाहकार थे। २९ जनवरी को उन्हें कार्यवाही में बैठने का स्थान नहीं दिया गया। इस विषय को ले कर भगत सिंह और मजिस्ट्रेट के मध्य ख़ासी झड़प हुई जिसे विदेशी समाचार पत्रों में प्रमुखता से स्थान मिला। इसी समय १५ मार्च १९२९ को मेरठ षड्यंत्र की सुनवाई प्रारंभ हुई थी जिस में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों पर (एस ए डाँगे, मुज़फ़्फ़र अहमद, एस वी घाटे, एम ए मजीद, फ़िलिप स्प्रैट, बेंजामिन ब्रैडले ) ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध षड्यंत्र का आरोप लगा था। ३१ जनवरी १९३० को यह मामला इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पहुँचा और इसका अंतिम निर्णय १३ अगस्त, १९३३ को हुआ। परंतु न्यायिक प्रक्रिया में विलंब का आधार ले कर यहाँ किसी ट्रिब्यूनल का गठन नहीं हुआ। इसका एक कारण यह भी हो सकता कि मेरठ षड्यंत्र की रक्षा समिति में राष्ट्रीय स्तर के लब्धप्रतिष्ठित वकील जुड़े थे। इसका गठन स्वयं जवाहरलाल नेहरू ने किया था और इस समिति के अध्यक्ष मोतीलाल नेहरू थे। भगत सिंह के मामले में वायसराय की जल्दबाज़ी का कारण ब्रिटिश सरकार की भारत को डोमिनियन बनाने की घोषणा में भी देखा जा सकता है। गांधी के लिये पूर्ण स्वराज्य के स्थान पर सीमित स्वातंत्र्य का यह समझौता स्वीकार्य था। इस परिस्थिति में इरविन लाहौर षड्यंत्र की न्यायिक प्रक्रिया को शीघ्रातिशीघ्र समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध था।
इन सबके कारण न्यायिक प्रक्रिया में विलंब को समाप्त करने के लिए मई १९३० में वायसराय ने तीन जजों की ट्रिब्यूनल का गठन किया जिस में जस्टिस जॉन कोल्डस्ट्रीम, जस्टिस जी सी हिल्टन और जस्टिस सर सैयद आगा हैदर थे।सरकार ने अभियुक्तों को सरकारी वकील का विकल्प दिया। चार अभियुक्तों ने इस विकल्प का लाभ लिया। अजोय घोष, किशोरी लाल और देस राज को अमर दास का प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ और प्रेम दत्त को बलजीत सिंह सरकारी वकील मिले। भगत सिंह ने दूनी चंद की न्यायिक सलाहकार के रूप में माँग की। १२ मई को अभियुक्त राष्ट्रीय गीतों को गाते हुए अदालत पहुँचे तो उखड़ कर ट्रिब्यूनल ने अभियुक्तों को बेड़ियाँ पहनाने का आदेश दिया। अभियुक्तों को बलपूर्वक बेड़ियाँ पहना कर उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। उसी दिन ट्रिब्यूनल के एकमात्र भारतीय सदस्य ने इस आदेश से स्वयं को पृथक करते हुए वक्तव्य दिया। जून २३, १९३० को ट्रिब्यूनल का पुनर्गठन हुआ और जस्टिस जीसी हिल्टन अध्यक्ष हुए और उनके साथ जेकेएम टैप तथा अब्दुल क़ादिर ट्रिब्यूनल के सदस्य बने। अज्ञा राम को छोड़ कर बाक़ी अभियुक्त अदालत में प्रस्तुत होने के लिए सहमत हो गये। उनकी हथकड़ियाँ खोल दी गई।
७ अक्तूबर १९३० तक त्वरित कार्यवाही करते हुए ट्रिब्यूनल ने निर्णय दिया। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फाँसी की सज़ा दी गई। अजोय घोष, यतींद्र नाथ सान्याल और देस राज -तीन क्रांतिकारियों को क्षमादान मिला।कई क्रांतिकारियों को आजन्म कालापानी कारावास दिया गया। प्रिवी कौंसिल में इस निर्णय के विरुद्ध अपील भी हुई जिसे ११ फ़रवरी १९३१ को ख़ारिज कर दिया गया।
