शाह बानो, शरिया, समान आचार संहिता

११ जून २०२४ को सर्वोच्च न्यायालय की जस्टिस बी वी नागरत्ना और जस्टिस अगस्टाइन जॉर्ज मसीह के समक्ष तेलंगाना हाई कोर्ट से होता हुआ तलाक़ और गुज़ारे भत्ते को ले कर मामला पहुँच। जस्टिस मसीह ने पाया कि दंड संहिता की धारा १२५ के अन्तर्गत अपील के अधिकार से मुस्लिम महिलायें धर्म के नाम पर…

यह कहना कि इस्लामी क़ानून अपरिवर्तनीय है जिसका अनुपालन प्राचीन काल से होता आ रहा है, इसका कोई व्यावहारिक अर्थ नहीं है।

– डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर, संविधान सभा, २३ नवंबर, १९४८

२३ नवंबर १९४८ को ड्राफ्ट संविधान के आर्टिकल ३५ पर संसद में बहस हुई थी। यह क्लॉज़ कहता था

“शासन राष्ट्र के समस्त प्रांत के नागरिकों के लिए समान आचार संहिता लागू करने के लिए प्रयास करेगा।”

डॉक्टर अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान की प्रारूपण (ड्राफ़्टिंग) समिति के द्वारा लिखित इस क्लॉज़ में संशोधन का प्रस्ताव मोहम्मद इस्माइल खाँ ने प्रस्तुत किया। उन्होंने इस धारा में निम्नलिखित जोड़ने की माँग की-

“बशर्ते कि यह (समान आचार संहिता) किसी समूह, वर्ग या समुदाय के नागरिकों को अपने पर्सनल लॉ को त्यागने को बाध्य ना करे यदि उस वर्ग, समूह अथवा समुदाय का अपना पर्सनल लॉ अस्तित्व में हो।”

सनद रहे कि १९४८ में सिर्फ़ मुस्लिम समुदाय का अपना पर्सनल लॉ था। मुस्लिम पर्सनल लॉ ७ अक्टूबर १९३७ को ब्रिटिश लागू हुआ। १८६२ में जिस इस्लामिक क़ानून को ब्रिटिश क़ानून के तहत न्यायव्यवस्था से बाहर किया गया था, उसका पुनः प्रवेश १९३७ के शरिया क़ानून के द्वारा हुआ। निजी नियमों के क्षेत्र में दरमियाने समय में भी ब्रिटिश मुस्लिम धार्मिक नियमों का उपयोग करते रहे और जैसे फ़ैज़ बदरूद्दीन तैयबजी १९१३ में ‘मोहम्मदन लॉ: द पर्सनल लॉ ऑफ़ मुसलिम्स’ में लिखते हैं, मुसलमानों की व्यवस्था को समसामयिक परिस्थितियों के अनुरूप परिवर्तन के प्रति कुसंगत मानते हुए ब्रिटिश उन्हें सैंकड़ों वर्ष पुराने लेखों के आधार पर चलाते रहे। इस्लामी समाज में समय समय पर विचारक परिवर्तन के समर्थक भी हुए परंतु रूढ़िवादियों की आक्रामकता और वृहद् इस्लामिक समाज की अज्ञानता के कारण इन्हें अधिक स्थान नहीं मिला। उदाहरण के लिए शिबली नोमानी (१८५७-१९१४) अपने एक लेख में इस्लामी विचार में प्रगतिशीलता के अभाव पर लिखते हैं ” हमारे विरोधी कहते हैं कि इस्लामी क़ानून (मसाइल फ़िक़ियाह ) एक मृत शाखा है जो किसी भी प्रकार हिल नहीं सकता है, जिसका अर्थ है कि इसमें प्रगतिशीलता की संभावना ही नहीं है और यह अपने समय की आवश्यकताओं के अनुरूप ढल नहीं सकता है।” इसमें वे आगे अल्लामा शामी की पुस्तक से एक अंश उद्धृत करते हुए कहते हैं- “रीति रिवाजों में परिवर्तन, नवीन आवश्यकताओं में प्राचीन नियमों के कारण लोगों को हानि या कठिनाई हो सकती है जो कि शरिया की मूलभूत भावना के विपरीत है जो कि लोगों को मुक्ति और सुविधाएँ प्रदान करने के लिए बनायी गई है।” शिबली के अनुसार इस्लाम का मूल रीति रिवाजों, विश्वास और नैतिकता में है अतः प्रचलित चलन को ही न्याय व्यवस्था में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

