फ़िल्म ‘इमरजेंसी’ पर आपातकाल

भाजपा की बौद्धिक शौर्यहीनता ने ऐतिहासिक तथ्यों को धता बताते हुए और वर्तमान असुविधाओं को अनदेखा करते हुए हरियाणा के देशभक्त समाज को पृथकतावादी कांग्रेस-समर्थित खलिस्तान आंदोलन के साथ खड़ा हो जाने दिया है।

छोटे पहलवान बोले, ‘‘रंगबाज़ी की बात नहीं बेटा, मेरा तो रोआँ–रोआँ सुलग रहा है ! जिस किसी की दुम उठाकर देखो, मादा ही नज़र आता है। बैद महाराज के हाल हमसे न कहलाओ। उनका खाता खुल गया तो भम्भक–जैसा निकल आएगा। मूंदना भी मुश्किल हो जाएगा।

– राग दरबारी, श्रीलाल शुक्ल

कंगना रनाउत की भारत में कांग्रेस शासन में इंदिरा गांधी द्वारा लगाये गये आपातकाल पर आधारित फ़िल्म ‘इमरजेंसी’ प्रदर्शन के लिए तैयार है परंतु भारत सरकार की फ़िल्म प्रमाणीकरण एजेंसी के प्रमाणपत्र के अभाव में और उग्रवादी सिख धार्मिक संस्थाओं के दबाव में फँस गई है। कंगना अपनी पीढ़ी की अन्य अभिनेत्रियों से भिन्न मुंबई के फ़िल्मी परिवारों में बाहरी हो कर, हिमाचल के पहाड़ी गाँव से जाकर स्वयं के लिये एक स्थान बनाने में सफल हुई है। अपने मुखर व्यक्तित्व और बेलाग़ बयानों के लिये अक्सर चर्चा में भी रही हैं।

महाराष्ट्र में पिछले विधान सभा चुनावों में भाजपा और शिवसेना ने नागरिकों के समक्ष कांग्रेस की भ्रष्टाचार लिप्त और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की राजनीति के विरुद्ध एक साझा विकल्प प्रस्तुत किया था। इस विकल्प के मुख्यमंत्री प्रत्याशी देवेंद्र फडनविस थे। चुनाव में भाजपा -शिवसेना का गठबंधन सबसे अधिक मत प्राप्त कर के सबसे लोकप्रिय विकल्प के रूप में और भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। चुनाव के उपरांत कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री पद का प्रलोभन दे कर अपने साथ किया और राकाँपा के शरद पवार के साथ मिल कर महाविकास अघाड़ी के नाम से सरकार बनायी। इस सरकार ने फ़िल्म अभिनेताओं, पत्रकारों आदि के गठजोड़ से एक भ्रष्ट और तानाशाही शासन की स्थापना की जिसकी एकमात्र स्मृति विपक्ष के समर्थन में बोलने वाले सामान्यजनों की बेलाग़ गिरफ़्तारी और अत्याचार था। इस समय जब रुके हुए जनकल्याण की योजनाओं के अलावा सोशल मीडिया पर मुंबई फ़िल्म उद्योग के प्रमुख कलाकारों के द्वारा उद्धव ठाकरे को ब्रह्मांड का सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री घोषित करने की युक्तियाँ प्रसिद्ध थी, और मुंबई दो युवा कलाकारों, सुशांत सिंह राजपूत और दिशा सालियान की अप्रत्याशित मृत्यु (जिनके हत्या होने के क़यास आज भी लग रहे हैं) से स्तंभित था, उस वक्त कंगना का ही स्वर इन अभागे मृतकों के पक्ष में और सरकारी संवेदनहीनता के विरोध में उठा था।