प्रथम लाहौर षड्यंत्र में सांडर्स हत्या के आरोप सिद्ध किए गए। आज़ाद फ़रार घोषित किए गए। रायबहादुर ज्वालाप्रसाद सरकारी वकील हुए और अब अभियुक्तों की ओर से लाला श्यामलाल, अमोलक राम कपूर और श्री प्राणलाल मेहता लड़े। सरकारी वकील ने क्रांतिकारियों को राष्ट्रीय मुख्य धारा से इतर बताने के लिए लार्ड हार्डिंग पर क्रांतिकारी हमले के संदर्भ में गांधी जी के यंग इंडिया में लिखे लेख ‘कल्ट ऑफ़ बम’ और उसके उत्तर में क्रांतिकारी पर्चे ‘फिलोसफी ऑफ़ बम’ का उद्धरण दिया। भगत सिंह के मृत्यदंड के विरुद्ध लंदन में प्रिवी कौंसिल में क्षमा याचिका दायर की गई। ११ फ़रवरी १९३१ को इस क्षमा याचिका पर सुनवाई हुई। इस कौंसिल में विस्काऊँ डुनेडिन लार्ड थैंकरटन, लार्ड रसेल, लार्ड जॉर्ज लाउंड्स और सर दिनशाव मुल्ला थे। प्रिवी कौंसिल में १२ फ़रवरी १९३१ को भगत सिंह और साथियों की प्रीवी कौंसिल से प्रथम लाहौर षड्यंत्र में क्षमा की अपील अस्वीकृत हो गई। इसका याचिका का आधार ट्रिब्यूनल के गठन को गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया की ७२वीं धारा के विरुद्ध बताया गया था। १४ फ़रवरी १९३१ को पंडित मदन मोहन मालवीय ने वायसराय से क्षमादान की अपील की।
फाँसी की प्रारंभिक तिथि २६ अक्तूबर १९३० तय की गई थी परंतु आगे इसे २४ मार्च १९३१ के लिए स्थगित कर दिया गया। अब एक मात्र आशा की किरण वायसराय के द्वारा मृत्युदंड से क्षमादान का बचता था। १८ मार्च को गांधी जी की वायसराय इरविन से भेंट हुई जहाँ गांधी जी ने २४ मार्च को प्रस्तावित कांग्रेस अधिवेशन के आधार पर इस फाँसी को स्थगित करने का निवेदन किया था। सारे देश से कांग्रेस पर क्रांतिकारियों की मृत्यदंड से मुक्ति का दबाव बढ़ रहा था। परंतु महात्मा गांधी ने इस सजा से मुक्ति की माँग ना करते हुए केवल सजा के कांग्रेस अधिवेशन तक स्थगन की माँग की। गांधी जी के व्यक्तिगत सचिव महादेव देसाई अपनी डायरी में गांधी जी के हवाले से लिखते हैं-
‘मैंने भगत सिंह के विषय में चर्चा की। मैं ने उन (इरविन) से कहा कि इसका हमारी चर्चा से कोई संबंध नहीं है, और मेरे लिये इस विषय को उठाना अनुचित भी है। परंतु यदि आप वर्तमान वातावरण को अनुकूल करना चाहते हों तो आप भगत सिंह की फाँसी को कुछ समय के लिए स्थगित कर सकते हैं।’
गांधी जी के इस निवेदन का अनुमोदन इरविन भी करते हैं कि गांधी का निवेदन सजामुक्ति का नहीं सिर्फ़ स्थगन का था। नेताजी अपनी पुस्तक इण्डियन स्ट्रगल १९२०-१९४० में इस विषय में लिखते हैं कि संभवतः गांधी क्रांतिकारियों से स्वयं को संबद्ध करने को तैयार नहीं थे। नेताजी आयरिश क्रांतिकारियों से ब्रिटिश सरकार के समझौते में उनको क्षमादान से समानांतर खींचते हैं और कहते हैं कि गांधीजी भी शर्त रख कर भगतसिंह और साथियों के लिए क्षमादान प्राप्त कर सकते हैं। पाँच मार्च १९३१ को गांधी -इरविन समझौते पर हस्ताक्षर हो गये।