अग्निवीर लैंड माइन ब्लास्ट में शहीद हुआ। उस घर को मुआवज़ा नहीं मिलेगा। मैं उसे शहीद कह रहा हूँ। हिंदुस्तान की सरकार उसे शहीद नहीं कहती। एक जवान को शहीद का दर्जा मिलेगा और दूसरे को नहीं मिलेगा।
– नेता प्रतिपक्ष, राहुल गांधी, कांग्रेस, १ जुलाई २०२४
क्या है अग्निपथ स्कीम:
अग्निपथ स्कीम सेना में जवान के स्तर पर अल्पावधि भर्ती की नीति है। १४ जून, २०२२ को यह नीति लायी गई थी। यह स्कीम १७ से २१ आयुवर्ग के युवक -युवतियों के लिए है। इसमें सेना में ४ वर्ष की अस्थायी नियुक्ति का प्रावधान है। इस सैन्य सेवा में अग्निवीरों को ३०००० रुपये प्रति माह के प्रारंभिक वेतन का प्रावधान है, जो चार वर्ष में चालीस हज़ार रुपये तक जाता है। अभ्यर्थियों की आयु से स्पष्ट है कि यह भूमिका सेना में नॉन -कमीशंड अफ़सर की स्थिति के लिए अस्नातक अभ्यर्थियों के लिए है। इस स्कीम के अंदर प्रतिवर्ष सेना में ५०००० जवानों की भर्ती का प्रावधान है। कार्यकाल की समाप्ति के पश्चात २५ प्रतिशत अग्निवीर सेना में नियमित होंगे। अन्य को असैन्य नौकरी में स्थान प्राप्त करने में सरकार सहायता और प्राथमिकता देगी। सेवानिवृत्ति के समय अग्निवीर को लगभग १२ लाख सेवा निधि एक मुश्त प्राप्त होगी। कर्तव्य पथ में बलिदानी सैनिक के परिवार को केंद्र सरकार और वित्तीय संस्थाओं से सरकार के १ करोड़ दिये जाने का प्रावधान है। यह बीमा ग़ैर भागीदारी बीमा है (अर्थात् इसमें अग्निवीर का कोई योगदान नहीं है, बीमा के प्रीमियम का धन भारत सरकार देती है)।
अग्निपथ स्कीम का उद्देश्य
सैनिक शक्ति के आँकलन में एक महत्वपूर्ण मानदंड होता है -टीथ-टू-टेल रेशियो – दांत और पूँछ का अनुपात। इसके द्वारा किसी भी सेना की मारक प्रभावशीलता और उसकी असैनिक संख्या का अनुपात निकाला जाता है। इसकी गणना के लिये सेना की कुल संख्या को सामरिक डिवीज़न की संख्या से भागित कर के एक डिवीज़न की औसत संख्या उस से हटा कर निकाली जाती है। इस से सेना की प्रत्येक डिवीज़न की औसत ग़ैर- सामरिक संख्या का ज्ञान होता है। यह किसी भी आधुनिक सेना की घातक क्षमता का मापदंड होती है। लगभग ११ लाख सैनिकों और ४१ डिवीज़न के अनुसार भारत के लिए यह अयोद्धा अनुपात ८,८२९ है। तुलनात्मक अध्ययन के लिए देखें तो पाकिस्तान के लिये यह संख्या २३०७ है और चीन की सेना के लिए १००० है। इस एक संख्या से सेना में अनावश्यक वसा का स्पष्ट भान होता है।
सेना की मारक शक्ति से इतर इसके वित्तीय प्रभाव भी हैं। भारतीय थल सेना का वित्तीय भाग ५ लाख करोड़ में लगभग १ लाख करोड़ से कुछ अधिक है।इस आवंटन का ८३% भाग सेना के वेतन और आम रख रखाव में है और १७ % सैन्य आधुनिकीकरण के लिए आवंटित है। इस से भी बड़ी धनराशि सेवानिवृत्त सैनिकों की पेंशन में जाता है। यह धनराशि लगभग १ लाख २० हज़ार करोड़ है। इस स्थिति को समझने के लिए १९७७ में तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल टी एन रैना ने जनरल के वी कृष्ण राव, जनरल सुंदरजी और जनरल एम एल छिब्बर के नेतृत्व में कमेटी का गठन किया था। एक शोध के अनुसार जहाँ एक सामरिक यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर की औसत आयु अड़तीस वर्ष होती थी, आज वह ४५ वर्ष हो गई है।
