विज्ञान, वेद और स्मृतियाँ

यह लेख खगोल विज्ञान, क्वांटम भौतिकी और वैदिक ज्योतिष के बीच संबंधों को दर्शाती है। यह मानव जीवन पर आकाशीय पिंडों और तरंगों के प्रभाव की खोज करता है, विज्ञान और रहस्यवाद के बीच की खाई को पाटता है। यह अस्तित्व की गहरी समझ के लिए इन विविध दृष्टिकोणों के सामंजस्य की क्षमता पर जोर…

यह लेख खगोल विज्ञान, क्वांटम भौतिकी और वैदिक ज्योतिष के बीच संबंधों को दर्शाती है। यह मानव जीवन पर आकाशीय पिंडों और तरंगों के प्रभाव की खोज करता है, विज्ञान और रहस्यवाद के बीच की खाई को पाटता है। यह अस्तित्व की गहरी समझ के लिए इन विविध दृष्टिकोणों के सामंजस्य की क्षमता पर जोर देता है।

कितना अच्छा दौर था न वो, जब गर्मी के दिनों में हम छत पर सोया करते थे और आसमान को टकटकी लगा कर निहारा करते थे। एक काली सी चादर पर करीने से टांके गए तारे, चांद और एक काला सा रहस्यमई आसमान, जहां तक जा पाने की कोशिश शायद हमारे बचपन वाले सपनों ने जरूर की थी? चांद, सूरज, सितारे समझ के बाहर थे फिर भी उनसे रिश्ता जुड़ा होता था। 

भोर सूर्य को जल का अर्घ्य देने से दिन आरंभ होता था, रात को चंदा मामा की चांदनी से लिपटी कहानियां के संग होती थी। ध्रुव तारे का वर्णन इत्यादि से दिन की इति होती थी। 

आखिर क्यों भला एक संस्कृति अपने बच्चों में ग्रहों, नक्षत्रों, सितारों का ज्ञान एक रुचिकर माध्यम से भरने की कोशिश कर रही थी? क्या था उसके पास, जो रहस्यमय था और उसके लिए खगोलीय ज्ञान आवश्यक था?

वह पंडित जी हम सभी को याद होंगे, जो बच्चे के जन्म के समय एक पत्रिका में कुछ आड़ी तिरछी रेखाओं के बीच ग्रहों के नाम का पहला अक्षर लिख दिया करते थे,

उसके ऊपर अपनी गणना कर के शुभ और अशुभ फल लिखा करते थे। क्या वह सिर्फ अंधविश्वास था या उसके अंदर निहित थी एक कुंजिका की शक्ति जो भौतिक, खगोल और वैदिक विज्ञान की धाराओं सही दिशा देने में सक्षम थी?  इन सवालों को अपने दिलों में ले कर हम सभी अक्सर घूमा करते हैं। अंतिम सत्य क्या है, किसे पता? 

ज्योतिष एक अस्पष्ट स्थान है, जहां हम खगोल और भौतिकी के इतने करीब से गुजरते हैं कि अच्छे खासे लोगों को समझ नहीं आता कि क्या ये सच में अलग अलग हैं या हम अपने अभिमान अथवा अज्ञान में इन्हें सिर्फ अलग अलग ही देखना चाहते हैं? उत्तर आज भी बहु-प्रतीक्षित है। 

आधुनिक भौतिकी जैसे जैसे जवान हुई, वह क्वांटम के क्षेत्र में घूमने फिरने लगी। उसको मालूम हुआ कि ब्रह्मांड 

सूचना और ऊर्जा का एक जाल है। कण और तरंगे अलग अलग प्रकार से विभिन्न रूपों में अस्तित्व में होते हैं और उनके बीच संबंध जटिल होते हैं। हाइजनबर्ग बता चुके थे कि किसी भी कण की स्थिति और वेग को एक साथ सटीक तरीके से नहीं मापा जा सकता। अनुमान लगाया जा सकता है। पर्यवेक्षक की अपनी स्थिति इस गणना पर प्रभाव डाल सकता था। क्वांटम एंटेंगलमेंट की थ्योरी यह बताने लगी कि दो कण चाहे वह कितनी भी दूरी पर हों, एक दूसरे से गुणों में चाहे कितने भी अलग हों, वह एक दूसरे से जुड़े हो सकते हैं। आइंस्टीन ने इसे “स्पूकी एक्शन एट ए डिस्टेंस”  का भी नाम दिया था। 

