कनिष्क -खलिस्तान -कनाडा

सांख्य दर्शन से युवराज गौतम का बौद्ध दर्शन हो या गुरु नानक देव का सिख दर्शन – हिंदुओं ने उन्हें सनातनी महावृक्ष पर खेलने वाले पुष्प ही माना और अपना ही जाना। मूल सिद्धांतों में यह पंथ भी हिंदुओं की मूल आस्था चिन्हों को सर माथे पर ही रखते रहे।

सनातन हिंदू धर्म सैनिक धर्म ना हो कर एक मानव दर्शन है इस लिये इस दर्शन में विचारों का परिष्कार आदि काल से होता आया है। एक वात्सल्यपूर्ण माता की भाँति हिंदुत्व ने अपने युवा बच्चों के विकास को देख कर प्रसन्नता का ही भान किया। सांख्य दर्शन से युवराज गौतम का बौद्ध दर्शन हो या गुरु नानक देव का सिख दर्शन – हिंदुओं ने उन्हें सनातनी महावृक्ष पर खेलने वाले पुष्प ही माना और अपना ही जाना। मूल सिद्धांतों में यह पंथ भी हिंदुओं की मूल आस्था चिन्हों को सर माथे पर ही रखते रहे। गुरु नानक अपने तीर्थाटन पर निकले तो काशी में योगाभ्यास और अयोध्या में राम जन्मभूमि का दर्शन करने गए। गुरु नानक की रचनाओं में श्री राम और कृष्ण के भक्ति प्रसंग भरे हुए हैं। गुरु तेग़बहादुर की मृत्यु के समय गौ दान की उनकी इच्छा ऐतिहासिक तथ्य है। अकबरनाम गुरु अर्जुन देव की अकबर से भेंट का विवरण ‘अकबर की हिंदुओं के गुरु से मुलाक़ात’ के रूप में करता है।गुरुओं ने और उनके परिवारों ने हिंदू धर्म को त्याग कर इस्लाम स्वीकार करने का विरोध किया और अवर्णनीय कष्टों को सहन किया। दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह ने देवी भवानी की तपस्या की और सिखि को सैनिक शक्ति के रूप में संगठित किया।उनकी तलवार का नाम भगौती था जो देवी भगवती (माँ दुर्गा)के नाम का ही अपभ्रंश था। हिंदू देवी माता भवानी के भक्त गुरु गोबिंद सिंह लिखते हैं- सोई भवानी नाम कहाई, जिन सगरी एह सृष्टि उपजाई। मुग़लों के समय इस्लामी अत्याचारों की पराकाष्ठा हुई और सिख पंथ समाप्तप्राय हो गया। गुरु गोविंद सिंह जी ने इस समय मराठा नियंत्रण में हिंदवी राज्य में नांदेड में शरण ली जहाँ पठानों द्वारा छल से उनकी हत्या हुई। मुग़लों के पतन के समय राजपूत योद्धा बाबा बंदा बहादुर ने सिख विद्रोह की डोर थामी और उस सैन्य शक्ति की नींव डाली जो छोटे छोटे मिसल से बढ़ के महाराजा रणजीत सिंह के नेतृत्व में १८०० में अफ़ग़ानों और मुग़लों की पराजय के साथ खालसा राज्य के रूप में पहले सिख साम्राज्य के रूप में स्थापित हुआ। महाराजा रणजीत सिंह ने काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर के शिखर को स्वर्ण से सजाया और सैन्य अभियान को गजनी भेजा द्वारकाधीश मंदिर के गजनी द्वारा लूटे हुए द्वार को वापस लाने को। लाहौर (भारत के विभाजन के बाद पाकिस्तान) में खालसा की राजधानी स्थापित हुई और अनेक शहरों के इस्लामी नाम बदल कर हिंदू नाम रखे गये। सिख हिंदुओं के धर्म की नहीं अपने ही हिंदू धर्म की रक्षा में अपना सर्वस्व लगा रहे थे। खालसा साम्राज्य बहुत समय नहीं रहा।महाराज रणजीत सिंह के निधन के बाद राज परिवार में टूट हुई, अंग्रेजों से उनकी संधि भी समाप्त हो गई और एंग्लो -ब्रिटिश युद्ध के साथ लगभग १८५० में इस राजवंश की समाप्ति हुई। रानी ने नेपाल के हिंदू सम्राट की शरण ली और नन्हे महाराजा दलीप सिंह ईसाई बन गये। सात वर्षों के बाद ही १८५७ की क्रांति में सिख सेनायें अंग्रेजों के साथ खड़ी दिखीं।