१९६२ में नेहरू की घातक नीतियों का परिणाम भारत की दुर्भाग्यपूर्ण सैन्य पराजय में हुआ। इसके बाद एक प्रकार के रिफ्लेक्स में भारतीय सेना में तीव्रता से भर्ती हुईं और मात्र चार वर्ष में १९६७ तक भारत की सैन्य संख्या दो लाख से बढ़ कर साढ़े आठ लाख पहुँच गई। जवानों की सेवानिवृत्ति की सैनिक सेवा की सीमा सात वर्ष से बढ़ा के सत्रह वर्ष पहुँच गई। १९८५ में इस सेवा आयु को पुनः सात वर्ष कर देने का सुझाव आया। इसी चिंता और इसी योजना की परिणति एक दृढ़ नेतृत्व में २०२२ में अग्निपथ योजना के रूप में हुई।
इस नीति के गुण दोष अलग चर्चा का विषय है। वर्तमान चर्चा का विषय यह है कि संसद के पटल पर नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी ने दो दावे किए, एक, यह कि भारत सरकार हुतात्मा अग्निवीर को मुआवजा नहीं देगी। इस संदर्भ में जब माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें टोका और यह बात सदन में दर्ज की कि हताहत अग्निवीर के परिवार को नीति अनुसार डेढ़ करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध की जाती है, तो राहुल गांधी एक परिपक्व विपक्ष के नेता के रूप में सदन के पटल पर सरकार के रक्षा मंत्री के आधिकारिक बयान को स्वीकार करने के स्थान पर कहते हैं – “एक सत्य वह है जो आप कह रहे हैं, एक सत्य वह है जो मैं कह रहा हूँ, और एक सत्य शहीद अग्निवीर के परिवार का है।” आगे यह तथ्य भी उद्घाटित हो गया कि २९ मई को राहुल गांधी उस बलिदानी के परिवार से मिले थे जहाँ एक अपुष्ट वीडियो में राहुल गांधी स्वयं मृत अग्निवीर के पिता से कहते हुए देखे गए- ‘आप बस कह देना कि मुआवज़ा नहीं मिला, संसद में बवाल हो जाएगा।’ ऐसी सुनियोजित षड्यंत्रकारी योजना को, जिसका उद्देश्य राजनैतिक विजय ही नहीं सेनाओं में सामान्य सैनिकों और अग्निवीरों के मध्य विद्वेष पैदा करना था, राहुल गांधी सहज जी हाथ से जाने नहीं देना चाहते थे। अगले दिन सेना ने भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को अठानवे लाख रुपये दिये गये हैं। फ़ौरन राहुल का गिरोह क्रियान्वित हुआ जिसने दावा किया कि यह तो बीमे का पैसा है को परिवार को मिला है। जो भी लोग बड़ी बड़ी कंपनियों में कार्यरत हैं वह बेहतर बता सकेंगे कि कैसे बड़ी से बड़ी कंपनियाँ कितना बीमा देती हैं और उसके किए कर्मचारी के वेतन से ही पैसा काटती हैं। यहाँ कांग्रेस का षड्यंत्रकारी गिरोह बड़ी चतुराई से यह छुपा गया कि यह नॉन कंट्रीब्यूटरी बीमा है जिस में अग्निवीरों को कोई आर्थिक योगदान नहीं देना होता है। सरकार के द्वारा वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से दिया गया यह मुआवज़ा ही है।
अब राहुल गांधी ‘कोई मुआवजा नहीं दिया है’ के निर्लज्ज असत्य से ‘आशा है सरकार बाक़ी के ६५ लाख का भुगतान भी शीघ्र करेगी’ पर स्थानांतरित हो गये। कांग्रेस समर्थक टीवी चैनलों ने निष्ठुर, निर्विकार, निर्लज्जता के साथ ‘अग्निवीर को कोई धनराशि नहीं’ से कथ्य को पहले ‘बलिदानी अग्निवीर के परिवार को मात्र बीमा राशि की मदद’ से आगे घुमा कर ‘महत्वपूर्ण प्रश्न योजना की नीतिगत त्रुटियाँ हैं’ और अस्थायी नौकरी है। स्मरण रहे साधारण नियुक्ति से आये सैनिकों की भी कुछ वर्ष पूर्व सात वर्ष की नौकरी होती थी, शॉर्ट सर्विस कमीशन में ऑफिसर की नियुक्ति भी कारगिल युद्ध के समय तक पाँच वर्ष की होती थी। ये शॉर्ट सर्विस कमीशन के अफ़सर स्कूल से निकले अविवाहित किशोर नहीं बल्कि देश के अच्छे अभियान्त्रिकी और स्नातक विश्वविद्यालयों से निकले शिक्षित युवा थे। सोशल मीडिया और षड्यंत्रकारी विपक्ष के अभाव ने देश के शत्रुओं ने इस विषय को मुद्दा नहीं बनने दिया। सेना से निकलने के बाद बड़े संघर्ष के बाद नौकरी मिलती थी और पेंशन, नरेंद्र मोदी सरकार के द्वारा ‘वन -रैंक -वन -पेंशन ‘ आने के पूर्व बहुत ही कम।
