मध्यम वर्ग: समय के साथ बदलती जीवनशैली, महत्त्वाकांक्षाएं और आवश्यकताएं

हर पीढ़ी अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए बचत करती है और चाहती है कि कुछ छोड़ जाए। ताकि उसके बच्चे वहां से शुरुआत न करें जहां से उसने शुरू किया था। उसके बच्चे एक सीढी ऊपर चढ़ें। बचत भी इसलिए नहीं होती कि उसके पास कुछ अधिक है, वह अपनी और अपने बच्चों की…

ये सारा जिस्म बोझ से दोहरा हुआ होगा,
मैं सजदे में नहीं था आपको धोखा हुआ होगा।

– दुष्यंत कुमार

मध्यमवर्ग है क्या? यह एक जटिल प्रश्न है। जब तक किसी के मन में थोड़ा है थोड़े की जरूरत है वाला भाव है वह मध्यम वर्ग है। आर्थिक रूप से अमीर केवल वह है जिसके पास अपने सपनों का घर है, जो भी वस्तु चाहिए वह बिना कर्ज के खरीद सकता है और अगर एक साल तक उसके पास कोई काम धंधा न रहे तो भी उसके जीवन और आर्थिक व्यवहार में कोई अंतर न आए। अन्यथा मध्यमवर्ग में ही ऊपर या नीचे किसी सीढ़ी पर ही माना जाना चाहिए।

सरकारें लोगों का जीवन स्तर उठाने का प्रयास करती हैं, सबसे कम कर देने वालों को हर वर्ष कुछ न कुछ राहत मिलती है। समय के साथ महंगाई, लोगों की आवश्यकताएं और प्राथमिकताएं भी बदलती रहती हैं। कुछ दशक पहले रोटी कपड़ा और मकान लोगों की प्राथमिकता थी। खींच तानकर जिनकी ये आवश्यकताएं पूरी हो जाती थीं वे गरीब नहीं माने जाते थे। वे निम्न-मध्यम वर्ग के लोग थे।

एक समय साइकिल, फिर स्कूटर और ९० के दशक में कार होना उच्च मध्यम वर्ग की निशानी थी। मनोरंजन के लिए पहले रेडियो और बाद में टीवी होना भी पैसे वाला होने की निशानी थी। घर में एक अखबार आता तो निम्न मध्यमवर्ग, एक से अधिक अखबार, अंग्रेजी अखबार और साथ में एकाध मासिक पत्रिका आपके घर आ रही है या आपके घर में लैंडलाइन तो आप उच्च मध्यम वर्ग में गिने जाते थे। यह स्थिति बड़े शहरों में थोड़ी अलग हो सकती है, जहां आवश्यकताएं अलग थीं। अन्यथा एक पड़ोसी के घर फोन होना सारे मोहल्ले के घर फोन होने के बराबर था। जैसे अस्सी के दशक में एक टीवी सारा गांव देखता था।

गरीब लोग गाँव के मेले, तीर्थ और कुंभ जाते थे, निम्न मध्यम वर्ग गर्मियों की छुट्टी में रिश्तेदारों के यहां, मध्यमवर्ग साल में एकाध बार किसी पर्यटन स्थल पर और अमीर यूरोप–दुबई घूमने जाते थे। जिसकी जैसी आर्थिक स्थिति और सुविधायें उपलब्ध थीं, वह वैसे ही खर्च करता था और बचत भी।

२००० के बाद से लोगों की आवश्यकताएं और इच्छाएं बहुत बदल गईं। अब तब गाड़ियों के साथ, टीवी, फ्रिज जैसे घर के सामान भी किस्तों पर उपलब्ध हो गए। कर्ज लेना सामान्य माना जाने लगा। हर वर्ग अपनी हैसियत से ऊपर की वस्तु के सपने ही नहीं देख रहा था, बल्कि उसे किश्तों में पूरा भी करने लगा था।