१८५७ के स्वातंत्र्य युद्ध के पश्चात सिख ब्रिटिश सेना के प्रमुख अंग बन गये। १८९७ में ब्रिटिश महारानी विक्टोरिया के शासन की हीरक जयंती में बड़ी संख्या में सिख सैनिक ब्रिटेन गये और ब्रिटिश उपनिवेश के विभिन्न भागों में रहने लगे। १८९७ में कनाडा में केसर सिंह पहले भारतीय सिख थे जो वहीं रह गये। यहाँ से कनाडा में भारतीय सिखों के इतिहास प्रारंभ होता है। १९०३ से १९०८ तक कनाडा में भारतीय सिखों की संख्या बढ़ के ६००० हो जाती है। परंतु ऐसा नहीं था कि आम सिखों की निष्ठा अंग्रेजों को चली गई थी। बंगाल के अनुशीलन समिति के क्रांतिकारी तारक नाथ दास ने फ्री हिंदुस्तान के साथ कनाडा और अमेरिका में ब्रिटिश शासन के विरुद्ध १९०७ में भारतीय विरोधी दंगों के बाद फ्री हिंदुस्तान समाचार पत्र की स्थापना की।

द फ्री हिंदुस्तान – दिसंबर १९०८

१९०८ के बाद कनाडा में भारतीय प्रवसन पर रोक लगा दी गई। २६ फ़रवरी १९११ को वैनकूवर में पहला गुरद्वारा बना और इसका उद्घाटन हिंदुओं और सिखों की साझा उपस्थिति में हुआ।

१९१३ में सोहन सिंह भकना ने लाला हरदयाल, तारकनाथ दास, राजा महेंद्रप्रताप और बकतउल्लाह ख़ान के पैसिफ़िक कोस्ट हिंदुस्तान एसोसिएशन की स्थापना की। यही पार्टी कालांतर में ग़दर पार्टी बनी। १९१४ में भारतीयों के प्रवसन पर रोक के विरोध में सिंगापुर के सिख व्यवसायी बाबा गुरदित सिंह ने जापानी जहाज़ को अपनी कंपनी गुरुनानक स्टीम शिप कंपनी के नाम पर चार्टर्ड किया। ३४० सिखों, २४ मुसलमानों और १२ हिंदुओं के साथ ३ अप्रैल १९१४ को कोमागाता मारू कनाडा को चल पड़ा। २१ मई १९१४ को जब यह जहाज़ कनाडा पहुँचा तो ब्रिटिश कोलंबिया सरकार ने प्रवासी भारतीयों को उतारने की अनुमति नहीं दी। ७ जुलाई तक जहाज़ में बंद बच्चों और स्त्रियों को उतारने की याचिका की सुनवाई से कनाडा सुप्रीम कोर्ट ने मना किया और जहाज़ वापस भारत की ओर मोड़ दिया गया। इस जहाज़ के माध्यम से भारत में क्रांति के लिये हथियार सोहन सिंह भकला भारत आये और यहीं उनकी गिरफ़्तारी हुई। १० दिसंबर १९१५ को बाबा सोहन सिंह को उसी अंडमान भेजा गया जहाँ सावरकर भेजे गये थे।

कनाडा की सिख इन घटनाओं के बाद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की ओर बड़ी संख्या में मुड़े और कनाडा में सिखों की संख्या तेज़ी से कम हुई। जहाँ १९०८ में कनाडा में सिख ६००० के आस पास थे, १९४७ तक यह संख्या ११०० रह गई। १९५१ के बाद यह संख्या पुनः बढ़ने लगी, जिसका प्रमुख कारण भारत में नेहरू की समाजवादी अर्थशास्त्र की विफलता और बढ़ता आर्थिक संकट था। २०११ तक कनाडा में सिख जनसंख्या चार लाख से ऊपर पहुँच गई (४,६८,६७०) जो कनाडा की जनसंख्या का १.४ प्रतिशत था।

