
अपने एकाकी अस्तित्व से जूझते हम साझा आक्रोश से जुड़ कर एक सामाजिक जुड़ाव महसूस कर लेते हैं। कूटनीतिज्ञ इसका लाभ सामूहिक आक्रोश का सृजन कर के उठाते हैं और हम इस चक्र में फँस के अपनी तार्किकता को किनारे रख मात्र इस लिये आक्रोशित हो लेते हैं क्योंकि बड़ी संख्या आक्रोशित है।
– साकेत सूर्येश
दिनांक :२८ जुलाई, २०२४
दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी के बाद मानसून का पदार्पण हुआ। पानी संकट से त्राहि त्राहि करती राष्ट्रीय राजधानी ने तंत्र की अक्षमता को दिल्ली की जल मंत्री और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री आतिशी मार्लेना को पहले एक अनशन के नाट्य रूपांतरण में छुपाते ठेखा। विडंबना देखिए कि आधे अधूरे अनमने अनशन को चार दिनों में समेटने के बाद ही मानसून का दिल्ली में प्रवेश हुआ और पहले दिन की वर्षा में ही केजरीवाल के दिल्ली मॉडल की धज्जियाँ राजधानी की गली गली में काग़ज़ की नौकाओं की भाँति तैरती दिखी।
दो दिन पहले शहर की सभी गलियों में डीसिल्टिंग की और जल निकास के ऊँचे दावों की पोल खुलती हुए अभी दिल्ली की सत्ता में बैठी पार्टी ने भ्रष्टाचार में जेल में बंद मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में दूसरे बड़े नेता संजय सिंह को इस असहज स्थिति से निकालने के लिए आगे किया ही था कि दिल्ली में एक और दुखद दुर्घटना का समाचार सार्वजनिक हुआ। दिल्ली के जल संकट के लिए हरियाणा और हिमाचल के मुख्यमंत्रियों पर दोष धर कर हटी दिल्ली की सरकार ने १९३६ के बाद की सबसे अधिक वर्षा के लिये इन्द्र देव पर दिल्ली की दुर्गति का दोष धरा ही था कि दिल्ली के एयरपोर्ट के सबसे पुराने टर्मिनल -३ के बाहर के छज्जे के ध्वस्त होने की और उसमे एक टैक्सी चालक के दुखद देहांत का समाचार सार्वजनिक हुआ। चुनावों के पश्चात एक नवीन आक्रामकता से भारी और एक विचित्र आत्मविश्वास से परिपूर्ण कांग्रेस ने इस घटना को एक गिद्ध गति से पकड़ा और शीध्र ही समस्त आभासी पटलों पर इस पर नरेंद्र मोदी सरकार से प्रश्न किए जाने लगे ।

सामूहिक आक्रोश की भावनाएँ मनुष्य की तर्क की शक्ति और तथ्य के सम्मान को समाप्त कर देती हैं। इस दुर्घटना में एक टैक्सी चालक की अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हुई। कांग्रेस प्रथम परिवार की पुत्री और उद्योगपति रॉबर्ट वाडरा की पत्नी ने हाल के चुनाव में कांग्रेस के प्रचार तंत्र की डोर अपने हाथ में ली थी और फ़ेक न्यूज़ की सोशल मीडिया के द्वारा चुनावों में प्रभावशीलता को देख चुकी है। हाल में प्रियंका के ही द्वारा एक फ़ेक वीडियो के द्वारा NEET की परीक्षा के विरुद्ध भावनाओं का ज्वार बढ़ाने का मामला सामने आया था। यहाँ भी प्रियंका गांधी ने जिस वर्षा में ध्वस्त हुए निर्माण की दुर्घटना का मामला प्रियंका ने उठाया, उसने मामला उठाने के साथ इस मृत्यु को एक प्राकृतिक आपदा में जानहानि को श्रद्धांजलि देने और बहुत हुआ तो जाँच की माँग तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, वरन् सीधे नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए टर्मिनल १ के २०१९ के टर्मिनल विस्तार के उद्घाटन से और भारतीय जनता पार्टी के चंदे से जोड़ने का कुत्सित प्रयास किया। यह राहुल गांधी द्वारा नरेंद्र मोदी की भ्रष्टाचार-मुक्त छवि और ढाँचागत विकास पुरुष के कीर्तिमान पर आक्रमण की रणनीति के अनुरूप ही था।
टर्मिनल -१ के नये टर्मिनल के निर्माता एल एन टी ने स्पष्टीकरण दिया कि ध्वस्त हुआ भाग २००९ में प्रियंका गांधी की माताजी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार का बनाया हुआ था। उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने आधिकारिक वक्तव्य दिया और यह तथ्य भी साझा किया कि ध्वस्त हुआ हिस्सा १५ वर्ष पुराना है और एक महीने में उसे उपयोग से बाहर किया जाने वाला था।