शिबली के अनुसार इस्लाम में बहुपत्नी विवाह परंपरा नहीं अपवाद की व्यवस्था है। क़ुरैशों के क़बीलाई समाज में, शिबली के अनुसार बहुपत्नी विवाह में संख्या सीमा ही नहीं थी इस लिये इस्लाम में इसे चार पत्नियों तक सीमित कर के बीच कर मार्ग ढूँढा गया। इसमें भी नोमानी क़ुरान की एक आयात को उद्धृत करते हुए कहते हैं कि यदि तुम चार पत्नियों में समान व्यवहार ना कर सको तो जो स्त्री तुम्हारे दायें हाथ में है, वही पत्नी हो। तीन तलाक़ के विषय में उनका मानना था कि दूसरे ख़लीफ़ा अबू उमर के समय का नियम है।

इसके बाद नज़ीरुद्दीन अहमद ने इस संशोधन का समर्थन किया और आगे जोड़ा कि पर्सनल लॉ के ऊपर समान आचार संहिता बिना समुदाय (मुस्लिम) की स्वीकृति के नहीं आएगी। उन्होंने धर्मनिरपेक्षता के नाम पर मुस्लिम क़ानूनों की रक्षा का उत्तरदायित्व बहुसंख्यक हिंदुओं पर डाला। बी पोकर साहिब, जो मुस्लिम लीग के वरिष्ठ सदस्य थे और मुस्लिम राष्ट्र पाकिस्तान का निर्माण भारत के विभाजन के द्वारा करवाने के बाद, भारत में रह गई मुस्लिम लीग को भारतीय मुस्लिम लीग बना के उसके अध्यक्ष बने। यही मुस्लिम लीग आज कांग्रेस के साथ गठबंधन में है। ये धनी वकील थे और पहली बार राजनीति में १९१९ में आये जब इन्होंने अंग्रेजों से मज़हब के आधार पर अलग मतक्षेत्र की माँग की याचिका दाखिल की। इसकी धर्म आधारित चुनाव क्षेत्र की माँग पर आगे पाकिस्तान की नींव पड़ी।स्वतंत्रता के बाद जब यह धर्म-आधारित चुनाव क्षेत्र की व्यवस्था समाप्त हो गई (पूरा एक राष्ट्र धर्म के आधार पर भारत को काट के बन चुका था), तो पोकर साहब ने इसके विरोध में दक्षिण भारत में आंदोलन किया। पोकर साहब ने केरल में ख़िलाफ़त के बाद हुए मोपला दंगों के बाद दंगाई मोपलाओं के पुनर्निवास के लिये संस्था बनायी और उसके लिए धनराशि जमा की। यह भी स्वतंत्र विभाजित भारत के संविधान निर्माता के रूप में भारत के ‘फ़ाउंडिंग फादर्स’ बने।पोकर साहिब ने यूसीसी को एक तानाशाही धारा बताया जिसे सहन नहीं किया जाएगा।

कन्हैयालाल मुंशी ने दोनों विषयों पर उत्तर दिया कि कैसे समान आचार संहिता मूल अधिकारों पर प्रहार नहीं करती है और कैसे यह बहुसंख्यकों की तानाशाही नहीं है। उन्होंने तुर्की से ब्रिटेन तक अनेक देशों का उदाहरण दिया जहाँ मुसलमान प्रसन्नतापूर्वक समान क़ानून के अंतर्गत जीवनयापन कर रहे हैं। उन्होंने आर्टिकल १९ से ही दिखा दिया कि मूल अधिकारों में कुछ भी एक सरकार को धर्मनिरपेक्ष नियम बनाने से प्रतिबंधित नहीं करता है। उन्होंने इस्लामी समाज के अंदर की खोजा और कच्छी समाज के विषय में ध्यानाकर्षित किया कि जहाँ बहुसंख्यक सुन्नी रूढ़िवादियों ने १९३७ के शरिया नियम सारे मुसलमानों पर थोपे, वहाँ कुछ मुस्लिम समुदाय अरबी रिवाजों की तुलना में अपने समाज के भारतीय रिवाजों के अधिक निकट थे। मुंशी जी क्रांतिकारी आंदोलन से अपना राजनीतिक जीवन १९१५ से प्रारंभ करने वाले राष्ट्रवादी नेता थे। अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर ने संशोधन का विरोध किया और समान आचार संहिता का समर्थन किया। अल्लादी के विषय में अंबेडकर ने लिखा था कि ‘ यदि प्रारूपण समिति में मुझसे बड़ा, बेहतर और योग्य कोई था तो वो मेरे मित्र अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर थे।’ श्री अय्यर द्रविड़ ब्राह्मण परिवार से आते थे और एक मंदिर के पुजारी के पुत्र थे। संभव है आधुनिक संदर्भ में देखें तो अंबेडकर बहुत अम्बेडकरवादी नहीं थे। यह दुखद था कि ऐसे देशभक्त मनीषियों को विभाजन के बाद पाकिस्तान निर्माता कट्टरपंथियों से भारत की धर्मनिरपेक्ष संरचना के लिये लड़ना पड़ रहा था।