कांग्रेस-शिवसेना की सरकार ने प्रतिशोधात्मक कार्यवाही में कंगना का घर विध्वंस किया (आज कांग्रेस -शिवसेना उत्तरप्रदेश में बाबा योगी आदित्यनाथ के बुलडोज़र न्याय के विरोध में कमरबंद है)। स्थिति पलटी और शिवसेना के विखंडन के पश्चात महाराष्ट्र में भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट की सरकार बनी गई। कंगना को भाजपा की ओर से हिमाचल की मंडी से सांसदी का टिकट मिला। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी घोषित होते ही कंगना के प्रति कांग्रेस की ओर से आक्रमण तीक्ष्ण होते गये। कांग्रेस के मीडिया सेल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कंगना की मंडी से उम्मीदवारी पर एक स्त्री होते हुई ऐसी अश्लील टिप्पणी की कि किसी सभ्य समाज में उनका प्रमुख राष्ट्रीय चैनलों में प्रतिबंधित हो जाना तय होता।परंतु भारत श्रीलाल शुक्ल के राग दरबारी मी चित्रित शिवपालगंज का ही एक रूप है जो दिन प्रतिदिन और भी अधिक विद्रूप होता जा रहा है। एक आत्मनिर्भर, सफल, स्वतंत्र स्त्री को एक वेश्या के रूप में निरूपित करता कथन चुनावी जोश के नाम पर आयी गई बात हो गई। कंगना कांग्रेस को हरा कर सांसद बनी परंतु एक विद्वेषपूर्ण पार्टी के रूप में कांग्रेस का द्वेष उसके प्रति कम नहीं हुआ। सांसद बनने के तुरंत बाद विदेशी ताक़तों के माध्यम से खलिस्तान समर्थक सिखों के द्वारा किए गए किसान आंदोलन के नाम पर एक सुरक्षा कर्मचारी के द्वारा कंगना पर एयरपोर्ट पर सार्वजनिक आक्रमण कराया गया।

इस बीच में कंगना ने एक बयान दिया जिस में किसान आंदोलन में बीच एक व्यक्ति की निहंग सिखों के द्वारा नृशंस हत्या और बंगाल से आयी युवा महिला कार्यकर्ता के साथ कथित सामूहिक बलात्कार पर चर्चा थी। यह दोनों घटनायें भारत के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में प्रकाशित हुई थी और पुलिस और स्वयं किसान नेताओं के द्वारा स्वीकारी भी गई थी।

कांग्रेस ने इन घटनाओं के उल्लेख मात्र को कृषक वर्ग के अपमान से जोड़ दिया जो ऐसा ही था जैसे ९/११ के आतंकियों के विषय में कहना सिविल इंजीनियर का अपमान हो। परंतु, जैसा मुझे लगता है भाजपा पूर्ण बहुमत से नीचे रह कर और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस में अभूतपूर्व विकास कार्य करने के बाद भी अजय राय जैसे टटपूँजिया नेता से एक संघर्षपूर्ण चुनाव में मात्र लगभग एक लाख वोट से जीतने के बाद इस सीमा तक हतोत्साहित हो गये हैं कि मानो कांग्रेस के कुटिल प्रचार का सशक्त प्रतिकार करने का ही साहस त्याग चुके हैं। यह निरुत्साह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी नये अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी में भी दिखता है। बहरहाल, इस विषय पर पार्टी ने स्वयं को कंगना के कथन से अलग कर लिया।

“जब आप किसी की जिह्वा काट लेते हैं तो आप उसे झूठा सिद्ध नहीं कर लेते हैं। आप मात्र यह प्रसारित कर देता हैं कि आप उसके सत्य से भयभीत हैं।”

– ए क्लैश ऑफ़ किंग्स, जॉर्ज आर आर मार्टिन,

ऐसे ऊहापोह के समय कंगना की फ़िल्म ‘इमरजेंसी’ के प्रदर्शन की तिथि आ गई। भारतीय जनता पार्टी के प्रबल समर्थकों को चकित करते हुए, भाजपा ने न सिर्फ़ इस फ़िल्म के समर्थन से हाथ खींच लिया, यदि सेंसर प्रमाणीकरण संस्था को यदि हम सरकार का ही एक अंग माने, तो पार्टी ने इस फ़िल्म का विरोध ही कर दिया। यदि इस विरोध को हरियाणा चुनाव से जोड़ के देखा जाये तो इसे पार्टी के नेतृत्व की अपरिपक्वता ही कहा जायेगा। पंजाब के धनाड्य कनाडा पोषित किसान आंदोलन पंजाब के विभाजनकारी सिख आंदोलन के प्रमुख पीड़ित तो हरियाणा निवासी ही रहे। यदि कांग्रेस आज कथानक पर नियंत्रण कर के हरियाणावासियों को उन ख़ालिस्तानियों के साथ खड़ा कर पा रही है जो पंजाब में अलगाववादी सिख हिंसा के द्वारा सबसे अधिक पीड़ित थे, तो यह कांग्रेस की सफलता से अधिक भाजपा की विफलता है। भाजपा संभवतः उस दौर से गुजर रही है जब उसके कार्यकर्ताओं का मुख शीर्ष नेतृत्व की ओर और पृष्ठभाग उस जनता की ओर है जिसे उसको लुभाना है।इसी कारण भाजपा उस हरियाणा को विभाजनकारी खलिस्तानी राजनीति के प्रति सजग नहीं कर पा रही है जिसकी पृष्ठभूमि में हिंदू बहुल होने के कारण, पानी के विवाद के कारण और साझा राजधानी के कारण हरियाणा विरोध ही है। भाजपा की बौद्धिक शौर्यहीनता ने ऐतिहासिक तथ्यों को धता बताते हुए और वर्तमान असुविधाओं को अनदेखा करते हुए हरियाणा के देशभक्त समाज को पृथकतावादी कांग्रेस-समर्थित खलिस्तान आंदोलन के साथ खड़ा हो जाने दिया है।