बारह राशियों में सौर मंडल को बाँटता एक पुरातन विज्ञान जहाँ ग्रहों के कुछ समूह, उनकी भौतिक स्थिति और डिग्री का किसी स्थान और समय विशेष पर पैदा हुए इंसान के ऊपर प्रभाव को मापा जाता हो, वह भौतिकी के इन नियमों को जानने के बाद सिर्फ तुक्का या सिर्फ अंधविश्वास होगा, यह मेरा मन तो यह मानने से इंकार करता है।

ग्रहों या नक्षत्रों का प्रभाव मात्र पृथ्वी पर नही, बल्कि पूरे सौर मंडल पर पड़ता है। गुरुत्वाकर्षण के नियम को माने तो गुरुत्वाकर्षण की शक्ति एक पिंड किसी दूसरे पिंड पर दूरी के वर्ग के वयुत्क्रमानुपाति होती है एवम् उन दोनों पिंडों के द्रव्यमान के फल के बराबर होता है। 

एक तरफ भौतिकी जहां इन नियमों की गणितीय व्याख्या करती है, वही वैदिक ज्योतिष इन्हीं घटनाओं का एक आम इंसान के ऊपर हो रहे प्रभाव की बात करता है।

वैदिक ज्योतिष में कालचक्र अथवा समय के चक्र का महत्वपूर्ण स्थान है। यह माना जाता है कि कालचक्र में समय के विभिन्न युग होते हैं, और हर युग में अलग-अलग प्रकार की घटनाएं घटित होती हैं। आधुनिक भौतिकी में भी समय का विचार बहुत महत्वपूर्ण है, खासकर अनिश्चितता के सिद्धांत के संदर्भ में। 

क्वांटम यांत्रिकी के अनुसार, कोई भी घटना पूर्ण रूप से निश्चित नहीं होती, बल्कि उसकी संभाव्यता होती है। यही विचार ज्योतिष में भी मिलता है, जहां ग्रहों की स्थिति के आधार पर भविष्यवाणियां की जाती हैं, लेकिन वे हमेशा पूर्णतः निश्चित नहीं होतीं। 

वैदिक ज्योतिष में ग्रहों की स्थिति और उनकी गति को गणना के माध्यम से समझा जाता है, जो कि गणितीय रूप से भी सही है। एक ज्योतिषी जन्म के समय सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति को देखकर एक कुंडली बनाता है। अगर हम इसे भौतिकी के दृष्टिकोण से देखें, तो यह एक प्रकार का ज्योतिषीय मैट्रिक्स है जो व्यक्ति की ऊर्जा और उसकी ग्रहों से प्रभावित चेतना का विश्लेषण करता है।

इतनी बात हुई तो यह अलग से बताना तो नही पड़ेगा कि वैदिक ज्योतिष में ऊर्जा का समन्वय बनाए रखने के लिए मंत्रों और यज्ञों का रास्ता दिखाया जाता है, और तरंगों मुख्यतः ध्वनि तरंगों का प्रभाव और उसका चिकिस्तकीय इस्तेमाल सर्व विदित है। इंटरनेट पर अच्छे जर्नल्स मिल जायेंगे जहां ध्वनि थेरेपी से जुड़ी जानकारी है।

आधुनिक भौतिकी और वैदिक ज्योतिष का संगम हमें इस ब्रह्मांड को समझने के एक नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है। जहां विज्ञान हमें ब्रह्मांड की संरचना और नियमों का गहन अध्ययन करने का मौका देता है, वहीं ज्योतिष हमें जीवन और भाग्य के रहस्यों का पता लगाने में मदद करता है। इन दोनों का संयोजन एक समग्र दृष्टिकोण को जन्म देता है, जो न केवल तर्क और गणित पर आधारित है, बल्कि चेतना और आत्मा की गहराई तक जाता है।

इतनी सारी संभावनाएं हैं जिन्हें सिरे से नकारा नहीं जा सकता। सिर्फ इस आधार पर कि ये अंधविश्वास का हिस्सा है, बिलकुल भी नहीं!

त्रुटियाँ हो सकती हैं, अच्छाइयां भी हो सकती हैं, पर बिना उत्तम शोध के किसी भी परिणाम पर आना मुझे नही लगता है सही होगा।

अगर हम ज्योतिष और विज्ञान के दो अलग अलग किनारों पर एक पुल बना कर इन्हें जोड़ने की कोशिश करें तो क्या पता हमें उन प्रश्नों के उत्तर मिलें जिन्होंने मानवता को सदियों से विचलित कर रखा है? 

यह न केवल ब्रह्मांड से हमारे रिश्ते को एक नवीन पहचान देगा बल्कि हमारे अपने अस्तित्व के कई अनछुए पहलुओं को उजागर करेगा। 

2 responses to “विज्ञान, वेद और स्मृतियाँ”

  1. Nice word’s

Leave a Reply

Trending