इसके आगे अंबेडकर ने मुस्लिम लीग के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस समान संहिता के कारण उनका मज़हब ख़तरे में आ रहा था वैसी ही आचार संहिता ब्रिटिश सरकार में १९३५ तक मज़े में चल रही थी जब पहली बार मुस्लिम लॉ पश्चिमोत्तर प्रांत में आया। आगे खोजा मुसलमानों जैसे ही अंबेडकर ने उत्तर मालाबार के मरुमकथ्यम संहिता की बात की जिसका अनुपालन वहाँ के हिंदू और मुसलमान समान रूप से करते थे और शरिया के कारण उनके परंपरागत रीति रिवाजों पर हस्तक्षेप होता था।

नेहरू और राजेंद्र प्रसाद भी समान आचार संहिता के समर्थन में सामने आये। राजकुमारी अमृत कौर, मीनू मसानी, सरदार पटेल ने समान आचार संहिता का समर्थन दिया। आश्चर्यजनक रूप से मौलाना आज़ाद, तत्कालीन पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री ने इसका विरोध किया और अपने लीगी सहधर्मियों के साथ दिखे। इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा प्रस्तावित संशोधन गिर गया और अंबेडकर-नेहरू द्वारा समर्थित समान आसार संहिता संविधान की निर्देशिका में प्रविष्ट हो गया। इसका लागू होना भारत की सरकार के लिए संवैधानिक बाध्यता है। कांग्रेस के २०२४ के मैनिफेस्टो में पर्सनल लॉ को सुरक्षित रखने का संदर्भ ही असंवैधानिक है।

परंतु इस के बाद भी मुस्लिम कट्टरपंथ की गति बढ़ती रही। जो उग्रता भारत के रक्तरंजित विभाजन के द्वारा एक इस्लामी देश प्राप्त करके भारत में रह गये मुसलमानों में प्रारंभिक संकोच से दब गई थी वह आधुनिकता और प्रगतिशीलता के विरोध के कारण उभरे कट्टरपंथ से फिर उठने लगी। १९७२ तक मुसलमान एक ऐसे वोट बैंक के रूप में खड़ा हो गया जिसे अपने संप्रदाय के लिये विकास, शिक्षा आदि कुछ नहीं चाहिये था, उसे सिर्फ़ धार्मिक तुष्टिकरण और अपने मज़हब का वर्चस्व चाहिए था। १९७२ में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की स्थापना मुंबई में हुई और मौलाना क़ारी तैयब इसके अध्यक्ष हुए। १९७३ में ही इस ग़ैर सरकारी संस्था (एनजीओ) को शक्ति प्रदर्शन का अवसर तब मिला जब इंदिरा गांधी पहली बार यूसीसी की ओर बढ़ी सिविल प्रोसीजर कोड ले कर आयी।इस कोड के तहत मुस्लिम स्त्रियों को तलाक़ के पश्चात मुआवज़े का प्रावधान था। एआईएमपीएलबी इंदिरा से मिली और महिलाओं के मुआवज़े की धारा शरिया के अनुसार बदल दी गई। शरिया के अनुसार तलाक़ के पश्चात स्त्री को मेहर और तीन महीने इद्दत के ही समय भरणपोषण पति से प्राप्त करने का अधिकार है।