लंबे समय तक कनाडा का सिख समाज राजनीतिक दृष्टि से निष्पक्ष रहा। कनाडा में दो व्यक्ति मुखर रूप से स्वतंत्र सिख राष्ट्र की बात कर रहे थे- जगजीत सिंह चौहान और प्रोफ़ेसर उदय सिंह। महत्वपूर्ण यह है भारतीय राजनीति में सिखों की उपेक्षा के आधार पर जगजीत चौहान सिख राष्ट्र की माँग कर रहे थे। दरअसल जगजीत चौहान एक डॉक्टर होने के साथ १९६७ में पंजाब विधान सभा का डिप्टी स्पीकर भी रह चुका था और लक्ष्मण सिंह गिल की सरकार में वित्त मंत्री भी रहा था। यह भारत का दुर्भाग्य है कि मुख्यधारा की राजनीति में इतनी सफलता प्राप्त करने वाला व्यक्ति भारत में सिखों के साथ अन्याय का नैरेटिव चला रहा था। १३ अक्तूबर १९७१ में ब्रिटेन जा कर पंजाब के इस पूर्व वित्त मंत्री ने खलिस्तान के विज्ञापन दिया और खलिस्तान नेशनल काउंसिल की स्थापना की। १२ जून १९८४ को चौहान ने बीबीसी के साक्षात्कार में इंदिरा गांधी की हत्या की एक प्रकार से पूर्व घोषणा कर दी। १३ जून १९८४ में इसने निर्वासन में खलिस्तान सरकार की घोषणा कर दी। ३१ अक्तूबर को इंदिरा गांधी की हत्या हो गई। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद का सिख नरसंहार थमा ही था कि जगजीत सिंह ने भारत आ के आनन्दपुर साहिब के गुरद्वारा में खलिस्तान का झंडा फहरा दिया। २४ अप्रैल १९८९ को इसका पासपोर्ट रद्द किया गया और चमत्कारी रूप से जून २००१ में यह रद्दीकरण वापस हुआ और ४ अप्रैल २००७ को इसकी भारत में ही मृत्यु हुई। इसके साथ ही कम से कम भारत में खलिस्तानी आंदोलन समाप्तप्राय हो गया।

अब खलिस्तानी आंदोलन का इतिहास देखते हैं।

मार्च 1977 में कांग्रेस की शिरोमणि अकाली दल- जनता पार्टी गठबंधन के हाथों पराजय हुई। भूतपूर्व कांग्रेस मुख्यमंत्री ने पंजाब में अकाली दल का सिख समर्थन कमज़ोर करने की योजना बनायी। इसमें अधिक रूढ़िवादी सिख चेहरा खड़ा करने पर विचार हुआ। इस के लिए दो सिख धार्मिक नेताओं का नाम कमलनाथ और संजय गांधी को भेजा गया और दोनों में से राजनैतिक समर्थन के लिए दमदमी टकसाल के जरनैल सिंह भिंडरावाले को चुना गया (बियोंड द लाइंस : ऐन ऑटोबायोग्राफ़ी, कुलदीप नैयर)। १३ अप्रैल १९७८ को भिंडरावाले को अकाली दल के समक्ष राजनीतिक शक्ति स्थापित करने का अवसर मिला जब सरकार ने अमृतसर में निरंकारी दल को सम्मेलन की अनुमति दी। भिंडरावाले ने सिखों के समूह के साथ इस सम्मेलन पर आक्रमण कर दिया। इस सिख दल की अगुआई फ़ौजा सिंह कर रहा था जिसने निरंकारी नेता ग़ुरबचन सिंह का सिर तलवार से काटने का प्रयास किया। ग़ुरबचन सिंह के अंगरक्षकों को गोली चलानी पड़ी। हिंसा में तीन निरंकारियों और तेरह सिखों की मृत्यु हुई।

इस से कांग्रेस का विश्वास भिंडरावाले पर बढ़ गया हालाँकि फ़ौजा सिंह की पत्नी के अनुसार हिंसा के पहले ही भिंडरावाले वहाँ से भाग गया था, और उन्होंने अलग अखंड कीर्तनी जत्था बनाया। अभी तक भिंडरावाले अलग सिख राष्ट्र की माँग पर नहीं आया था इस लिए उस पर दबाव बनाने के लिए ज्ञानी जेल सिंह ने दल खालसा बनाया (मार्क तुली और सतीश जैकब: अमृतसर: मिसेज़ गांधीज़ लास्ट बैटल)। दल खालसा का अध्यक्ष भूतपूर्व कांग्रेस सांसद का स्टेनो था। राजनीतिक रूप से यह सब गतिविधियाँ कितनी निष्प्रभावी रहीं इसका इससे पता चलता है कि १९७९ के शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में १४० में से मात्र चार भिंडरावाले के समर्थक थे। दल खालसा का एक भी प्रत्याशी नहीं जीता।१९७९ में पंजाब शांत था परंतु अतिरिक्त सचिव (गृह मंत्रालय) श्री बी जी देशमुख की पुस्तक के अनुसार ‘गृह मंत्रालय का मानना था कि कांग्रेस एक ऐसा राक्षस पैदा कर रही है जो एक दिन कांग्रेस को ही खा जाएगा।’