छह मार्च १९३१ को गांधी जी स्वयं प्रेस वार्ता में इस बात की पुष्टि करते हैं कि उन्होंने इरविन से क्षमादान की नहीं फाँसी के स्थगन का ही निवेदन किया था। गांधी इरविन समझौते में न्यायिक क्षमा का ज़िक्र अनुच्छेद १२ में है परंतु इसे स्पष्ट रूप से असहयोग आंदोलन के बंदियों और उन राजनीतिक अपराधियों के लिए सीमित किया गया है जिनका हिंसक क्रांति से संबंध ना हो।स्पष्ट रूप से इस समझौते में सामान्य क्षमादान के प्रावधान में क्रांतिकारियों के लिए कोई स्थान नहीं था। सात मार्च १९३१ को एक जनसभा में गांधी कहते हैं कि वचन देते हैं कि छह माह के बाद संभवतः वे भगत सिंह के लिए कोई उचित नरमी सरकार से माँग सकें। यह भाषण यह आभास देता है कि गांधी को इरविन ने सज़ा के कम से कम छह माह स्थगन की आशा दी थी। परंतु दस्तावेज यह बताते हैं कि इरविन ने गांधी को ऐसी कोई आशा नहीं दी थी और ना ही गांधी ने भगत सिंह की मृत्युदंड से मुक्ति के लिए कोई प्रयास ही किया था (नूरानी, द ट्रायल ऑफ़ भगत सिंह)। अपने लेख में श्री डी पी दास गांधी के भगत सिंह की मृत्यदंड से मुक्ति के ‘कठिन प्रयासों’ के दावों को निरा झूठ बताते हैं। इरविन अपनी डायरी में यही लिखते हैं कि गांधी ने मृत्यदंड के स्थगन का निवेदन किया था, मृत्यदंड को निरस्त करने का नहीं। इसका आधार गांधी वर्तमान में राष्ट्र में अशांति फैलने की आशंका को बताया था। गांधी के अनुसार यह २४ मार्च के कांग्रेस अधिवेशन में कांग्रेस के नये अध्यक्ष की घोषणा में बाधा खड़ी कर सकता था। इरविन ने अपने तर्क दिये और उसके अनुसार गांधी उन तर्कों से सहमत हो गये।
१९ मार्च को हरबर्ट एमर्सन (गृह सचिव) गांधी को बताते हैं कि करांची कांग्रेस के संदर्भ में विचार किया गया है कि फाँसी अधिवेशन के पूर्व या पश्चात देनी चाहिये और दोनों में ही समस्याएँ हैं। इस पर गांधी ने कहा कि प्रतीक्षा करने का कोई लाभ नहीं है हाँ यदि क्षमादान दे दिया जाये तो और बात है। एमर्सन ने आगामी दिनों में दिल्ली में सभायें और उग्र भाषण ना होने देने के लिए निवेदन किया और गांधी ने उन्हें इसका आश्वासन भी दिया। इस संदर्भ में गांधी और एमर्सन के मध्य का २० मार्च, १९३१ का पत्राचार उपलब्ध साक्ष्य है। कांग्रेस के आधिकारिक इतिहासकार सीतारमैया हिस्ट्री ऑफ़ कांग्रेस में लिखते हैं – वायसराय भगत सिंह के मृत्यदंड को कांग्रेस अधिवेशन के बाद के लिये स्थगित करने को सहमत थे। गांधी ने कहा कि यदि लड़कों को फाँसी होनी है तो यह अधिवेशन से पूर्व ही हो जाये तो बेहतर है। इस से लोगों के हृदय में मिथ्या आशा समाप्त होगी और गांधी इरविन संधि, इस आत्महुति के बाद भी यदि सफल होती है तो अपने तर्कों पर पारित होगी।’ स्पष्ट है गांधी के विचार में उस समय ब्रिटिश -कांग्रेस संधि सर्वोपरि थी। मृत्युदंड के उपरांत भी गांधी का २४ मार्च का पत्र विचित्र सा ही है। गांधी लिखते हैं- इस देश की मुक्ति हत्याओं के माध्यम से नहीं होगी। इस मृत्युदंड से हमारी शक्ति बढ़ गई है और हमें इस अवसर को खोना नहीं है।’