कर्ज पहले कुछ ही अवसरों पर लिए जाते थे। गृह निर्माण, शादी विवाह, जन्म, मृत्यु आदि आयोजन कर्ज लेने का कारण रहे हैं। कर्ज चाहे किसी साहूकार से ले या अपने PF से पैसे निकाले। फिर शिक्षा के लिए कर्ज लेने का चलन बढ़ा। यह समाज में एक सीढ़ी ऊपर चढ़ने का या रेस लगाने का प्रयास था। लेकिन अब हर बिल की किश्त बन जाती है।

यह समाज का व्यवहार परिवर्तन है। संरचना पहले भी पिरामिड जैसी थी आज भी है। आज पिरामिड बड़ा हो गया है। इसलिए हर स्तर पर अधिक लोग दिखते हैं। जनसंख्या भी बहुत तेजी से बढ़ी है। लोगों की खर्च करने की क्षमता भी वैसी ही बढ़ी है।

कुछ दशक पहले बाहर खाना कुछ लोगों का शाही शौक जैसा था। या यात्रा के समय जरूरत। एक समय जहां किसी हलवाई की दुकान पर समोसे खाना भी बड़ी बात थी, अब रेस्टोरेंट में पार्टियों का चलन हर वर्ग में है। समय के साथ, सप्ताह में एकाध बार बाहर खाना आम हो चुका है।

नब्बे के दशक के अंतिम वर्षों में मोबाइल केवल अमीरों के हाथ का गहना था। २००४ के आसपास धीरूभाई ने भारत में मोबाइल क्रांति ला दी। यहां से पूरे भारत ने एक और कदम उठाया और मोबाइल फोन घर घर पहुंचा।

चार सौ रुपए में असीमित कॉल और EDGE पर ‘तेज’ इंटरनेट किसी चमत्कार से कम नहीं था। रिलायंस ने तहलका मचा दिया और मोबाइल को घर घर पहुंचा दिया। लेकिन इस क्षेत्र में असली क्रांति २०१४ के बाद हुई। डिजिटल इंडिया ने मोबाइल को मूलभूत आवश्यकता बना दिया। सस्ता इंटरनेट और इंटरनेट का बैंकिंग में प्रयोग अब हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा हो गया।

इंटरनेट ने अखबारों और केबल टीवी को लगभग निगल लिया है। समाचार से लेकर मनोरंजन अब फोन में उपलब्ध हैं। दुनिया सबकी मुट्ठी में है लेकिन अब आर्थिक स्थिति का एक माप यह भी है कि कोई दिनभर में कितना डाटा का प्रयोग करता है। इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री का उपभोग पैसे चुका कर कर रहे हैं या यूट्यूब और पायरेटेड कंटेंट ही देख रहे हैं?  OTT के कितने सब्सक्रिप्शन हैं। नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन एक प्रकार की विलासिता है।

फिर बात महत्त्वाकांक्षा और सामर्थ्य की आती है। जैसे, आप कर्ज लेकर आईफोन से लेकर कार तक खरीद लेते हैं। लेकिन क्या आप उसे अफोर्ड कर पा रहे हैं? इसका एक प्रमाण है, आप सोचिए कि आपके फोन की स्क्रीन अगर टूट जाए तो आप उसे रिपेयर कराएंगे या कुछ दिन तक ऐसे ही चलाएंगे? अगर रिपेयर करवाने में आप झिझकते हैं, तो आपके हाथ में जो फोन है आप खरीद सकते हैं अफोर्ड नहीं कर सकते। ऐसा ही किसी और वस्तु के विषय में भी सत्य है। जैसे हाथी पालना। आपके पास हाथी आ भी जाए तो क्या उसे खिला पाएंगे? इस समय हर कोई कुछ भी खरीद सकता है,लोग खरीदने के लिए कर्ज देने को आतुर हैं।