भिंडरावाले के बढ़ते क़द और कांग्रेस से राजनीतिक निकटता का इस से भी पता चलता है कि चुनाव में भिंडरावाले ने तीन कांग्रेस के नेताओं – प्रदेश अध्यक्ष आर एल भाटिया, सुखबन्स कौर भिंडर (इमरजेंसी में कांग्रेस समर्थक आईजी की पत्नी) और गुरदयाल सिंह ढिल्लों – का समर्थन और प्रचार किया (सूत्र -द खलिस्तान कांस्पीरेसी – जीबीएस सिद्धू)। भारतीय इंटेलिजेंस सेवा, रॉ के भूतपूर्व अधिकार श्री जीबीएस ढिल्लों के अनुसार इस योजना का दूसरा चरण भिंडरावाले को खुला हाथ दे कर हिंदुओं में सिखों के विरुद्ध भावनाएँ पैदा कर के, १९८५ चुनाव के पहले भिंडरावाले के विरुद्ध कार्यवाही के माध्यम से इंदिरा गांधी को हिंदू नेता के रूप में भारत भर स्थापित लिया जाना था। इंदिरा द्वारा १९८० में दरबारा सिंह को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाने के बाद ज्ञानी जेल सिंह के १ अकबर रोड के साथ नियोजित षड्यंत्र पंजाब को हिंसा की और धकेलने लगे। २४ अप्रैल १९८० को दिल्ली में निरंकारी मुखिया ग़ुरबचन सिंह की हत्या हुई। भिंडरवाले का नाम इस हत्या में आया और भिंडरावाले स्वर्ण मंदिर के निकट गेस्ट हाउस में जा छुपा।

मार्च १९८१ में चंडीगढ़ अमेरिकी नागरिक गंगा सिंह ढिल्लों ने मंच से सिखों को अलग राष्ट्र के रूप में यूएन में स्वीकृति की माँग की। ९ सितंबर १९८१ को पंजाब केसरी समाचार पत्र के मालिक लाला जगतनारायण की हत्या हो जाती है।मार्क तुली के अनुसार पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री दरबारा सिंह द्वारा भिंडरावाले की गिरफ़्तारी का आदेश होने के बावजूद जैल सिंह के हस्तक्षेप से हरियाणा की कांग्रेस सरकार द्वारा भिंडरावाला को बचा लिया जाता है। इसके बाद केंद्र और पंजाब सरकार सेना के वेस्टर्न कमांड के चीफ जनरल एसके सिन्हा से सेना की गोरखा रेजिमेंट को भेज कर भिंडरावाले की गिरफ़्तारी का निर्देश देती है। जनरल के द्वारा इसी पुलिस कार्यक्षेत्र बता के सेना उतारने से मना करने के बाद आदेश केंद्र द्वारा वापस लिया जाता है। क़ानून व्यवस्था की समस्या को सरकार और सिखों का संघर्ष बनाने का कांग्रेसी प्रयास कुछ समय के लिए टल जाता है। २० सितंबर को भिंडरावाले आत्मसमर्पण करता है और उत्तेजक भाषणों के द्वारा गोलीबारी भी करवा देता है जिसमें सात लोगों की मृत्यु होती है। एक महीने में भिंडरवाले को छोड़ दिया जाता है।