जब यह इंगित किया गया कि सेना राजनीतिक उद्देश्यों के लिए योग्य -अयोग्य को सरल रोज़गार देने का मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोज़गार गारंटी योजना) नहीं है, यह देश सेवा का साधन है और इसमें भर्तियाँ मात्र एक ध्येय से की जाती हैं कि देश की सुरक्षा सशक्त हो, ना कि लोगों की सरकारी नौकरी की प्यास मिटाने के लिए होती हैं। तब नया कथ्य यह बुना गया कि अग्निवीर को शहीद की उपाधि नहीं दी जाती है। जिस परिवार ने राहुल गांधी के दबाव अथवा अनुरोध पर सरकार से आर्थिक सहायता ना प्राप्त होने का असत्य कहा था, वह बलिदानी के सम्मान पर आ गया। अग्निवीर की बहन ने इस योजना में चार वर्ष की स्थायी रोज़गार की अवधि पर प्रश्न उठाया और समाचार चैनल उसकी बातों को एक सामरिक विशेषज्ञ के मत के रूप में प्रचारित करने लगे।एक बलिदानी के परिवार के रूप में सम्मान है परंतु मात्र बलिदानी का परिवारजन होने से किसी को भी भारत के सैन्य संगठनों में अराजकता और असंतोष फैलाने का अधिकार नहीं मिलता। मेजर जनरल शाहबेग सिंह भारतीय सेना के १९७१ के नायक थे और उच्चाधिकारी रहे थे। परंतु आतंकी जरनैल सिंह भिंडरानेवाले की भारत विरोधी योजनाओं के सदस्य बन के उन्होंने देश का सम्मान खो दिया और १९८४ के ऑपरेशन ब्लू स्टार में भारतीय सेना के द्वारा ही मारे गये। सैनिकों को क्रांति के लिये उकसाने के आरोप में महात्मा गांधी के निकटतम सहयोगी और स्वतंत्रता सेनानी जयप्रकाश नारायण को इंदिरा गांधी ने जेल भेज दिया। आज सैनिकों के मान के लिये लड़ने का ढोंग करने वाले राहुल गांधी की नानी इंदिरा और उनकी पार्टी कांग्रेस ही जेपी की गिरफ़्तारी और जेल में मृत्यु और शाहबेग सिंह की मृत्यु के पीछे थी। आज वही कांग्रेस माँग करती है कि एक बलिदानी अग्निवीर के परिवारजन की बात को इस कारण ही गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि वे बलिदानी के परिवार से हैं भले ही उनके कथनों में राजनीतिक स्वार्थ और निजी उद्देश्य दिख रहे हों। सनद रहे कि उत्तर प्रदेश के दुर्दांत माफिया मुख़्तार अंसारी भी देशभक्त नायक ब्रिगेडियर उस्मान के परिजन थे।
शहीद का प्रश्न हमारी राष्ट्रीय संवेदनाओं को आंदोलित करता है। घुटे हुए घाघ नेता इसी लिये इस संज्ञा का उपयोग निर्लज्जता और विचारशून्य संवेदनहीनता के साथ करते हैं। राहुल गांधी तो पुलिस की कार्यवाही में मृत अराजक, हिंसक दंगाइयों को भी शहीद घोषित करने की माँग कर देते हैं।अब जब आम जनता बलिदानी परिवार के लोभ को देख वितृष्णा से भर रही है तो एक नया वक्तव्य बलिदानी के पिता के हवाले से लाया गया है जिस में उन्होंने राहुल गांधी के सुर में सुर मिला के मृत राष्ट्रभक्त अग्निवीर के लिये शहीद के दर्जे की माँग की है, जो कांग्रेस के अनुसार वे देते हैं परंतु नरेंद्र मोदी नहीं देता।
शहीद शब्द इस्लाम से आता है। मुस्लिम नियमों की व्याख्या जिसे हदीस कहते हैं उसके अनुसार, पाँच प्रकार के मृत शहीद कहे जाते हैं- जो प्लेग से मरते हैं, डूबने से अथवा गिर के मरते हैं, पेट के रोग से मारते हैं अथवा अल्लाह या इस्लाम की राह में प्राण देते हैं।
