लेखकों का धरना

वैसे तो हिंदी लेखकों को कोई नहीं पूछता। लेखक लिखें या न लिखें अपनी बला से। लेखक भी आत्ममुग्ध हैं, मानते ही नहीं, लिखते ही रहते हैं। कहते हैं स्वांत:सुखाय लिखते हैं। उन्हें भी इस बात से कोई मतलब नहीं है कि उन्होंने जो लिखा उसे कोई पढ़े। जिसे पढ़ना है पढ़ ले, न पढ़े…

वैसे तो हिंदी लेखकों को कोई नहीं पूछता। लेखक लिखें या न लिखें अपनी बला से। लेखक भी आत्ममुग्ध हैं, मानते ही नहीं, लिखते ही रहते हैं। कहते हैं स्वांत:सुखाय लिखते हैं। उन्हें भी इस बात से कोई मतलब नहीं है कि उन्होंने जो लिखा उसे कोई पढ़े। जिसे पढ़ना है पढ़ ले, न पढ़े तो अपनी बला से। यह प्रेम भावना लेखकों और पाठकों के बीच परस्पर है। आजकल जो लेखक है वही प्रकाशक है, वही वितरक है, वही विक्रेता है। वही प्रचार करता है। वही बेचता है, वही खरीदता है। लेखक कमाने के लिए नहीं लिखता, बल्कि लिखने के लिए अलग से कमाता है।

अजय चंदेल

वैसे तो हिंदी लेखकों को कोई नहीं पूछता। लेखक लिखें या न लिखें अपनी बला से। लेखक भी आत्ममुग्ध हैं, मानते ही नहीं, लिखते ही रहते हैं। कहते हैं स्वांत:सुखाय लिखते हैं। उन्हें भी इस बात से कोई मतलब नहीं है कि उन्होंने जो लिखा उसे कोई पढ़े। जिसे पढ़ना है पढ़ ले, न पढ़े तो अपनी बला से। यह प्रेम भावना लेखकों और पाठकों के बीच परस्पर है। आजकल जो लेखक है वही प्रकाशक है, वही वितरक है, वही विक्रेता है। वही प्रचार करता है। वही बेचता है, वही खरीदता है। लेखक कमाने के लिए नहीं लिखता, बल्कि लिखने के लिए अलग से कमाता है।

भालू (Bha.L.U) अर्थात भारतीय लेखक यूनियन की स्थापना लेखकों की इन्ही हरकतों के कारण हुई थी। एक बार लेखकों की स्थिति पर चिंतन-मनन करने के लिए भालू की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। भालू के दोनों सम्मानित सदस्यों ने मिलने की योजना बनाई। एक सदस्य तो स्थापित लेखक बन चुके थे, दूसरे अभी लिखने का संघर्ष कर रहे थे। जैसा कि पुराने हिंदी लेखकों का चित्र सामने आता है – कंधे पर झोला, धोती, कुर्ता उसपर नेहरू जैकेट। बालों में तेल, माथे पर तिलक और पैरों में बिना फीते की धूल से सनी पन्हैया। दोनों ऐसे बिल्कुल नहीं दिखते थे।

एक ने सूट पहना था और दूसरे ने जींस–टीशर्ट। जहाँ आजकल जींस को लेकर लोग बड़े उत्साहित हैं, लेखकों को इस पचड़े में पड़ने में कोई रुचि नहीं है। लेखक जींस बड़ी साधारण होती है। उनकी टीशर्ट भी कोई क्रांति लाने की क्षमता नहीं रखती।

दोनों किसी चाय की गुमटी पर बढ़िया दूध–शक्कर अदरक वाली चाय सुड़कते हुए बैठकर बात कर सकते थे। लेकिन लेखकों की इज्ज़त होती है, अंग्रेजी लेखकों की तो पक्का होती है। वामपंथी हों तो हिंदी लेखक भी थोड़ी बहुत इज़्ज़त पा जाते हैं। इज़्ज़तदार लेखक कॉफी हाउस से नीचे किसी जगह में कैसे बैठ सकते हैं। इसी विचार के साथ दोनों दक्षिण भारतीय कॉफी हाउस में जा सकते थे, लेकिन वे हिंदी लेखक थे। हिंथी यिंपोजिशन के नाम पर भगाए जा सकते थे। दोनों न वामपंथी थे न अंग्रेजी लेखक। अपनी चाय खुद घर में भी बनाकर पी सकते थे, लेकिन कॉफी हाउस में खुद चाय का आनंद और है। दोनों ने निर्णय किया कि वे सीसीडी में जाकर अपने लिए बिना दूध, बिना शक्कर और बिना चायपत्ती वाली चाय स्वयं बनाकर पिएंगे।