मार्क तुली के अनुसार भिंडरावाले की रिहाई दिल्ली गुरद्वारा मैनेजमेंट कमिटी की मध्यस्थता से स्वयं श्रीमती गांधी के आदेश पर हुई थी। भिंडरावाले की गिरफ़्तारी के बाद से पंजाब में आतंकी हिंसा की घटनायें होने लगती हैं। जालंधर में चार हिंदुओं की हत्या होती है, २९ सितंबर १९८१ को दल खालसा एक विमान को अपहृत कर के लाहौर ले जाता है और भिंडरावाले की रिहाई की माँग करता है। १९८२ तक चीज़ें हाथ से निकलने लगी थी। परंतु अब भी, सिख राजनीति पर नर्म सिखों का नियंत्रण था। कुलदीप नैयर के अनुसार सभाओं में खलिस्तान की माँग होने पर स्वयं गुरशरण सिंह तोहरा जैसे नेता उसे कांग्रेसी साज़िश बता के चुप कर देते थे। १९८२ में सरकार और अकालियों की वार्ता हुई जिसमें कुछ राजनैतिक और कुछ धार्मिक माँगें रखी गई। इनमें से प्रमुख जल के बँटवारे, चंडीगढ़ का पंजाब हस्तांतरण और पंजाब में केंद्र की शक्तियों को कम करना था। इनमें से कुछ पर सहमति बनी जैसे स्वर्ण मंदिर से भजन के प्रसारण के लिए रेडियो चैनल, गुरुद्वारे के निकट तंबाकू के विक्रय पर रोक आदि। उधर २३ वर्ष कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री रहे स्वर्ण सिंह की वार्ता भिंडरावाले से चल रही थी जिसकी माँग दमदमी टकसाल के दो नेताओं की जेल से मुक्ति थी। अचानक ४ नवंबर १९८२ इंदिरा गांधी के स्तर से अकाली समझौता तोड़ दिया गया। १९ नवंबर को एशियाड खेल भारत में प्रारंभ हुए। इस समय दिल्ली में सिखों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। इसमें पूर्व वायु सेना अध्यक्ष अर्जन सिंह और बांग्लादेश युद्ध के नायक जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा को भी दिल्ली में प्रवेश से रोका गया।

इसके परिणाम में दिसंबर २००० में स्वर्ण मंदिर में सेवानिवृत्त सैनिकों की सभा बुलाई गई जिस में ५००० के लगभग लोग जमा हुए। जनवरी १९८३ में पुनः वार्ता प्रारंभ हुई। जुलाई १९८३ में इंदिरा गांधी अमेरिका यात्रा पर गई जहाँ रिचमंड गुरुद्वारा में उन्हें सिखों द्वारा सरोपा दिया गया।१९८१ में अचानक २००० खलिस्तान समर्थक सिखों ने इंदिरा गांधी सरकार के अत्याचार के हवाले से कनाडा में प्रवेश किया और कनाडा में खलिस्तानी सिखों की गतिविधियों में वृद्धि हुई।

वार्ताओं की लगातार विफलता के कारण अकाली दल के नेता हरचंद सिंह लोगोवाल की विश्वसनीयता कम होती जा रही थी। उधर भिंडरावाले अपनी स्थिति सशक्त करता जा रहा था। उसके ऑल इंडिया सिख स्टूडेंट फेडरेशन के सचिव हरमिंदर सिंह संधु और अध्यक्ष अमरीक सिंह को अपने गुट में लिया। पंजाब पुलिस के भगोड़ों और अपराधियों को मिला के उसने एक किलर स्क्वाड बनाया। मुख्यमंत्री दरबारा सिंह पर हमला हुआ। २६ जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पर बमों से हमला हुआ। अप्रैल से पुलिस पर निशाना लगा कर आक्रमण प्रारंभ हो गये। २५ अप्रैल १९८३ को जालंधर के डीआईजी अवतार सिंह अटवाल को स्वर्ण मंदिर की सीढ़ियों पर गोली मार दी गई। दो घंटे तक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का शव सड़क पर पड़ा रहा। अटवाल को सात गोलियाँ लगी थी और कुछ ही दूर स्थित पुलिस चौकी से ना तो शव उठाने की ना ही हत्यारे को पकड़ने की कोई कार्यवाही हुई। जीबीएस सिद्दू अपनी पुस्तक में लिखते हैं कि अटवाल को अमृतसर ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह ग्रेवाल और आईपीएस अधिकारी जरनैल सिंह चहल ने बुलाया था और हत्या के समय दोनों ही स्वर्ण मंदिर के निकट थे। हत्या के तुरंत बाद दोनों चंडीगढ़ निकल गये।

