क्या है धार्मिक आरक्षण का सत्य?

पाकिस्तान बन गया है/ भारत में मुसलमान हैं, उनके हितों का यह तक़ाज़ा है कि वे अलग -थलग ना रहें, बल्कि भारत की मुख्यधारा में रहने का विचार बनाएँ, इस लिये आरक्षण की माँग को छोड़ देना बेहतर है। – बेगम एजाज रसूल, अल्पसंख्यक उप समिति, संविधान समिति संविधान की सरदार पटेल के नेतृत्व में…

पाकिस्तान बन गया है/ भारत में मुसलमान हैं, उनके हितों का यह तक़ाज़ा है
कि वे अलग -थलग ना रहें, बल्कि भारत की मुख्यधारा में रहने का विचार बनाएँ, इस लिये आरक्षण की माँग को छोड़ देना बेहतर है।

– बेगम एजाज रसूल, अल्पसंख्यक उप समिति, संविधान समिति

संविधान की सरदार पटेल के नेतृत्व में जो उप समिति अल्पसंख्यक अधिकारों पर विचार करने के लिए बनी थी, उसमे आंतरिक विभाजन इस विषय पर हो गया था कि धर्म के आधार पर आरक्षण होना चाहिये या नहीं। एक टूटे हुए भारत का शीर्ष नेतृत्व मानव इतिहास के सबसे हिंसक और अव्यवस्थित विभाजन की विभीषिका के बाद विचित्र से अपराध बोध से बंधा हुआ था। विश्व में ऐसे विभाजन पहले भी हुए थे परंतु ऐसे विभाजन संपूर्ण जनसंख्या विनिमय के साथ हुए थे। भारत के विभाजन में जहाँ नव-निर्मित इस्लामी देश प्रारंभ से ही अपनी पूर्ण इस्लामी पहचान के लिए समर्पित थे, भारत ने धर्मनिरपेक्षता का मार्ग पकड़ा और लगभग पूर्ण बहुमत से पाकिस्तान के निर्माण के लिए समर्थन में रहे मुस्लिम समाज की बचे हुए भारत की रूप -सज्जा में योगदान को ले कर कटिबद्ध रहा। बड़े मान मनोव्वल के साथ विभाजन के प्रमुख पात्र मुस्लिम लीग के भारत में बचे अंश, भारतीय संघीय मुस्लिम लीग को संविधान समिति में भर्ती कर लिया गया। सनद रहे कि जहाँ उत्तर में इस पार्टी के अधिकांश नेता पाकिस्तान चले गये, दक्षिण में बची पार्टी १९५१ तक मुस्लिम लीग ही कही जाती थी। संविधान के बन जाने के एक वर्ष बाद, १ सितंबर १९५१ को ही इस पार्टी ने अपने पुराने नाम, चरित्र और चार्टर को त्याग कर भारतीय राजनीति में सक्रिय रूप से जुड़ने के उद्देश्य से अपना नाम और संविधान बदल कर उसमे से ‘मुस्लिम राष्ट्र के निर्माण ‘ का उद्देश्य हटाया। १९७६ में पहली बार कांग्रेस के गठबंधन में आयी यह पार्टी आज यह पार्टी राहुल गांधी की कांग्रेस के साथ केरल और तमिलनाडु में गठबंधन में है और राहुल गांधी ने हाल में अपनी विदेश यात्रा के दौरान इस दल को धर्मनिरपेक्ष बताया है।

सविधान के निर्माण के समय अलसंख्यकों के विषय पर एक उप समिति बनी जिसके अध्यक्ष सरदार पटेल थे। इस समिति में सरदार पटेल बेगम रसूल और पटना से आने वाले सदस्य तजम्मुल हुसैन इस संदर्भ में मौलाना आज़ाद की उस लॉबी के विरोध में थे जो कि मुसलमानों के लिए राजनीतिक आरक्षण के पक्ष में थे।११ मई १९४९ को यह विषय संविधान की सलाहकार समिति के समक्ष आया।सरदार और कन्हैयालाल मुंशी के अनुरोध पर इस पर बेगम ऐज़ाज़ रसूल ने बोला और मुस्लिम आरक्षण का स्पष्ट विरोध किया। प्रस्ताव तीन के सामने ५७ से धार्मिक आरक्षण के विरोध में पारित हुआ।