दोनों ने गहन चिंतन करके यह निष्कर्ष निकाला कि हिंदी लेखकों का सम्मान इसलिए नहीं है क्योंकि इनका कोई अपना संगठन नहीं है। संगठन में शक्ति है। संगठन हो तो एक दूसरे को प्रोत्साहित कर सकते हैं। कभी–कभी सम्मान और पुरस्कार भी दे सकते हैं। एक दूसरे की पुस्तक की समीक्षा और आलोचना आदि कर सकते हैं। संगठन हो तो शक्ति प्रदर्शन कर सकते हैं। कभी–कभी कोई धरना–प्रदर्शन–जुलूस भी निकाल सकते हैं। लेखकों को वर्ष में कम से कम एक बार धरना अवश्य देना चाहिए। ताकि समाचार पत्र में उनका नाम छप सके।

धरना–प्रदर्शन के योजना बनाई जाने लगी। एक सूची तैयार की गई।

१. सबसे पहले हम शहर के व्यस्ततम चौराहे पर जमा होंगे।

२. दीप प्रज्वलित कर कवि शांतिलाल जी सरस्वती वंदना करेंगें।

३. सभी लेखक और कवि सड़क घेर कर बैठ जाएंगे। और एक मंच से बारी–बारी भाषण देंगे।

४. तत्पश्चात जलपान होगा और सभा विसर्जित कर दी जाएगी।

यह सूची लेकर भालू के दोनों सम्मानित सदस्य तीसरे लेखक के पास पहुँचे। तीसरे लेखक ने कहा यह सब तो ठीक है लेकिन इसमें एकाध विमोचन और सम्मान वगैरह हो जाता तो अच्छा रहता। सूची में विमोचन जोड़ लिया गया और शहर के सबसे बुजुर्ग लेखक का सम्मान श्रीफल और शॉल से करना निश्चित हुआ। लेकिन विमोचन किसकी पुस्तक का होगा?

पुस्तकों और लेखकों की कमी नहीं है। रोज सैकड़ों पुस्तकें छप रही हैं और बिना विमोचन के ही रद्दी में जा रही हैं। कोई न कोई मिल ही जाएगा। ऐसे एक लेखक की तलाश शुरू हुई। प्रविष्टियां मांगी गईं। १२०० पुस्तकें विमोचन के लिए तड़प रही थीं। खबर सलीम जादौ तक पहुँच गई। उनकी बांछे खिल उठीं। अहा! एक और आंदोलन। अब मैं लेखक बनूंगा। लोगों ने प्रविष्टियाँ भेजी, सलीम स्वयं पहुंचे।

भालू के सदस्यों ने पूछा – “आप अनुभवी लेखक हैं?”

उन्होंने कहा – “लेखक तो नहीं हैं लेकिन अनुभवी आंदोलनकर्ता हैं। आपके आंदोलन को लेखकों की नहीं आंदोलनकर्ताओं के आवश्यकता है।”

भालू सदस्य बोले – “नहीं हम स्वयं कर लेंगे।”

सलीम बोले – “बिना भीड़ के आंदोलन सफल नहीं होता। तुम लोग शकल से ही बेसुरे लगते हो। तरन्नुम में गा नहीं सकते। इतनी देर से एक गाली तुम्हारे मुँह से निकली नहीं। स्टैंडअप तुमसे होगा नहीं। भीड़ कहाँ से लाओगे?”

बात तो सच थी। सलीम फिर बोले – “ज़रा कार्यक्रम की सूची दिखाओ।”

सूची को ऊपर से नीचे तक देखा, फिर बोले – “यह धरना है या अखिल मोहल्ला साहित्य सम्मेलन? इसमें धरना प्रदर्शन के मूलभूत सिद्धांत कहाँ हैं? मुद्दा कहाँ है? मांगें कहाँ हैं?”

भालू अपने अल्पज्ञान पर लज्जित हुए। बोले -“आप ही बताइए। अब तो धरना आपके ही मार्गदर्शन में होगा।”

सलीम – “अब आए न लाइन पर। इसमें दो तीन मांगें जोड़िए। भीड़ जमा करने के लिए कोई राष्ट्रीय स्तर का कवि बुलाइए जो तरन्नुम में गा सके। धरना सुबह ८ बजे शुरू होगा। मीडिया को बुलाइए उनके चाय समोसों का इंतजाम होना चाहिए। एक एंबुलेंस वाले से बात कीजिए। जो ठीक पौने दस बजे धरना स्थल से निकलेगा भीड़ उसे मार्ग देगी। मीडिया लाइव दिखाएगा। एकाध एक्टर चाहिए होगा जो धूप में चक्कर खाकर गिर सके। चार कुशल वक्ता चाहिए को मीडिया को बाइट देते रहें। ये सब बुनियादी चीजें हैं। टेंट का इंतजाम करना होगा। एक टोली लंगर वालों की चाहिए जो शरबत वगैरह बांटते रहें। आप लेखक हैं नारे आप लिख ही लेंगे, और अगर लगा सकें तो ठीक वरना नारे लगाने के लिए छात्रसंघ की एक ढपली वाली टोली बुलानी पड़ेगी।”

“इतना सब करने में तो बहुत मुश्किल होगी आदरणीय” भालू बोले।

“धरना आसान काम नहीं है। बहुत प्लानिंग करनी पड़ती है जी। अच्छा, दो चार लाठियाँ तो आप खा ही लेंगे?”