इस भयावह घटना में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और पुलिस अधिकारियों की संलिप्तता से सरकार के कुछ जुड़े रहने के भी क़यास लगाये गये। इसके बाद हिंदुओं की निशानदेही के साथ हत्याओं का दौर शुरू हो गया। ५ अक्तूबर १९८३ को एक बस को अगवा कर के उसकी हिंदू सवारियों को अलग कर के उनकी हत्या हुई। ६ अक्तूबर को पंजाब के मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार ने पदच्युत कर दिया। सिख उग्रवादियों में इस समय आपसी कलह भी बढ़ गई। बीबी अमरजीत कौर के कीर्तनी जत्था और बब्बर खालसा ने भिंडरावाले के गुट को गुरुनानक निवास से निकाल दिया और भिंडरावाले एसजीपीसी के अध्यक्ष गुरशरण सिंह टोहरा के समर्थन से अकाल तख़्त में रहने लगा। यहाँ से अकाली दल भी अधिक उग्र हो गया। संविधान के आर्टिकल २५ में परिवर्तन कर के हिंदू की परिभाषा (जिस में सिख, जैन और बौद्ध हैं) में से सिखों को बाहर करने की माँग होने लगी। अकाली दल के नेताओं में संविधान को जलाने की धमकी दी। ८ फ़रवरी १९८४ को आम हड़ताल की घोषणा कर दी गई। १४ मार्च को स्वर्ण मंदिर पर नियुक्त छह पुलिसकर्मियों को उठा लिया गया। इसी दिन हिंदू सुरक्षा समिति के अध्यक्ष पवन शर्मा के आह्वाहन में आम हड़ताल बुलाई गई। इसमें हिंसक संघर्ष में लगभग १४ हत्याएँ हुई।हरियाणा में भी सिख विरोधी दंगे भड़क गये। ऐसा माना जाता है कि भजनलाल ने इस उपद्रव के माध्यम से केंद्र -सिख वार्ता में अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर दिया था। पंजाब हिंसा के दलदल में गिर रहा था। २८ मार्च को एचएस मनचंदा की हत्या दिल्ली में आईटीओ में हुई, ३ अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के हरबंस लाल खन्ना की अमृतसर में हत्या हुई। ४ अप्रैल को राज्यसभा सांसद विश्वनाथ तिवारी की हत्या चंडीगढ़ में हुई।लाला जगत नारायण के पुत्र रोमेश चन्द्र की हत्या हुई। अप्रैल से मई के दो महीने में क़रीब ८० हत्याएँ हुई। कई हिंदू पगड़ी बांधने लगे और हिंदू उद्योगपति अपने उद्योग हरियाणा ले जाने का विचार करने लगे।

स्वर्ण मंदिर आतंकवादियों की छावनी बन गई। मेजर जनरल शाहबेग सिंह ने भिंडरावाले के गिरोह के साथ हाथ मिला लिया। इस बीच प्रकाश सिंह बादल और टोहरा संविधान जलाने के आरोप में जेल में थे (ये उसी शिरोमणि अकाली दल के नेता है जिसने अभी इंडी अलायन्स में कांग्रेस के साथ कथित रूप से संविधान बचाने के लिए गठबंधन किया था)। सरकारी आँकड़ों के अनुसार १९८२ में धर्म युद्ध मोर्चा की स्थापना से मई १९८४ तक १६५ हिंदुओं की हत्या हो चुकी थी। मार्च में मेजर जनरल शाहबेग के जुड़ने के बाद से स्वर्ण मंदिर में हथियारों की स्मगलिंग बढ़ गई थी। जनवरी १९८५ में संसद के चुनाव थे। लोंगोवाल ने पूर्ण असहयोग की घोषणा की, और यह घोषित किया कि पंजाब से अनाज बाहर नहीं जाएगा और पंजाब के लोग टैक्स नहीं देंगे।

ऑपरेशन ब्लू स्टार की तैयारी हो चुकी थी। हरमंदिर साहब की नींव १५८८ में गुरु अर्जन देव के द्वारा डाली गई थी। हिंदू मुस्लिम एक बनाने के उद्देश्य से लाहौर के मुस्लिम संत मियाँ मीर मोहम्मद के द्वारा इसकी नींव डलवाई गई। उन्होंने आदि ग्रंथ की रचना की और उसे पूजा स्थल में स्थापित किया। १६०६ में इस्लाम स्वीकार ना करने पर न्याय के घंटे वाले जहांगीर ने उनकी निर्मम हत्या करवा दी थी। जहांगीरनामा गुरु अर्जुन देव को हिंदू धर्मगुरु बताता है जो अपने से मिलने आये शहंशाह के प्रतिनिधि ख़ुसरो के माथे पर चंदन तिलक करते हैं।