भाजपा का हरियाणा और केंद्रीय नेतृत्व इस सीधे साधे गणित को नहीं समझ पा रहा है कि पंजाब में जहाँ ३८ प्रतिशत जनसंख्या हिन्दू और ५६% जनता सिख है, इसके ठीक उलट हरियाणा में ८७ प्रतिशत जनता हिंदू और ५% जनता सिख है। मेरा मानना यह है कि पंजाब में भी इस ५३ प्रतिशत सिख जनता में से मात्र १० प्रतिशत ही भारत-विरोधी और पृथकतावादी होंगे। अधिकांश सिख अपनी हिंदू आस्था और इतिहास के प्रति सजग हैं। आज के समय ख़ालिस्तान का समर्थन उन गिनती के सिखों को उत्साहित करता है, और बहुमत हिंदुओं और सिखों को हतोत्साहित कर देता है। १४ फ़रवरी १९८४ को जब भिंडरावाले ने छह पुलिसवालों को बंधक बना लिया था,और हिंदुओं ने हताश हो कर प्रतिकारात्मक हड़ताल का आह्वाहन हिंदू सुरक्षा समिति के पवन कुमार शर्मा की नेतृत्व में किया था, उसकी आवाज़ सबसे ऊँची हरियाणा में ही सुनाई दी थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री भजनलाल ने तब मंच से कहा था कि हिंदुओं का धैर्य चुकता जा रहा है, और पंजाब की हिंसा का विरोध में हरियाणा में दंगे भड़क गये थे। मार्क तुली और सतीश जैकब के अनुसार -भजन लाल ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर दिया था और उनके पक्ष को अब अनदेखा नहीं किया जा सकता था (अमृतसर: इंदिरा गांधी का अंतिम युद्ध, पृष्ठ ११७)। इस नैसर्गिक संघर्ष की पृष्ठभूमि में यदि किसान आंदोलन के नाम पर हरियाणा का समाज आज खलिस्तानियों के साथ दिख रहा है तो भाजपा को अपने प्रचार तंत्र, ख़ुफ़िया तंत्र और हरियाणा की सरकार, तीनों से प्रश्न पूछने चाहिए।

आज जब फ़िल्म इमरजेंसी के प्रदर्शन में रुकावट के संदर्भ में याचिका महाराष्ट्र उच्च न्यायालय में पहुँची है, उसकी सुनवाई को समझें तो इसमें भारतीय जनता पार्टी का प्रत्यक्ष नहीं तो परोक्ष विरोध दिखता है। न्यायालय में फ़िल्म के निर्माताओं की ओर से एडवोकेट व्यंकटेश धोंध और सरकार (अथवा केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड) ओर से एडवोकेट अभिनव चंद्रचूड़ जज बर्गेस कोलाबावाला और फ़िरदौस पूनीवाला की बेंच के समक्ष थे। इसमें सरकार की ओर से दलील दी गई कि कंगना की टीम का दावा कि उनकी फ़िल्म का प्रमाणीकरण घोषित होने के बाद वापस लिया गया है क्योंकि जिस मेल के माध्यम से उन्हें यह सूचित किया गया था वह स्वतःस्फूर्त रूप से सिस्टम से गई थी। इस पर बेंच ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह तो तय प्रक्रिया के अंतर्गत ही हुआ है क्योंकि प्रक्रिया के अनुसार फ़िल्म प्रमाणीकरण हो जाने पर सिस्टम से मेल आवेदक को जाता है जो उन्हें हस्ताक्षरित प्रति प्राप्त करने के लिए निर्देशित करता है। यदि प्रमाणीकरण सफल ना हो तो ऐसी कोई मेल नहीं जाती है।