२४ मार्च १९३१ को गांधी पहली बार क्षमा याचना का लिखित आवेदन करते हैं। आज के चौबीस घंटे मीडिया और सोशल मीडिया के समय में फाँसी हो जाने के ठीक बाद गांधी का यह पहला २४ मार्च १९३१ को लिखा भगत सिंह के लिए क्षमा याचना का कई प्रश्न खड़े कर देता। भगत सिंह स्वयं गांधी से निराश थे और लिखते हैं कि महात्माजी यदि कुछ कर सकते तो उन तीन महिलाओं को ही मुक्त करा देते जिन्हें लाहौर षड्यंत्र में आरोपित कर के पुलिस ने जेल में डाला हुआ था। भगतसिंह के विचार अपने समकालीन नेताओं के प्रति अत्यंत ही संतुलित और परिपक्व रहे, जहां कांग्रेस की ओर से क्रांतिकारियों को आतंकवादी तक कहा जाता रहा था। अपने जीवन काल के अंतिम समय में इस निराशा को छोड़ दें तो १५ नवम्बर १९२४ की मतवाला में अपने छद्म नाम बलवंत सिंह से लिखे लेख विश्व प्रेम में जहाँ भगत सिंह सावरकर और तिलक की प्रशंसा करते हैं, वहीं महात्मा गांधी के चंपारन प्रकरण के व्यवहार के विषय में अत्यंत स्नेहपूर्वक लिखते हैं। मानव सिद्धांतों के भगत सिंह निष्पक्ष शोधक हैं। अहिंसा का प्रबल विरोध करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए मई १९२४ में कांग्रेस के द्वारा प्रत्येक शौर्य के कृत्य को अपराध बना देने का आरोप लगा देते हैं।
२३ मार्च १९३१ की संध्या सात बजे तीन देशभक्तों को अफ़रातफ़री में फाँसी दी गई और उनके शव को परिवारजनों को नियमानुसार सौंपने के स्थान पर सरकार ने उन्हें मुस्लिम क़ब्रिस्तान में ठिकाने लगाने का प्रयास किया। इसी दिन एक याचिका अदालत पहुँची थी जिस में भगत सिंह और साथियों ने स्वयं को युद्ध बंदी घोषित करने की माँग करते हुए फाँसी के स्थान पर गोली मार के मृत्यु दंड देने की माँग की थी। लाहौर में २३ मार्च को ही सामान्य हड़ताल और रैली का आयोजन इन प्रस्तावित फाँसियों के विरुद्ध नौजवान सभा के द्वारा किया गया था, जिस में गांधी -इरविन पैक्ट की भी निंदा की गई थी। २४ मार्च को दीवान रंगचारीयर ने केंद्रीय समिति में इस मृत्युदंड के विरोध में निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया। नेहरू ने २४ मार्च को कहा कि जब कभी भारत और ब्रिटेन के मध्य वार्ता होगी और कोई समझौता होगा, हमारे मध्य भगत सिंह का शव होगा बशर्ते हम उसे भूल ना जाएँ। नेहरू ने अपने मौन का स्पष्टीकरण इस आधार पर दिया कि उनके बोलने से सज़ामाफ़ी में बाधा पड़ने का भय था। इस पर जानकारों में मतभेद हैं।
२९ मार्च १९३१ को कराची कांग्रेस शोक प्रस्ताव पारित करती है। इस शोक प्रस्ताव में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देते हुए इस पर भी दुख प्रकट किया गया कि सरकार ने जनता के साथ जुड़ने का एक अवसर गवाँ दिया। नेहरू बताते हैं कि इस प्रस्ताव के लेखक गांधी थे। इसके बाद ही गांधी इस संशय में पड़ जाते हैं कि यह शोक संदेश लिख कर उन्होंने ग़लत तो नहीं किया। जून २०, १९३१ को गांधी भगत सिंह स्मारक समिति को पत्र लिख कर आधिकारिक रूप से स्वयं को उस से अलग कर लेते हैं। एलेन कैंपबेल जॉनसन अपनी पुस्तक लार्ड हैलिफ़ेक्स में गांधी इरविन की वार्ता के संदर्भ से लिखते हैं – भगत सिंह के मृत्युदंड की अनिवार्यता के विषय में सहमत होने के बाद, गांधी और इरविन मानव जीवन और उसकी महत्ता पर लंबी चर्चा करते हैं।भगत सिंह अपनी मृत्यु के समय मात्र २३ वर्ष के थे। २४ मार्च को फ्री प्रेस जर्नल में छपा