सलाहकार समिति का यह प्रस्ताव २५ मई १९४९ को संविधान समिति के समक्ष विचार के लिए आया। इसमें मुसलमानों के लिए पृथक मतक्षेत्रों के विषय में और धार्मिक आरक्षण पर विचार हुआ। मुस्लिम लीग के पोकर साहब ने स्वतंत्र और विभाजित भारत में मुसलमानों के राजनीतिक आरक्षण की बात रखी। यह वही विचार है जिसके विषय में आज भी ऑल इंडिया इत्तिहाद उल मुसलमीन के असदउद्दीन ओवैसी जैसे नेता बात करते रहते हैं। सरदार पटेल ने सलाहकार समिति द्वारा सब कमिटी (नेहरू- अंबेडकर -मुंशी) के धार्मिक आरक्षण हटाने के प्रस्ताव की अल्पसंख्यक उप समिति के द्वारा स्वीकृत होने की सूचना संविधान सभा को दी। १९०६ में आग़ा ख़ान के नेतृत्व में ब्रिटिश द्वारा बनाये गये मुस्लिम पृथक मतक्षेत्रों के स्वतंत्र, विभाजित भारत से पूर्णतया हटाने की बात पर सहमति बनी थी। यह स्वीकार किया गया कि इसी पृथकतावाद की कोख से आगे मुस्लिम लीग का जन्म हुआ जिसकी परिणति एक रक्तरंजित इस्लामी विभाजन के रूप में हुआ।

इण्डियन यूनियन मुस्लिम लीग के मोहम्मद इस्माइल ख़ान ने पृथक मुस्लिम एलेक्टोरेट के मामले को पुनः खोलने की माँग की। पंडित बालाकृष्ण शर्मा सभा का ध्यान आकृष्ट करते हैं कि २७ अगस्त १९४७ को ही मुस्लिम लीग के पोकर ने प्रस्ताव पारित किया था कि विभाजन के मुहाने पर खड़े भारत में मुसलमानों के लिए अलग चुनाव क्षेत्रों की व्यवस्था बनायी जाये। यह मुस्लिम लीग के पोकर तब कह रहे थे जब उन्हीं की पार्टी के नेता पंजाब और बंगाल में बड़े पैमाने पर सिख तथा पंजाबी -बंगाली हिंदुओं की हत्या और हिंसा में व्यस्त थे। ऐसे समय भी पोकर साहब –लड़ के लिया है पाकिस्तान, हँस के लेंगे हिंदुस्तान – के सिद्धांत पर निर्लज्जता से कार्यरत थे। मुस्लिम लीग के मुहम्मद इस्माइल ख़ान ने पुनः इस पर ज़िद की जिसका विरोध स्वयं राष्ट्रपति और संविधान समिति के अध्यक्ष बाबू राजेंद्र प्रसाद ने किया था। (९० के प्रारंभिक में हिंदू मंदिरों के लिए प्रसिद्ध तमिलनाडु के नागपट्टनम् का नाम इन्हीं मोहम्मद इस्माइल ख़ान के नाम पर नगाई क़ायद ए मिल्लत रख दिया गया था।१९९७ में इसका नाम पुनः नागपट्टनम् हुआ।)

इसके बाद मुस्लिम आरक्षण के पक्ष में बीड़ा उठाया उत्तर प्रदेश से मुस्लिम लीग के नेता ज़ाहिरूल हुस्नैन लारी ने। लारी स्वतंत्रता संग्राम में नहीं थे परंतु पाकिस्तान मूवमेंट के बड़े नेता रहे थे और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से निकले थे। लारी ने आयरलैंड का उदाहरण दे कर मुस्लिम आरक्षण की माँग की। लारी के लंबे तर्कों के बाद मध्य प्रदेश के नेता श्री हरि विष्णु क़ामत ने मात्र एक पंक्ति का प्रश्न श्री लारी से पूछा – आपने पाकिस्तान क्यों माँगा? इस पर लारी ने आज के मुस्लिम नेताओं की तर्ज़ पर उनपर असहिष्णुता और मुस्लिम निष्ठा पर संदेह करने का आरोप लगा दिया। ध्यान रहे तब नरेंद्र मोदी नवजात रहे होंगे और श्री क़ामत का संघ से मतलब नहीं था। क़ामत नेताजी के फॉरवर्ड ब्लॉक से आते थे परंतु क़ामत विभाजन का परिपेक्ष्य में न्यू यॉर्क टाइम्स के संपादकीय के भय के बिना भारत के भविष्य पर मंडराते संकट को भाँपने के प्रयास कर रहे थे। श्री लारी ने मुस्लिम आरक्षण ना होने की स्थिति में दलित आरक्षण समाप्त करने की भी दलील दी।