१७३७ में स्वर्ण मंदिर को मुग़ल अपने नियंत्रण में ले लेते हैं। इसे अमृतसर का मुग़ल प्रशासक मूसा ख़ान रंगर नृत्यशाला बना देता है। अप्रैल १७५७ में अहमद शाह अब्दाली की भारत से लौटती हुई सेना पर सिख आक्रमण करते हैं। इसके प्रतिशोध में अब्दाली हरमंदिर साहब के सरोवर को गौ मांस से भर के उसे अधार्मिक करने कर देता है। बाबा दीप सिंह हरमंदिर साहब को मुक्त करने के प्रयास में १३ नवम्बर १७५७ को प्राण त्याग देते हैं। १७६२ में अब्दाली फिर हरमंदिर साहब को ध्वस्त कर उसके सरोवर को गौ मांस से प्रदूषित करता है। १७६४ में बाबा जस्सा सिंह अहलूवालिया हरि मंदिर को अफ़ग़ान नियंत्रण से मुक्त कराते हैं और १८३० में महाराजा रणजीत सिंह के स्वर्ण दान के बाद यह स्वर्ण मंदिर के नाम से प्रसिद्ध होता है।

३० मई १९८४ को ब्लू स्टार के लिए पहुँचने वाली सेना के नेतृत्व में सिख कमांडर मेजर जनरल कुलदीप सिंह ब्रार रहते हैं। २ जून को इंदिरा राष्ट्र के नाम संदेश प्रसारित करती है। २ जून को मार्क तुली भिंडरावाले के अंतिम साक्षात्कार करते हैं। ५ जून १९८४ को स्वर्ण मंदिर में सैनिक कार्यवाही प्रारंभ हुई। ७ जून को भिंडरावाले का अंतिम संस्कार होता है। सेना के ८३ लोगों के प्राणों की क्षति होती है जो यह दर्शाता है कि आतंकवादी हिंसक संघर्ष के लिए कितना तैयार थे। ५१६ आतंकवादियों की मृत्यु इस कार्यवाही में होती है। परंतु यह हिंसा आगे आने वाली हिंसा की बानगी भर थी। इसकी प्रतिक्रिया में सेना में भी सीमित विद्रोह होता है। श्री गंगानगर में सिख रेजिमेंट के सैनिक विद्रोह करते हैं जिसे राजपूताना रायफ़ल्स नियंत्रण में लाता है। बिहार के रामगढ़ में भी सिख रेजीमेंटल सेंटर में विद्रोह होता है।

३१ अक्तूबर १९८४ को इंदिरा गांधी की हत्या होती है और सिख नरसंहार का सैलाब फूट पड़ता है। जीबीएस सिद्दू की पुस्तक के अनुसार यह सुनियोजित ढंग से राजीव गांधी के कार्यभार सम्भालने के बाद ही प्रारंभ होता है। ३१ अक्तूबर को राजीव गांधी क़ानून व्यवस्था की बागडोर तत्कालीन गृह मंत्री से अपने हाथ में ले लेते हैं। इस एकतरफ़ा कांग्रेस प्रायोजित नरसंहार में सरकारी आँकड़ों के अनुसार दिल्ली में २८०० सिखों की हत्या होती है और भारत भर में ३३५० हत्याएँ होती हैं। ग़ैर सरकारी सूत्रों के अनुसार यह संख्या दिल्ली में ८००० थी। इतनी हिंसा के बाद चुनाव टालने की चर्चा होती है परन्तु चुनाव आयुक्त एमएस गिल चुनाव पहले कराने का निर्णय लेते हैं और कांग्रेस की एकतरफ़ा जीत होती है।एमएस गिल आगे कांग्रेस के समर्थन से राज्यसभा के सांसद बनते हैं।

कनिष्क बम कांड :

जून २३, १९८५, ऑपरेशन ब्लू स्टार के एक वर्ष बाद, कनाडा के टोरंटो से एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या १८२ उड़ती है जिसे मांट्रियल और लंदन होते हुए भारत में दिल्ली और मुंबई जाना है। मांट्रियल से सवारी लेने के बाद विमान में कुल ३२९ व्यक्ति होते हैं, जिनमे से २२ क्रू के सदस्य होते हैं। ब्रिटेन पहुँचने से पूर्व वैनकूवर से चढ़ाया गया विस्फोटक फट जाता है और ३२९ मानव जीवन समाप्त हो जाता है। इसकी ज़िम्मेदारी खलिस्तानी दल बब्बर खालसा लेता है। इस आतंकवादी घटना में कनाडा में स्थित सिख आतंकियों का नाम कनाडा सरकार के द्वारा दिया जाता है, इस घटना में मृत अधिकांश व्यक्ति कनाडा के भारतीय मूल के नागरिक थे। इस विमान हमले में मारे गये लोगों में से २६८ कैनेडियन, २७ ब्रिटिश और २४ भारतीय नागरिक थे।