बात अब किसी वस्तु के उपलब्ध होने की नहीं रही, बात अब गुणवत्ता की हो गई है। विषमता अब गुणवत्ता की है। भोजन गरीब को भी मिल रहा है और अमीर को भी, लेकिन गुणवत्ता में अंतर है। किसी साप्ताहिक  बाजार में मिलने वाले फलों और किसी मॉल में मिलने वाले फलों की गुणवत्ता में अंतर दिखता है। वही अंतर कपड़ों में है, भले देखने में एक सा लगे। मकान दो कमरों का भले आज अधिकतर लोगों के पास होता जा रहा है लेकिन मकान किस जगह पर है, मकान के अंदर और बाहर कैसी सुविधाएं हैं वह बहुत अलग है। आज घर होना पर्याप्त नहीं है अच्छी सोसायटी में घर होना आवश्यक है। पूल, क्लब , गार्डन, पार्किंग आदि जिस सोसाइटी में नहीं हैं, वे निम्न मध्यमवर्ग की सोसाइटी हैं।

यही आज के उस वर्ग की पीड़ा है, जो सरकार के हिसाब से तो अमीर है और भारी कर देने के लिए बाध्य है लेकिन उसकी अपनी आकांक्षाओं के अनुसार उसका जीवन स्तर नहीं उठ पा रहा है।

सरकार निचले पायदान पर खड़े लोगों को आर्थिक सहयोग के साथ सुविधाएं भी प्रदान कर रही है ताकि उनका जीवनस्तर सुधरे। वे ऊपर उठे हैं इससे एक नए वर्ग का उदय हुआ, जिसे नियो मध्यम वर्ग कहा गया। इनके सपने मध्यमवर्ग जैसे हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति थोड़ी कमजोर है। इन्हें सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं, घर, इलाज, अनाज, शिक्षा आदि मिल रहा है और इनको ये सब लेने में झिझक नहीं है।

दूसरी तरफ मध्यमवर्ग आज भी अपने आप को उसी जगह खड़ा हुआ पाता है जहां वह एक या दो दशक पहले था। उसकी कमाई बढ़ी है, उसी अनुपात में खर्च और कर भी बढ़े हैं। सरकारी योजनाओं में उसकी भागीदारी नगण्य है। क्योंकि यह वर्ग करदाता है, तो करदाता होने के नाते अधिकतर योजनाओं में लाभार्थी नहीं है। सरकारी नौकरियों में उसके लिए स्थान बचा नहीं है।

शिक्षा की जो क्वालिटी वह अपने बच्चों के लिए चाहता है वह सरकारी संस्थाओं में उपलब्ध नहीं है, जिन संस्थाओं में है, उनमें उसकी पहुंच नहीं या किसी कारणों से उसके लिए स्थान नहीं बचा। उसके बच्चों में विलक्षण प्रतिभा हो तो अलग बात है। 

इलाज के लिए सरकारी संस्थाओं में जाने से झिझक है और निजी संस्थाओं की फीस बहुत ज्यादा। लोग मानते हैं कि एक मध्यमवर्ग का परिवार केवल एक अस्पताल के बिल से गरीब हो सकता है।

घर में काम के लिए अगर सहायक को रखना हो तो भी वह मध्यमवर्ग की पहुंच से दूर होता जा रहा है। सहायक का काम करने वालों को सरकारी सहायता इतनी है कि उनकी अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं। वे भी अधिक मेहनताना चाहते हैं। कुछ जगहों पर घर में झाडू-बर्तन के लिए डेढ लाख रुपए प्रतिवर्ष के अनुबंध किए जा रहे हैं।

आधुनिक सोसाइटी में घर लेना भी चाहे तो आज मध्यमवर्ग की पहुंच से बाहर हैं। कुल मिलाकर आज भी वह कर्ज के सहारे हैं। अगर वह बीस लाख साल का कमा रहा है तो उसके दफ्तर के पास वाली सोसायटी में फ्लैट तीन करोड़ से कम का नहीं है। हिसाब लगाने पर वह अपने आप को मजबूर पाता है। अपने बजट में घर देखे तो शहर से बहुत दूर किसी वीराने में या उसके स्तर (अपेक्षाओं) से बहुत नीचे की सोसाइटी में उसे घर मिलता है। मतलब सपनो का घर आज भी सपनों का ही है। जो घर दस साल पहले वह इसलिए नहीं खरीद पाया था क्योंकि कीमत पच्चीस लाख थी और तब उसके पास नहीं थे। उतना कर्ज भी उसे कोई देने तैयार नहीं था। आज उसके पास पच्चीस लाख हैं। लेकिन वह घर ढाई करोड़ का है। उसके पास ढाई करोड़ आज नहीं हैं।