श्री नागप्पा ने इसके बाद बहस को बढ़ाया और मुस्लिम लीग के नेताओं के हिंदू दलितों के आरक्षण के पीछे मुस्लिम आरक्षण घुसाने के षड्यंत्र पर कहा – ‘हमारे मुस्लिम मित्र जान लें राष्ट्रभक्ति में हम हरिजन किसी से पीछे नहीं है।हमें संघर्ष करना है कि यह हमारा देश है। आप आक्रांता हैं, विदेशी हैं, हम नहीं।” लारी के व्यंग्य करने पर कि यदि हमें आरक्षण और ज़मींदारी उन्मूलन का लाभ मिले तो हम भी हरिजन बन जाएँ – नागप्पा ने कहा कि इसके लिए लोगों की गुसल साफ़ करने से आप शुरुआत करें। श्री नागप्पा का यह वक्तव्य हिंदू दलितों और मुसलमानों के आरक्षण के पिछड़ेपन पर आधारित मूल सिद्धांतों की भिन्नता का नग्न कर देता है। इसका बाद वर्धमान से आने वाले नज़ीरुद्दीन अहमद ने दृढ़ता से धार्मिक आरक्षण का विरोध किया।

बेगम ऐज़ाज़ रसूल ने धार्मिक आरक्षण को हटाने के समर्थन में भाषण देते हुए कहा – (धार्मिक) आरक्षण एक आत्मघाती अस्त्र है जो अल्पसंख्यकों को बहुसंख्यकों से सदा के लिए पृथक कर देगा।यह उस पृथकतावाद और सांप्रदायिकता को सदा के लिए जीवित कर देगा जिसका शीघ्र ही उन्मूलन हो जाना आवश्यक है।

आगे वे कहती हैं- जिन मुसलमानों को पाकिस्तान जाना था, वे जा चुके हैं। जिन्होंने यहाँ रहने का निर्णय लिया है उन्हें हिंदुओं के साथ सद्भाव एवं मैत्री का संबंध रखना चाहिये और अपने वातावरण के अनुरूप स्वयं को ढालना चाहिये। हमें पृथकतावाद के समस्त सिद्धांतों को त्याग देना चाहिए जिनका समर्थन श्री लारी अपने तर्कों के माध्यम से कर रहे हैं।

लारी ने उर्दू को हिन्दी के स्थान पर राष्ट्रभाषा घोषित किए जाने के मुद्दे पर संसद से त्यागपत्र दिया और संविधान में अपना महती योगदान दे कर, संविधान सभा पर उनकी राष्ट्रभक्ति पर संदेह करने का आरोप लगाने वाले श्री लारी २७ मई १९५० को पाकिस्तान चले गये। लीगियों के तर्क पर कि यदि अनुसूचित जातियों जनजातियों को आरक्षण मिल रहा है तो मुसलमानों को भी मिलना चाहिए, इस पर जगत नारायण लाल ने स्पष्ट किया-अनुसूचित जातियों को आरक्षण धर्म के नाम पर नहीं मिल रहा है।वे हिंदू समाज के अभिन्न अंग हैं। उन्हें आरक्षण आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन के आधार पर मिल रहा है।

अगले दिन पटना के तज़म्मुल हुसैन का प्रसिद्ध भाषण हुआ जिस में उन्होंने कहा – अल्पसंख्यक शब्द एक ब्रिटिश संरचना है।या शब्द अंग्रेजों के साथ ही चला जाना चाहिये। भारत में अल्पसंख्यक या बहुसंख्यक शब्द के लिये कोई स्थान नहीं है।

तज़म्मुल हुसैन आगे हैदराबाद का संदर्भ लेते हुए बताते हैं कि किस प्रकार उन्होंने हैदराबाद के निज़ाम के पाकिस्तान से जुड़ने के मंसूबों पर श्री गाड़गिल से बात की थी और कहा था कि हैदराबाद के बलपूर्वक भारत में विलय के प्रश्न पर भारत के मुसलमानों के आक्रोश का कोई संदेह नहीं होना चाहिए। वे कहते हैं कि मैंने उन्हें आश्वस्त किया था कि आप भारतीय सेना को हैदराबाद भेजें और कहीं कोई दंगा नहीं होगा। आज हैदराबाद से रज़ाकारों के वंशज धर्मनिरपेक्षता का छद्म ओढ़े संसद में हैं और हुसैन साहब के बिहार में अतिवाद और लालू -कांग्रेस की सांप्रदायिक राजनीति के माध्यम से पाँव पसार रहे हैं।