कनिष्क बम कांड के मृतकों के शव, कॉर्क क्षेत्रीय हॉस्पिटल, जून २४, १९८५

जस्टिस जॉन मेजर की अध्यक्षता में बनी जाँच समिति ने ३२०० पन्नों की रिपोर्ट २०१० में प्रस्तुत की और कनाडा की सुरक्षा संस्थाओं की ओर से हुई भारी चूकों पर उन्होंने प्रकाश डाला। उन्होंने इसे कनाडा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक हत्याकांड भी कहा। तलविंदर सिंह परमार, अजायब सिंह बागरी और रिपुदमन सिंह मलिक इस आतंकी घटना के अपराधी घोषित हुए।

कनिष्क कांड जैसी पाशविक आतंकी घटना से हम अपेक्षा कर सकते हैं कि यह सोये हुए देशों को आतंक के भयावह परिणामों के प्रति आगाह करेगा। परंतु पश्चिमी देशों का आतंक के प्रति दोहरा रवैया देखने को मिलता है। कनाडा वर्तमान नेतृत्व में आतंक के तिमिर में गिरता जा रहा है। कुछ समय पूर्व कनाडा की संसद ने एक नाज़ी अपराधी का सम्मान किया और कुछ दिन पूर्व एक खलिस्तानी आतंकी निज्जर को कनाडा की संसद ने श्रद्धांजलि दी। निज्जर कथित रूप से उसी बब्बर खालसा का सदस्य था जिसका हाथ कनिष्क हत्याकांड में था जिस में लगभग ३०० कनाडा के नागरिकों की हत्या हुई थी। कनाडा के प्रधानमंत्री ने निज्जर जो निर्दोष कैनेडियन प्लम्बर बताया है परंतु उसके स्वयं के वक्तव्य सार्वजनिक हैं जिनमे वह हिंसा के पक्ष में बोलता दिखता है। २०२३ में सर्रे के गुरद्वारा में भाषण में निज्जर स्पष्ट रूप से लोगों को भारत से पृथक राष्ट्र की माँग पर हथियार उठाने को कहता है।

द ग्लोब एंड मेल। https://www.theglobeandmail.com/canada/article-a-year-after-hardeep-singh-nijjars-death-mysteries-remain-about-how-he/

निज्जर का नाम पहले १९९५ में पंजाब के सिख मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में आया था जिसके बाद निज्जर को गिरफ़्तार किया गया था। पुलिस से छूट कर निज्जर नक़ली पासपोर्ट पर रवि शर्मा के नाम से कनाडा पहुँच। १९९५ में पंजाब के मुख्यमंत्री की हत्या का आरोपी जगतार सिंह तारा गिरफ़्तार हुआ। २००४ में तारा जेल से भाग गया और उसकी पाकिस्तान में निज्जर के साथ २०१३ की तस्वीरें सार्वजनिक हुई।

कनाडा में निज्जर ने गुरुद्वारों पर नियंत्रण मज़बूत किया और उन्हें आतंक का गढ़ बनाया। गुरुद्वारों में आतंकियों की तस्वीर टांगी गई। जिस कनिष्क बॉम्बिंग में २५० से अधिक कैनेडियन नागरिक मारे गए, और जिस षड्यंत्र में तलविंदर सिंह परमार का नाम कनाडा की एजेंसियों ने भी स्पष्ट किया, उस आरोपित आतंकी को निज्जर ने खलिस्तान के नाम पर नायक बनाया। इस प्रक्रिया में निज्जर ने कनाडा में तीन घर बना लिये और अपनी मृत्यु के समय ५ मिलियन डॉलर की संपत्ति का मालिक था। कनाडा की सरकार निज्जर को आम प्लम्बर बताती है जिस पर प्रश्न उठाया जा सकता है कि आम प्लम्बर की मृत्यु पर कितनी बार कनाडा सरकार सार्वजनिक श्रद्धांजलि देती है। मुट्ठी भर देशद्रोहियों की दम पर जस्टिन ट्रूडो सरकार अपने देश में राजनीति तो कर सकती है, एके ४७ ले कर घूमने वाले आतंकवादी का सामान्यीकरण कर के वह कनाडा को वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान और सूडान जैसे आतंकी देशों की पंक्ति में खड़ा कर रही है। ग़दर के देशभक्तों से ख़ालिस्तान के देशद्रोहियों तक के सफ़र पर भारतीय सिखों को भी गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Trending