इस संदर्भ में नरेंद्र मोदी सरकार पर हमले जो प्रियंका गांधी से प्रारंभ हुए थे, आगे बढ़ते गए और भारतीय जनता पार्टी के विरोधियों के साथ ही कई समर्थक भी इस आक्रमण में बढ़ चढ़ के भाग लेते हुए दिखे। जहाँ कांग्रेस समर्थक प्रियंका वादरा के गिद्ध ट्वीट में लिखित मिथ्या कथ्य के प्रकाश में आने के बाद भी कि इस टर्मिनल के ध्वस्त भाग का निर्माण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था ना कि नरेंद्र मोदी के शासन में मज़बूती से प्रियंका के इस नये मिथ्याप्राचार के साथ जुड़े रहे, भाजपा समर्थक नैतिकता के नाम पर इस स्पष्टीकरण पर भी मोदी पर हमलावर होते रहे कि ना केवल यह निर्माण कांग्रेस काल का है, पुराना हो जाने के कारण स्वयं सरकार इस निर्माण को सार्वजनिक प्रयोग के लिये अनुपयुक्त घोषित करने वाली थी। यह बात सरकार नहीं उस निजी कंपनी जीएमआर के प्रतिनिधियों द्वारा बतायी गई जिसके पास इस संरचना के संचालन और रख रखाव का २५ वर्षीय कॉंट्रैक्ट कांग्रेस काल से था, इस पर संदेह करने का कारण नहीं बनता है।
एक प्रश्न इस पर उठाया जा रहा है, और कई भाजपा समर्थकों द्वारा भी कांग्रेस समर्थकों के निर्लिप्त आक्रमण के साथ साझा हो कर कि यदि इसे कांग्रेस ने बनाया भी था तो अब जब सरकार भारतीय जनता पार्टी की है तो इन सब सरकारी संपत्तियों का रख रखाव वर्तमान सरकार का उत्तरदायित्व है। ऐसे में क्या यह मोदी सरकार की कोताही नहीं है। मेरे इसमें दो तर्क हैं, जो पाठकों की निष्पक्ष समझ पर मैं छोड़ता हूँ। एक, यदि यह सरकार के कार्यक्षेत्र में था तो निस्संदेह सरकार का उत्तरदायित्व बनता है, और यदि इस दुर्घटना का कारण आकस्मिक प्राकृतिक आपदा ना हो कर व्यवस्थागत उपेक्षा है तो सरकार की ज़िम्मेदारी बनती है। अब यह तो आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने ही कहा है कि दिल्ली में १९३६ के बाद से एक दिन में सर्वाधिक जल वर्षा हुई है, तो इस कारण हुई इस दुर्घटना को हम आकस्मिक प्राकृतिक आपदा के रूप में मान सकते हैं। यदि कांग्रेस के मुख में सोशल मीडिया पर मिथ्या कथ्य के प्रसारण के द्वारा चुनावी विजय का रक्त ना लगा होता, तो मैं लिख कर दे रहा हूँ, कि यह प्राकृतिक आपदा के दुखद परिणाम के रूप में ही गिना जाता। दूसरा तथ्य यह है कि यदि इस संरचना को जीर्ण मान लिया गया था तो इसका उपयोग सरकार को वर्जित कर देना चाहिये था। अब इस दृष्टि से यदि हम जीएमआर का वक्तव्य पढ़ें तो सरकार इस निर्माण की आयु को ले कर चिंतित थी और इसे सामान्य प्रयोग से एक माह में ही हटाने वाली थी। ऐसे में इस दुर्घटना को सरकारी लापरवाही के स्थान पर एक दुर्भाग्य ही माना जा सकता है। मैं ने मुंबई में रेल ब्रिज के हादसे पर लिखा था जो १०० वर्ष प्राचीन पुल था और ऐसे ब्रिज को बिना पुनर्निर्माण के कार्य में रखना आपराधिक उपेक्षा था। यहाँ स्थिति वैसी नहीं है। पुल १५ वर्ष पुराना था, इसे हटाने का भी निर्णय हो चुका था। आकस्मिक वर्षा ने ऐसी दुर्घटना हुई। सरकार भी इस निर्माण के इतिहास को बताने के लिए बाध्य कांग्रेस की संवेदनहीन आक्रामकता के कारण हुई, यह हमें मान लेना चाहिये। उनके शब्द उचित थे या नहीं इस पर कूटनीतिक भाषाज्ञानी विमर्श कर सकते हैं। राजनीति का घी इसमें ना पड़ता तो यह एक प्राकृतिक दुर्घटना ही होती, जिसे अधिक से अधिक हम अंग्रेज़ी में ‘फ़्रीक’ या असामान्य कह सकते हैं।