समय समय पर कांग्रेस शासन में भागलपुर, नेल्ली और मेरठ जैसे दंगे होते रहे जिनसे मुस्लिम समाज में मुख्य धारा से पृथकतावाद और भी बल पाता रहा। आपातकाल में कांग्रेस सरकार के द्वारा मुसलमानों का जबरन वंध्याकरण और तुर्कमान गेट में पुलिस फायरिंग जैसे कांडों के बाद मुस्लिम समाज कांग्रेस से अधिक देश से ही उदासीन हो गया। आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी की चुनावी पराजय हुई और पुनः सत्ता में लौटने के लिए राजनीतिक तुष्टिकरण का पेंडुलम विपरीत दिशा में पलट गया। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड जैसी संस्थाएँ और अधिक बल पाने लगी। इसमें इस्लाम में अंतर्निहित लचीलेपन के अभाव और राजनीतिक तत्व की भी भूमिका है। फ़्रेंच दार्शनिक रेनन अपनी पुस्तक ‘नेशनलिज़्म एवं अन्य निम्बद्ध’ में लिखते हैं -“इस्लाम, विज्ञान को अपना शत्रु मानने में एकदम स्थिर है और यह स्थिरता भयावह है।”

अंबेडकर, पाकिस्तान, अथवा भारत का विभाजन में लिखते हैं – “उसे (भारतीय मुसलमान को) को आभास होता है कि उसके आस पास का हिंदू वातावरण उसके मुस्लिम अस्तित्व को धीरे धीरे लील रहा है। अपने इस्लाम के इस धीमे धीमे क्षरण के भय से वह इस्लाम के प्रत्येक पक्ष को सहेजने का प्रयास करता है बिना यह समझने का प्रयास किए कि वह पक्ष उसके जीवन और समाज के लिए लाभप्रद है या हानिकारक। ”

उसे (भारतीय मुसलमान) को आभास होता है कि उसके आस पास का हिंदू वातावरण उसके मुस्लिम अस्तित्व को धीरे धीरे लील रहा है। अपने इस्लाम के इस धीमे धीमे क्षरण के भय से वह इस्लाम के प्रत्येक पक्ष को सहेजने का प्रयास करता है बिना यह समझने का प्रयास किए कि वह पक्ष उसके जीवन और समाज के लिए लाभप्रद है या हानिकारक। ”

– डॉ भीमराव अंबेडकर, पाकिस्तान अथवा भारत का विभाजन

यही उग्रता और पृथकतावाद बढ़ता गया और मुस्लिम तुष्टिकरण के मार्ग में एआईएमपीएलबी देखते देखते राम जनभूमि मामले में मुस्लिम पक्षकार भी बन गया। समय के साथ मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड सिर्फ़ प्रचार के नाम पर उस स्थिति में पहुँच गया कि लोग इसे मुस्लिम प्रतिनिधित्व की लगभग संवैधानिक संस्था समझने लगे। ऐसे समय में शाह बानो का मामला आम चर्चा में आया।

१९३२ में शाह बानो का निकाह इंदौर के प्रतिष्ठित वकील मोहम्मद अहमद ख़ान से हुआ था। शाहबानो के साथ अहमद ख़ान के तीन बेटे और दो बेटियाँ हुई। पति ने बाद में एक और पत्नी रख ली और १९७५ में ६२ वर्ष की आयु में शाहबानो को घर से निकाल दिया।१९७८ में शाहबानो ने इंदौर की स्थानीय अदालत में अपने पति से रखरखाव के मद में राशि २०० रुपये से बढ़ा कर ५०० रुपये प्रति माह कराने के आग्रह के साथ याचिका दी। ६ नवंबर १९७८ को शाहबानो को पति ने तीन तलाक़ के माध्यम से पत्नी से परित्यक्त पत्नी बना दिया और मुस्लिम लॉ के अनुरूप गुजरा भत्ता को २५ रुपया करवा लिया। जुलाई १९८० में पीड़िता इस माँग के साथ उच्च न्यायालय पहुँची की उसका गुज़ारा भत्ता १७९ रुपये प्रति माह तक बढ़ा दिया जाये। पति इसके विरोध में सुप्रीम कोर्ट चला गया। ३ फ़रवरी १९८१ को जस्टिस मुर्तज़ा फ़ज़ल अली और जस्टिस वरदराजन की बेंच इस मामले को आगे पाँच जजों की बेंच को दे देती है। मुख्य न्यायाधीश यशवंत विष्णु चंद्रचूड़ के नेतृत्व में पाँच जजों की बेंच परित्यक्त स्त्रियों के रखरखाव के संबंध में पति की बाध्यता पर सेक्शन १२५ के अंदर मुस्लिम पतियों को भी लेती है। इस मामले में पति के पक्ष से मुस्लिम लॉ बोर्ड और जमीयत ए उलेमा ए हिन्द भी होते हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध मुस्लिम लॉ बोर्ड भारत भर में आंदोलनों को फैला देती है।