‘श्रीयुत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव अब नहीं रहे हैं।उनकी मृत्यु में ही उनकी विजय है।इसमें किसी को भी संशय ना होना चाहिये, अफ़सरशाही ने उनके नश्वर शरीर मात्र का अंत किया है।राष्ट्र ने उनकी अनश्वर आत्मा को सहेज लिया है। भगत सिंह और उनके सहयोगी सदा के लिए स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानी हो गये हैं।’
उपसंहार
भगत सिंह की मृत्यु के पश्चात क्रांतिकारी आंदोलन का तेज़ी से अंत हुआ। कुछ समय पश्चात आज़ाद नेहरू से मिले और क्रांतिकारियों की और से सरकार से राज क्षमा के लिए मदद माँगी। नेहरू अपनी आत्मकथा में आज़ाद को आतंकवादी कहते हैं और मदद में असमर्थता जताते हैं। इस वार्ता के कुछ समय बाद इलाहाबाद में अल्फ़्रेड पार्क में ब्रिटिश पुलिस का सामना करते हुए आज़ाद अपनी ही गोली से आत्माहुति दे देते हैं। पंजाब में पुलिस कार्यवाही के बाद भगत सिंह कानपुर गये थे और यहीं से उनका संयुक्त प्रान्त के क्रांतिकारी आंदोलन में प्रवेश हुआ था। उन्हें कानपुर ले जाने वाले श्री गणेश शंकर विद्यार्थी थे। भगत सिंह की फाँसी के बाद कानपुर में हड़ताल का आह्वान किया गया। २४ मार्च दोपहर बाद कांग्रेस की युवा सेना (वानर सेना) के दुकान बंदी और सड़क रोको अभियान ने उग्र रूप ले लिया। मुस्लिम समाज के दुकानदारों के हड़ताल का विरोध करने पर कांग्रेस के इस अभियान ने सांप्रदायिक हिंसा का रूप धारण कर लिया। मछली बाज़ार मस्जिद पर आक्रमण की अफ़वाह के बाद मेस्टन रोड मंदिर में मुसलमानों ने आग लगा दी। २५ और २६ मार्च तक दंगे पूरे कानपुर में फेल चुके थे। इन दंगों में विद्यार्थी जी ने कुछ मुस्लिम महिलाओं की रक्षा की और मुस्लिम बहुल क्षेत्र में फँसे हिदुओं की मदद करने वहाँ गए। उनका शव कई दिनों बाद क्रूर हत्या चिन्हों के साथ कई दिनों बाद ही वहाँ से निकाला जा सका।जिस कांग्रेस ने एक सांडर्स की हत्या के आरोपी भगत सिंह का साथ देने से अहिंसा के नाम स्वयं को दूर रखा, उसी भगत सिंह की स्मृति में जन आक्रोश का लाभ लेने के लिए कांग्रेस ने कानपुर में उग्र हिंसक आंदोलन किया जिस में ४०० लोगों की मृत्यु हुई। कराची में अधिवेशन गांधी के नेतृत्व में निर्विरोध चला और गांधी इरविन पैक्ट भी पारित हुआ।
बटुकेश्वर दत्त अंडमान से वापस आ कर ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से भी जुड़े। नितांत निर्धनता और उपेक्षा में बटुकेश्वर दत्त ने अपने अंतिम दिन पटना में बिताये। असहाय अवस्था में १९६५ में तत्कालीन सरकार से गुहार लगाने के पश्चात उन्हें दिल्ली लाया गया जाना उन्होंने अपने प्राण त्यागे। भगत सिंह के सहयोगी की उपेक्षित मृत्यु स्वतंत्र भारत निष्ठुर मौन में हुई।





Leave a Reply