आज भी छुट्टी मनाने विदेश जाना उसका सपना ही है। अपने बच्चों को अगर अच्छे संस्थान में पढ़ाना हो तो कर्ज ही लेना पड़ता है। विदेश भेजना हो तो सारी जमापूंजी निकल जाती है। घर में शादी के बाद आज भी महीनों तक हिसाब किताब होता है।

बाहर से देखने में आज उसका जीवन स्तर बेहतर लगता है लेकिन वह भविष्य को लेकर आशंकित है। उसे नहीं पता कि उसकी नौकरी कितनी बची है, उसे नहीं पता कल को सरकार कौन सा कानून लाकर उसके जीवन भर की बचत हड़प लेगी। वह जानता है उसके पास कोई पेंशन का विकल्प नहीं है। जो बचत है, वही पूंजी है, उसी में बुढ़ापा निकालना है। उसका गांव, खेत पीछे छूट चुका है। जड़ें नहीं बचीं, किसी भी तूफान में उसका जीवन उखड़ सकता है। और जो जड़ वह जमाने की कोशिश कर रहा है, सरकार बार बार खोद कर निकाल रही है।  जिस दिन मुश्किल होगी उसकी सहायता न सरकार करेगी न कोई और।

ऐसे में जरूरतें लोगों को आय के अन्य साधन तलाशने की प्रेरणा देते हैं, एक तरह से मजबूर भी करते हैं। कई घरों में पति पत्नी दोनों नौकरी करते हैं, और कहीं पति को ही दुगना काम करना होता है। अब लोग अपनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बचत की योजना बनाते हैं। बचत हम भारतीय लोगों के व्यवहार में है। गरीब से गरीब व्यक्ति बचत करता है। कोई गुल्लक में सिक्के बचाता है, कोई डाकघर या बैंक में खाते में, कोई एफडी बनाता है, और कोई बाजार में पैसा निवेश करता है।

निवेश की दृष्टि से मकान, दुकान, जमीन खरीदना बेचना आसान नहीं है। ऐसे में लोग शेयर बाजार की ओर आकर्षित हुए हैं।  जब शेयर बाजार नहीं था तब भी किसी न किसी उपक्रम में पैसा लगाने वाले लोग थे। जहां थोड़ा सा अधिक रिटर्न मिल जाता है। निवेश के लिए एकमुश्त धन की आवश्यकता नहीं है। जहां बैंक बहुत कम ब्याज दे रहे हैं, शेयर बाजार महंगाई के अनुपात में रिटर्न दे देता है। लोगों ने शेयर बाजार को बचत के साथ कमाई का जरिया बनाना शुरू किया है। कुछ लोगों के जीवन भी बदले हैं। लेकिन यह जोखिम भरा काम है।

भारत के मध्यमवर्ग के लोग जुझारू हैं, कमाई के सौ साधन ढूंढ लेते हैं। थोड़ा जोखिम लेना भी सीख रहे हैं। लेकिन सरकार उन्हें दुधारू समझती है। उनसे वसूली के एक सौ पच्चीस तरीके निकाल लेती है। मध्यमवर्ग की बचत और बचत से होने वाली कमाई पर कर लगाना लोगों को पसंद नहीं आ रहा है। नीतियों में अस्थिरता बचत की योजनाओं को प्रभावित करती है।

सरकारें ईमानदारी से कर देने वालों से कर लेती हैं, थोड़ा ज्यादा लेती हैं, फिर थोड़ा और ले लेती हैं। वह कमाता है तो कर लेती हैं, खर्च करता है तो कर लेती हैं और बचाता है तो भी उसपर कर लेती हैं। कर में कहीं से कोई दो बार छूट न ले ले और किस तरह एक ही कमाई पर कई बार कर लिया जा सके इसके लिए नए नए प्रावधान लाती है। कर देने में समस्या नहीं है, लेकिन यह प्रश्न भी उचित है कि कर के बदले उसे विशेष क्या मिल रहा है?