एक और ध्यान देने वाला तथ्य यह भी है इस एयरपोर्ट के रख रखाव, संचालन आदि निजी संस्था जीएमआर के हाथ में ३० वर्ष के लिए ओएमडी (ऑपरेशन, मेंटेनेंस तथा डेवलपमेंट)के समझौते के तहत है।

अब इस से पहले कि पक्ष और विपक्ष के लोग ‘मोदी ने एयरपोर्ट बेच दित्ता ‘ के नारे लगा के ज़ोम्बी बने सोशल मीडिया पर घूमने लगें, उचित है कि यह बता दिया जाये कि इस समझौते पर दस्तख़त आदरणीय मनमोहन सिंह ने २००६ में किए थे जब वे सोनिया जी के कुशल मार्गदर्शन में देश चला रहे थे। तथ्य यह भी है कि इस कॉंट्रैक्ट में अपने आप में मुझे कोई दोष नहीं दिखता है, क्योंकि स्तरीय मानदंडों को इसमें स्पष्ट उल्लेखित किया गया है और प्रियंका जी की भाँति कांग्रेस सरकार को गरियाने से मेरा कोई निजी लाभ नहीं सिद्ध होता है और मैं ने सरकारी नियंत्रण में देश की राजधानी के विमानतल को एक क़स्बे के बस स्टैंड की भाँति नेहरूवियन अर्थव्यवस्था में सिसकते देखा है।
सरकार की आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार दुर्घटना के २४ घंटे के भीतर मृतक के लिये २० लाख और घायलों के लिए ३ लाख रुपये प्रतिव्यक्ति की सहायता राशि की घोषणा केंद्र सरकार ने कर दी है। समयबद्ध तरीक़े से त्रुटियों आदि का विश्लेषण करने के लिए कमेटी का गठन हो गया है। सरकार देश भर के विमानतलों में संरचनात्मक विश्लेषण के लिए कमेटी बना रही है। पिछले दस वर्षों में सत्तर साल में भारत भर में कांग्रेस के बनाये ७४ एयरपोर्ट से बढ़ के संख्या अब दोगुनी हो कर १५० पर है। ऐसे में गुणवत्ता के मानक राष्ट्रव्यापी स्तर पर बनने ही चाहिए, जो मोदी सरकार के बाद इस देश में बिछे एयरपोर्ट के जाल को सुरुचिपूर्वक चला सके।
भारत एक भावनात्मक समाज है। इसका मीडिया तथा निहित राजनैतिक स्वार्थ मन भर दोहन करते हैं और सोशल मीडिया इस का एक यंत्र बन गया है। मानवजीवन की हानि को संख्या में मापना संभवतः मृतक के साथ न्याय नहीं है परंतु पिछले एक सप्ताह में कांग्रेस गठबंधन में चल रही तमिलनाडु सरकार में सरकारी उपेक्षा और कर्तव्यों की अवहेलना से ज़हरीली शराब पी कर ६३ लोग मर चुके हैं और इस पर प्रातः काल एक दुखद मृत्यु पर बोर्नविटा पी कर उत्साह में बैठी प्रियंका गांधी ने एक शब्द नहीं बोला है। उस दुर्घटना पर तमिलनाडु की विधानसभा में प्रश्न उठाने वालों को द्रमुक सरकार ने सत्र के लिये निलंबित कर दिया है, जिस पर संविधान की पॉकेट बुक और कुंजी ले कर घूमने वाले राहुल गांधी मौन हैं।
कह सकते हैं कि यह तो पहले की घटना है, तो आज के ही दिन, इस मीडिया के पूर्णकालिक विमर्श में घिरी एक मृत्यु से दूर, दिल्ली में केजरीवाल सरकार की विफलता के प्रमाणपत्र के रूप में न्यू उस्मानपूरा में दो नन्हे बच्चों की पानी से भरे गड्ढे में डूब कर मृत्यु हो गई, और मुबारकपुर रोड पर एक ३९ वर्ष के युवक की पानी में विद्युताघात से मृत्यु हो गई। इन तीन मौतों में स्पष्टतः सरकारी उपेक्षा और विफलता परिलक्षित होती है। परंतु दिल्ली की सरकार के प्रति वैसा आक्रोश नहीं दिखता जैसा एयरपोर्ट हादसे पर दिखता है।
मीडिया हमारे आक्रोश और हमारी संवेदना का नियंत्रक हो गया है। हम दुर्घटना की भयावहता से नहीं उसके प्रचार से उद्वेलित होते हैं। हमारी संवेदना मीडिया नियंत्रित है। हम बौद्धिक रूप से मृत और आत्मिक रूप से संवेदनहीन होते जा रहे हैं। इस पर एक समाज के रूप में हमें सूचना चाहिये। ऐसा नहीं है कि हमें सत्ता से प्रश्न नहीं पूछने चाहिए। हमें यह ध्यान रखना चाहिये कि ये प्रश्न हमारे तर्क की अग्नि में तप कर और हमारी आत्मा के पानी में बुझ कर निकले। ऐसा ना हो कि हम दूसरों के द्वारा थमाये हुए तीर अपने ही पाँवों पर चला दें और अपने राष्ट्र को अविकसित इतिहास में धकेल दें।





Leave a Reply