आगे चंद्रचूड़ ने यह तर्क दिया कि निर्माता कंगना एक सांसद है अतः बोर्ड हिंसा की आशंकाओं के संदर्भ में ‘ध्यान पूर्वक (अप्लाई इट्स माइंड)’ फ़िल्म का अध्ययन करेगा और परिवर्तन के निर्देश देगा। इस पर बेंच ने आपत्ति लेते हुए कहा कि इसका तो अर्थ यह है कि आपने पूर्व में बिना बुद्धि का प्रयोग किए फ़िल्म को देखा था और प्रमाणपत्र दिया था। बेंच ने कहा कि सेंसर बोर्ड का या निर्माता का कार्य क़ानून व्यवस्था देखना नहीं है। उसका कार्य ऐसी फ़िल्म की तथ्यपरकता को जाँचना है और फ़िल्म के रिलीज़ का आदेश देना है। फ़िल्म के प्रदर्शन में बाधा ना हो यह तय करना सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों का कार्य है।

बेंच ने यह स्वीकार किया कि भारत सरकार के सेंसर बोर्ड ने फ़िल्म को ८ अगस्त २०२४ को कुछ सुधारों के साथ मुक्त प्रदर्शन के लिए प्रमाणित किया था, १४ अगस्त को ये सुधार कर के फ़िल्म पुनः अवलोकन के लिए समिति को दे गई थी और उसके पश्चात 29 अगस्त को सेंसर बोर्ड की ओर से फ़िल्म के प्रमाणीकरण की पुष्टि निर्माताओं को मेल के माध्यम से कर दी गई थी।

जब मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने सेंसर को सिख नेताओं के आवेदन के परिपेक्ष्य में इस फ़िल्म की दोबारा समीक्षा करने को कहा तो उसे इस तथ्य का ज्ञान नहीं था कि फ़िल्म का प्रमाणीकरण हो चुका है। एक सरकारी संस्था के अधिवक्ता होने का नाते यह अभिनव चंद्रचूड़ की ऐसी त्रुटि थी जिसका आर्थिक पक्ष निर्माता के लिए अत्यंत हानिकारक था क्योंकि इस कारण फ़िल्म के लिए गणपति के त्योहार वाला प्रमुख सप्ताहांत छूट रहा था। इस फ़िल्म के इस सप्ताह प्रदर्शन के लिए १८०० से अधिक थियेटर आरक्षित थे। इस सबका आर्थिक प्रभाव निर्माता अर्थात् भाजपा संसद कंगना रनाउत को वहन करना पड़ेगा।

यह देश का दुर्भाग्य है कि जहाँ हम १९४७ का विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे हैं, वहीं हम खलिस्तान आंदोलन और देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के काले प्रसंग को आधुनिक युवाओं के सामने उद्घाटित नहीं होने देना चाहते हैं। सरकार यह भूल रही है कि कई निर्मित प्रदर्शन ऐसे होते हैं जिनके पीछे जनता का परोक्ष समर्थन नहीं परोक्ष विरोध होता है। उग्रवादियों के प्रदर्शन में शोर होता है, और इनका विरोध मौन होता है। राजनीति में सफल वह होता है जो इस मौन को सुन सकता है। जिनके संबंधी पहले ख़ालिस्तानी हिंसा में और बाद में कांग्रेसी हिंसा में मारे गये वो मुखर नहीं हैं, वो मौन हैं। सरकार का दायित्व है कि उनके मौन को सुने और ऐसे साहित्य और ऐसी फ़िल्मों को आगे बढ़ाये जो उनके मौन को स्वर देते हैं।

मुक्त समाज गतिशील समाज होता है, गतिशीलता के साथ तनाव , विरोध और संघर्ष आता है। स्वतंत्र लोग चिंगारियाँ उत्पन्न करते हैं और यही चिंगारियाँ स्वतंत्रता का सबसे उत्तम प्रमाण हैं।

– सलमान रुश्दी (रुश्दी की पुस्तक ‘ सैटैनिक वर्सेज़’ भारत में राजीव गांधी की सरकार ने मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सैयद शहाबुद्दीन के दबाव में बैन कर दी थी)

2 responses to “फ़िल्म ‘इमरजेंसी’ पर आपातकाल”

  1. तथ्यों के आधार पर बहुत सरलता से विषयवस्तु को समझाया है।
    आप जैसे गुणी लोग जनता में फैलाए जा रहे भ्रम से धुंध के बादल हटाते रहेंगे तो लोगों को सच और झूठ में फर्क आसानी से समझ आ पाएगा।

    1. बहुत आभार, निशी जी

Leave a Reply

Trending