शहीद शब्द इस्लाम में गवाह के समानार्थ शब्द शुहदा से बना है अर्थात् वह व्यक्ति जिसके समक्ष इस्लाम का सत्य उद्घाटित है। शहीद शब्द उन लोगों के लिए प्रयुक्त होता है जिन्होंने अपना समस्त जीवन इस्लामिक नियमों के अनुसार व्यतीत किया हो और इस्लाम के लिये ही प्राण त्यागे हों। अंग्रेज़ी का शहीद का समकक्ष मार्टियर शब्द ‘मर्तूर’ से बना है जिसका अर्थ ऐसा व्यक्ति जिसने अपने प्राण अपने धर्म का परित्याग ना करने के कारण खोए हों। भारतीय सैन्य बलों ने २०१३, २०१४, २०१५, २०२१ और २०२२ में आधिकारिक रूप से देशभक्त हुतात्माओं के लिये वीर, वीरगति प्राप्त, कर्तव्यपथ में न्योछावर, राष्ट्र के बलिदानी – आदि शब्दों का उपयोग किया जाता है। अग्निवीर के लिये भी यही विशेषण कृतज्ञ राष्ट्र उपयोग करता है। राहुल गांधी की चाह यह है कि हताहत देशभक्तों को इस्लामी विश्लेषण दिया जाये।
वैसे इसमें एक बड़ा प्रश्न यह भी है कि हुतात्माओं के परिवारों को धनराशि मिले, हुतात्मा देश की सुरक्षा और सैन्य नीति का निर्धारण करें, हुतात्मा को इस्लामिक विश्लेषण दिया जाये- इनमें से राहुल गांधी की माँग क्या है और कुछ माँग है भी या नहीं। मेरी समझ तो यह कहती है कि सरकार को राहुल गांधी के इस मंचूरियन कैंडिडेट जैसे विध्वंसक व्यवहार को अत्यंत गंभीरता से लेना चाहिए। हाल में अड़ानी हिंडनबर्ग मामले में भी चीन का षड्यंत्र उभरता जा रहा है। कांग्रेस ने सहसा अड़ानी का नाम लेना कम कर दिया है। संदर्भ के लिए मंचूरियन कैंडिडेट एक हॉलीवुड की फ़िल्म है जिस में चीन एक व्यक्ति को अमेरिका के राष्ट्राध्यक्ष के रूप में प्लांट कर देता है। चीन से राजीव गांधी फाउंडेशन को आये चंदे पर स्पष्टीकरण आया नहीं है, और गलवान में भारतीय सेना के रक्तरंजित संघर्ष के समय राहुल गांधी की चीन के राजदूत से मुलाक़ात और ओलंपिक के समय चीन में सोनिया गांधी का राष्ट्राध्यक्ष के रूप में निमंत्रण आदि अनेक अनुत्तरित प्रश्न हैं जिनका उत्तर हमें यह समझने में मदद करेगा कि भारत के सैनिक को राजनीति का अड्डा बना कर उस में असंतोष और विद्वेष फैलाने के पीछे कोई षड्यंत्र तो नहीं है? यदि यह बलिदानी के परिवारों के रखरखाव को ले कर वास्तविक चिंता होती तो उसे धन के स्रोत से क्या अंतर पड़ता और एक सोच समझ के अग्निवीर द्वारा स्वयं चुनी योजना की सेवानिवृत्ति की मियाद और देश के सर्वोच्च बलिदानी के इस्लामी नामकरण के हठ से क्या लेना देना?
यदि इसे हम राहुल गांधी के युवा रोज़गार से जोड़ कर सरकारी नौकरी के लोभ में बैठे युवाओं की आकांक्षाओं और अभिलाषाओं से जोड़ के देखें तो स्मरण रहे, राहुल गांधी के चुनाव घोषणापत्र के अनुसार अग्निवीर को वो भंग करने वाले थे। इस से सेना पर दबाव बढ़ेगा और भारत सामरिक रूप से कमज़ोर होगा जो चीन और पाकिस्तान के लिये उपयोगी होगा। रोज़गार के लिए कांग्रेस के न्यायपत्र में इंटर्नशिप स्कीम है जो एक वर्ष के लिए ८००० रुपये प्रतिमाह पर निजी संस्थाओं में स्नातकों को रोज़गार दिलाने की बात करते हैं। क्या संभव है जो व्यक्ति स्नातक को एक वर्ष के लिए बिना किसी रिटायरमेंट या बीमा लाभ के ८००० रुपये प्रतिमाह की बात कर रहा है, उसे सच में उच्चतर माध्यमिक उत्तीर्ण १२वीं पास बालक को ११ लाख रिटायरमेंट लाभ, ४०००० प्रतिमाह की चार वर्ष की नियत नौकरी से क्लेश हो? इन सब का संदर्भ ले कर समझें कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कैसा गहरा खेल खेल रही है।






Leave a Reply