शाहबानो के ५०० रुपये प्रति माह के मुआवज़े के विरोध में शरीयत बचाओ के नारे के साथ १५ लाख मुसलमान सड़कों पर आ गये। कांग्रेस के भीतर इस कट्टरपंथी इस्लामी आक्रोश को मौलाना जियउर रहमान अंसारी ने स्वर दिया। प्रचार तंत्र ने ऐसे भय का माहौल निर्मित किया कि मुस्लिम समाज से महिलायें, सो भी शिक्षित महिलाएँ इस निर्णय के विरोध में खड़ी दिखाई दी।इसके राजनीतिक प्रभाव भी तुरंत दिखने लगे। किशनगंज में कांग्रेस के द्वारा उतारे जमीयत के नेता को हरा के जनता पार्टी से लड़े मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सैयद शहाबुद्दीन ने विजय प्राप्त की। असम में यूनाइटेड माइनॉरिटी फ्रंट ने १८ विधानसभा सीटें जीत ली। मौलाना आज़ाद की पोती और कांग्रेस नेत्री नज़मा हेप्तुल्लाह ने भी इस निर्णय का विरोध किया। कांग्रेस के वरिष्ठ हिंदू नेताओं जैसे नारायण दत्त तिवारी और अर्जुन सिंह का मत था कि यदि मुसलमान समय के साथ प्रगतिशीलता को नहीं अपनाना चाहते हैं तो सरकार को उस पर अधिक बल नहीं देना चाहिये। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के उप कुलपति ने इस निर्णय के पक्ष में बोला तो उन पर शारीरिक रूप से आक्रमण हुआ। इस निर्णय के आधार पर तलाक़शुदा मुस्लिम स्त्रियों को भारतीय दंड संहिता की धारा १२५ के अन्तर्गत अन्य भारतीय महिलाओं के समान गुज़ारा भत्ता पाने के अधिकार मिल गया। जिस प्रकार इसका कट्टर एवं तथाकथित प्रगतिशील मुस्लिम वर्गों से विरोध हुआ यह समझना कठिन था कि भारतीय न्याय व्यवस्था मुसलमान स्त्रियों को कुछ देना चाह रही है या उनसे कुछ लेने का प्रयास कर रही है। यहाँ डॉ अंबेडकर की बात स्पष्ट परिलक्षित होती है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध सबसे पहले रैली बिहार के सिवान में हुई। इस रैली में लगभग तीन लाख मुसलमान जमा हुए। तैयार जनआक्रोश को मुस्लिम लॉ बोर्ड और जमीयत ने लगे हाथों लपक लिया।

राजीव गांधी सरकार मुस्लिम वोट खो जाने के भय से भयाक्रांत हो गई और संसद में अध्यादेश ला कर उसने इस सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को पलट दिया। आरिफ़ मोहम्मद ख़ान आपातकाल में जेल गये थे परंतु बाद में कांग्रेस से जुड़ कर पहले १९८० में कानपुर से और १९८४ में बहराइच से लोक सभा सांसद बने। एक प्रगतिशील मुसलमान के रूप में आरिफ़ मोहम्मद ख़ान अंबेडकर के द्वारा व्याख्यित रूढ़िवादी मुसलमान के काउंटर पॉइंट हैं। शाहबानो के फ़ैसले के समय आरिफ़ मोहम्मद ख़ान राजीव गांधी के कैबिनेट में थे। आरिफ़ गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री थे और न्यायालय के निर्णय पर उठने वाले प्रश्न का उत्तर गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता था। संसद में इस पर अपने भाषण से पूर्व आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने प्रोफेसर ताहिर महमूद और प्रोफ़ेसर मुशिरूल हसन से मंत्रणा की थी और दोनों ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को क़ुरान के संगत बताया था। प्रोफ़ेसर महमूद बाद में पलट गये और आगे मुस्लिम लॉ बोर्ड के अध्यक्ष भी बन गये।

मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड से नये अध्यादेश पर राजीव गांधी की मीटिंग हुई और उसमे लॉ बोर्ड ने सहमति दी। इस ड्राफ्ट के अनुसार इद्दत के तीन माह के भीतर गुज़ारा भत्ते की राशि तय करने का प्रावधान था। यहाँ कुछ भ्रम की स्थिति थी क्योंकि लॉ बोर्ड की माँग इद्दत के दौरान गुज़ारा राशि तय करने की नहीं बल्कि इद्दत के मात्र तीन महीने के लिए ही भत्ता देने की थी। इस सारे मामले में लॉ बोर्ड के सलाहकार सलमान ख़ुर्शीद (जिनकी बेटी २०२४ चुनावों में एक तरफ़ा मुसलमान वोट कांग्रेस को डालने की अपील वोट जिहाद के नाम से कर रही थी) और न्यायविद एम ए अहमदी थी। यही अहमदी आगे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश भी नियुक्त हुए। अध्यादेश के आने के बाद आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने कांग्रेस से और लोक सभा से त्यागपत्र दे दिया था। अध्यादेश में मुआवज़े की अवधि इद्दत तक सीमित कर दी गई जैसी कि लॉ बोर्ड की माँग थी।

वर्तमान स्थिति : सुप्रीम कोर्ट के शाहबानो मामले में पूर्व निर्णय और राजीव गांधी सरकार द्वारा मुस्लिम तुष्टिकरण के कारण उस आदेश को पलट कर लाये गये अध्यादेश के प्रकाश में अदालतें एक अनिश्चय के साथ ऐसे मामलों में निर्णय लेती रही। ११ जून २०२४ को सर्वोच्च न्यायालय की जस्टिस बी वी नागरत्ना और जस्टिस अगस्टाइन जॉर्ज मसीह के समक्ष तेलंगाना हाई कोर्ट से होता हुआ तलाक़ और गुज़ारे भत्ते को ले कर मामला पहुँच। जस्टिस मसीह ने पाया कि दंड संहिता की धारा १२५ के अन्तर्गत अपील के अधिकार से मुस्लिम महिलायें धर्म के नाम पर वंचित नहीं की जा सकती हैं। जस्टिस नागरत्ना ने जस्टिस मसीह के निर्णय से सहमति जताई। जहाँ जस्टिस मसीह ने पूर्व के मामलों को आधार बना कर यह निर्णय लिया, जस्टिस नागरत्ना ने संविधान के अनुसार इस निर्णय के औचित्य को स्पष्ट किया। १९८६ के एक्ट के अनुसार एक परित्यक्त स्त्री के गुज़ारे का उत्तरदायित्व इद्दत के आगे उसके अपने रिश्तेदारों पर, या वक़्फ़ बोर्ड पर डाला गया। जस्टिस नागरत्ना ने धारा १२५ के एक अतिमहत्वपूर्ण अंश को पढ़ा- किसी अन्य क़ानून में कुछ और होने और ना होने से इतर- धारा १२५ प्रभाव में रहेगी। इसके साथ डैनियल लतीफ़ी के मामले के निर्णय को पढ़ के यह निर्णय लिया गया कि मुस्लिम स्त्रियाँ भी धारा १२५ के अन्तर्गत भत्ता प्राप्त करने के लिए न्यायालय का द्वार खटखटाने के अधिकार से बाहर नहीं हैं। डैनियल लतीफ़ी केस का आधार २००४ के सबरा शमीम वर्सस मक़सूद अंसारी मामले में लिया गया था। इस निर्णय ने एक बार के लिए मुस्लिम महिलाओं के सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त किया और इस मामले पर भ्रम की स्थिति समाप्त की। यह दुखद है कि जिस राष्ट्र की पवित्र भूमि पर आ कर रजिया सुल्ताना को प्रथम मुस्लिम सुल्तान बनने का सौभाग्य मिला, उस देश में कट्टरपंथियों के दबाव में मुस्लिम स्त्रियों को समान अधिकार प्राप्त करने में इतना समय लगा। यह उस से भी बड़ा दुर्भाग्य है कि जिस कट्टरपंथी पृथकतावाद से अंबेडकर से ले कर नेहरू तक लड़े, आज कांग्रेस धर्म पर आधारित पर्सनल लॉ को अपने २०२४ के चुनावी घोषणापत्र में ले कर इस्लामी कट्टरपंथियों के तुष्टिकरण के प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Trending