इस बहस के बाद भारत ने एक संवैधानिक निर्णय लिया कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई स्थान नहीं है।

स्वतंत्र भारत में कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति के द्वारा यह नीति धीरे धीरे संविधान के विपरीत बदली जाती रही है। हिंटू मतों में क्षेत्रीय और जातीय दलों के उद्भव के साथ टूट के कारण नेता एक साथ बंधे और किसी भी विकास, प्रगति जैसे कठिन कार्यों के प्रति अनासक्त मुस्लिम मतदाताओं की ओर आकृष्ट होते रहे हैं। मुस्लिम अतिवाद के साथ हिंदू विरोध मुसलमानों के समर्थन के लिए मुस्लिम विकास से बड़ा मुद्दा बन के उभरा है। हिंदू दलितों का आरक्षण अतिवादी मुसलमानों की दृष्टि में , विशेष कर के जो अपने मुस्लिम लीग के पूर्वजों से प्रभावित हैं, हिंदुओं के लाभ की योजना है जिस में सेंध मारना उनका उद्देश्य रहा है।

स्वतंत्रता के बाद मुस्लिम लीग के गढ़ रहे केरल में १००% मुसलमानों को पिछड़ा वर्ग आरक्षण में घुसा दिया गया है। तमिलनाडु में ९४% मुस्लिम जातियों को आरक्षण के घेरे में ले लिया गया है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) के ३२% आरक्षण में से ४% मुसलमानों के लिए आरक्षित कर दिया। मुस्लिम आरक्षण मात्र सीधे आरक्षण के माध्यम से ही नहीं अन्य साधनों से भी लाया गया है।

इसका एक यंत्र सरकारी धन से संचालित संस्थानों को मुस्लिम संस्थान घोषित कर के उन में से वंचित वर्ग के हिंदुओं को बाहर रखना है। उदाहरण के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लें जो पाकिस्तान आंदोलन का केंद्र रहा है। यह एक मुस्लिम विशेष संस्थान के रूप में स्थापित तो हुआ परंतु जब ब्रिटिश सरकार की मदद और मान्यता की आवश्यकता हुई तो एएमयू एक्ट माध्यम से अल्पसंखक संस्थान ना मान के इसका चरित्र मुख्य धारा के शैक्षणिक संस्थान के रूप में किया गया। जब स्वतंत्रता के बाद एससी एसटी आरक्षण की बात हुई तो मुसलमान मोहब्बत के मतवाले नेताओं ने इसे पुनः मुस्लिम संस्थान घोषित कर के हिंदू दलितों के आरक्षण की संवैधानिक आवश्यकता से मुक्त कर दिया।१९६७ में पाँच जजों की संविधान बेंच ने इसे केंद्रीय विश्वविद्यालय माना और माइनॉरिटी इंस्टीटूशन मानने से मना कर दिया। आपातकाल में संजय गांधी के जबरन वंध्याकरण और दिल्ली में गोली कांड के दंश से जूझते मुस्लिम वोट बैंक को कांग्रेस से जोड़ने के लिए मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए इसका तोड़ इंदिरा गांधी ने १९८१ के एएमयू (संशोधन) अधिनियम के द्वारा निकाला। इसके द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के साथ शाहबानो मामले के पहले ही शाहबानो किया गया। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पूर्ण रूप से केंद्र सरकार के द्वारा दिये गये संसाधनों द्वारा चलता है परंतु इस की गवर्निंग कौंसिल ‘मात्र-मुस्लिम ‘ संस्था है। मुस्लिम संस्था के नाम पर यह दलितों को आरक्षण नहीं देता है और केंद्रीय संस्थान होने के नाते केंद्रीय वित्तीय योगदान पर आश्रित है। एक धर्मनिरपेक्ष सरकार इस संस्था को चलाती है जहाँ संविधान और केंद्र सरकार की योजनाओं के पालन की बाध्यता नहीं है। २००६ में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने १९८१ के इंदिरा गांधी द्वारा लाये एक्ट को असंवैधानिक मान कर निरस्त कर दिया था, परंतु केंद्र की राहुल -सोनिया की मुस्लिम अतिवाद सामर्थिक सरकार उस उच्च न्यायालय के निर्णय के विरोध में सर्वोच्च न्यायालय पहुँच गई। २०१६ में नरेंद्र मोदी सरकार ने इस अन्यायपूर्ण अपील को वापिस लिया। मामला सर्वोच्च न्यायालय में निर्णय हेतु लंबित है। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिये बड़ी भूमि और मदद राजा महेंद्र सिंह ने दी थी। पिछले वर्ष अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को केंद्र से लगभग १५०० करोड़ की वित्तीय ग्रांट मिली है।