सरकार कहती है सड़क, बिजली,पानी सुरक्षा। लेकिन सड़कों पर गड्ढे और जलभराव कुछ और कहते हैं। टोल, भारी भरकम चालान भी तो वसूले जाते हैं। सड़कों को घेर कर बैठे हुए आंदोलनकारी, रेलगाड़ियों पर पथराव करते लोग, यहां वहां होती हत्या और लूट कुछ और ही कहानी कहती हैं। रेलों की लेट-लतीफी और भीड़, परीक्षा और भर्तियों में धांधली कोई सुख नहीं देती।

बड़ी–बड़ी महंगी एसयूवी और अत्याधुनिक तकनीक से लैस ट्रैक्टरों में बैठकर, जब कई एकड़ जमीन के मालिक सरकार से अपना कर्ज माफ करवाने और सुविधाओं के लिए राजधानी घेरकर बैठ जाते हैं तब वह अंदर से कुढ़ता है। इनकी कमाई पर कोई कर नहीं है, अरबों की संपत्ति है फिर भी सरकार से सबकुछ चाहते हैं। और एक वह है जो अपनी कमाई में से एक हिस्सा देता है, लेकिन संपत्ति के नाम पर उसके पास कुछ नहीं है। उसके पास न अपनी जमीन है न छत। फ्लैट भी ७० गज से बड़ा नहीं है। इन एसयूवी वालों के सामने स्वयं को निर्धन और बहुत छोटा महसूस करता है।

सरकार की नीति से लगता है कि धीरे धीरे समाज में मध्यमवर्ग की अवधारणा समाप्त होती जाएगी। केवल दो वर्ग रह जाएंगे अमीर और सरकारी। क्योंकि सरकार मान चुकी है कि जो कर दे सकता है वह अमीर है और उससे और अधिक वसूला जाना चाहिए। किसी की पीढ़ियों की संपत्ति पर अनाप शनाप कर लगाएंगे तो कोई क्यों ईमानदारी से उसकी कीमत बताएगा? लोग अपने बच्चों के लिए जमा करते हैं। हर पीढ़ी अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए बचत करती है और चाहती है कि कुछ छोड़ जाए। ताकि उसके बच्चे वहां से शुरुआत न करें जहां से उसने शुरू किया था। उसके बच्चे एक सीढी ऊपर चढ़ें। बचत भी इसलिए नहीं होती कि उसके पास कुछ अधिक है, वह अपनी और अपने बच्चों की कुछ इच्छाओं को कुचलता है तब चार पैसे बचाता है। बचत पर कर लगाना ईमानदारी से जीवनयापन करने वालों की आकांक्षाओं की हत्या करना ही है। इससे आप काले धन की अर्थव्यवस्था को ही बढ़ावा दे रहे हैं।  जब ईमानदारी से नहीं बचाने देंगे तो कल को वही व्यक्ति बेईमानी से बचाएगा, तब?

समय के साथ सबकी आकांक्षाएं और इच्छाएं बदली हैं। किसी और के ऊपर उठने से समस्या नही है लेकिन मध्यम वर्ग को भी अपने स्तर से उठने के लिए सरकार को जगह देनी होगी। उसके हाथ में उसकी कमाई और बचत को छोड़ना होगा।

One response to “मध्यम वर्ग: समय के साथ बदलती जीवनशैली, महत्त्वाकांक्षाएं और आवश्यकताएं”

  1. क्या बहरे राजनीतिक और बड़े बाबू यह सब सुनेंगे और सुन लेंगे तो क्या उस पर कार्य करेंगे, नहीं क्योंकि इससे यह वर्ग उनके घुटनो तक पहुंच जाएगा। बहुत डरपोक वर्ग है राजनीतिक और बड़े बाबुओं का।

Leave a Reply

Trending