“लाठियाँ! लाठियाँ क्यों? यह तो शांतिपूर्ण प्रदर्शन होना है।”

“जब तक पुलिस लाठी न चलाए और मीडिया उसकी रिकॉर्डिंग न चलाए, सरकार का ध्यान भी नहीं जाता। लाठी तो खानी ही पड़ेगी।”

“इसके बिना काम नहीं चलेगा? कहाँ हम लेखक और कहाँ लाठी?”

“घबराइए मत, पुलिस वाला अपना ही होगा। धीरे मारेगा। फिर भी आपसे न हो सके तो दस के करीब जोशीले पंटर लगेंगे जो पुलिस को भड़का सकें, और लाठी खा सकें। लेकिन तुम में से एक को लाठी खाने के लिए तैयार रहना होगा।”

“बहुत कठिन काम लगता है।”

सलीम – “सब मुझ पर छोड़िए। आप बस बताइए पेमेंट कैश करेंगे या चेक।”

“पेमेंट? धरने का भी पेमेंट होगा?”

“बिना पेमेंट के तो आपकी किताब नहीं छपती, धरना कैसे होगा?”

लेखक असमंजस में थे। धन कहाँ से आएगा। तो क्या धरना रद्द हो गया समझें?

सलीम बोले “अगर धन की कमी हो तो प्रायोजक भी हम ले आयेंगे। बस अपने मुद्दों में दो मुद्दे हमारे भी जोड़ दीजिए।”

“आपके क्या मुद्दे हैं?”

“देशद्रोह के आरोप में जेल में बंद चार लोगों को छुडाना है। कश्मीर में ३७० लगाना है। और सरकार अपने कानून वापस ले।”

“कौन से कानून?”

“जो भी धरने के समय बने हों। कोई भी चलेंगे। वैसे आपके मुद्दे क्या हैं?”

“हमारे ऐसे तो कोई मुद्दे नहीं हैं।”

“फिर भी कोई मुद्दे तो होंगे। कोई तो नाराजी होगी?”

“ऐसी तो कुछ खास नहीं।”

“तो कोई नहीं, हम करवा देंगें। आप सरकार से अपने हर लेख पर न्यूनतम समर्थन मूल्य माँगिये। सरकार हर लेखक को लिखें के लिए पेन, कागज़ उपलब्ध करवाए और हर लेख को कम से कम २ रुपए प्रति शब्द में खरीदे। प्रति किताब दस हजार रुपए प्रति माह रॉयल्टी दे।”

“सरकार ऐसा क्यों करेगी?”

“क्योंकि आप आंदोलन करेंगे।”

“लेकिन हमारे आंदोलन से सरकार ऐसा क्यों करेगी?”

“नहीं करेगी तो आप सरकार के विरोध में लिखिए। या पुस्तकालय जला दीजिए।”

“हम ऐसा क्यों करें? पुस्तकालय जलाएं अक्ल के दुश्मन।”

“फिर मुद्दा आप ही बताइए। कोई लेखक/कवि कभी तो नाराज़ हुआ होगा?”

“होते तो छोटी छोटी बातों पर हैं। एक कविवर तो इस बात पर नाराज़ हो गए कि वे व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी रचनाएं पोस्ट करते हैं लेकिन कोई कुछ प्रतिक्रिया नहीं देता। एक दिन उन्होंने ऐसी रचना पोस्ट की जो उन्हें अपनी सर्वश्रेष्ठ रचना लगी। लेकिन किसी ने प्रशंसा तो छोड़िए एक लाइक भी न किया तो व्यथित हो गए। दुखी मन से पोस्ट किया – आप मेरी रचनाओं की तारीफ करने की आदत डालें आदरणीय। कवि को रोटी की भूख लगे न लगे प्रशंसा की भूख लगती ही है।”

“तो आप सरकार से प्रशंसा की माँग कीजिए। कुछ नहीं तो सरकार लाइक और कमेंट ही उपलब्ध करवाए।”

“तो हम धरना इसलिए दें कि सरकार आपके चार साथियों को जेल से छोड़ दे और कश्मीर में ३७० लगा दे और हमें लाइक और कमेंट। आप रहने दीजिए मालिक ये धरना वरना हमसे न हो पाएगा।”

“यही तो विडंबना है इस देश की कोई संघर्ष ही नहीं करना चाहता।” यह कह कहते हुए सलीम वहाँ से चले गए और भालू ने भी अपना धरना न करने का फैसला किया।

वे छोटे–मोटे गोष्ठी–सम्मेलनों में ही खुश थे। उन्हें लेखन के अलावा नौकरी भी करनी थी और इतना समय नहीं था कि धरने पर सड़क घेर कर महीनों बैठ सकें। ऊपर से उनका लिखा न किसी का पेट भर सकता है, न मन। न वे अन्नदाता हैं, न संगठित मतदाता, जो कुछ न भी करें तो उनका घर चलता रहे।

Leave a Reply

Trending