ऐसा ही दूसरा षड्यन्त्रपूर्ण कथानक जामिया मिलिया इस्लामिया का है। दक्षिणी दिल्ली के महत्वपूर्ण और वृहद् भूखंड पर स्थित इस बड़े विश्वविद्यालय के विषय में अक्सर लोग कम जानते हैं। यह नागरिकता संशोधन क़ानून के विरोध में हुए इस्लामी आंदोलन के केंद्र में रहा था। दिल्ली बम काण्ड के आरोपी इसके पास ही बटला हाउस में पकड़े गये थे जिस कार्यवाही में एक पुलिस अधिकारी मोहन चंद शर्मा ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसा कहा जाता है कि जामिया की स्थापना एक दृढ़ राष्ट्रवादी मुस्लिम विचार की शाखा ने की थी जो आज भी भारत के संविधान और धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की रक्षा में कटिबद्ध है। जामिया का प्रारंभ ख़लीफ़त आंदोलन के समय हुआ था। तुर्की में इस्लामी ख़लीफ़त की स्थापना के लिए भारत में मुसलमानों ने आंदोलन शुरू किया और मुस्लिम अतिवाद का दोहन कर के अपनी राजनीति सशक्त करने के उद्देश्य से गांधी इस से जुड़ गये। अलीगढ़ सर सैयद द्वारा स्थापित था और ब्रिटिश संरक्षण से चलता था। इस कारण अलीगढ़ से निष्कासित फ़ैकल्टी ने मुसलमानों के लिए ख़लीफ़त के समर्थन में छात्रों को तैयार करने के लिये जामिया की स्थापना की। १९८१ के जामिया एक्ट में जामिया एक सामान्य धर्मनिरपेक्ष संस्था था परंतु २०११ में गुप्त दरवाज़े से एक एक्ट (एनसीएमईआई) नेशनल कमीशन फॉर माइनॉरिटी एजुकेशन एक्ट के माध्यम से सोनिया -राहुल की कांग्रेस सरकार ने इसे अल्पसंख्यक संस्थान घोषित कर के यहाँ से हिंदू दलितों का आरक्षण समाप्त कर दिया। इस एक्ट के द्वारा जामिया को सिर्फ़ मुसलमानों को अपने यहाँ नौकरी देने का अधिकार भी मिल गया। सन् २०२०-२१ में केंद्र सरकार से जामिया को लगभग ४८० करोड़ की वित्तीय मदद मिली थी। ये संस्थाएँ सरकारी मदद से पोषित हैं परंतु सरकारी नियमों के, विशेषकर दलित आरक्षण की प्रतिबद्धताओं से मुक्त हैं।यह मामला भी उच्च न्यायालय में है।

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जामिया मिलिया, दोनों मुस्लिम बहुल विश्विद्यालय केंद्र द्वारा पोषित हैं परंतु दोनों स्थानों पर दलित बंधु आरक्षण के लाभ से वंचित हैं। इन दोनों स्थानों पर दलितों को आरक्षण से वंचित रखने में कांग्रेस का प्रत्यक्ष हाथ है। इसके पीछे सिर्फ़ मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति है या दलित हिंदूओं में धर्मांतरण की भावना को प्रोत्साहन देने की कोई नीतिबद्ध योजना है, यह तो कांग्रेस नेतृत्व ही बता सकेगा, परंतु सत्य यह हैं कि इसने हमारे संविधान को पलट कर लारी और पोकर साहब की मुस्लिम लीग की ओर धकेल दिया है जिस से पटेल, मुंशी, क़ामत, जयपाल सिंह मुंडा, तज़म्मुल हुसैन और बेगम ऐज़ाज़ रसूल ने एक कठिन समय में लोहा लिया था।

One response to “क्या है धार्मिक आरक्षण का सत्य?”

  1. Alok kumar singh Avatar
    Alok kumar singh

    Saket ji kafi achhe tarike se is mudde ko uthaya aur samjhaya hai

Leave a Reply

Trending